Showing posts with label सरहद पार. Show all posts
Showing posts with label सरहद पार. Show all posts

Wednesday 27 September 2017

पाकिस्तान बॉक्स ऑफिस की टॉप फाइव फ़िल्में

पाकिस्तान की १ सितम्बर २०१७ को रिलीज़ उर्दू फिल्म पंजाब नहीं जाऊंगी ने उम्मीद से कहीं ज़्यादा बॉक्स ऑफिस कलेक्शन किया था।  इस समय यह पाकिस्तानी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर टॉप ३ फिल्मों में जा पहुंची हैं।  हालाँकि, पाकिस्तान के बॉक्स ऑफिस पर टॉप कलेक्शन करने वाली पहले नंबर पर फिल्म इस समय भी
जवानी फिर नहीं आनी ही बनी हुई है।  यह फिल्म भी पाकिस्तान के टॉप स्टार हुमायूँ सईद की ही फिल्म है। जवानी फिर नहीं आनी का लाइफ टाइम कलेक्शन ३४ करोड़ का है।  पाकिस्तानी फिल्म के बाद दूसरे नंबर पर बॉलीवुड की फिल्म सुल्तान है।  सलमान खान और अनुष्का शर्मा अभिनीत फिल्म सुल्तान को जिओ फिल्म्स
ने पाकिस्तान में रिलीज़ किया था।  इस फिल्म का लाइफ टाइम कलेक्शन ३३ करोड़ है।  पंजाब नहीं जाऊंगी अब तक २६.८ करोड़ का कलेक्शन कर चुकी है।  यह आंकड़े २४ सितम्बर तक है।  पंजाब नहीं जाऊंगी से पीछे २६.७ करोड़ के कलेक्शन के साथ दो फ़िल्में- उर्दू फिल्म एक्टर इन लॉ और हॉलीवुड फिल्म फ़ास्ट ८ है।  पंजाब
नहीं जाऊंगी पाकिस्तानी फिल्मों के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन के लिहाज़ से दूसरे नंबर पर है।  इस फिल्म ने लाहौर, स्यालकोट, मुल्तान और सरगोधा में सर्वकालिक सर्वाधिक ग्रॉस किया है। पंजाब नहीं जाऊंगी के आंकड़ों से ऐसा नहीं लगता कि यह फिल्म सुल्तान और जवानी फिर नहीं आनी के लाइफ टाइम कलेक्शन को छू
पायेगी।  क्योंकि, पाकिस्तान में आशूरा के कारण शनिवार और रविवार थिएटर बंद रहेंगे।  सोमवार से पाकिस्तानी थिएटरों में वरुण धवन की दोहरी भूमिका वाली डेविड धवन निर्देशित फिल्म जुड़वाँ २ रिलीज़ होगी। 

Sunday 10 September 2017

पंजाब नहीं जाउंगी ने कमाए ३० करोड़

पहले, छह दिनों में २० करोड़ का वर्ल्डवाइड ग्रॉस करने के बाद पाकिस्तानी फिल्म पंजाब नहीं जाऊंगी ने दस दिनों में ३० करोड़ का ग्रॉस करके सबसे तेज़ ग्रॉस करने वाली पाकी फिल्म का खिताब पा लिया है।  यह फिल्म चौथी पाकिस्तानी फिल्म है, जिसने तीस करोड़ का बिज़नेस किया।  इससे पहले तीन फिल्मों जवानी फिर नहीं आनी, वार और बिन रोये ही बॉक्स ऑफिस पर तीस करोड़ का बिज़नेस कर सकी थी।  

Thursday 7 September 2017

सारा भट्टी की डेब्यू फिल्म रंगबाज़

एक्टर मिकाल ज़ुल्फ़िकार की तलाकशुदा सारा भट्टी अब फिल्मों में काम करने जा रही हैं।  वह फारूक मेंगल की फिल्म रंगबाज़ में मुख्य भूमिका करेंगी।  यह फिल्म एक कॉन-आर्टिस की कहानी है। यह फिल्म सारा की डेब्यू फिल्म होगी। कहती हैं सारा भट्टी, "फिल्म की कहानी में प्यार और धोखा है।  मेरा साशा करैक्टर काफी स्ट्रांग है।  यही कारण है कि मैंने इसे अपनी डेब्यू फिल्म बनाया।" हिंदुस्तानी दर्शकों के लिए बताते चले कि सारा के पूर्व शौहर मिकाल ज़ुल्फ़िक़ार भी फिल्म एक्टर हैं।  वह अक्षय कुमार के साथ फिल्म बेबी में एक अहम् किरदार कर चुके हैं, जो अक्षय कुमार की टीम की मदद करता है। इन दोनों छह साल के विवाहित जीवन और दो  बेटियों के जन्म के बाद तलाक़ लिया।  रंगबाज़ के डायरेक्टर फ़ारूक़ मेंगल की यह दूसरी फिल्म है।  फ़ारूक़ की पहली फिल्म हिजरत थी।  
 

Thursday 31 August 2017

पाकिस्तान में इस बकरीद टकराएंगी दो उर्दू फ़िल्में

इस बार बकरीद पर, पाकिस्तान के बॉक्स ऑफिस पर दो उर्दू भाषी फ़िल्में टकराने को तैयार हैं।  पहली फिल्म पंजाब नहीं जाऊंगी की सबसे ज़्यादा चर्चा है।  नदीम बेग द्वारा निर्देशित इस फिल्म की बुकिंग पंजाब में सबसे ज़्यादा है।  नदीम बेग की २०१५ में रिलीज़ फिल्म जवानी फिर नहीं आनी को भी ज़बरदस्त सफलता मिली थी। इस फिल्म  की पटकथा खलीलउर्र रहमान कमर ने लिखी है।  फिल्म में हुमायूँ सईद, मेहविश हयात, अहमद अली बट, अजफर रेहमान, सोहैल अहमद, सफीना बेहरोज़, बेहरोज़ सब्ज़वारी, सबा हमीद, वसीम अब्बास और नवीद शहज़ाद जैसी ए क्लास की स्टार कास्ट यही।  इसीलिए इस फिल्म का ज़बरदस्त क्रेज बन चुका है।  इस रोमांटिक कॉमेडी फिल्म से टकराने को तैयार है एक कॉमेडी थ्रिलर फिल्म न मालूम अफ़राद २।  कराची में तो न मालूम अफ़राद २ का दबदबा बन चुका है।  कराची में फिल्म को पिछले दो तीन सालों से पाकिस्तान की फिल्म इंडस्ट्री बॉक्स ऑफिस पर झटके खाती रही है। प्रदर्शकों ने फ़ास्ट ८ के बाद कोई वास्तविक हिट फिल्म नहीं दिखाई है। कुछ हिंदी और इंग्लिश फिल्मों को
बॉक्स ऑफिस पर थोड़ी बहुत सफलता ज़रूर मिली है। मगर पाकिस्तानी फ़िल्में नाकाम ही होती रही हैं। पाकिस्तान की असफल फिल्मों में मेगा बजट फिल्म यलगार भी शामिल है। यहाँ तक कि अच्छी शुरुआत करने के बावजूद शाहरुख़ खान की फिल्म जब हैरी मेट सेजल भी औसत से नीचे रही। यहीं कारण है कि पाकिस्तान का फिल्म उद्योग काफी सावधानी बरत रहा है। न मालूम अफराद २ और पंजाब नहीं जाऊंगी से अच्छे बिज़नस की उम्मीद लगाए पाकिस्तानी फिल्म इंडस्ट्री ने अजय देवगन, इमरान हाश्मी, इलिअना डिक्रुज़, एषा गुप्ता और विद्युत् जामवाल की फिल्म बादशाओ को पाकिस्तान में रिलीज़ होने से रोक दिया है, ताकि पाकिस्तान की दो फ़िल्में ईद वीकेंड पर ज्यादा से ज्यादा बिज़नस कर सकें। वैसे बॉक्स ऑफिस को न मालूम अफ़राद २ से ज़्यादा उम्मीदें हैं।  इस फिल्म के वीकेंड में ५ करोड़ से ज़्यादा का बिज़नेस करने की
उम्मीद लगाईं जा रही है। इसे पंजाब नहीं जाऊंगी से ज़्यादा स्क्रीन भी मिले हैं और चर्चा भी इसी इसी फिल्म की हो रही है।  न मालूम अफ़राद २ के निर्देशक नबील कुरैशी हैं। वही २०१४ की फिल्म न मालूम अफ़राद के डायरेक्टर थे। इस फिल्म में फहद मुस्तफा, जावेद शेख, मोहसिन अब्बास हैदर और उरवा होकेन की मुख्य भूमिका है।  इस फिल्म से तनहाइयाँ, धूप किनारे और निजात जैसे सीरियलों से मशहूर ५५ वर्षीय अभिनेत्री मारिना खान का फिल्म डेब्यू हो रहा है।  

Sunday 23 July 2017

दो साल की बच्ची की फोटो पर पाकिस्तान की मोरल पुलिसिंग

मॉरल पुलिसिंग के लिहाज़ से पाकिस्तानी भी पीछे नहीं।  ताज़ा किस्सा टीवी एक्ट्रेस आयेजा खान का है।  मोहब्बत तुमसे नफ़रत है और तो दिल का क्या हुआ की एक्ट्रेस आयेजा खान ने पिछले दिनों अपनी दो साल की बेटी का फोटो सोशल साइट्स पर पोस्ट किया।  इस फोटो में उनकी बेटी छोटी जलपरी बनी हुई है। इस फोटो को देखते ही आयेजा पर कमैंट्स की भरमार हो गई।  इसमें पाकी औरते भी पीछे नहीं थी।  एक खातून ने लिखा "बेहूदा पोशाक में बेटी को बाहर निकालती हैं और कहती हैं सोसाइटी बुरी है।" एक दूसरी ने लिखा, "ऐज़ा वह छोटी है।  तुम उसे कैसी ड्रेस पहना रही हो। ऎसी ड्रेस तो तुमने भी नहीं पहनी। ख्याल रखो कि वह लड़की है। बहुत बहुत बहुत खराब। " एक दूसरा कमेंट था, "ऐज़ा यह मुसलमानों के लिए शर्म है।  लिमिट क्रॉस मत करो। ऎसी ड्रेस पहनानी ही है तो प्लीज पब्लिक मत करो। कल कोई बच्ची को टच करेगा तो तुम ही शोर मचाओगी।  मर्दों के जज़्बात उभार कर फिर उनसे कोई उम्मीद न करना।" अंचल नूर नाम की खातून ने व्यंग्य किया, "इसके माँ बाप इतना नहीं कमाते कि उसे पूरे कपडे पहना सके।" एक दूसरा कमेंट था, "क्या तरबियत कर रहे हो यार तुम छोटी सी बच्ची की ! तुम्हे शर्म आनी चाहिए, अभी से यह सीखा रही हो।" वैसे आयेजा को डिफेंड करने वाले लोग कम नहीं थे। आयेजा की बच्ची की फोटो पर कमेंट करने वालों को एक ने कुछ इस प्रकार लताड़ा, "जो लोग इस दो साल की बच्ची की फोटो में न्यूडिटी देख रहे हैं या सेक्सी देख रहे हैं, उन्हें खबरदार होना चाहिए कि उनके दिमाग मे काफी गड़बड़ है।" 

Saturday 13 May 2017

म्यामार का सुपर स्टार बॉलीवुड में

लू मिन का परिचय म्यांमार सेंसर बोर्ड के मेंबर के बतौर करना ही काफी नहीं।  वह हरफनमौला हैं।  वह म्यांमार अकादमी अवार्ड विजेता अंतर्राष्ट्रीय स्टार हैं। वह अपने फिल्म करियर में एक हजार फ़िल्में कर चुके हैं।  यह अपने आप में एक कीर्तिमान है। वह फिल्म निर्देशक भी हैं। म्यांमार की फिल्म और टेलीविज़न इंडस्ट्री में अपनी उपस्थिति दर्ज करने के बाद  बहुमुखी प्रतिभा वाले अभिनेता, निर्माता और निर्माता लू मिन अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर म्यांमार फिल्म उद्योग का विस्तार करना चाहते है।  इस लिए लू मिन अब बर्मा से बॉलीवुड की तरफ चल दिए हैं। लू मिन, म्यांमार में जॉन अब्राहिम और नाना पाटेकर की सुपर डूपर हिट फिल्म टैक्सी नंबर ९२११ का रीमेक बनाने जा रहे है। टैक्सी नंबर  ९२११ एक हिट कॉमेडी,  ड्रामा फिल्म है । मिन कहते हैं, "मैं सौभाग्यशाली हूँ कि मुझे इस फिल्म को म्यांमार के लिए बनाने का मौका मिल रहा है। मै चाहता हूँ कि बॉलीवुड और म्यांमार फिल्म इंडस्ट्री के बीच मजबूत सम्बन्ध और ज्यादा मज़बूत हों।" म्यामार में सिनेमाघरों की भारी कमी है। पचास लाख जनसँख्या वाले देश म्यामार में कुल ४२ सिनेमा हॉल हैं। यहाँ लोग ५ टीवी चैनल्स के द्वारा अपना मनोरंजन करते है। इससे म्यामार में पायरेसी का धंधा फलाफूला है। लू मिन के मुंबई पहुँचाने पर जोरदार स्वागत किया गया।  वह कहते है- "मैंने दोनों ही देशो में सांस्कृतिक समानताएं देखी है। यहाँ का संगीत और  संस्कृति  मुझे आकर्षित करते  है । मैं हमेशा से भारत आना चाहता था। आज मुझे यह मौका मिला है। मै अपने आप को बहुत खुशकिस्मत समझता हूँकि मुझे इतने प्यारे लोगों के बीच आने का सौभाग्य मिला।" 

Saturday 6 February 2016

सलमान अहमद की 'रिदम् ' का जूनून

पाकिस्तानी बैंड 'जूनून' के सूफी गीत 'सैयोनी' की दिलो दिमाग पर छा जाने वाली धुन और इस गीत के म्यूजिक वीडियो में सलमान  अहमद, नुसरत हुसैन और अली अजमत  की त्रिमूर्ति आज भी आँखों  के सामने घूम जाती है।  इस तिकड़ी के एक सदस्य और बैंड जूनून के संस्थापक सलमान अहमद एक बार फिर हिंदुस्तान के संगीत प्रेमियों को मुग्ध करने आ रहे हैं।  सलमान अहमद ने एक बॉलीवुड फिल्म  रिदम् के दो गीतों का म्यूजिक दिया है।  इसके अलावा वह इस फिल्म में स्पेशल अपीयरेंस में भी नज़र आएंगे।  फिल्म  के निर्देशक विवेक कुमार कहते  हैं,"सैयो नी में दिमाग से मिट नहीं सकता।  मैं जब सलमान अहमद के संपर्क में आया तो उन्हें मेरा विचार पसंद आया।  मैं जो मेलोडी चाहता था,  वह इस  फिल्म के गीतों में है।" रिदम्  एक म्यूजिकल रोमांस फिल्म है।  इस फिल्म में कनाडियन एक्टर अदील  चौधरी मुख्य भूमिका में हैं। वह म्यूजिक कंपोजर भी हैं।  फिल्म के संगीत में भी उनका योगदान है। फिल्म की नायिका रिनिल रॉथ  जर्मन हैं।  वह कत्थक सहित नृत्य के लगभग सभी विधाओं में  पारंगत हैं।   बॉलीवुड फिल्म दर्शकों को सलमान अहमद  की रिदम्  का जूनून १९ फरवरी को   महसूस  करने का मौका मिलेगा।   

Tuesday 8 December 2015

पाकिस्तानी मावरा की बॉलीवुड फिल्म

निर्देशक जोड़ी राधिका राव और विनय सप्रू की ८ जनवरी २०१६ को रिलीज़ होने जा रही फिल्म 'सनम तेरी कसम' एक रोमांस फिल्म है। इस फिल्म से नवोदित हर्षवर्द्धन राने का बॉलीवुड डेब्यू हो रहा है। यह फिल्म कुछ ख़ास इसलिए है कि फिल्म में हर्षवर्द्धन के साथ रोमांटिक जोड़ी मावरा हुसैन की है। मावारा पाकिस्तानी टीवी सीरियल की एक्ट्रेस हैं। वह पिछले दिनों उस समय पाकिस्तान के साथ साथ पूरे हिंदुस्तान में चर्चित हो गई थी, जब उन्होंने सैफअली खान की फिल्म 'फैंटम' को पाकिस्तान में रिलीज़ न होने देने के लिए पाकिस्तान के अधिकारीयों और फिल्म इंडस्ट्री की ट्विटर पर आलोचना की थी। इस पर पूरे पाकिस्तान में बवाल मच गया था। मावरा की आलोचना करने वाले जहाँ उन्हें हिंदुस्तान चले जाने और पाकिस्तान फिल्म इंडस्ट्री से मावरा को बेदखल करने की वकालत कर रहे थे, वहीँ काफी ऐसे थे जो उनकी पीठ थपथपा रहे थे। पाकी फिल्म इंडस्ट्री के कुछ बड़े लोगों के द्वारा विरोध पर उतरने से मावरा थोड़ा सहमी ज़रूर। लेकिन उन्होंने बिना पीछे हटे उनका विरोध ज़ारी रखा। 'सनम तेरी कसम' उनकी पहली बॉलीवुड फिल्म है। नीचे फिल्म का फर्स्ट लुक देखा जा सकता है। 

Friday 6 November 2015

क्या पाकिस्तान फिल्म इंडस्ट्री में सांस ले पायेगा बॉलीवुड का बादशाह खान !

शाहरुख़ खान से लोग कह रहे हैं कि पाकिस्तान चले जाओ। शाहरुख़ खान गाना-बजाना करने और नाचने वाला एक्टर है। उसकी साल में औसतन दो फ़िल्में रिलीज़ होती हैं। अगर वह पकिस्तान धर्म के लिहाज़ से न सही, एक्टर के लिहाज़ से चला जाये तो वह वहाँ क्या करेगा! एक्टिंग ही न। आइये जान लेते हैं पाकिस्तानी फिल्म इंडस्ट्री का हाल। आजादी से पहले हिन्दुस्तानी फिल्म इंडस्ट्री मुख्य रूप से लाहौर में केन्द्रित थी। इसीलिए, आज की भाषा में पाकिस्तानी इंडस्ट्री को लोलिवुड कहा जाता है। पाकिस्तान की पहली फिल्म १९२८ में बनाई गई। इस फिल्म का नाम डॉटर ऑफ़ टुडे था। पाकिस्तान की पहली पंजाबी फिल्म शीला (पिंड दि कुड़ी) लाहौर में नहीं, बल्कि कलकत्ता में के डी मेहरा ने बनाई थी। पाकिस्तान बनने के बाद गैर मुस्लिम कलाकारों का पाकिस्तान से भागने का सिलसिला शुरू हो गया। अभिनेत्री शहनाज़ बेगम को इसलिए पाकिस्तान से भागना पड़ा, क्योंकि उनकी मातृ भाषा बंगाली थी और उनका रंग काला था। पार्टीशन के दौरान संगीतकार ओ पी नय्यर पर हमला हुआ। एक मुसलमान पडोसी ने उनकी जान बचाई। वह भारत भाग आये। १९५५ में शीला रमानी और मीना शोरी अपने 'वतन' पाकिस्तान गई। शीला रमानी का जल्द ही पाकिस्तान से मोह भंग हो गया। वह हिंदुस्तान वापस आ गई। लेकिन, मीना शोरी वापस नहीं आई। विडम्बना देखिये की अविभाजित भारत की इस पॉपुलर एक्ट्रेस की १९८९ में मौत हुई तो उनको दफनाने के लिए पैसे नहीं थे। १९७१ से पहले पाकिस्तान में लाहौर, कराची और ढाका में फिल्मों का निर्माण होता था। १९७१ में बांगलादेश बनने के बाद ढाका अलग हो गया। पाकिस्तान में मुख्य रूप से उर्दू भाषा में फिल्मे बनाई जाती हैं। पंजाबी, पश्तो, बलूची और सिन्धी भाषा में भी फ़िल्में बनाई जाती है। पाकिस्तानी फिल्म उद्योग हमेशा से इस्लामिक एजेंडा का शिकार होता रहा है। जनरल जिया-उल- हक के शासन काल में इस पर काफी प्रतिबन्ध थोपे गए। नतीजे के तौर पर फिल्म इंडस्ट्री का ख़ास तौर पर प्रोडक्शन और एक्सिबिशन सेक्टर बुरी तरह से प्रभावित हुआ। नतीजे के तौर पर कभी साल में ८० फ़िल्में बनाने वाला लोलिवुड मुश्किल से दो फ़िल्में बनाने लगा। सिनेमाघर बंद होते चले गए। साठ के दशक में जिस कराची में १०० सिनेमाघर हुआ करते थे और यह सेंटर १०० फिल्मे बनाया करता था, सत्तर के दशक में उसी कराची में दसेक सिनेमाघर ही बचे रह सके। २००२ से सिनेमाघरों को खोले जाने का प्रयास किया जाने लगा। सिनेप्लेक्स के ज़रिये स्क्रीन बढ़ाने की कोशिशें जारी है। वर्तमान में (२००९) पाकिस्तान में ३१९ सिनेमाघर हैं। पाकिस्तानी फिल्म उद्योग साल में १५ फ़िल्में ही बना पाता है। बताते हैं कि एक समय सिनेमाघरों से दूर हो गए दर्शक २०१० में सलमान खान की फिल्म दबंग की रिलीज़ के बाद वापस आने लगे। पाकिस्तान में बॉलीवुड फिल्मों के लिए टिकट दरें ३००-५०० की रेंज में रखी जाती हैं। बॉलीवुड की फ़िल्में दुनिया के जिन ९० देशों में रिलीज़ होती है, वहाँ घुसने की कल्पना तो पाकिस्तानी फ़िल्में करती भी नहीं हैं। पाकिस्तान की सबसे ज़्यादा कमाई करने वाली फिल्म १९१५ में रिलीज़ जवानी फिर न आनी' है। इस फिल्म ने ३७ करोड़ का बिज़नेस किया है। पाकिस्तान की केवल सात फिल्मे ही १० करोड़ से ज़्यादा का बिज़नेस कर सकी है। पाकिस्तान में अगर कोई फिल्म १० करोड़ कमा ले जाती है तो वह भारतीय फिल्मों के १०० करोड़ में शामिल मानी जाती है। ज़ाहिर है कि पाकिस्तान में १० करोड़ का इलीट क्लब बना हुआ है।
इसे पढने के बाद आप अंदाज़ा लगा सकते हैं कि पाकिस्तानी आर्टिस्ट भारत की और क्यों भागते हैं। ऐसे में अगर हफ़ीज़ सईद के बुलावे पर 'असहिष्णुता' का शिकार शाहरुख़ खान पाकिस्तान चला जाये तो वह वहां क्या धोएगा, क्या निचोड़ेगा और क्या ख़ाक सुखायेगा। खुद सूख जायेगा। अगर शाहरुख़ खान इसे सोच ले तो उसका दम पाकिस्तान से दूर मुंबई में मन्नत में बैठे बैठे ही घुट जायेगा।
सबसे ज्यादा बॉक्स ऑफिस कलेक्शन करने वाली पाकिस्तानी फिल्म 'जवानी फिर नहीं आनी' 

Tuesday 29 September 2015

बॉक्स ऑफिस पर क्यों 'जवानी फिर नहीं आनी' !

