Sunday, 2 November 2025

तेरी मेहरबानियाँ - जैकी श्रॉफ और पूनम ढिल्लों पर कुत्ते की मेहरबानियाँ !



यशराज बैनर से, १९७९ में एक रोमांटिक ड्रामा फिल्म नूरी  प्रदर्शित हुई थी।  इस फिल्म के नायक नायिका  फारूख शेख और पूनम ढिल्लों थे। कश्मीर की पृष्ठभूमि पर इस रोमांस फिल्म में फारूख शेख और पूनम ढिल्लों के रोमांस के शत्रु बशीर  भरत कपूर थे। बशीर, नूरी से बलात्कार करता है। नूरी आत्महत्या कर लेती है।  जब युसूफ यानि फारूक शेख उसके पास जाते हैं तो दोनों के बीच बहस होती है। इसमें बशीर के हाथों युसूफ मारा जाता है। नूरी और युसूफ की मृत्यु को अपनी आँखों से देख चुका, उनका पालतू कुत्ता खैरू बशीर को मार डालता है। 





इस फिल्म के छह साल बाद एक फिल्म आई थी तेरी मेहरबानियां।  इस फिल्म की नायिका भी पूनम ढिल्लों ही थी। फिल्म में उनके नायक जैकी श्रॉफ थे।  इस फिल्म की विशेषता थी कुत्ते की मेहरबानियां। फिल्म के निर्माता के सी बोकाडिया ने, तेरी मेहबानियाँ में खैरू को मोती बना कर, उसका रोल हीरो  बड़ा कर दिया था।  फिल्म के नायक नायिका तो मध्यांतर से पहले ही मर जाते थे।  बाद में तो कुत्ता मोती अपने मालिक मालकिन के तीन हत्यारों  को एक एक कर मार डालता था।  






कुत्तें की इस मेहरबानी से तेरी मेहरबानियां बड़ी हिट फिल्म बन गई।  यद्यपि, इस फिल्म को समीक्षकों की कड़ी आलोचना का शिकार होना पड़ा था। किन्तु, दर्शक तो दर्शक है। कुत्ते पर भी कृपा कर गया।  इस फिल्म ने एक करोड़ बीस लाख के बजट के बदले में निर्माता को चार करोड़ से अधिक कमा कर दिए।





तेरी मेहरबानियां भी उस समय की बॉलीवुड फिल्मों की परंपरा में रीमेक फिल्म थी।  यह फिल्म निर्देशक विजय रेड्डी द्वारा ही निर्देशित और १९८४ में प्रदर्शित कन्नड़ फिल्म 'थलिया भाग्यका रीमेक थी ।





तेरी मेहरबानियां की सफलता, इस दृष्टि से चौंकाने वाली थी कि उस समय  सितारा बहुल फिल्मों का समय था।  किसी को उम्मीद नहीं थी कि जैकी श्रॉफ के कन्धों पर फिल्म बॉक्स ऑफिस पर चांदी बटोर लेगी।  किन्तु, मोती ने निर्माता की झोली में ढेरों मोती भर दिए। इस फिल्म की सफलता से गदगद केसी बोकाड़िया ने, जैकी श्रॉफ को अपनी आगामी सात फिल्मों के लिए अनुबंधित कर लिया।







निर्माता केसी बोकाडिया ने, सुपरहिट तेरी मेहरबानियां की सीक्वल तेरी मेहरबानियां २ की घोषणा की थी। इस  घोषणा के साथ जारी पोस्टर में कुत्ते के डबल रोल दिखाई देते थे। इस फिल्म का शीर्षक था ट्रू ब्रदर्स तेरी मेहरबानियां २। पोस्टर में टैग लाइन रिवेंज ऑफ़ डॉग्स भी दिखाई देती थी। किन्तु, यह फिल्म प्रारम्भ ही न हो सकी। 





वास्तविकता तो यह है कि तेरी मेहरबानियां शीर्षक वाली कोई भी घोषणा से आगे नहीं बढ़ सकी। ऎसी ही एक फिल्म २०१० में प्रारम्भ किये जाने की घोषणा की गई।  इस फिल्म में विकास कलंत्रीतन्वी वर्मामिलिंद गुणाजीमोहन जोशी और शक्ति कपूर ने अभिनय किया था। यह फिल्म घोषणा से आगे नहीं बढ़ी।





फिल्म का वफादार कुत्ता मोती एक लैब्राडोर ब्रीड का कुत्ता था । शूटिंग के  प्रारम्भ में जैकी श्रॉफ को इस कुत्ते से  बड़ा डर लगता था। एक बार तो इस कुत्ते ने जैकी को काट भी लिया था। किन्तु, बाद में इन दोनों की अच्छी  दोस्ती हो गई। 

No comments: