Sunday, 24 February 2019

वरुण धवन और श्रद्धा कपूर के साथ डांस फिल्म में नोरा फतेही


अपने पिछले साल के दो हिट नम्बरों दिलबर दिलबर और कमरिया से, बॉलीवुड के फिल्म निर्माताओं की पहली पसंद बन चुकी डांसर एक्ट्रेस नोरा फतेही, फिल्म स्ट्रीट डांसर ३ में, फिल्म की नायिका श्रद्धा कपूर के लिए कड़ी चुनौती साबित हो सकती है। खास तौर पर, इस डांसिंग फिल्म के डांस सीक्वेंस में।


सूत्रों की माने तो बॉलीवुड फिल्म अभिनेत्री श्रद्धा कपूर फिल्म में, पाकिस्तान की डांस टीम की सदस्य बनी है। स्ट्रीट डांसर ३ में नोरा फतेही की भूमिका के बारे में कुछ  ख़ास जानकारी नहीं है।  बस इतना ही पता चला है कि उनका किरदार वरुण धवन और श्रद्धा कपूर के किरदारों को चुनौती देने वाला है।


नोरा फतेही भी सिर्फ इतना बताती हैं, "पहली बारइस फिल्म में मेरी भूमिका ५ मिनट से ज़्यादा की है। इस भूमिका में मैं डांस भी करूंगी और अभिनय से भी चुनौती दूंगी।"

अभिनय के लिहाज़ से तो श्रद्धा कपूर को, नोरा फतेही चुनौती नहीं साबित हो सकती, क्योंकि, भाषा की समस्या आड़े आती है। लेकिन, जहाँ तक डांस की बात हैं, श्रद्धा  कपूर पर नोरा फतेही भारी पड़ने जा रही हैं।


श्रद्धा कपूर ने इससे पहले कोई खालिस डांस फिल्म नहीं की है।  एबीसीडी २ में, वह एक डांसर की भूमिका में थी। लेकिन, फिल्म में श्रद्धा कपूर के पल्ले जटिल डांस दृश्य नहीं आये थे। एक समय तो उन्हें मूवमेंट करते समय चोटिल होते दिखाया गया था। उस समय, कठिन डांस स्टेप्स लॉरेन गॉटलिएब कर रही थी।


अब स्ट्रीट डांसर ३ में, श्रद्धा कपूर को खुद की नृत्य क्षमता पर निर्भर रहना होगा।  उन्हें अपने डांस स्टेप्स पर कड़ी मेहनत करनी होगी।  क्योंकि, अब श्रद्धा कपूर का पाला नोरा फतेही जैसी सशक्त नृत्यांगना से पड़ा है।  

ग्वीनेथ पाल्ट्रो की मार्वल सिनेमेटिक यूनिवर्स को अलविदा



हॉलीवुड फिल्म अभिनेत्री ग्वीनेथ पाल्ट्रो ने, मार्वल सिनेमेटिक यूनिवर्स की फंतासी दुनिया को अलविदा बोल दी है।  पीपर पॉट्स की भूमिका में वह आखिरी बार अवेंजर्स एन्डगेम में नज़र आएंगी।

मार्वेल कॉमिक्स का यह चरित्र आयरन मैन का रोमांस है। ग्वीनेथ पाल्ट्रो ने इस भूमिका को पहली बार आयरन मैन सीरीज की पहली फिल्म आयरन मैन (२००८)  में किया था। पीपर, टोनी स्टार्क को प्यार करती ही है, उसकी मुसीबत में मदद भी करती है।

ग्वीनेथ पाल्ट्रो ने इस भूमिका को आयरन मैन, आयरन मैन २ और आयरन मैन ३ के अलावा द अवेंजर्स, स्पाइडर मैन: होमकमिंग, अवेंजर्स इंफिनिटी वॉर और अब अवेंजर्स एन्डगेम में  निभाया है। अब, दस साल बाद , ग्वीनेथ पाल्ट्रो मार्वल के चमत्कारी संसार से दूर हो जाना चाहती हैं।


ग्वीनेथ कहती हैं, "मैं इस भूमिका के लिए थोड़ी उम्रदराज़ हो चुकी हूँ।" इसका मतलब यह हुआ कि दर्शक मार्वल की भविष्य की कभी  किसी फिल्म में पीपर को नहीं देख सकेंगे ?

ग्वीनेथ आभारी है कि लोग उनके इस किरदार को याद रखते हैं।  वह कहती हैं, "अगर यह (एमसीयू और रॉबर्ट डाउनी जूनियर)  कभी कहेंगे कि क्या तुम एक दिन के लिए वापस आ सकती हो ? मैं हमेशा उनके पास होऊँगी।"

इसका मतलब यह हुआ कि ग्वीनेथ पाल्ट्रो मेहमान भूमिका में पीपर पॉट्स की भूमिका करती नज़र आ सकती हैं।  एक खबर यह भी है कि ग्वीनेथ ने फिल्म स्पाइडर-मैन फार फ्रॉम होम में पीपर पॉट्स की संक्षिप्त भूमिका की है।

अवेंजर्स एन्डगेम २६ अप्रैल २०१९ को रिलीज़ होने जा रही है।


द कपिल शर्मा शो में १९८३ में विश्व क्रिकेट कप जीतने वाली टीम के सदस्य - क्लिक करें 

द कपिल शर्मा शो में १९८३ में विश्व क्रिकेट कप जीतने वाली टीम के सदस्य

राष्ट्रीय सहारा २४ फरवरी २०१९

स्टारडम ने निगल लिया बॉलीवुड की इन हस्तियों को


पिछली ९ फरवरी को, अभिनेता महेश आनंद का निधन हो गया। परन्तु, उनकी मौत की खबर को वह सुर्खियां नहीं मिली, जिसके वह हक़दार थे।  कभी हिंदी फिल्मों में अमिताभ बच्चन, धर्मेंद्र, सनी देओल, संजय दत्त, आदि बड़े हीरो से टकराने वाले इस विलेन का डंका बजा करता था।  उनका लहीम-शहीम शरीर और वजनदार आवाज़ किसी हीरो को थर्राने के लिए काफी थी। लेकिन, इस एक्टर को उनका स्टारडम ही ले डूबा।  वह शराब और शबाब के शौक़ीन बन गए। उस समय की चर्चित महिलाओ से उनके रिश्ते थे।  उन्हें महिलाओं का आनंद कहा जाता था।  उन्होंने चार शादियां की।  इतनी शराब पीते थे कि पत्नियां तक एक एक कर छोड़ गई।  अंतिम समय में, उनके मृत शरीर के पास शराब की आधी खाली बोतल मिली।
महेश आनंद इकलौते सितारे नहीं थे, जिन्हे उनके ही स्टारडम ने शिकार बना लिया।  ऐसे बहुत से सितारे हुए है और आज भी हैं, जो अपनी सितारा ज़िंदगी में ऐयाशी करते करते सडकों पर आ गए, नशे के लती हो गए, पैसे पैसे के मोहताज़ हो गए। हां, कुछ ऐसे भी थे, जिन्होंने सफलतापूर्वक वापसी भी कर ली। आइये जानते हैं, ऐसे कुछ सितारों के बारे में-

नशे में डूब कर ख़त्म कर ली ज़िन्दगी
स्टारडम के शीर्ष पर पहुँच कर शराब में  डूब जाने वाली बॉलीवुड हस्तियों में, मीना कुमारी और परवीन बाबी जैसी एक्ट्रेस निराशाजनक उदाहरण है। मीना कुमारी, बॉलीवुड की टॉप एक्ट्रेस थी।  लेकिन, उनका गृहस्थ जीवन कभी सामान्य नहीं रहा।  उन्हें मर्दों में प्यार तलाशने की  आदत थी।  जबकि, बॉलीवुड के धर्मेंद्र जैसे तमाम अपना करियर बनाने के लिए उनका शारीरिक और भावनात्मक शोषण करते रहे।  एक दिन लीवर की बीमारी से सिर्फ ४० साल की उम्र में उनका देहांत हो गया।  कभी, ज़ीनत अमान के साथ बॉलीवुड की टॉप की अभिनेत्री में शुमार होने वाली परवीन बाबी को कब शराब ने कुछ इस तरह से घेर लिया कि वह बोतल से बाहर ही नहीं आ सकी।  एक दिन  उनकी लाश उनके घर में सड़ी गली हालत में पाई गई। परवीन बाबी से पहले, १९३० के दशक के मशहूर गायक-अभिनेता कुंदन लाल  सहगल भी नशे के शिकार हुए।  वह हमेशा शराब में डूबे रहते थे। वह शराब पी कर ही अभिनय करते थे और पार्श्व गायन करते थे।  वक़्त बदला।  पार्श्व गायन का तरीका बदला।  इसके साथ ही सहगल के बुरे दिन आ गए।  वह शराब पीने की लत पूरी करने में अपनी पूरी जमा पूँजी लुटा बैठे।  अंतिम समय में वह पैसे पैसे को मोहताज़ हो गए।  उनकी मृत्यु भी शराब के कारण लीवर खराब हो जाने से हुई।  दिव्या भारती ने बड़ी जल्दी शोहरत की बुलंदिया छू ली।  इन्ही बुलंदियों ने उन्हें उनके अपार्टमेंट की पांचवी मंजिल से नीचे फेंक दिया। कहा जाता है कि वह नशे में डूबी हुई अपने अपार्टमेंट की खिड़की खोल कर बैठी हुई थी कि संतुलन खो बैठी और नीचे आ गिरीं। 

कर लिया बर्बाद करियर
ऐसे तमाम उदाहरण हैं, जब शराब ने महान प्रतिभाशाली व्यक्तित्वों को ख़त्म कर दिया।  ओ पी नय्यर के संगीत से आज की पीढ़ी भी परिचित है।  लेकिन, यही ओपी नय्यर शराब में ऐसा डूबे कि शराब पीने के लिए पैसा लेकर इंटरव्यू करने तक को मज़बूर हुए।  वह यह सदमा नहीं झेल सके थे कि उनका समय अब ख़त्म हो रहा है।  वह इसे सदमे से उबरने के लिए जितना पीते, उतना डूबते चले जाते।  बॉलीवुड के ही-मैन धर्मेंद्र का किस्सा भी ऐसा ही है।  जब उनकी अपने बेटों के साथ फिल्म यमला पगला दीवाना रिलीज़ हुई, उस समय पत्रकारों के समक्ष खुद धर्मेंद्र ने यह खुलासा किया कि वह पिछले १५ सालों से शराब में डूबे हुए हैं।  बताते हैं कि धर्मेंद्र को शराब की लत कुछ ऎसी लग गई है कि वह बिना बोतल के साथ के सो तक नहीं सकते।  मधुर भंडारकर की फिल्म फैशन में, कंगना रनौत ने जिस भूमिका के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीता था, वह मॉडल रियल लाइफ अंजलि नागपाल थी।  नशे की लत ने, उनके मॉडलिंग करियर को ख़त्म किया ही, वह दर दर भीख माँगने को विवश हो गई। 

नशीली दवाओं के कारण
कभी बॉलीवुड को, एक के बाद एक, १५ सुपरहिट फ़िल्में देने वाले राजेश खन्ना को, उनका घमंड और शराब खा गई।  वह अपने  निर्माताओं से बद्तमीज़ तो थे ही, पूरी तरह से नशे में भी डूबे रहते थे।  नशे की इस आदत ने उनके करियर को समय से पहले ही ख़त्म कर दिया।  सुभाष घई की फिल्म सौदागर की ईलू ईलू गर्ल मनीषा कोइराला, एक समय बॉलीवुड की टॉप एक्ट्रेस माधुरी दीक्षित और श्रीदेवी के लिए बड़ा खतरा समझी जाती थी। लेकिन, शराब की लत ने उनके सुनहरे फिल्म करियर को नष्ट किया ही, इस खूबसूरत एक्ट्रेस के निजी जीवन को भी नष्ट कर दिया।  उनका विवाह टूट गया।  वह कैंसर की शिकार हो गई।   पिछले दिनों, उन्हें रणबीर कपूर की फिल्म संजू में नरगिस दत्त की भूमिका में देखा गया।  हालिया रिलीज़ फिल्म गल्ली बॉय में, रणवीर सिंह के पिता की भूमिका करने वाले विजय राज़, कभी बॉलीवुड के सबसे लोकप्रिय कॉमेडियन थे।  २००५ में वह अमीरात पुलिस द्वारा शराब और नशीली दवाओं के साथ गिरफ्तार किये गए।  इस घटना ने, बॉलीवुड के निर्माताओं को विजय राज़ से दूर छिटका दिया।  हालाँकि, फ़िरोज़ खान के बेटे फरदीन खान को कभी  बड़ी सफलता नहीं मिल सकी। लेकिन, फिल्मों में सह भूमिकाओं में वह नज़र आ जाते थे।  लेकिन, उन्हें नशे की आदत थी।  वह कई बार नशीली दवाओं के साथ गिरफ्तार भी किये गए।  ऐसे में उनके बॉलीवुड करियर को नुकसान पहुँचना ही था। 

पकडे गए नशीली दवाओं के साथ
बॉलीवुड की कई सेलिब्रिटी अपनी नशे की आदत का शिकार हुई ।  शाहरुख़ खान की बीवी गौरी खान मारिजुआना के साथ बर्लिन एयरपोर्ट पर पकड़ी गई। सुसैन खान कोकीन लेने की आदि हैं।  इसी कारण से उनका  हृथिक रोशन से तलाक़ हुआ।  हालाँकि, हृथिक खुद  नशीली दवाओं के आदती हैं। आफताब शिवदासानी को पुणे के एक नाईट क्लब में नशीला पदार्थ सेवन करते पकड़ा गया।  अर्जुन रामपाल की सुसैन से दोस्ती को कोकीन दोस्ती कहना ठीक रहेगा। अभिनेत्री प्रीटी ज़िंटा भी अपने पूर्व प्रेमी नेस वाडिया के साथ कोकीन का सेवन करती थी। अफवाह है कि इरफ़ान खान भी मारिजुआना लेते हैं।  सूरज पंचोली के करियर को भी नशे की आदत के कारण नुकसान हुआ है। शक्ति कपूर का बेटा और श्रद्धा कपूर का भाई भी एक नाईट क्लब में नशीली दवाओं के साथ पकड़ा जा चुका है।  ममता कुलकर्णी और मोनिका बेदी ऐसे उदाहरण हैं, जो नशीली दवाओं के जाल में कुछ ऎसी फंसी की  कानून के फंदे में तक जा पहुंची

नशे से उबरने के बाद वापसी
बॉलीवुड के कुछ ऐसे सितारे हैं, जिन्होंने नशे की लत से छुटकारा भी पाया और बॉलीवुड में  वापसी भी की।  संजय दत्त, एक ऐसे खराब उदाहरण है, जिनकी नशे की लत ने उनकी माँ और पिता को जीवन भर निराशा दी।  माँ की कैंसर और बेटे के दुःख के साथ मौत हुई।  संजय दत्त को बॉम्बे बम विस्फोट में भागीदार मानते हुए, जेल भी जाना पड़ा और सज़ा हुई। लेकिन, संजय दत्त ने तमाम बाधाओं, कष्ट और दुश्वारियों से लोहा लेते हुए, खुद को नशे से उबारा, सज़ा काट कर  बॉलीवुड में वापसी की।  आज उनके पास कलंक, पानीपत, आदि कई बड़ी हिंदी फ़िल्में हैं। रैपर हनी सिंह और स्टैंडप कॉमेडियन कपिल शर्मा को नशे की लत ने, उनके करियर से दूर कर दिया।  लेकिन, इन दोनों ने नशे से छुटकारा पाया।  हनी सिंह का एक सिंगल मखना पिछले दिनों रिलीज़ हुआ है।  कपिल शर्मा भी, नशे से छुटकारा पा कर और शादी रचा कर अपना मंच सजा चुके है। एक मैगज़ीन को इंटरव्यू में, एक्टर रणबीर कपूर ने स्वीकार किया था कि वह फिल्म स्कूल के दिनों में मारिजुआना लिया करते थे।  लेकिन, रॉकस्टार के दौरान उन्होंने एक्टिंग पर फोकस करना शुरू कर दिया।  स्वर्गीय स्मिता पाटिल और राज बब्बर के बेटे प्रतीक ने १३ साल की उम्र से नशीली दवाओं का सेवन शुरू कर दिया था।  वह नशे की हालत में अपने करियर को लगभग ख़त्म कर बैठे।  लेकिनअब वह नशे से छुटकारा पा कर वापसी कर रहे हैं। वह पिछले साल, बागी २ और मुल्क में नज़र आये।  पूजा भट्ट को भी नशे और शराब ने ख़त्म कर दिया।  लेकिन, पिता महेश भट्ट की मेहनत का नतीज़ा था कि वह बॉलीवुड में वापसी कर पाने में सक्षम हुई।  बेशक अब वह फिल्म मेकिंग तक ही सीमित हैं।  वह फिल्म सड़क २ मे संजय दत्त के साथ वापसी भी कर रही हैं।

बॉलीवुड न्यूज़ २४ फरवरी २०१९ - क्लिक करें 

बॉलीवुड न्यूज़ २४ फरवरी २०१९


गली बॉय में अलिया भट्ट के चुम्बन, रणबीर कपूर नाराज़
इस साल, हिंदी फिल्म दर्शक अलिया भट्ट और रणबीर कपूर की शादी की खबर सुनने को बेताब हैं । जिस प्रकार से, पिछले साल, बॉलीवुड की तमाम बड़ी अभिनेत्रियों ने, शादी रचाई, उसके बाद अलिया भट्ट ही शादी की फोटो देखने को बेताब दर्शकों के निशाने पर थी । ऐसे लोगों के लिए यह खबर बुरी हो सकती हैं कि अलिया भट्ट और रणबीर कपूर के बीच सब कुछ गुडी गुडी नहीं चल रहा । यह अफवाह इस लिए उडी कि यह युवा जोड़ा अपनी कार में बैठा किसी गरमगरम बहस में मशगूल था । यह बहस, सीआरपीएफ के काफिले पर आतंकवादी हमले को लेकर तो नहीं हो सकती थी । अलिया भट्ट की नई फिल्म गली बॉय पिछले दिनों ही रिलीज़ हुई है । इस फिल्म में अलिया भट्ट ने रणवीर सिंह के कई चुम्बन लिए हैं । दिलचस्प तथ्य यह है कि यह चुम्बन काफी समर्पित किस्म के हैं । आम तौर पर, अलिया भट्ट अपनी लगभग हर फिल्म में इसी प्रकार के चुम्बन देती रहती हैं । लेकिन, अलिया भट्ट के रिलेशन में डूबे रणबीर कपूर को यह चुम्बन नागवार गुजरे हैं । इससे अलिया के प्रशंसक रणबीर को उपयुक्त नहीं मान रहे । जबकि रणबीर कपूर के जानने वाले कहते हैं कि ऐसे झगड़े चलते रहते हैं । दोनों समझदार है और शादी में अभी टाइम है ।

विज्ञापन के लिए सगाई की अफवाह !
पिछले दिनों, अदाकारा दिशा पाटनी और टाइगर श्रॉफ की सगाई की अफवाह ने हलहल मचा दी थी । लेकिन, अफवाह का यह धुआं बिना आग के नहीं था । इस अफवाह की शुरुआत हुई, दिशा पाटनी और टाइगर श्रॉफ के इन्स्टाग्राम अकाउंट से । इन दोनों ने अपना अपना एक चित्र अपने अकाउंट पर डाला था, जिसमे यह दोनों सगाई की उंगली में अंगूठी पहने नज़र आ रहे थे । दिशा पाटनी ने कमेंट भी दर्ज किया था कि किसी ने पूछा, मैंने हाँ कर दी । इससे ऐसा लगा कि इन दोनों ने यकायक शादी की ओर पहला कदम बढ़ा लिया है । लेकिन, वास्तव में यह पब्लिसिटी स्टंट था, एक विज्ञापन फिल्म को जारी करने से पहले का । एक ठन्डे पेय के विज्ञापन में यह दोनों अपनी बाएं हाथ की अनामिका में अंगूठी पहने नज़र आ रहे हैं । इस फिल्म में यह दोनों ठन्डे पेय की बोतल कुछ इस तरह से पकड़ते हैं कि सगाई वाली अंगूठी नज़र आती है । कहने का मतलब सिर्फ धुआं ही धुंआ...कोई आग नहीं । सिर्फ कमाई !  दिशा पाटनी की फिल्म भारत और टाइगर श्रॉफ की फिल्म स्टूडेंट ऑफ़ द इयर २ इस साल रिलीज़ होंगी ।

क्या विलेन की भूमिका करेंगे सनी देओल ?
पिछले हफ्ते यह खबर थी कि अभिनेता सनी देओल से आँखे २ के लिए संपर्क किया गया है । आँखे २, विपुल अमृतलाल शाह निर्देशित और २००२ में रिलीज़ क्राइम ड्रामा फिल्म आँखे की सीक्वल फिल्म है । आँखे में, अमिताभ बच्चन ने एक ऐसे बैंक अधिकारी की भूमिका की थी, जो अपनी बेइज्जती का बदला लेने के लिए तीन अंधे व्यक्तियों के सहारे अपने ही बैंक में डकैती डलवाता है । फिल्म में बैंक अधिकारी की भूमिका अमिताभ बच्चन ने की थी । अक्षय कुमार, अर्जुन रामपाल और परेश रावल के अंधे किरदार थे । सीक्वल फिल्म का निर्देशन अनीस बज्मी कर रहे हैं । अनीस बज्मी, फिल्म में एक महत्वपूर्ण भूमिका को लेकर सनी देओल के पास गए थे । लेकिन, सनी देओल ने इस पर अपना निर्णय नहीं सुनाया था । सूत्र बताते हैं कि सनी देओल की भूमिका काफी दमदार है । परन्तु, यह खलनायक वाली है । सनी देओल, इस पर गहराई से विचार करना चाहेंगे । जहाँ तक अनीस बज्मी का सवाल है, वह सनी के साथ फिल्म करना भी चाहते हैं । लेकिन, फिलहाल, अभी तक केवल अमिताभ बच्चन को ही फिल्म के लिए फाइनल किया गया है । बाकी की स्टारकास्ट का पता तो अनीस बज्मी के पागलपंथी के लन्दन शूट से वापस होने के बाद ही चलेगा । हो सकता है तब तक सनी देओल भी अपना निर्णय सुना दें ।

मौनी रॉय का बैलेंसिंग एक्ट!
अभिनेत्री मौनी रॉय ने, पिछले साल अक्षय कुमार के साथ फिल्म गोल्ड से बॉलीवुड में अपनी शानदार शुरुआत की थी । इस साल उनके पास काफी दिलचस्प फिल्मे है । मेड इन चायना, रॉ, और ब्रम्हास्त्र, तीन बहुप्रतीक्षित फिल्मों पर मौनी अभिनय कर रही है । इन किरदारों के लिए मौनी रॉय को, अलग-अलग कसरत, आहार और अलग अलग पैटर्न का पालन करना पड़ रहा है । मेड इन चायना में मौनी एक गुजराती गृहिणी की भूमिका कर रही हैं । इस किरदार के लिए  मौनी ने अपना वजन काफी बढ़ा लिया था । वह अब जिमिंग से ज्यादा जॉगिंग और रनिंग पर ध्यान दे रही है। फिल्म रॉ - रोमियो अकबर वाल्टर के लिए, मौनी एक अद्वितीय आहार और कसरत पद्धति का पालन करने के साथ साथ फ्रुट, वेजिटेबल तथा प्रोटीन वाली मछली और बीन्स का भी सेवन कर रही थी । अपनी, रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और अमिताभ बच्चन के साथ आगामी फिल्म ब्रम्हास्त्र के लिए लिए डायट स्पेशिलिस्ट एंजी कसाबी ने बुल्गारिया में फिल्म की शूटिंग के दौरान मौनी के आहार को प्रभावी बनाने का प्रयास किया । इस बारे में  मौनी रॉय कहती हैं, "इन तीन अलग-अलग फिल्मो पर काम करना काफी दिलचस्प रहा है और साथ ही चुनौतीपूर्णक भी । किरदारों की प्रामाणिकता बनाए रखने के लिए मुझे अलग-अलग वर्कआउट पैटर्न का पालन करना था जो काफी ज़रूरी था।"

एक हक़ीक़त गंगा का ट्रेलर लांच
पिछले दिनों, प्रिंस मूवीज़ के राकेश सबरवाल और फ्लाईम्यूजिकमेंट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (फ्लाई ग्रुप) द्वारा अपनी आगामी फिल्म एक हकीकत गंगा का ट्रेलर लॉन्च किया। यह फिल्म एक बाल विधवा की मार्मिक कथा पर केन्द्रित फिल्म है । बाल विधवा की प्राचीन प्रथा को देश के पिछड़े क्षेत्रों में आज भी देखा जा सकता है। इस फिल्म को रितेश बोरा ने लिखा और निर्देशित किया है । रितेश फिल्म में अभिनय भी कर रहे है।  इस फिल्म में बाल विधवा गंगा की भूमिका, नवोदित अभिनेत्री रचना सुयाल कर रही है | फिल्म में रज़ा मुराद, एक अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म के दूसरे कलाकारों में गौरी शंकर, अली ख़ान और प्रमोद मोउथो सहित कई अभिनेताओं के नाम शामिल हैं। फिल्म का संगीत मिलन हरीश ने दिया है। इस इवेंट में गायक यश वडाली, रूबी मछरा और ब्राईट के योगेश लखानी ख़ास बधाई देने आये। फिल्म प्रिंस मूवीज मुंबई के राकेश सबरवाल द्वारा पूरे भारत मे बहुत जल्द रिलीज़ की जाएगी।  

पूजा भट्ट के लिए कोई पर्दा छोटा नहीं !
अभिनेत्री से निर्माता और निर्देशक बनी पूजा भट्ट की, पूरी लम्बाई की फीचर फिल्म कैबरे, आजकल ज़ी५ के डिजिटल माध्यम में स्ट्रीम हो रही हैं। निर्माता पूजा भट्ट की इस फिल्म का निर्देशन कौस्तव नारायण नियोगी ने किया था।  फिल्म में, ऋचा चड्डा, गुलशन देवइया के साथ पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी एस श्रीसंथ एक डॉन की भूमिका में हैं। श्रीसंथ की फिल्म, डिजिटल माध्यम से भले ही रिलीज़ हुई हो, श्रीसंथ की बॉक्स ऑफिस पर ताक़त बेशक न जाँची जा सकी हो, लेकिन पूजा भट्ट ने श्रीसंथ की ताकत को भांप लिया लगता है।  खबर है कि पूजा भट्ट की अगली फिल्म में भी श्रीसंथ होंगे।  बेशक श्रीसंथ के साथ पूजा भट्ट की अगली फिल्म खालिस डिजिटल माध्यम के लिए बनाई जायेगी। पूजा भट्ट के लिए माध्यम बहुत मायने नहीं रखता।  वह कहती हैं, "कैबरे ने पैंडोरा बॉक्स खोल दिया है।" कैबरे फीचर फ़िल्म थी।  सालों तक डिब्बा बंद रही। आखिर कर डिजिटल माध्यम पर रिलीज़ हुई।  लेकिन, कैबरे ने डिजिटल प्लेटफार्म पर एक प्रतिस्पर्द्धा पैदा कर दी है।  क्योंकि, कैबरे टेलीविज़न या डिजिटल प्लेटफार्म के लिए नहीं बनाई गई थी। पूजा भट्ट कहती हैं, "मेरे लिए माध्यम मायने नहीं रखता। डिजिटल माध्यम काफी बड़ा है।  इसे इग्नोर नहीं किया जा सकता।"  

नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी के साथ सोनाक्षी सिन्हा की बोले चूड़ियाँ
सोनाक्षी सिन्हा के करियर की खासियत यह है कि जहाँ वह एक ओर मसाला फ़िल्में करती हैं, वही बीच बीच में ऎसी फिल्मे कर जाती हैं कि हैरत होती है । वुडपैकर मूवीज के राजेश भाटिया और किरण भाटिया की फिल्म बोले चूड़ियाँ से, नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी के छोटे भाई शम्स सिद्दीकी का बॉलीवुड डेब्यू हो रहा है । वह शॉर्ट फिल्म बनाते रहे हैं । जो अंतर्राष्ट्रीय फिल्म मेलों में पुरस्कृत भी होती रही है । शम्स की फिल्म बोले चूड़ियाँ एक रोमांटिक फिल्म है । इस फिल्म के रोमांटिक हीरो नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी हैं और उनका रोमांस सोनाक्षी सिन्हा होंगी । सूत्र बताते हैं कि इस फिल्म की स्क्रिप्ट सोनाक्षी सिन्हा को काफी पसंद आई है । लेकिन, फिलहाल उन्होंने इसे मौखिक रूप से ही स्वीकार किया है । क्योंकि सोनाक्षी सिन्हा इस समय कलंक, मिशन मंगल और दबंग ३ जैसी कुछ बड़ी फिल्मों में व्यस्त हैं । लेकिन, शम्स को उम्मीद है कि सोनाक्षी सिन्हा, उनकी फिल्म में काम करने से इनकार नहीं करेंगी । अगर, सोनाक्षी सिन्हा ने नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी के साथ बोले चूडिया साइन कर ली तो यह जोड़ी एक असामान्य जोड़ी के तौर पर ली जाएगी । नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी भी फिल्म फ्रीकी अली में एमी जैक्सन के साथ काम करने के बाद किसी अल्ट्रा ग्लैमरस एक्ट्रेस के साथ फिल्म करेंगे ।

विद्युत जामवाल ने हाथी के बच्चे को किशोर होते देखा 
शिशु हाथी हमेशा अपनी माँ के साथ ही रहते हैं। लेकिन अभयारण्य का तीन महीने का प्यारा सा शिशु हाथी मूनबीम,  अभिनेता विद्युत जामवाल (वीजे) की फैमिली एडवेंचर फिल्म जंगली की शूटिंग के दौरान अपनी माँ की परछाई से बाहर निकला । विद्युत् जामवाल को बताया गया कि मूनबीम अभी बात करने के लिहाज से बहुत छोटा है,  इसलिए वीजे हमेशा उसकी मां के साथ ही बातचीत किया करते थे। धीरे-धीरे मूनबीम ने भी वीजे को जवाब देना शुरू कर दिया और उस एक दृश्य की शूटिंग के दौरान, उसने एक गेंद पकड़ी और उसके साथ खेलना शुरू कर दिया--और साथ ही वीजे से भी अपेक्षा की कि वे उसे गेंद पास करें और उसके साथ पकड़म-पकड़ाई खेलें और उसके साथ घूमें।   विद्युत जामवाल बताते हैं, "एक शिशु हाथी को किशोर होते देखना बेहद अनोखा था। मनुष्यों की ही तरह, हाथियों का भी अपने परिवार के साथ बहुत करीबी रिश्ता होता है। मूनबीम के इस जेस्चर ने हमें महसूस कराया कि उनके जिस झुंड के साथ हम शूटिंग कर रहे हैं, उसमें अब हमारा स्वागत है।"

मानवी गगरू करेंगी जी५ की फिल्म ३७७ अब नॉर्मल

अपने पिछले वेब शो फॉर मोर शॉट्स प्लीज की अच्छी सफलता के बाद अभिनेत्री मानवी गगरू डिजिटल प्लॅटफॉर्म पर एक लोकप्रिय नाम बन चुकी है अमेज़न प्राइम के इस डिजिटल शो में मानवी ने सिद्दी पटेल नाम का किरदार निभाया है, जो अब हर घर में चर्चा का विषय बन गया है। चार युवा लड़किया, जो वर्क-लाइफ बॅलन्स करना, अपनी महत्वाकांक्षा और उसे पाने मे आनेवाले दबाव को कैसे मैनेज करती है, जैसे मुद्दों पर आधारित है यह शो । फोर मोर शॉट्स प्लीज की सफलता के बाद, मानवी अब जी५ की  फीचर फिल्म ३७७ अब नॉर्मल से दर्शको के सामने होंगी ।  इस दिलचस्प डिजिटल फिल्म का निर्देशन फारुख कबीर करेंगे । सूत्रों के अनुसार मानवी को हाल ही में इस फिल्म के लिए चुना गया है । इस फिल्म मे वह बहुत ही दिलचस्प और अलग किरदार में नजर आयेंगी ।  इस फिल्म का विषय काफी गंभीर है तथा सन्देश देने के साथ साथ दर्शकों का मनोरंजन भी करेगी । अपनी इस फिल्म के बारे में मानवी ने कहा, "जब मैंने पहली बार इस फिल्म को सुना तो उसी वक्त मैंने यह फैसला कर लिया कि मै यह फिल्म जरूर करुँगी  मैं लैंगिक मुद्दों को बहुत दृढ़ता से महसूस करती हूं, इसलिए इस फिल्म को ना बोलने का सवाल ही नहीं था ।"इस डिजिटल फिल्म में तन्वी आजमी, शशांक अरोरा, कुमुद मिश्रा और मोहम्मद अयूब भी नजर आएंगे

फिल्म बदला के एक गीत की शूटिंग के दौरान अमिताभ बच्चन और शाहरुख़ खान -क्लिक करें 

फिल्म बदला के एक गीत की शूटिंग के दौरान अमिताभ बच्चन और शाहरुख़ खान

Saturday, 23 February 2019

सलमान खान और संजय लीला भंसाली: १९ साल बाद साथ साथ



सलमान खान (Salman Khan), १९ साल बाद, संजय लीला भंसाली (Sanjay Leela Bhansali) की फिल्म के हीरो बनने जा रहे हैं।  वैसे सलमान खान, भंसाली की फिल्म सावरिया में भी थे।  लेकिन, यह मेहमान भूमिका थी।  रणबीर कपूर और सोनम कपूर का फिल्म डेब्यू होने जा रहा था।  इस लिहाज़ से, भंसाली की किसी फिल्म में नायक की भूमिका में, सलमान खान आखिरी बार फिल्म हम दिल दे चुके सनम में नज़र आये थे।  यह एक म्यूजिकल रोमांस फिल्म थी।  फिल्म सुपरडुपर हिट थी।

अब जबकि संजय लीला भंसाली और सलमान खान का पुनर्मिलन होने जा रहा है तो यह फिल्म (अस्थाई टाइटल इंशाअल्लाह) भी एक रोमांस फिल्म है।  इस फिल्म का ऐलान, कल (२४ फरवरी को) संजय लीला भंसाली के जन्मदिन पर किया जाएगा।


लेकिन, सलमान खान इस फिल्म की शूटिंग तुरंत शुरू नहीं कर पाएंगे।  क्योंकि, फिलहाल के कैलेंडर के अनुसार, सलमान खान को, ईद २०१९ पर रिलीज़ होने जा रही अपनी फिल्म भारत की शूटिंग पूरी करनी है। इसके बाद, वह प्रभुदेवा (Prabhudeva) के साथ दबंग फ्रैंचाइज़ी की तीसरी फिल्म दबंग ३ में व्यस्त हो जाएंगे। दबंग ३ की शूटिंग पूरी  होने के बाद ही, सलमान भंसाली की फिल्म की शूटिंग कर सकेंगे। 

मगर, इस ऐलान ने ही सलमान खान के प्रशंसकों में हलचल मचा दी है। उन्हें ऐसा लगता है कि सलमान खान और संजय लीला भंसाली एक सुपरहिट फिल्म देने वाली जोड़ी हैं। जबकि, वास्तविकता यह है कि भंसाली के साथ सलमान खान ने सिर्फ एक ही हिट फिल्म दी है।

संजय लीला भंसाली के निर्देशक करियर की शुरुआत सलमान खान के साथ फिल्म ख़ामोशी द म्यूजिकल (१९९६) से हुई थी।  लेकिन, यह फिल्म फ्लॉप हुई थी।  


नोटबुक वाला प्यार ! - क्लिक करें 

Friday, 22 February 2019

नोटबुक वाला प्यार !

म्यूजिक विडियो मुसाफिर - अरविन्द ओझा सौमी शैलेश

ये उन दिनों की बात हैं पर शादी

म्यूजिक विडियो हुस्न- परम वीर सिंह

म्यूजिक विडियो गोल्डी गोल्डन

नवोदय टाइम्स २२ फरवरी २०१९

रणबीर ने खोया रणवीर ने पाया !


चार साल पहले, जब अनुराग कश्यप (Anurag Kasyap) फिल्म बॉम्बे वेलवेट की शुरुआत करने जा रहे थे, तब वह इस पीरियड फिल्म में, बॉक्सर और स्ट्रीट फाइटर जॉनी की भूमिका के लिए रणवीर सिंह (Ranveer Singh) को लेना चाहते थे। लेकिन, फिर न जाने क्या बात हुई कि उन्होंने रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor) को साइन कर लिया। रणवीर हाथ मलते रह गए। लेकिन, बॉम्बे वेलवेट बॉक्स ऑफिस पर सबसे बड़ी ध्वस्त फिल्म साबित हुई। इस फिल्म की असफलता का झटका रणबीर कपूर को कुछ ऐसा लगा कि उन्हें अपनी पोजीशन सुधारने में संजू तक का समय लग गया। रणवीर सिंह बाल बाल बचे।


रणबीर ने खोया, रणवीर ने पाया  
परन्तु, इसका उल्टा काफी दिलचस्प हुआ। जोया अख्तर (Zoya Akhtar) फिल्म गली बॉय के मुराद की भूमिका के लिए रणबीर कपूर को लेना चाहती थी। वह रणबीर के साथ काम करने के लिए काफी उत्सुक थी। लेकिन, रणबीर कपूर सिर्फ एक बायोपिक फिल्म करना चाहते थे। संजू वह कर ही रहे थे। इसलिए उन्होंने गली बॉय ठुकरा दी। फिल्म रणवीर सिंह को मिल गई। आज यह फिल्म रणवीर की हिट फिल्मों में शामिल हो गई है।


ज़ोया को रणबीर की दूसरी बार न !
जोया अख्तर के साथ यह दूसरी बार हुआ था कि रणबीर कपूर ने, जोया की फिल्म को इनकार कर दिया था। जोया, रणबीर और करीना कपूर (Kareena Kapoor) की भाई बहन जोड़ी को रील लाइफ में भी लेना चाहती थी। फिल्म थी दिल धड़कने दो।  लेकिन, दोनों कपूरों ने फिल्म को इनकार कर दिया। बाद में करीना कपूर की जगह प्रियंका चोपड़ा (Priyanka Chopra) और रणबीर कपूर की जगह रणवीर सिंह आ गए। 


संजय लीला भंसाली की तीन फ़िल्में
रणबीर कपूर का फिल्म डेब्यू २००७ में सांवरिया से हुआ था। सोनम कपूर के साथ रणबीर की यह फिल्म बड़ी फ्लॉप साबित हुई थी। अब यह बात दीगर है कि इन दोनों कपूरों का करियर बन ही गया। इस असफलता के बाद, संजय लीला भंसाली (Sanjay Leela Bhansali) की दूसरी फिल्म गुजारिश भी फ्लॉप हुई। संजय पर फ्लॉप डायरेक्टर का लेबल लग गया था।


असफ़लता के बाद रणबीर की संजय को न 
इसलिए, जब संजय लीला भंसाली ने फिल्म गोलियों की रासलीला राम-लीला की कास्टिंग शुरू की तो वह सीधा रणबीर कपूर के पास गए। रणबीर कपूर ने संजय को साफ मना कर दिया। गोलियों की रासलीला ही नहीं, संजय लीला भंसाली ने फिल्म बाजीराव मस्तानी और पद्मावत भी रणबीर को ऑफर की थी। लेकिन, रणबीर ने इन दोनों फिल्मों को भी नकार दिया। यह तीनों फ़िल्में रणवीर सिंह को मिल गई। इसके बाद रणवीर सिंह शीर्ष की सीढियां चढते चले गए।

अब यह कहना ठीक नहीं होगा कि रणबीर कपूर ने दीपिका पादुकोण (Deepika Padukone) को खोया तो रणवीर सिंह ने पा लिया !

कास्ट और क्रू के साथ खाना खाते हैं अमिताभ बच्चन




अमिताभ बच्चन और तापसी पन्नू के रोमांचक पोस्टर के साथ इंटरनेट पर तहलका मचाने के बाद, निर्माताओं ने हाल ही में  बदला का रोमांचक ट्रेलर रिलीज किया ।  ट्रेलर में अमिताभ बच्चन एक हाई-प्रोफाइल वकील की भूमिका में नज़र आ रहे है, वही दूसरी ओर तापसी पन्नू एक व्यवसायी की भूमिका निभा रही हैं, जिस पर उसके पति की हत्या का आरोप लगाया गया है। तापसी पन्नू फ़िल्म में अमिताभ बच्चन से मदद मांगते हुए नज़र आएंगी जो उनका मुकदमा संभाल रहे हैं।

अभिनेता अमिताभ बच्चन अपनी फिटनेस का ख्याल खूब रखते है। इसीलिए वे आज के मौजूदा  अभिनेताओं में सबसे फिट भी है। अमिताभ बच्चन और तापसी पन्नू की आगामी फिल्म बदला की अधिकतर शूटिंग स्कॉटलैंड के ग्लास्गो शहर में की गयी है। इस फिल्म की शूटिंग किसी दूसरे देश होने के कारण निर्माताओ ने एक साथ एक कुक भी रखा था, जो कि कास्ट और क्रू के लिए खाना  बनाया करते थे। यह खाना खास था क्यूंकि यह सेहतमंद था सेट पर हर किसको सेहतमंद खाना पसंद था ,खास तौर पर अमिताभ बच्चन को यह बेहद पसंद था। यह खाना और भी स्पेशल बना जब अमिताभ बच्चन को अक्सर सेट पर ही कास्ट और क्रू के साथ खाना करना पसंद था।

बदला के साथ अमिताभ बच्चन और तापसी पन्नू दूसरी बार  स्क्रीन शेअर  कर रहे है। इससे पहले दोनों कलाकार २०१६ में आयी फ़िल्म पिंक में एक साथ काम कर चुके हैं। 


रेड चिलीज़ एंटरटेनमेंट द्वारा तथा अजुरे एंटरटेनमेंट के सहयोग से प्रस्तुत। गौरी खान, सुनीर खेतरपाल और अक्षय पुरी द्वारा निर्मित एव सुजॉय घोष द्वारा निर्देशित फिल्म बदला , में अमिताभ बच्चन और तापसी पन्नू मुख्य भूमिका में हैं और ८ मार्च २०१९ को रिलीज़ होगी ।

लंदन इंडियन फ़िल्म फ़ेस्टिवल में कोड ब्लू - क्लिक करें