Monday, 21 July 2025

#VijayDeverakonda का पैन इंडिया #Saamrajya






फिल्म लाइगर से हिंदी फिल्म दर्शकों को निराश करने वाले तेलुगु फिल्म अभिनेता विजय देवराकोण्डा, दूसरी बार अपने भाग्य को आजमाने जा रहे है।  उनकी दूसरी अखिल भारतीय आकर्षण वाली फिल्म साम्राज्य ३१ जुलाई २०२५ को प्रदर्शित होने जा रही है।





साम्राज्य, मूल तेलुगु फिल्म का हिंदी शीर्षक है। तेलुगु  में विजय के साम्राज्य का शीर्षक किंगडम है। यह फिल्म तेलुगु और हिंदी के अतिरिक्त तमिल में भी प्रदर्शित होगी।





साम्राज्य का टीज़र फिल्म में विजय देवराकोण्डा की भूमिका की एक  झलक भर देता है। इससे ऐसा प्रतीत होता है कि फिल्म में देवराकोण्डा एक्शन अवतार में दिखाई देंगे।  उनकी बचपन की झलक निर्धनता और अभाव से जूझती लगती है।  इसके बाद भी,  विजय का चरित्र ऊंचाइयों को छूता है।





फिल्म का निर्देशन जर्सी के निर्देशक गौतम तिन्नानुरि ने किया है। वही फिल्म के लेखक भी है।  गौतम ने शाहिद कपूर की क्रिकेट खिलाडी की भूमिका वाली फिल्म जर्सी (२०२२) का निर्देशन किया था।  अब वह दूसरी बार एक्शन के माध्यम से हिंदी दर्शकों को अपनी और विजय देवराकोण्डा की प्रतिभा से परिचित करवा रहे है।







फिल्म के एक निर्माता नाग वामसी ने बताया कि इस फिल्म को दो भागों में प्रदर्शित किया जाएगा।  बकौल उनके यही फिल्म के कथानक के साथ न्याय होगा।  अब देखने वाली बात यह होगी कि विजय अपनी भूमिका के साथ कितना न्याय कर पाए होंगे।





फिल्म के प्रारम्भ में ही साम्राज्य के कथानक और विजय देवराकोण्डा के चरित्र से पार्श्व स्वर के माध्यम से परिचय कराया गया है। यह परिचय हिंदी साम्राज्य मे रणबीर कपूर, तमिल और तेलुगु किंगडम का क्रमशः सूर्या और जूनियर एनटीआर द्वारा कराया गया है।





किंगडम/साम्राज्य में विजय देवराकोण्डा का साथ रुक्मिणी वसंत और भाग्यश्री बोरसे दे रही है। साम्राज्य, भाग्यश्री  दूसरी बार हिंदी  दर्शकों के समक्ष आ रही है। इससे पहले वह कार्तिक आर्यन की खेल फिल्म चंदू चैंपियन में  नयनतारा की भूमिका में आ चुकी है।  रुक्मिणी वसंत भी दूसरी बार हिंदी दर्शको के सामने होंगी। वह हिंदी फिल्म अपस्टार्ट में  अभिनय कर चुकी है। 




किंगडम/साम्राज्य का प्रदर्शन कई बार टल चुका है। पहले यह फिल्म ३० मार्च को प्रदर्शित होने वाली थी।  फिर इसे ३० मई के लिए निश्चित किया गया। किन्तु, इस फिल्म का प्रदर्शन एक बार फिर ४ जुलाई तक टाला गया।  किन्तु, विजय देवराकोण्डा के प्रशंसक दर्शकों ने उस समय चैन की सांस ली, जब फिल्म की ३१ जुलाई को रिलीज़ सुनिश्चित कर दी गई। 






निर्माता सितारा एंटरटेनमेंटस, फार्च्यून फोर सिनेमाज और श्रीकर स्टूडियोज की इस फिल्म को उत्तर भारत में ए ए फिल्म्स द्वारा वितरित किया  जायेगा।  

No comments: