Monday 15 April 2019

बॉलीवुड के धूमकेतुओं को तलाश एक अदद हिट फिल्म की !

बॉलीवुड हर नए शुक्रवार का सच है।  किसी भी शुक्रवार एक नए सितारे का उदय हो सकता है।  कोई पुराना सितारा धूमकेतु की गति को प्राप्त हो सकता है।  सफलता-असफलता के बावजूद, नई फिल्म से जुड़ी तमाम हस्तियों को शुक्रवार का इंतज़ार रहता है।  बॉलीवुड की ऐसी पांच हस्तियां हैं, जिन्हे आज भी एक हिट की तलाश है।  हालाँकि, कभी यह चमकते सितारे थे।

आदित्य रॉय कपूर- करियर की पहली तीन फिल्मों की असफलता के बाद, आदित्य रॉय कपूर की बतौर नायक फिल्म आशिक़ी २ और यह जवानी है दीवानी (सह भूमिका) की सफलता ने, आदित्य रॉय कपूर को रोमांस फिल्मों का हीरो बना दिया।  नतीजे के तौर पर, उन्हें परिणीति चोपड़ा के साथ दावत ए इश्क़, कैटरीना कैफ के साथ फितूर और श्रद्धा कपूर के साथ ओके जानू मिली। मगर यह तीनों ही फिल्मे बुरी तरह से असफल हुई। अब उन्हें एक हिट का इंतज़ार है।  इस साल दो फ़िल्में कलंक और अनुराग बासु की अनाम फिल्म रिलीज़ होनी है।

अर्जुन कपूर- करियर की पहली फिल्म, परिणीति चोपड़ा के साथ इश्क़ज़ादे बड़ी हिट हुई थी।  २ स्टेट्स, की एंड का और हाफ गर्लफ्रेंड ठीकठाक गई। लेकिन, तेवर, भावेश जोशी सुपरहीरो और नमस्ते इंग्लैंड की असफलता न अर्जुन कपूर पर दर्शकों का कम होता प्रभाव साबित होता था। क्या इस साल रिलीज़ होने जा रही ब्लैक कॉमेडी संदीप और पिंकी फरार, एक्शन इंडियाज मोस्ट वांटेड और ऐतिहासिक फिल्म पानीपत अर्जुन कपूर को हिट साबित करेंगी ?

परिणीति चोपड़ा- करियर की पहली तीन फिल्मों लेडीज वर्सेज रिकी बहल, इशकज़ादे और शुद्ध देसी रोमांस की सफलता से परिणीति चोपड़ा धूमकेतु की तरह उदय हुई थी।  ऐसा लगा था कि दो चोपड़ा बहाने इंडस्ट्री पर छा जाएंगी। लेकिन, गोलमाल अगेन की सितारों की भीड़ से मिली सफलता के बावजूद  दवात ए इश्क़ से लेकर नमस्ते लंदन तक पांच फिल्मों की असफ़लता ने परिणीति चोपड़ा को इस साल रिलीज़ होने वाली फिल्मों संदीप और पिंकी फरार, केसरी और जबरिया जोड़ी की रिलीज़ वाले शुक्रवार पर निगाहें लगाने को मज़बूर कर दिया है।

सिद्धार्थ मल्होत्रा - करण जौहर की फिल्म स्टूडेंट ऑफ़ द ईयर से वरुण धवन और आलिया भट्ट के साथ सिद्धार्थ मल्होत्रा का भी डेब्यू हुआ था।  स्टूडेंट ऑफ़ द ईयर के बाद, वरुण धवन और लिया भट्ट कहाँ से कहाँ निकल गए। लेकिन सिद्धार्थ मल्होत्रा, आज भी संघर्ष कर रहे हैं। क्योंकि, उनकी ऐय्यारी, इत्तेफ़ाक़, अ जेंटलमैन और बार बार देखो जैसी फ़िल्में बुरी तरह से असफल हुई। अब उन्हें कॉमेडी ज़बरिया जोड़ी और एक्शन मरजावां की रिलीज़ का इंतज़ार है।  
जैक्विलिन फर्नॅंडेज़- करियर की शुरुआत दो फ्लॉप फिल्मों से करने वाली जैक्विलिन फर्नॅंडेज़ के खाते में हॉउसफुल सीरीज की फिल्मो के अलावा रेस २ और किक जैसी हिट फ़िल्में भी दर्ज है। लेकिन, हाल फिलहाल, जुड़वा २ की साझी सफलता के अलावा जैक्विलिन रेस ३, अ फ्लाइंग जट्ट, ब्रदर्स और रॉय की बड़ी असफलताओं ने उनकी चमक धुंधली कर दी है।  दिलचस्प बात यह है कि उनकी सिर्फ एक फिल्म ड्राइव ही रिलीज़ होने वाली है।

सोनाक्षी सिन्हा- करियर की शुरुआत ही सलमान खान की फिल्म दबंग से करने वाली सोनाक्षी सिन्हा ने, बॉलीवुड के तमाम बड़े अभिनेताओं के साथ फ़िल्में की है। लेकिन, बुलेट राजा, एक्शन जैक्सन, तेवर, अकीरा, फाॅर्स २, नूर और इत्तेफ़ाक़ की असफलता ने उन्हें फिर सबसे नीचे की पायदान में ला खड़ा किया है।  क्या कलंक, मिशन मंगल और दबंग ३ से सोनाक्षी सिन्हा के दिन बहुरेंगे ?

शाहिद कपूर- पंकज कपूर और नीलिमा अज़ीम के बेटे शाहिद कपूर के बतौर नायक करियर की शुरुआत फिल्म इश्क़ विश्क से ज़ोरदार रही थी। लेकिन, इसके बाद पद्मावत तक वह, जहाँ एक फिल्म हिट देते तो चार फ़िल्में लगातार फ्लॉप होती रहती।  यह असफलताएं बड़ी थी।  पद्मावत से पहले और बाद शाहिद कपूर ने शानदार, उड़ता पंजाब, रंगून और बत्ती गुल मीटर चालू जैसी फ्लॉप फ़िल्में दी। उनकी आधुनिक देवदास फिल्म कबीर सिंह २१ जून को रिलीज़ हो रही है।  क्या शाहिद कपूर की हिट की तलाश पूरी होगी।  

इमरान हाश्मी- जब तक इमरान हाश्मी के चुम्बनों में गर्मी रही, वह सीरियल किसर के तौर पर एक के बाद मर्डर, ज़हर, आशिक़ बनाया आपने, कलयुग, अक्सर, गैंगस्टर, जन्नत, आदि हिट फ़िल्में देते रहे।  लेकिन, राज़ ३डी के बाद वह डेढ़ दर्जन फ्लॉप फ़िल्में दे चुके हैं। उनकी एक फिल्म व्हाई चीट इंडिया तो इसी साल फ्लॉप हुई है। क्या इस साल रिलीज़ हो रही उनकी मर्डर ४, मिस्टर एक्स रिटर्न्स, फादर्स डे और कैप्टेन नवाब जैसी फ़िल्में उनको लम्बे समय बाद एक हिट दे पाएंगी ?

क्या बॉउंसबैक करेंगे खान अभिनेता ? 
आज सबसे बड़ा सवाल यही पूछा जा रहा है कि क्या खान अभिनेता बाउंस बैक करेंगे।  पिछले साल आमिर खान ने ठग्स ऑफ़ हिंदुस्तान जैसी बड़ी फ्लॉप फिल्म दी थी। शाहरुख़ खान के खाते में तो दिलवाले, फैन, जब हैरी मेट सेजल और जीरो जैसी फ्लॉप फिल्म दर्ज हो चुकी हैं। सलमान खान भी टाइगर ज़िंदा है से पहले और बाद, ट्यूबलाइट और रेस ३ जैसी बड़ी फ्लॉप फ़िल्में दे चुके हैं। उनकी फिल्म भारत ईद २०१९ में रिलीज़ होने वाली है।  क्या सलमान खान वापसी कर सकेंगे ? वापसी की उम्मीद फिलहाल सलमान खान से ही की जा सकती है। क्योंकि, शाहरुख़ खान और आमिर खान की कोई भी फिल्म पाइपलाइन में नहीं है। 

सैफ और इमरान खान !
सैफ अली खान के करियर को बुलेट राजा, हमशकल्स, लेकर हम दीवाना दिल, फैंटम, रंगून और शेफ जैसी बड़ी फ्लॉप ने बुरी तरह से चोटिल किया था। लेकिन, पिछले साल रिलीज़ बाज़ार ने उन्हें  थोड़ी राहत दी है। क्या तानाजी द अनसंग वारियर और दिल बेचारा इस चौथे खान की वापसी करवा पाएंगी ? मामू आमिर खान के सहारे बॉक्स ऑफिस का खान बने इमरान खान के स्टारडम की कलई खुल चुकी है। वह, पिछले सात-आठ सालों में एक मैं और एक तू, मटरू की बिजली का मंडोला, वन्स अपॉन अ टाइम इन मुंबई दोबारा,  गोरी तेरे प्यार में और कट्टी बट्टी जैसी बड़ी फ्लॉप फ़िल्में देने के बाद इंडस्ट्री से बिलकुल बाहर हो चले हैं।  

इनको भी दरकार है एक अदद हिट की -  कभी डांसिंग स्टार के तौर पर हिट कॉमेडी डांस फ़िल्में देने वाले गोविंदा २००८ के बाद से एक भी हिट फिल्म नहीं दे सके हैं। धर्मेंद्र के बेटे सनी देओल और बॉबी देओल भी सफलता को तरस रहे हैं। अमिताभ बच्चन के बेटे अभिषेक बच्चन, अनिल  कपूर के बेटे हर्षवर्द्धन कपूर, आदित्य पंचोली और ज़रीना वहाब के बेटे सूरज पंचोली, सुरेश ओबेरॉय के बेटे विवेक ओबेरॉय और गायक मुकेश के पोते नील नितिन मुकेश भी फिल्म इंडस्ट्री से बिलकुल बाहर हो चले हैं।  यह सभी एक्टर हिंदी फिल्मों से बिलकुल बाहर हो चले हैं। इसके बावजूद क्या इनकी कोई फिल्म इन्हे नया जीवन देगी ? 

अंग्रेजी मीडियम में इरफान के साथ पंकज त्रिपाठी - क्लिक करें 

No comments:

Post a Comment