आइये याद करते हैं २६ अगस्त २००५ को रिलीज़ अनीस बज़्मी निर्देशित फिल्म 'नो एंट्री' की। दो दोस्त किशन (अनिल कपूर) और शेखर (फरदीन खान) ।  किशन की बीवी काजल (लारा दत्ता) शक्की मिज़ाज़ है। वह हमेशा शक करती रहती है कि उसका पति बेवफा है।  जबकि किशन उसके प्रति ईमानदार है।  शेखर  एक खोजी पत्रकार संजना (सेलिना जेटली) से प्रेम करने लगता है। उधर इन दोनों का दोस्त है प्रेम यानि सलमान खान । वह पूजा (एषा देओल) से शादी शुदा है।  परन्तु यहाँ मामला उल्टा है।  प्रेम औरतबाज़ है।  जबकि पूजा उसे ईमानदार समझती है।  प्रेम किशन  को बेवफाई सिखाना चाहता है।  वह एक कॉल गर्ल बॉबी (बिपाशा बासु) को किशन को लुभाने के लिए तैयार करता है।  प्रेम देखना चाहता है कि किशन अपनी यह रिलेशनशिप छुपा सकता है या नहीं।  इस फिल्म में किरदारों की हेरफेर ने दर्शकों को खूब हंसाया था।
आइये इस कहानी में थोड़ा हेरफेर कर देते हैं।  दोस्त तीन नहीं चार हो जाते हैं। अपनी अपनी बीवियों से परेशान और डरे सैफ, शेख और परवेज़ तथा उनका तलाक़शुदा वकील दोस्त शेरी। शेरी से अपने दोस्तों की दशा देखीं नहीं जाती।  यह उन्हें ज़िंदगी का मज़ा दिलवाने के लिए बैंकाक ले जाता है।  मस्ती, ग्रैंड मस्ती, नो एंट्री, आदि न जाने कितनी हिंदी फिल्मों की घालमेल है इस कहानी में।  यह कहानी है एक पाकिस्तानी एडवेंचर कॉमेडी फिल्म 'यह जवानी फिर नहीं आनी' की। इस फिल्म को नदीम बेग ने निर्देशित किया है।  फिल्म के एक निर्माता हुमायु सईद फिल्म में सलमान खान वाला शेरी का किरदार कर रहे हैं। हम्ज़ा अली अब्बासी, वसै चौधरी और अहमद अली बट तीन दोस्तों की भूमिका में हैं।  इस फिल्म ने पाकिस्तान बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा रखा है। जवानी फिर नहीं आनी ईद वीकेंड में रिलीज़ हुई थी।  इस फिल्म ने पाकिस्तान बॉक्स ऑफिस पर हॉलीवुड-बॉलीवुड फिल्मों के रिकॉर्ड को ध्वस्त कर डाला है।  हिंदुस्तानी बॉक्स ऑफिस के लिहाज़ से जवानी फिर नहीं आनी की सोमवार तक ९.८३ करोड़ की कमाई  जीरे जैसी लग सकती है।  लेकिन, इस कमाई से जवानी फिर नही आनी ने पाकिस्तान में फ्यूरियस ७, धूम ३, वेलकम बैक, आदि को पीछे धकेल दिया है। सबसे ज़्यादा बड़े वीकेंड का रिकॉर्ड फ्यूरियस ७ के नाम था, जिसने ७.५ करोड़ का वीकेंड कलेक्शन किया था। पाकिस्तानी की ऑन लाइन  ट्रेड मैगज़ीन बॉक्स ऑफिस डिटेल के अनुसार जवानी फिर नहीं आनी ने ७.८३ करोड़ का वीकेंड कलेक्शन करके फ्यूरियस ७ से टॉप की जगह छीन ली है।  दिलचस्प तथ्य यह है कि सोमवार को भी इस फिल्म ने दो करोड़ के लगभग कलेक्शन किया था।  इस प्रकार से यह फिल्म लगातार चार दिन २ करोड़ का आंकड़ा छूने वाली फिल्म बन गई है।  इस फिल्म के सोमवार के कलेक्शन को देख कर अंदाज़ा लगाया जा रहा है कि फिल्म में लॉन्ग रन की क्षमता है।  अब केवल देखने वाली बात यही है कि क्या जवानी फिर नहीं आनी २५.०५ करोड़ का लाइफ टाइम कलेक्शन कर पाएगी! जी हाँ, पाकिस्तान की सरजमीं पर सबसे ज़्यादा कमाई करने का रिकॉर्ड फ्यूरियस ७ के खाते में ही दर्ज़ है।  

तमिल मांज रही है जैक्विलिन फर्नांडीज़

श्रीलंकाई सुंदरी जैक्विलिन फर्नांडीज़ आजकल तमिल शिक्षक से तमिल उच्चारण सीखती नज़र आ रही हैं। सभी जानते हैं कि जैक्विलिन श्रीलंका से हैं।  श्रीलंका में तमिल भाषियों की संख्या बहुत ज़्यादा है।  भारत की तरह श्रीलंका के तमिल भी जैक्विलिन को पसंद करते हैं।  जैक्विलिन को भी तमिल भाषा की थोड़ी बहुत जानकारी है।  लेकिन, इतनी जानकारी एक फिल्म के तमिल संवाद बोलने के लिए काफी नहीं।  इसलिए जैक्विलिन अपना तमिल उच्चारण मांज रही हैं।  जैक्विलिन फर्नांडीज़ को भारत में मिली सफलता की खुशबू श्रीलंका के निर्माताओं तक पहुंची।  उनके ग्लैमर का फायदा उठाने के लिए इस साल की शुरुआत में एक फिल्म 'अकॉर्डिंग टू मैथ्यू' की शूटिंग शुरू हुई थी।  चंद्रन रत्नम निर्देशित इस फिल्म की कहानी रियल लाइफ है।  एक पादरी अपनी वाइफ और अपनी सेक्रेटरी के पति का क़त्ल कर देता है। फिल्म में पादरी की भूमिका अल्स्टन कॉच कर रहे हैं।  चूंकि, 'अकॉर्डिंग टू मैथ्यू' को तमिल में भी रिलीज़ किया जाना है, इसलिए जैक्विलिन को अपने तमिल उच्चारण पर ध्यान देना पड़ रहा है।  जैक्विलिन इस समय हिंदी फिल्म 'हाउसफूल ३' के अलावा हॉलीवुड फिल्म 'डेफिनिशन ऑफ़ फियर' में व्यस्त हैं।

Tuesday 1 September 2015

अब पाकिस्तान में 'बाहुबली'

पाकिस्तान के अलावा पूरे विश्व में, १० जुलाई को रिलीज़ हो कर निर्देशक एस एस राजामौली की ऐतिहासिक फंतासी फिल्म 'बाहुबली' अब वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर ६०० करोड़ का बिज़नेस कर चुकी है ।  अपने पारम्परिक विदेशी बाजार अमेरिका, यूनाइटेड किंगडम, ऑस्ट्रेलिया, यूरोप, आदि देशों में 'बाहुबली' का बिज़नेस काफी शानदार रहा।  इसकी उत्कृष्ट तकनीक की देश विदेश में प्रशंसा और सराहना हुई है। ज़ाहिर है कि पाकिस्तान के दर्शक भी अपने पडोसी देश की फिल्म के हिंदी संस्करण को देखना चाहते होंगे ।  पिछले वीकेंड यह फिल्म पाकिस्तान में भी रिलीज़ हो गई और जैसी की उम्मीद की जा रही थी, फिल्म का वीकेंड बिज़नेस उत्साहजनक रहा है।  पडोसी देश पाकिस्तान भारतीय फिल्मों के लिए, ख़ास तौर पर साउथ की फिल्मों के लिहाज़ से अतिरिक्त बाजार ही तैयार करता है।  क्योंकि, सामान्य तौर पर, पाकिस्तान में सलमान खान, शाहरुख़ खान और आमिर खान जैसे खान अभिनेताओं की फिल्मे ही रिलीज़ हुआ करती हैं।  इस लिहाज़ से 'बाहुबली' ऎसी पहली तेलुगु फिल्म बन जाती है, जिसे हिंदी में डब कर पाकिस्तान में रिलीज़ किया गया है।  अब केवल देखने की बात यही है कि हिन्दुस्तानी दर्शकों की तरह 'बाहुबली' पाकिस्तान के दर्शकों को किस हद तक प्रभावित और आकर्षित कर पाता है और अपने ओवरसीज कलेक्शन में इज़ाफ़ा कर पाता है ।

Sunday 30 August 2015

पाकिस्तान पर छाया 'फैंटम' !

कबीर खान की फिल्म 'फैंटम' पाकिस्तान में बेशक न रिलीज़ हो पाई हो।  लेकिन, फिल्म ने पाकिस्तान में तूफ़ान ज़रूर खडा कर दिया है।  पाकिस्तानी फिल्म उद्योग के दो एक्टर्स की भिडंत ने इसे ग्लैमरस रंग दे दिया है।  हुआ यह कि पाकिस्तान की एक्टर मावरा हक्कानी ने 'फैंटम' को लेकर कुछ ट्वीट किये।  मावरा का प्रो फैंटम ट्वीट सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी पब्लिक को नागवार गुजरा।  उनका पहला ट्वीट था, "फैंटम आतंकवाद के विरुद्ध है।  एक आतंकी किसी देश को बिलोंग नहीं करता ।  टेररिस्ट, टेररिस्ट है ।"  उनका अगला ट्वीट कुछ इस प्रकार था, "अगर यह आतंक के विरोध में है....तो मैं आतंक के विरोध में हूँ।  फर्क नहीं पड़ता कि यह किस देश से है।  मैं मानवता और प्रेम समर्थक हूँ और फैंटम यही है।" मावारा ने आगे लिखा, "यह (फैंटम) एक घटना है, जिसमे मानवता को कष्ट हुआ.…यह किसी पाकिस्तानी या हिन्दुस्तानी का दुःख नहीं है।"  मावारा ने अपनी ट्वीट कुछ इस तरह से ख़त्म की, "मैं फैंटम देखना चाहूंगी और तब तय करूंगी कि यह अच्छी फिल्म है या बुरी फिल्म।  और ऐसा ही सभी को करना चाहिए।" उन्होंने लिखा #से नो टू हेट। मावारा की इस ट्वीट पर पाकिस्तान के लोगों में गुस्सा फ़ैल गया।  मावारा विरोधी ट्वीट की भरमार हो गई। उन्हें लात मार कर हिंदुस्तान भेज देने की बात लिखी गई। उन पर घूस लेकर फिल्म के पक्ष में लिखने की बात तक कही गई। मावरा के विरोध में एक बड़े पाकिस्तानी एक्टर शान (शाहिद) भी शामिल हो गए।   उन्होंने ट्वीट किया, "क्या हमें पाकिस्तान विरोधी फिल्म का समर्थन करने वाली मावारा जैसी एक्ट्रेस को बैन नहीं कर देना चाहिए?" पब्लिक के गुस्से पर सहमी मावरा ने इसके बाद अपनी सभी ट्वीट डिलीट कर दी। 

Sunday 16 August 2015

दूसरे विश्व युद्ध पर तीन चीनी कार्टून फ़िल्में

चीन के टेलीविज़न पर दूसरा महायुद्ध छाने जा रहा है।  चीन के मीडिया वाचडॉग ने यह घोषणा की है कि सोमवार से दूसरे विश्वयुद्ध के दौरान चीन पर जापानियों के आक्रमण के विरुद्ध चीन के लोगों के विरोध को दिखाने वाली तीन कार्टून फ़िल्में प्रसारित की जाएंगी।  इन कार्टून फीचर का निर्माण प्रेस, पब्लिकेशन, रेडियो, फ़िल्म एवं टेलीविज़न प्रशासन द्वारा किया गया है।  चीन इस साल द्वितीय विश्व युद्ध ७० वी जयन्ती जोर शोर से मनाने जा रहा है।  इन कार्टून फिल्मों के निर्माताओं के अनुसार अप्रैल में चीन में आठ से दस साल के १००५  छात्रों के बीच एक सर्वे किया गया  था।  इसमे मालूम पड़ा कि ५५ प्रतिशत छात्र द्वितीय विश्व युद्ध में चीन के लोगों के योग दान के बारे में कुछ नहीं जानते।  ८८ छात्र तो ऐसे थे, जिन्हे अपने देश के किसी स्वतंत्रता सेनानियों का नाम तक नहीं मालूम था।  इन तीनों कार्टून फीचर फिल्मों में छात्रों को इन तथ्यों से अवगत कराया जायेगा।  ऎसी एक द्वितीय विश्व युद्ध की कहानी 'टनल वारफेयर' में दिखाया गया है कि चीनी लोगों द्वारा दूसरे विश्व युद्ध के दौरान जापानी आक्रमण के बाद सुरंगों में घुस कर बचने और दुश्मनों का नाश करने में इन सुरंगो का किस प्रकार उपयोग किया गया था।  सरकार का उद्देश्य इन कार्टून फिल्मों से युवाओं को चीन के इतिहास को समझाना है ताकि उनका चारित्रिक विकास हो और वह ऐतिहासिक तथ्यों की तोड़ मरोड़ से प्रभावित  न हों।



Thursday 2 July 2015

शाहरुख़ खान की फिल्म रईस की नायिका माहिरा की फिल्म 'बिन रोये'

पाकिस्तानी सीरियल 'हमसफ़र' की नायिका माहिरा खान बॉलीवुड के किंग खान शाहरुख़ खान की फिल्म 'रईस' में उनकी नायिका बन कर आ रही हैं। 'रईस' अगले साल ईद में रिलीज़ होनी है।  लेकिन, इससे पहले इसी ईद में माहिरा खान की एक पाकिस्तानी फिल्म 'बिन रोये' रिलीज़ होने जा रही है।  'बिन रोये' दो बहनों के प्यार और विश्वासघात की कहानी है।  एक आदमी इन दोनों बहनों के बीच के समर्पण को परखने के लिए दोनों बहनो से अलग अलग मोहब्बत का नाटक करता है।  इस फिल्म में माहिरा के अलावा हुमायूँ सईद, अर्मीना राणा खान, अदील हुसैन, जावेद शेख, जहान्ज़ेब खान और ज़ेबा बख्तियार खास भूमिकाओं में हैं।  'बिन रोये' में माहिरा के अलावा दर्शक ज़ेबा बख्तियार को रणधीर कपूर की फिल्म 'हिना' मे ऋषि कपूर की नायिका के बतौर देख चुके हैं।  जावेद शेख कई हिंदी फिल्मों में चरित्र भूमिकाये करते नज़र आते हैं।  निर्माता मोमिना दुरैद की फिल्म 'बिन रोये' का निर्देशन शहज़ाद कश्मीरी के साथ खुद मोमिना ने किया है।  इस फिल्म का वर्ल्डवाइड वितरण हम फिल्म्स और बी ४ यू फिल्म्स कर रहे हैं।  फिल्म ईद वीकेंड में रिलीज़ हो रही है। 

Tuesday 23 June 2015

जैकी चैन के साथ 'योग' करेगी कैटरीना कैफ

मई में, जब आमिर खान अपनी फिल्म 'पीके' को लेकर चीन गए थे, उसी समय इंटरनेशनल अख़बारों में यह खबर थी कि आमिर खान फिल्म 'कुंग फु योग' में चीनी सुपरस्टार जैकी चैन के को-स्टार होंगे।  इस फिल्म में जैकी चैन और आमिर खान के साथ कैटरीना कैफ के मुख्य भूमिका में होने की भी खबर थी। लेकिन, एक दो दिन बाद ही यह साफ़ हो गया कि आमिर खान निर्देशक स्टैनली टोंग की फिल्म नहीं कर रहे । यह डेट प्रॉब्लम थी।  आमिर खान 'दंगल' की तैयारी  कर रहे थे।  उन्हें अपना वज़न बढ़ाना था।  वैसे भी आमिर एक बार में एक ही फिल्म करते हैं ।  लेकिन अगर आमिर खान रम्बल इन द ब्रोंक्स के डायरेक्टर टोंग की फिल्म कर रहे होते तो वह और कटरीना कैफ धूम २  के बाद दूसरी बार साथ नज़र आते।  फिलहाल, कटरीना कैफ  चीनी यूनिवर्सिटी की भारतीय प्रोफेसर की भूमिका कर रही हैं, जो एक चीनी पुरातत्ववेत्ता जैकी चैन की, जो मगध काल में राजा बिंबसार के ख़ज़ाने की खोज करना चाहता है, मददगार की भूमिका में होंगी। जैकी चैन की फिल्मों की परंपरा में 'कुंग फु योग' में ढेरों स्टंट होंगे।  मार्शल आर्ट्स की  भरमार होंगी।  कैटरीना कैफ के हिस्से में भी खूब एक्शन आये हैं। भारतीय दर्शकों में कुंग फु योग के प्रति उत्सुकता इस लिए भी होगी कि वह देखना चाहेंगे कि फिल्म में
कैटरीना की भूमिका, जैकी चैन की ही फिल्म 'द मिथ' में मल्लिका शेरावत की भूमिका से कितनी लम्बी होगी, जो 'द  मिथ' के परदे से पलक झपकते ही गायब हो गई थी।  संयोग की बात है कि स्टैनली टोंग हांगकांग  से हैं और कैटरीना कैफ का जन्म भी हांगकांग में ही हुआ है। कुंग फु योग इंडो-चीन कोप्रोडक्शन के अंतर्गत बनाई जा रही तीन फिल्मों में से एक फिल्म होगी।  फिल्म के भारतीय निर्माता वायकॉम १८ होंगे। इस फिल्म में रिया सेन की भी ख़ास भूमिका है।  'कुंग फु योग' २२ दिसंबर २०१७ को रिलीज़ होगी। इंडो-चीन कोप्रोडक्शन के अंतर्गत बनाई जा रही दूसरी फिल्म एग्जीक्यूटिव प्रोडूसर वांग कार वाइ की तांग वंश (६१८-९०७) के बौद्ध भिक्षु गुआन झांग के जीवन पर होगी, जो बौद्ध धर्म का अध्ययन करने भारत यात्रा पर आता है।  कोप्रोडक्शन की तीसरी फिल्म डा नाओ तिअन झू (काजिंग हवोक इन इंडिया) होगी।  इस फिल्म का निर्देशन चीन के फिल्म स्टार वांग बाओकीअंग करेंगे। फिल्मों के लिहाज़ से चीन एक बड़ा बाज़ार है।  'पीके' के चाइना कलेक्शन से यह साबित भी हुआ है।  चीन में २०१४ से अब तक ४ हिंदी फ़िल्में रिलीज़ हो चुकी हैं।  कोई १४ फ़िल्में चाइना सेंट्रल चैनल पर दिखाई जा चुकी है।  चीन ने लगभग एक दर्जन से ज़्यादा भारतीय टीवी सीरियल भी आयात किये हैं। जैकी चैन की फिल्म भारत के लिहाज़ से महत्वपूर्ण हैं।  




Wednesday 29 April 2015

भारत में रिलीज़ होगी जैक्विलिन की श्रीलंकाई फिल्म

एक्ट्रेस जैक्विलिन फर्नांडीज़ को बॉलीवुड में मिली 'किक' का असर श्रीलंका तक हुआ है।  इस श्रीलंकाई सुंदरी को श्रीलंका की फिल्म इंडस्ट्री ने घास तक नहीं डाली थी। जैक्विलिन को २००९ में बॉलीवुड में ब्रेक मिला सुजॉय घोष की फंतासी फिल्म 'अलादीन' से।  फिल्म फ्लॉप हुई।  जैक्विलिन की अगली फिल्म 'जाने कहाँ से आई है' भी फ्लॉप हुई।  साजिद खान की फिल्म 'हाउसफुल' में आइटम 'आपका क्या होगा' करके जैक्विलिन को 'हाउसफुल २' की नायिका बनाने का मौका मिला।  लेकिन, उससे पहले महेश भट्ट के बैनर की फिल्म 'मर्डर २' ने उन्हें बॉलीवुड में अपने पैर ज़माने के लिए ज़मीन दे दी।  इस बीच, हालाँकि, जैक्विलिन के खाते में 'हाउसफुल  २' और 'रेस २' जैसी फ़िल्में दर्ज़ हो चुकी थी।  लेकिन, श्रीलंका तक उनके ग्लैमर की धमक पहुंचाने का काम किया साजिद नाडियाडवाला की सलमान खान की मुख्य भूमिका वाली फिल्म 'किक' ने। जैक्विलिन की डेब्यू श्रीलंकाई फिल्म का टाइटल 'अकॉर्डिंग टू मैथ्यू' है।  डायरेक्टर चंद्रन रत्नम की यह फिल्म एक पादरी की रोमांस कथा है, जो अपनी बीवी और उसके प्रेमी का क़त्ल कर देता है।  यह एक सत्यकथा पर फिल्म है।  'अकॉर्डिंग टू मैथ्यू' इंग्लिश भाषा में बनी फिल्म है।  पर यह फिल्म भारत में रिलीज़ नहीं होगी। जैक्विलिन की अगली श्रीलंकाई फिल्म इंग्लिश और हिंदी में बनाई जाएगी।  इस फिल्म को भारत में भी रिलीज़ किया जायेगा।

Saturday 7 March 2015

'एक पहेली लीला' के लिए पाकिस्तानी गायक उज़ैर जसवाल का गीत

आजकल फिल्म एक 'पहेली लीला' के ट्रेलर में सनी लियॉन धूम मचाए हुए है। हाल ही में इसका एक गाना 'तेरे बिन' रिलीज हुआ है।  सोशल साइट्स पर इसे बहुत पसंद किया जा रहा है। यह गाना मूलत: पाकिस्तानी गायक उज़ैर जसवाल ने गाया है। इसे सोशल साइट्स में सुन कर ही टीसीरीज के भूषण कुमार को फिल्म की एक सिचुएशन में लेने का ख्याल आया। इसके बाद उज़ैर से संपर्क किया गया और इसे प्रकार 'एक पहेली लीला' के लिए प्रयुक्त इस गाने में भी उन्होंने ही आवाज दी 'तेरे बिना' के पीछे की कहानी 'एक पहेली लीला' के निर्देशक अहमद खान ने बताई। वे कहते हैं 'उज़ैर कमाल के गायक हैं। 'तेरे बिन' गाने को यू-ट्यूब पर जबरदस्त रिस्पांस मिल रहा था। इस कारण कई निर्माताओं की नजर इस गाने पर थी। वे इसके राइट्स लेना चाहते थे। जब मैंने गाना सुना तो मुझे लगा कि यह मेरी फिल्म के लिए फायदेमंद साबित होगा। भूषण ने गाना सुना तो उन्हें भी पसंद आया। इस प्रकार से हम इसके राइट्स लेने में सफल रहे।

Tuesday 3 March 2015

गो गोवा जापान !

एरोस इंटरनेशनल २१ मार्च को जापान में सैफ अली खान की ज़ोंबी फिल्म 'गो गोवा गॉन' को रिलीज़ करेगा।  एरोस को लगता है कि जापान में भारतीय फिल्मों की मांग है।  कृष्णा-डीके निर्देशित यह ज़ोंबी कॉमेडी फिल्म इंडियन बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास नहीं कर सकी थी।  पर एरोस को ऐसा लगता है कि जापान में भारतीय फिल्मों की मांग है।  जापान में अभी २१ फरवरी को रिलीज़ फिल्म 'फेरारी की सवारी' को जापान में उत्साहजनक सफलता मिली थी।  जबकि इंडियन बॉक्स ऑफिस पर 'फेरारी की सवारी' भी असफल रही थी। इसी से उत्साहित हो कर एरोस ने गो गोवा गॉन को जापान में रिलीज़ करने की सोची। जापानी मार्किट में, इससे पहले रजनीकांत की फिल्म 'रोबोट', शाहरुख़ खान और दीपिका  पादुकोण की फिल्म 'ओम शांति ओम' और इधर हाल ही में श्रीदेवी की फिल्म 'इंग्लिश विंग्लिश' रिलीज़ हुई थी। इन फिल्मों को जापानी बॉक्स ऑफिस पर अच्छी सफलता मिली थी। फिल्म 'इंग्लिश विंग्लिश' ने तो जापानी बॉक्स ऑफिस पर दस लाख अमेरिकी डॉलर की कमाई भी और लम्बे समय तक जापानी बॉक्स ऑफिस पर चलती रही।  जापानी बाजार में बॉलीवुड फिल्मों को रिलीज़ करने के लिए उनके प्रचार पोस्टरों को जापानी भाषा के रंग में रंगा जाता है।  देखिये 'फेरारी की सवारी' और 'गो गोवा गॉन' के पोस्टर।


Tuesday 16 December 2014

पाकिस्तान की माहिरा शाहरुख़ खान की 'रईस'

यह पाकिस्तानी होने का फायदा ही है कि महिरा खान बॉलीवुड के शहंशाह शाहरुख़ खान की नायिका बन गई हैं। वह रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर की फिल्म 'रईस' में शाहरुख़ खान के साथ लीड में नज़र आएंगी। महिरा  खान को भारत के टीवी दर्शक टीवी चैनल ज़ी ज़िन्दगी पर प्रसारित टीवी सीरियल हमसफ़र में खिराद एहसान की भूमिका से पहचानते हैं।  पाक टीवी का पॉपुलर चेहरा महिरा खान ने अभी एक ही पाकिस्तानी फिल्म शोएब मंसूर की फिल्म 'बोल' ही की है।  इस फिल्म में मुख्य भूमिका हुमैमा मलिक की थी। हुमैमा मालिक अभी इमरान हाशमी के साथ फिल्म 'राजा नटवरलाल' से सुपर फ्लॉप डेब्यू कर चुकी हैं।  इस साल बॉलीवुड ने कई पाकिस्तानी सितारों को  अपनी फिल्मों में मौका दिया है। बिपाशा बासु के साथ फिल्म क्रीचर ३डी  में इमरान अब्बास फ्लॉप साबित हो चुके हैं। सोनम कपूर के साथ पाकी अभिनेता फव्वाद खान का डेब्यू भी फ्लॉप रहा था।  लेकिन, इसके बावजूद उन्हें बॉलीवुड से ऑफर मिल रहे हैं।  ऐसे में टीवी सीरियल हमसफ़र में उनकी नायिका महिरा खान को बॉलीवुड में डेब्यू मिलना ही था। अपने कॉलेज के दोस्त अली अस्करी से विवाहित महिरा का हिंदुस्तान में आना जाना लगा रहता है। अभी वह अपने सीरियल हमसफ़र के प्रमोशन के सिलसिले में भारत में थीं। रईस में शाहरुख़ खान एक डॉन की भूमिका होंगे।  इस फिल्म में नवाज़ुद्दीन सिद्दीक़ी एक पुलिस वाले का किरदार कर रहे हैं। हालाँकि, पाकिस्तान से आयातित तमाम कलाकार अभिनय और ग्लैमर  के लिहाज़ से भारतीय दर्शकों को आकर्षित  नहीं कर  पा रहे हैं।   लेकिन, पाकिस्तानी कलाकारों वाली हिंदी फिल्मों को पाकिस्तान में मिलने वाली ज़्यादा दर्शक संख्या बॉलीवुड को पाकिस्तानी कलाकारों को अपनी फिल्मों में लेने को मज़बूर करती है।