Thursday, 28 February 2019

गली बॉय का शेर बनेगा सोलो हीरो !


रणवीर सिंह की फिल्म में उभर कर आना बड़ी बात कही जायेगी।  यही कारण है कि फिल्म गली बॉय में रैपर एमसी शेर की भूमिका करने वाले एक्टर सिद्धांत चतुर्वेदी आजकल सुर्ख़ियों में हैं।

गली बॉय, रणवीर सिंह के किरदार मुराद पर केंद्रित है। फिल्म में, सिद्धांत का शेर, मुराद को प्रोत्साहित करने वाला है। शेर, रैप प्रतियोगिता में आगे नहीं बढ़ पाता। लेकिन, वह मुराद का उत्साह बढ़ाने के लिए हर जगह मौजूद होता है।


सिद्धांत अपने इस किरदार को इतने स्वाभाविक तरीके से करते हैं कि बिलकुल रैपर शेर की तरह लगते हैं।  सिद्धांत की अभिनय प्रतिभा का तकाज़ा है कि सिद्धांत चतुर्वेदी बड़ी तेज़ी से आगे बढ़ते जा रहे हैं।

सिद्धांत की तरक्की की रफ़्तार का अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सिद्धांत को गली बॉय की निर्देशक ज़ोया अख्तर ने, वेब सीरीज इनसाइड एज की सक्सेस पार्टी में देखा था। इनसाइड एज भी, गली बॉय की निर्माता कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट की सीरीज थी।

ज़ोया ने, सिद्धांत से एमसी शेर के ऑडिशन के लिए बुलाया। ऑडिशन के बाद, सिद्धांत को गली बॉय के रैपर एमसी शेर की भूमिका के लिए चुन लिया गया।


अब खबर है कि सिद्धांत की प्रतिभा और सफलता से प्रभावित हो कर एक्सेल एंटरटेनमेंट ने अपनी अगली फिल्म के हीरो के रूप में सिद्धांत चतुर्वेदी का चयन कर लिया है। वह इस फिल्म के सोलो हीरो होंगे।

यह भी खबर है कि कुछ दूसरे फिल्म निर्माता भी इस युवा प्रतिभा को अपनी फिल्म में मौक़ा देना चाहते हैं। इसका मतलब यह हुआ कि गली बॉय के मुराद के लिए, बॉलीवुड में एमसी शेर चुनौती बन कर उभर रहा है।

No comments: