Monday, 9 April 2018

अनुभव सिन्हा की 'अभी तो पार्टी शुरू हुई है'

अनुभव सिन्हा और स्नेहा राजानी  के साथ फिल्म के १२ एक्टर 
सोनी पिक्चर्स नेटवर्क् प्रोडक्शंस ने फिल्मकार अनुभव सिन्हा से गठबंधन कर लिया है।  इन दोनों का यह गठबंधन विशुद्ध राजनीतिक है।  ख़ास तौर पर, फिल्म के लिहाज़ से।  सोनी पिक्चर्स और अनुभव सिन्हा के गठबंधन की पहली फिल्म अभी तो पार्टी शुरू हुई है राजनीतिक गठबंधन पर व्यंग्य होगी।  इस फिल्म को गठबंधन की राजनीति के सर्कस में एक व्यंग्यात्मक सफर बताया जा रहा है।  इस फिल्म की खासियत यह है कि फिल्म की कहानी के राजनीतिक चरित्रों को परदे पर उतारने का जिम्मा बॉलीवुड के १२ बेहद स्वाभाविक अभिनय करने वाले, प्रतिष्ठित एक्टरों को सौंपा गया है।  एक प्रकार से कहा जा सकता है कि सौरभ शुक्ल, पंकज त्रिपाठी, विनय पाठक, पवन मल्होत्रा, दिव्या दत्ता, कुमुद मिश्रा, मनोज पाहवा, ऋचा चड्डा, दिलीप प्रभावलकर, साइरस बरूचा, प्रतीक बब्बर और श्रिया पिलगांवकर पहली बार एक साथ आ रहे हैं।  अनुभव सिन्हा खुद भी पार्टी पॉलिटिक्स में दिलचस्पी रखते हैं।  इसलिए, उनकी फिल्म में भी, मधुर भंडारकर की फिल्मों की तरह राजनीती के अप्रकट दांवपेंच नज़र आ सकते हैं।  फिल्म का टाइटल अभी तो पार्टी शुरू हुई है, इसका प्रमाण है।  यह मौज मजे वाली होटल पार्टी को भी इंगित करता है और विशुद्ध राजनीतिक स्वार्थ के लिए बनाये गए गठबंधन की ओर भी इशारा करता है।  ज़ाहिर है कि अभी तो पार्टी शुरू हुई है को अनुभव सिन्हा ने  ही लिखा है और फिल्म का निर्देशन भी करेंगे। अनुभव सिन्हा बताते  हैं, "यह कहानी मेरे दिल के काफी नज़दीक है।  मैंने इस फिल्म को जब लिखना शुरू किया तो ख़त्म कर ही रुका। फिल्म की कास्टिंग फिल्म की पूँजी है।  इतने प्रतिभाशाली एक्टर्स एक साथ लाने की कल्पना करना भी नामुमकिन है।" इस फिल्म को २०१८ में ही रिलीज़ करने की योजना है।  


ओवैस खान : एड फिल्मों से लेकर बॉलीवुड फ़िल्म तक - पढ़ने  के लिए क्लिक करें 

Sunday, 8 April 2018

ओवैस खान : एड फिल्मों से लेकर बॉलीवुड फ़िल्म तक

बॉलीवुड में अगर आप सफल होने के लिए उत्साहित हैं, तो आपको कोई भी नहीं रोक सकता है। ओवैस खान ऎसी ही एक शख्शियत है, जो अपने पहले कॉमेडी वेंचर के साथ एक निर्देशक के रूप में इंडस्ट्री में प्रवेश कर रहे है। फैशन फोटोग्राफर के रूप में शुरूआत करके ओवैस मुंबई से दिल्ली में स्थानांतरित हो गए और कभी भी सुर्खियों में छाए नहीं।
२००७ में, फोटोग्राफर को हर जगह शामिल किया जा रहा था, जिसके लिए केवल एक ही साथ मॉडेलिंग के साथ ९ बॉलीवुड के निर्देशकों को लेकर आए हैं, जिनमें फरहान अख्तर, राजकुमार हिरानी, अब्बास मस्तान, सिद्धार्थ मल्होत्रा, सुधीर मिश्रा, मधुर भंडारकर आदि शामिल हैं। अपने कैरियर में अगले स्तर पर आगे बढ़ने पर, ओवीस ने विज्ञापन की दुनिया से शुरुआत की और दुनिया के कुछ सबसे बड़े विज्ञापन निर्माताओं को मदद की। इसमें शेव्हरलेट के आर्मीन फ्रँजन, वॉक्सवैगन के काका टोंग, टाटा नैनो के लिए ज़ाबिन मिस्त्री और बीजेर्न चारेपेंटर, डेल लैपटॉप जैसे कुछ नाम शामिल है।
आखिरकार उन्होंने डीओपी के रूप में विज्ञापन लेने का मौका मिला और रेयॉन गिग्स, ए आर रहमान, बोरिस बेकर, माइकल जोहसन, विश्वनाथन आनंद, करीना कपूर खान आदि के साथ विज्ञापन फिल्में बनाने का अवसर प्राप्त हुआ। फिल्मों में उनकी यात्रा के बारे में बात करते हुए कहते हैं, "इसके लिए दस साल का समय लग गया है कि मैं १ फ्रेम से २४ फ्रेम तक आया हूं। यह एक संयोग नहीं है कि मैं एक निर्देशक बनने की कोशिश कर रहा हूं। यह एक जागरूक कदम है।" 
उस धैर्य के साथ निर्देशक को अपनी अगली रोम-कॉम का आयोजन करने के लिए यशवी फिल्म्स द्वारा साइन किए गए, जिसके लिए जल्द ही अंतिम रूप दिया जा रहा है। यह फिल्म लंदन और मॉरीशस में आधारित है, जो फ्लोर पर मई के अंत तक जाएगी। ओवैस  अपने पहले फिल्म की शूटिंग शुरू करने के लिए इंतजार नहीं कर सकते हैं और उत्साहित होकर कहते हैं, "मैंने इस इंडस्ट्री में अपने जीवन का बहुत ही महत्वपूर्ण साल बिताया है, सबकुछ सीखने की कोशिश की और सही राग स्पर्श करने के लिए इंतजार किया। यशवी फिल्म्स ने मुझे मौका दिया है यह साबित करने के लिए और मैं इस मौके का सही चीज करने जा रहा हूँ! " 
खैर, इस निर्देशक को बड़ी तरंगें बनाने का जुनून होता है और हम उनकी फिल्म को आकार देने का इंतजार नहीं कर सकते!

नई पीढ़ी का अगला सुपरस्टार कौन ? - पढ़ने के लिए क्लिक करें 

नई पीढ़ी का अगला सुपरस्टार कौन ?

एक पोर्टल ने, अपने दर्शकों के बीच एक सर्वेक्षण किया कि नई पीढ़ी के अभिनेताओं में कौन बॉलीवुड का अगला सुपरस्टार होगा। यानि कौन तीन खानों (सलमान खान, शाहरुख़ खान और आमिर खान) की जगह लेगा। सर्वेक्षण में एक्टर रणबीर कपूर को सबसे ज्यादा ४० प्रतिशत दर्शकों का समर्थन प्राप्त हुआ। अर्थात दर्शकों का मानना था कि वह अगले सुपर स्टार होंगे। तीसरे स्थान पर, रणबीर कपूर से आधे यानि २० प्रतिशत वोट पाकर रणवीर सिंह थे। जबकि, २६ प्रतिशत वोट के साथ वरुण धवन दूसरे स्थान पर रहे। इस सर्वेक्षण में टाइगर श्रॉफ को सिर्फ १४ प्रतिशत वोट मिले। यानि वह चौथे स्थान पर रहने लायक अभिनेता समझे गए थे। क्या पाठक इस सर्वेक्षण से सहमत होंगे ? क्या, रणबीर कपूर सचमुच टॉप के एक्टर है ? क्या रणवीर सिंह को वरुण धवन से भी कम वोट मिलना जायज़ है ? क्या टाइगर श्रॉफ का कद सचमुच चौथे स्थान के अभिनेता वाला है ?
फैन बेस महत्वपूर्ण 
हिंदुस्तान में हर अभिनेता का एक ख़ास दर्शक वर्ग होता है। मुस्लिम समुदाय खान अभिनेताओं का अंध समर्थक है। इसीलिए, यह तीनों खान आभिनेता आज भी टॉप ३ पर बने हुए हैं। इसी परकार से, दूसरे अभिनेताओं का भी एक प्रशंसक दर्शक वर्ग है। वह ऐसे अभिनेता की फिल्म पहले दिन पहला शो देखने पर विश्वास रखता है। यही फैन-बेस इन अभिनेताओं के स्टारडम की माप होता है। जिसके जितने प्रशंसक दर्शक, वह उतना बड़ा स्टार। सबसे ज्यादा बॉक्स ऑफिस कलेक्शन वाला अभिनेता सुपर स्टार कहलाता है। मेगा स्टार बन जाता है। इस लिहाज़ से ही उपरोक्त चार अभिनेताओं को मिले स्थानों की पड़ताल करनी उपयुक्त होगी। हो सकता है कि कुछ नया निकल कर आये। 
वरुण धवन की जुड़वाँ सफलताएं 
लेकिन, इस पड़ताल में पहले, ४० प्रतिशत वोट पा कर टॉप पर रहने वाले रणबीर कपूर की बात नहीं, बल्कि बाकी के तीन अभिनेताओं के स्टारडम की पड़ताल करते हैं। पोर्टल के सर्वेक्षण में वरुण धवन २६ प्रतिशत वोटों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। वरुण धवन की अब तक रिलीज़ सभी फिल्मों ने ५० करोड़ या इससे ज्यादा का कारोबार किया है। सिर्फ बदलापुर ही ४९.६२ करोड़ का कारोबार ही कर सकी थी। उनकी पिछली दो फिल्मों जुड़वाँ २ और बद्रीनाथ की दुल्हनिया ने १०० करोड़ क्लब में पहुँचने में कामयाबी हासिल की है। उनकी अप्रैल में अक्टूबर रिलीज़ होने जा रही है। इस फिल्म से उनकी बॉक्स ऑफिस पर पकड़ की परीक्षा तो होगी ही, वरुण धवन के अभिनता की भी पड़ताल हो जायेगी। इस लिहाज़ से वरुण धवन को २६ प्रतिशत वोट मिलना और उनका दूसरे स्थान पर रहना उचित लगता है। 
काम नहीं आयी रणवीर सिंह की पद्मावत सफलता 
इस सर्वेक्षण में, रणवीर सिंह को वरुण धवन से कम वोट तो मिले ही हैं, वह तीसरे स्थान पर भी रहे हैं। जबकि, रणवीर सिंह की इसी साल रिलीज़ काल्पनिक ऐतिहासिक ड्रामा फिल्म पद्मावत सुपर हिट साबित हुई है। आज के युवा सितारों में सिर्फ रणवीर सिंह ही ऐसे एक्टर हैं, जिनकी फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर ३०० करोड़ से ऊपर का कारोबार किया है। उनको लेकर कई बड़ी और महँगी फ़िल्में बनाई जा रही है। इन फिल्मों में जोया अख्तर की फिल्म गली बॉय और रोहित शेट्टी की फिल्म सिम्बा उल्लेखनीय हैं। रणवीर सिंह की युवाओं में लोकप्रियता को देखते हुए ही, आईपीएल के शुभारम्भ में रणवीर सिंह को प्रमुखता दी गई है। उन्हें पांच करोड़ का पारिश्रमिक भी दिया गया है।  उन्हें वरुण धवन से नीचे स्थान मिलना सर्वेक्षण पर प्रश्नचिन्ह लगाने वाला है। 
टाइगर श्रॉफ चौथे स्थान पर !
इस सर्वेक्षण में टाइगर श्रॉफ को सिर्फ १४ प्रतिशत वोटों के साथ चौथा स्थान मिला है। टाइगर श्रॉफ ने, २०१४ में सब्बीर खान निर्देशित एक्शन फिल्म हीरोपंथी से बॉलीवुड डेब्यू किया था। यह फिल्म हिट हुई थी। दूसरी फिल्म बागी को भी बढ़िया सफलता मिली। टाइगर श्रॉफ नई पीढ़ी के स्टार संस में सबसे चमकदार एक्शन स्टार माने जाने लगे। लेकिन, उनकी रेमो डिसूज़ा निर्देशित फिल्म अ फ्लाइंग जट और सब्बीर खान निर्देशित फिल्म मुन्ना माइकल बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिरी थी। इस असफलता को देखते हुए १४ प्रतिशत वोटों के साथ चौथा स्थान सही लगता है। लेकिन, यहाँ भूलना नहीं चाहिए कि टाइगर श्रॉफ आज के सबसे विश्वसनीय एक्शन स्टार हैं। उन्हें बड़े फिल्मकारों का समर्थन मिल रहा है। वह करण जोहर और आदित्य चोपड़ा की फिल्मों के नायक बनाए जा रहे हैं। वह जितना एक्शन में ज़बरदस्त हैं, उतना ही नृत्य के लिहाज़ से भी ए-ग्रेड लगते हैं। इस शुक्रवार (३१ मार्च को) रिलीज़ उनकी फिल्म बागी २ ने बॉक्स ऑफिस पर चौंकाने वाले आंकड़े पेश किये हैं। बागी २ ने पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर २५.४ करोड़ का कारोबार किया है। पहले दिन के आंकड़ों के लिहाज़ से बागी २ ने रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण की फिल्म पद्मावत को भी पछाड़ दिया है। इस फिल्म का वीकेंड ५० करोड़ के पार निकल जायेगा। ऎसी प्रशंसक दर्शक क्षमता और बॉक्स ऑफिस पर पकड़ के लिहाज़ से टाइगर श्रॉफ को चौथे स्थान पर रखना जमता नहीं है। अगर वह सिर्फ एक्शन के  फेर में नहीं पड़े तो टॉप पर जा सकते हैं। 
रणबीर कपूर टॉप स्टार क्यों ?
अब बात करते हैं रणबीर कपूर की, जिन्हें ४० प्रतिशत वोटों के साथ पहला स्थान मिला है। रणबीर कपूर की पिछली कुछ फ़िल्में बॉक्स ऑफिस पर बढ़िया कारोबार नहीं कर सकी थी। ऐ दिल है मुश्किल की सफलता के बाद, जग्गा जासूस में रणबीर कपूर की असफलता विचारणीय थी। इसके बावजूद, रणबीर कपूर नई पीढ़ी के सबसे ज्यादा प्रतिभाशाली और बॉक्स ऑफिस पर विश्वसनीय अभिनेता है। उनकी फिल्मों के लिए जुटने वाली पहले दिन की भीड़ इसे प्रमाणित करती है। रणबीर कपूर की जो भी फ़िल्में फ्लॉप हुई हैं, उनमे उनके काम में कोई खामी नहीं थी। इन तमाम फिल्मों की स्क्रिप्ट काफी खराब थी। इसके बावजूद, रणबीर कपूर ने इन खराब पटकथा वाली फिल्मों को बढ़िया शुरुआत दिलवाई थी। रणबीर कपूर की विश्वसनीयता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि वह संजय दत्त पर बायोपिक फिल्म संजू में संजय दत्त का किरदार करने के उपयुक्त समझे गए हैं। करण जोहर ने उन्हें अपनी सबसे महंगी फंतासी फिल्म ट्राइलॉजी ब्रह्मास्त्र का नायक बनाया है। इस लिहाज़ से वह टॉप की स्थिति के लिए उचित चयन कहे जा सकते है। 
रहेंगी इन पर भी निगाहें 
युवा पीढ़ी के कुछ दूसरे सितारे हैं, जिन पर निगाहें रखनी होंगी। सुशांत सिंह राजपूत सबसे ज्यादा विश्वसनीय लगते हैं। वह अब तक काई पो चे, शुद्ध देसी रोमांस, पीके और एम एस धोनी : अ अनटोल्ड स्टोरी जैसी सफल फ़िल्में दे चुके है। वह  राबता जैसी महँगी फिल्म के नायक थे। उन्हें लेकर एक्शन ड्राइव बनाई जा रही है तो रोमांटिक केदारनाथ भी बन रही है। वह डाकू फिल्म सोन चिड़िया के नायक है और द फाल्ट इन आवर स्टार्स के रीमेक के भी। इसके अलावा, अर्जुन कपूर और सिद्धार्थ मल्होत्रा भी हैं। लेकिन, यह अभिनेता अभिनय के मामले में कच्चे हैं और सफल असफल फिल्मों किए झूले में झूलते रहते हैं। इन युवा अभिनेताओं के बीच राजकुमार राव को तो बस मौके की तलाश है। 


बॉलीवुड न्यूज़ ८ अप्रैल - पढ़ने के लिए क्लिक करें 

बॉलीवुड न्यूज़ ८ अप्रैल

अमिताभ और ऋषि पर सात घंटे लगते थे १०२ नॉट आउट लुक  के लिए
निर्देशक उमेश शुक्ल  की फिल्म १०२ नॉट आउट अमिताभ बच्चन और ऋषि कपूर के जीवन के लिहाज़ से ख़ास है।  यह दोनों २७ साल बाद एक साथ आ रहे हैं। फिल्म में दोनों पिता और पुत्र की भूमिका कर रहे हैं।  इन दोनों की रील  उम्र में २७ साल का फासला है।  अमिताभ बच्चन १०२ साल के हैं, जबकि ऋषि कपूर ७५ साल के। उनकी यह रील लाइफ उम्र रियल उम्र से भी ज़्यादा है।  अमिताभ बच्चन ७५ साल के है और ऋषि कपूर ६५ साल के।  बेशक, यह दोनों अब उम्रदराज़ हो चुके हैं।  लेकिन, रील लाइफ उम्र से तब भी छोटे हैं।  इसे परदे पर लाने के लिए इन दोनों के चेहरों पर ख़ास तौर पर प्रोस्थेटिक और मेकअप का इस्तेमाल किया गया।  इन्हे१०२ नॉट आउट लुक में लाने के लिए आर्टिस्टों को ७ घंटे लगते थे।  डायरेक्टर उमेश शुक्ल बताते  हैं, "हमारे दो बुजुर्ग कलाकारों को रोज ही ७ घंटे का थकान भरा मेकअप करवाना पड़ता था।  इसके बाद, लगातार छह घंटा शूटिंग करने होती थी।  शुरू में  मुझे लगा कि यह लोग नाराज़ हो जायेंगे।   लेकिन, वास्तव में, मेकअप कराते हुए यह दोनों अपने किरदारों को समझने और तदनुसार भाव प्रकट करने लगे।  अमिताभ सर और ऋषि सर लाजवाब है।  दोनों, हर दिन सुबह ५ बजे नई ऊर्जा के साथ सेट पर मौजूद होते।  सात गहनता मेकअप करवाते।  फिर हम लंच के बाद  शाम ६ बजे तक शूटिंग शुरू करते।  कभी कभीनिरंतरता के लिए, शूट रात ९ बजे तक जारी रखना पड़ता।  हमारी टीम ने  ४५ दिनों तक नौ रात में मुंबई शिड्यूल पूरा किया।" यहाँ बताते चले कि फिल्म में अमिताभ बच्चन के किरदार को नकली दांत लगाए गए थे।  इनसे अमिताभ बच्चन को ख़ास परेशानी  नहीं हुई।  लेकिन, ऋषि कपूर ने  गंजा टोपी पहन रखी थी। पूरे छह घंटे तक  वह पसीने से नहाये रहते थे।  यह टोपी उन्हें  बारह घंटे तक पहने रहनी होती थी।
अवेंजर्स के सबसे बड़े खलनायक को राणा डग्गुबाती की आवाज़ !
अवेंजर्स इंफिनिटी वॉर २७ अप्रैल की रिलीज़ के लिए तैयार है।  मार्वेल सिनेमेटिक यूनिवर्स की यह फिल्म पिछले दस सालों की अभूतपूर्व सिनेमाई यात्रा है।  पूरी  दुनिया के दर्शकों के साथ भारतीय दर्शकों को भी अवेंजर्स इंफिनिटी वॉर के सुपर हीरो और विलेन का  इंतज़ार है।  २२ सुपरहीरो वाली इस फिल्म को भारतीय प्रभाव देने के लिए डिज्नी इंडिया ने इस फिल्म के तमाम किरदारों की डबिंग स्थानीय आर्टिस्टों से करवाई है।    भारतीय फिल्म उद्योग के बड़े  सितारों को भी जोड़ा जा रहा है।  इनमे राणा डग्गुबाती भी एक हैं।  बाहुबली सीरीज की फिल्मों के भल्लालदेवा की भूमिका से हिंदुस्तान के सबसे बड़े विलेन के तौर पर स्थापित हो चुके राणा डग्गुबाती इंफिनिटी वॉर के विलेन थनोस को अपनी आवाज़ देंगे।  यह सभी जानते हैं कि हॉलीवुड  सुपरहीरो फ़िल्में, हिंदुस्तान में हिंदी के साथ साथ तमिल और तेलुगु भाषा में भी डब कर रिलीज़ की जाती हैं।  राणा डग्गुबाती इंफिनिटी वॉर के सुपर विलेन को तेलुगु भाषा में संवाद देंगे।  डिज्नी इंडिया ने, भारत में दर्शकों में आधार बनाने के लिए हमेशा कुछ नया करने की कोशिश की है।  जब २०१६ में द जंगल बुक भारत में  की जानी थी, तब दर्शकों  में पैंठ बनाने के लिए इसके तमाम एनीमेशन किरदारों को बॉलीवुड के सितारों ने आवाज़ दी थी। इस फिल्म से प्रियंका चोपड़ा, इरफ़ान खान, नाना पाटेकर, ओमपुरी और शेफाली शाह को जोड़ा गया था। कैप्टेन अमेरिका सिविल वॉर में कैप्टेन अमेरिका के किरदार को वरुण धवन ने आवाज़ दी थी।  यह एक प्रकार से हॉलीवुड की फिल्मों में बॉलीवुड का कास्टिंग कू था।  अब ऐसा ही कुछ २७ अप्रैल को अवेंजर्स इंफिनिटी वॉर में नज़र आने जा रहा है।
वेब सीरीज में अक्षरा हासन
वेब सीरीज की अवधारणा बॉलीवुड के साथ साथ साउथ के एक्टरों को भी रास आने लगी है।  दक्षिण के अभिनेता अभिनेत्रियों को भी ऐसा लगता है कि वेब सीरीज के माध्यम में काफी कुछ किया जा सकता है। इसका प्रभाव भी किसी फिल्म से कम नहीं।  इसी का नतीजा है कि सफल तमिल फिल्म विवेगम की अभिनेत्री अक्षरा हासन भी वेब सीरीज की ओर मुड़ चली हैं।  अक्षरा हासन की इस वेब सीरीज के लिए, निर्माता विउ से बात चल रही है।  विउ ने राणा डग्गुबाती के साथ वेब सीरीज सोशल का निर्माण किया था।  यह वेब सीरीज काफी सफल हुई थी।  जहाँ तक, श्रुति हासन की वेब सीरीज का सवाल है,   यह सीरीज एंजेला वेर्डनियस की किताब द गुडबाय गर्ल पर आधारित है।  इस किताब की कहानी की नायिका निक मेसन है, जो अफगानिस्तान में ऑस्ट्रेलियाई सेना की सार्जेंट है।  वह गुडबाय गर्ल के पत्रों का आनंद लेती रहती है।  अब वह छुट्टियों में घर जाने की तैयारी कर रही है कि तभी उसे गुडबाय गर्ल का पत्र प्राप्त होता है।  इस पत्र के प्राप्त होने के बाद निक का इरादा कुछ दूसरा हो जाता है।  इस पुस्तक के भारतीय रूपांतरण में क्या कहानी दिखाई जाएगी, अभी साफ़ नहीं हुआ है।  लेकिन, यह पता चला है कि इस वेब सीरीज में अक्षरा हासन को धुंआधार एक्शन करने होंगे।  इस सीरीज का निर्देशन हिट हिंदी फिल्म आशिक़ बनाया आपने के निर्देशक आदित्य दत्ता करेंगे।
क्या केदारनाथ के बजाय सिम्बा होगी सारा अली खान की डेब्यू फिल्म ?
क्रिअर्ज एंटरटेनमेंट की प्रेरणा अरोड़ा के ऐलान के बाद, सारा अली खान केदारनाथ के कॉन्ट्रैक्ट से मुक्त हो गई है।  इससे पहले, सारा अली खान, केदारनाथ की रिलीज़ से पहले, सारा अली खान कोई दूसरी फिल्म साइन नहीं कर सकती थी।  लेकिन, केदारनाथ के एक प्रोडूसर और फिल्म के निर्देशक अभिषेक कपूर से प्रेरणा अरोड़ा की तनातनी के बाद, ऐसा लगता है कि केदारनाथ की  शूटिंग लम्बे समय के लिए रुक गई है।  केदारनाथ के निर्माताओं के बीच तनातनी से चिंतित सारा के पिता सैफ अली खान और माँ अमृता सिंह सक्रिय हुए।  चूंकि, वह अभिषेक कपूर और प्रेरणा अरोड़ा की तनानाती ख़त्म करा पाने में सफल नहीं हुए, इसलिए सारा अली खान के करियर को देखते हुए उन्हें कॉन्ट्रैक्ट से मुक्त करना ही एक विकल्प नज़र आ रहा था।  इस प्रकार से, अब सारा अली खान को केदारनाथ के अलावा दूसरी फिल्म साइन करने की अनुमति दे दी गई है।  हालाँकि, सारा अली खान के रोहित शेट्टी की रणवीर सिंह के साथ फिल्म सिम्बा के साइन करने की खबर पहले ही सुर्ख हो गई थी।  लेकिन, अड़चन सिम्बा के केदारनाथ से पहले रिलीज़ होने को लेकर थी।  हालाँकि, केदारनाथ को २१ दिसंबर को रिलीज़ होना था तथा सिम्बा एक हफ्ते बाद २८ दिसंबर को रिलीज़ होती।  मगर, जो वर्तमान स्थितियां थी, उनमे  सिम्बा से पहले केदारनाथ की रिलीज़ होने की कोई संभावना नहीं थी।  जबकि, सिम्बा को किसी भी दशा में २८ दिसंबर को रिलीज़ होना ही था।  अब जबकि सारा अली खान को कॉन्ट्रैक्ट से मुक्त कर दिया गया है, सिम्बा के २८ दिसंबर को रिलीज़ होने में कोई अड़चन नहीं पड़ेगी।  इस प्रकार से, अब सारा अली खान की डेब्यू फिल्म केदारनाथ के बजाय सिम्बा होगी।  ताज़ा खबर यह  भी है कि केदारनाथ अब २०१९ में जनवरी मध्य में रिलीज़ होगी।
माधवन ने क्यों नहीं की सिम्बा ?  
पिछले दिनों यह खबर थी कि रोहित शेट्टी ने अपनी तेलुगु फिल्म टेम्पर की रीमेक फिल्म सिम्बा में रणवीर सिंह के खिलाफ विलेन की भूमिका के लिए आर माधवन को साइन कर लिया गया है।  लेकिन, अब खबर है कि सिम्बा की विलेन की भूमिका के लिए सोनू सूद को साइन कर लिया गया है।  खबर यह भी है कि माधवन ने इस भूमिका को करने से इंकार किया था।  बताते चलें कि पिछले साल की हिट फिल्म विक्रम वेधा में एक ऐसे पुलिस किरदार विक्रम की भूमिका की थी, जो अपराधियों को बिना सफाई का मौका दिए मार देने पर विश्वास करता है।  संयोग है कि सिम्बा का पुलिस वाला भी एक क्रोधी और बन्दूक चलाने का शौक़ीन है।  उसका मित्र उसे ऐसा करने से रोकता है और समझाता रहता है कि वह अपने क्रोध का काबू रखे।  उसका टकराव एक शातिर अपराधी वसु से होता है।  माधवन को इसी भूमिका को करना था। लेकिन, माधवन इस भूमिका को चाहते हुए भी नहीं कर सके।  इसका कारण यह नहीं था कि वह खल भूमिका नहीं करना चाहते थे। बल्कि, वह अपनी एक पीरियड फिल्म की तैयारी में जिम में बुरी तरह से घायल हो गए थे।  कंधे की चोट के कारण उन्हें सैफ के साथ पीरियड फिल्म को तो छोड़ना ही पड़ा, सिम्बा को भी न कहानी पड़ी।
सलमान के बहनोई और कैटरीना की बहन की होती "लवरात्रि" !
कुछ दिनों पहले, सलमान खान ने ट्वीट किया था- लड़की मिल गई।  उस समय सभी लोग चौंक उठे थे कि शायद सलमान खान को शादी के लिए लड़की मिल गई है।  लेकिन, ऐसे तमाम अनुमान गलत निकले थे।  दरअसल, सलमान खान, अपने बहनोई यानि अर्पिता के पति आयुष शर्मा की फिल्म लवरात्रि के लिए हीरोइन का ज़िक्र कर रहे थे।  आयुष के लिए सलमान खान ने गुजरात की लड़की वरीना हुसैन का चुनाव कर लिया था।  आजकल, आयुष और वरीना गुजरात में लवरात्रि की शूटिंग में व्यस्त हैं।  लेकिन, कितने लोगों को मालूम है कि अगर भाषा आड़े न आते तो सलमान खान के बहनोई आयुष शर्मा के साथ कैटरीना कैफ की बहन इसाबेले लवरात्रि कर रही होती।  सलमान खान ने कैटरीना कैफ से उनकी बहन इसाबेले का हिंदी फिल्म डेब्यू कराने का वायदा किया था।  जब सलमान खान अपने बहनोई के लिए फिल्म लांच करने की सोच रहे थे, उस समय उनके दिमाग में इसाबेले का नाम भी आया था।  इसाबेले, आयुष की नायिका बन सकती थी।  लेकिन, भाषा की समस्या उनके आड़े आ गई।  इसाबेले अपनी बहन की तरह हिंदी-उर्दू बोल पाने में धाराप्रवाह नहीं थी।  कैटरीना कैफ की कई शुरूआती फिल्मों की डबिंग दूसरे कलाकारों द्वारा की गई थी।  लेकिन, इसाबेले के साथ यह संभव नहीं हो पा रहा था।  इसलिए, लवरात्रि के लिए आयुष की नायिका इसाबेले के बजाय वरीना हुसैन को बना दिया गया।  लवरात्रि का निर्देशन रेमो डिसूज़ा के सहायक स्टैनली डिकोस्टा कर रहे हैं।  यह स्टैनली की भी पहली  फिल्म  है। आयुष शर्मा और वरीना हुसैन की फिल्म लवरात्रि ५ अक्टूबर को रिलीज़ हो रही है। 
पृथ्वीराज सुकुमारन के साथ ईशा तलवार की डेट्रॉयट क्रॉसिंग

अमेरिका में, डेट्रॉयट और मिशिगन में रहने वाले प्रवासी भारतीयों और तमिल गैंग्स की कहानी डेट्रॉयट क्रासिंग/ रनम में पृथ्वीराज सुकुमारन एक गैंगस्टर की भूमिका कर रहे हैं।  थ्रिलर फिल्म रनम मलयालम, अंग्रेजी और तमिल में बनाई जा रही है।  यह फिल्म एक रिवेंज ड्रामा फिल्म है।  इस फिल्म में ईशा तलवार एक छोटी बच्ची की माँ की भूमिका कर रही हैं।  सिर्फ ३० साल की ईशा तलवार ने १३ साल की उम्र में फिल्म हमारा दिल  आपके पास है में ऐश्वर्या राय की किशोर बहन की भूमिका की थी।  फिल्म निर्माता विनोद तलवार की इस बेटी को हिंदी फिल्मों में सफलता नहीं मिली।  लेकिन, मलयालम फिल्म थट्टाथिन मरयाथु से उनका डेब्यू सफल रहा।  आज वह मलयालम फिल्मों की स्थापित एक्ट्रेस हैं।  उन्होंने कुछ बढ़िया तमिल फ़िल्में भी की है।  इस फिल्म में माँ की अपनी भूमिका के बारे में ईशा कहती हैं, "कभी कभी ऑब्जरवेशन काफी मददगार साबित होता है।  हमारे घर में , मैंने एक बच्चा पालते बढ़ते देखा है।  उसे देख कर जो इमोशन पैदा होते थे, मैंने उन्ही का इस्तेमाल रनम में किया है।" इस फिल्म में पृथ्वीराज और ईशा के बीच भयंकर टकराव के दृश्य हैं।  इसलिएअनुमान लगाया जा सकता है कि ईशा का किरदार अपने बच्चे के कारण बदला लेने के लिए विवश होता होगा।  ईशा तलवार को इस साल के शुरू में, सैफ अली खान के साथ फिल्म कालकांडी में राखी की भूमिका में देखा गया था।  पिछले साल की फ्लॉप फिल्म, सलमान खान की ट्यूब लाइट में ईशा का कैमिया था। मलयालम रनम और इंग्लिश और तमिल में डेट्रॉयट क्रासिंग निर्देशक निर्मल सहदेव की पहली फिल्म है।  यह फिल्म २० अगस्त को रिलीज़ हो रही है।


२० अप्रैल को इश्क तेरा ! - पढ़ने के लिए क्लिक करें 

Saturday, 7 April 2018

२० अप्रैल को इश्क तेरा !

फिल्म अशोक में शाहरुख खान की पत्नी की भूमिका करने वाली अभिनेत्री ऋषिता भट्ट लंबे अंतराल के बाद वापसी कर रही हैं । २० अप्रैल को रिलीज होने जा रही इश्क तेरा, एक बिखरे मन वाली महिला एवं टूटे दिल वाले आदमी के बीच की रियल स्टोरी पर बेस्ड साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म है। इश्क तेरा में ऋषिता भट्ट एक बेहद चुनौतीपूर्ण किरदार में दिखेंगी। इसी फिल्म के प्रमोशन के सिलसिले में इसकी स्टार कास्ट अभिनेत्री हर्षिता भट्ट और मोहित मदान बुधवार को राजधानी के दिल कहलाने वाले कनाट प्लेस स्थित मल्टीप्लेक्स पीवीआर पहुंचे और वहां मीडिया से रुबरू हुए। जोजो डिसूजा के निर्देशन में बनी इस फिल्म एवं इसमें अपने किरदार के बारे में ऋषिता ने बताया, ‘यह फिल्म स्प्लिट पर्सनैलिटी की कहानी है, जिसमें मैंने कल्पना और लैला नामक दो युवतियों का कैरेक्टर प्ले किया है। स्प्लिट पर्सनैलिटी की कहानी पर आधारित ये किरदार मेरे लिए बेहद चैलेंजिंग थे। इसमें एक राज भी है, जो फिल्म के अंत तक कायम रहता है।ऋषिता ने कहा, ‘इश्यु बेस्ड यह फिल्म आम जिंदगी में डिसऑर्डर की कहानी बयां करती है। ऐसे रोल को करना बेहद मुश्किल काम था। कई बार मुझे एक किरदार से दूसरे किरदार में शिफ्ट करने के लिए काफी दिक्कतें आती थीं। मुझे थोड़ी सांस लेनी पड़ती थी। हालांकि मैंने साइकॉलजी पढ़ी है, इसलिए इस किरदार को समझ सकी। फिल्म की स्टोरी राइटर दीक्षा सिंह ने एक रियल लाइफ से इंस्पायर होकर इसकी कहानी लिखी है। मुझे लगता है कि दर्शकों के लिए यह फिल्म एक अनोखा तोहफा होगी। मोहित मदान ने अपने अनुभवों का खुलासा करते हुए कहा, ‘उम्मीद है कि लोग इस फिल्म को पसंद करेंगे, क्योंकि यह एक कंटेंट आधारित फिल्म है और हमारी फिल्म इंडस्ट्री में इस विषय को अब तक बहुत ज्यादा हाईलाइट नहीं किया गया है। यह बात हमारी फिल्म के पक्ष में जाती है और इसीलिए मैं आशा करता हूं कि इसे लोगों की भरपूर सराहना हासिल होगी। इस फिल्म में काम करने का हमारा अनुभ्व भी बेहद अच्छा रहा, क्योंकि हमने पूरी एकजुटता के साथ इसमें अपना योगदान दिया है, फिल्म का सेट बहुत अच्छा था और सारे कलाकारों के बीच एक बेहतरीन ट्यूनिंग भी थी। इसलिए कुल मिलाकर यह एक अद्भुत अनुभव था। 
बिग बैनर एंटरटेनमेंट और मीडिया एलएलपी द्वारा प्रस्तुत फिल्म इश्क तेरामें ऋषिता भट्ट एवं मोहित मदान के अलावा ईरानी एक्टर मोहन तराने, शहबाज खान, अमन वर्मा, गणेश यादव, मनोज पहवा आदि की भी अहम भूमिकाएं हैं। गीतकार मनोज यादव, दिनकर शिर्के, अमोघ बाला के लिखे गीतों को संगीत से संगीतकार स्वपनिल एच. दिग्डे ने सजाया है, जबकि इन गीतों को सोनू निगम, श्रेया घोषाल, सिद्धार्थ महादेवन और सुनिधि चैहान ने स्वर दिया है। 


कौन होगी संजय लीला भंसाली की फिल्म में शाहरुख़ खान की नायिका ! - क्लिक करें 

कौन होगी संजय लीला भंसाली की फिल्म में शाहरुख़ खान की नायिका !

मुंबई के एक अंग्रेजी दैनिक ने चौंकाने वाली खबर दी है। पहले यह समझा जाता था कि शाहरुख़ खान, आनंद एल राज की फिल्म जीरो पूरी करने के बाद एस्ट्रोनॉट राकेश शर्मा पर बायोपिक फिल्म सैल्यूट की शूटिंग शुरू करेंगे। इस फिल्म का निर्देशन महेश मथाई को करना है। लेकिन, अखबार की खबर के अनुसार, शाहरुख़ खान ने निर्माता आदित्य रॉय कपूर के ऊपर संजय लीला भंसाली को तरजीह दी है। अब शाहरुख़ खान, राकेश शर्मा बायोपिक के बजाय संजय लीला भंसाली की फिल्म की शूटिंग शुरू करेंगे। संजय अपनी फिल्म की शूटिंग इस साल के अंत तक करना चाहते हैं। इस समय तक जीरो का काम ख़त्म हो जायेगा। जबकि, राकेश शर्मा बायोपिक के लिए शाहरुख़ खान को तीन महीने तक ख़ास ट्रेनिंग लेनी होगी। राकेश शर्मा पर फिल्म की शूटिंग अगले साल जनवरी से शुरू होनी है। जहाँ तक संजय लीला भंसाली की जोड़ी की फिल्म का सवाल है, सूत्र बताते कि यह एक काल्पनिक प्रेम कहानी (संभव है साहिर लुधियानवी-अमृता प्रीतम रोमांस) पीरियड फिल्म है।  इस फिल्म की स्क्रिप्ट सुनने के शाहरुख खान ने तत्काल फिल्म में काम करने पर रजामंदी दे दी थी। दिक्कत, शाहरुख़ खान की नायिका चुनने को लेकर है। हालाँकि, कई अभिनेत्रियों के नामों पर विचार किया जा रहा है। लेकिन, अभी कुछ फाइनल नहीं हुआ है। वैसे, संजय लीला भंसाली की प्रिय अभिनेत्री दीपिका पादुकोण बिलकुल खाली बैठी हैं।  उनकी, विशाल भरद्वाज निर्देशित गैंगस्टर फिल्म अनिश्चित काल तक टल गई है। उन्हें शाहरुख़ खान के साथ संजय लीला भंसाली की फिल्म करने से कोई ऐतराज भी नहीं होगा। वैसे अगर दीपिका का नाम फाइनल हो गया तो वह ओम शांति ओम, चेन्नई एक्सप्रेस और हैप्पी न्यू इयर के बाद चौथी बार शाहरुख़ खान की नायिका होंगी। संजय लीला भंसाली के साथ भी दीपिका की चौथी फिल्म होगी।  संजय दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह को ले कर तीन फ़िल्में गोलियों के रास लीला राम-लीला, बाजीराव मस्तानी और पद्मावत बना चुके हैं। संजय लीला भंसाली, दीपिका पादुकोण और शाहरुख़ खान की तिकड़ी पहली बार एक साथ होगी।  

२०१८ की पहली तिमाही का बॉलीवुड धमाका ! - पढ़ने के लिए क्लिक करें 

२०१८ की पहली तिमाही का बॉलीवुड धमाका !

साल २०१८ की पहली तिमाही ने, बॉलीवुड की बांछे खिला दी है। जनवरी से मार्च २०१८ के बीच रिलीज़ मुख्य १६ फिल्मों ने धमाल मचा दिया है। इन फिल्मों के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन ने इस दशक में सबसे ज्यादा बॉक्स ऑफिस कलेक्शन करने का कीर्तिमान बना दिया है। यह कलेक्शन पिछले साल के कलेक्शन के मुकाबले १३ प्रतिशत अधिक होने का अनुमान है। आइये एक नज़र डालते हैं, इस साल के कलेक्शन और फिल्मों के बारे में, जिनके कारण बॉलीवुड को बॉक्स ऑफिस ने मालामाल कर दिया। 
दशक में सबसे ज्यादा कलेक्शन
इस साल १६ ऎसी फ़िल्में थी, जिनके कारण बॉक्स ऑफिस पर अभूतपूर्व हलचल मचा दी। चांदी के सिक्के बॉक्स ऑफिस पर खन्न खन्न गिरने लगे। इसकी शुरुआत पद्मावत से हुई थी। बागी २ के रिलीज़ होने तक यह सिलसिला रुका नहीं है। २०१८ में बॉक्स ऑफिस पर, पहली तिमाही में ८६० करोड़ के कलेक्शन का अनुमान ट्रेड पंडितों द्वारा लगाया जा रहा है। यह कलेक्शन पिछले साल के कलेक्शन ७५१ करोड़ से १३ प्रतिशत अधिक हो सकता है।  ख़ास बात यह है कि २०१७ में १८ ऎसी फ़िल्में थी, जिनके कारण बढ़िया कलेक्शन हुआ। लेकिन, यह ७५१ करोड़ तक ही सीमित रहा था। हालाँकि, २०१७ में ७५१ करोड़ का कलेक्शन २०१६ के ५८५.३० करोड़ से २८ प्रतिशत ज्यादा था। दिलचस्प तथ्य यह है कि २०१६ में १६ ऎसी फ़िल्में थी, जिन्होंने बॉक्स ऑफिस पर चांदी बरसाई. इस कलेक्शन की ख़ास बात यह थी कि १६ फिल्मों द्वारा किया गया ५८५.३० करोड़ का कलेक्शन, २०१५ में १५ फिल्मों द्वारा किये गए ४१६.३८ करोड़ के कलेक्शन से ४०.५६ प्रतिशत ज्यादा था। बॉलीवुड के लिए २०१५ इस लिहाज़ से बढ़िया नहीं था क्योंकि, २०१४ में २१ ऎसी फ़िल्में रिलीज़ हुई  थी, जिन्होंने पहली तिमाही में ५३४.२० करोड़ की धनवर्षा कर दी थी। बताते चले कि २०१३ में भी २१ ऎसी फ़िल्में रिलीज़ हुई थी, जिन्होंने पहली तिमाही में ५३६.७९ करोड़ का कलेक्शन किया था।  यानि कि २०१३ के मुकाबले २०१४ के कलेक्शन में मामूली कमी आई थी। अगले साल ख़त्म हो रहा चालू दशक जब शुरू हुआ था यानि २०१० की पहली तिमाही में ११ फ़िल्में रिलीज़ हुई थी। इन फिल्मों ने २३७.७५ करोड़ का कारोबार किया था। अगले साल यानि २०११ में सिर्फ ८ फ़िल्में ही अच्छा कारोबार कर सकी थी। इन ८ फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर २२६ करोड़ का कलेक्शन किया था, जो २०१० के मुकाबले ४.९४ प्रतिशत कम था। २०१२ में १३ फ़िल्में रिलीज़ हुई थी, जिन्होंने ६७.८९ प्रतिशत ज्यादा कलेक्शन के साथ ३७९.४५ करोड़ का कलेक्शन किया था। 
बॉलीवुड-धमाल मचाने वाली फ़िल्में
बॉलीवुड को १३ प्रतिशत ज्यादा कलेक्शन दिलाने वाली १६ फिल्मों में छः ऎसी फ़िल्में हैं, जिन्होंने बड़ी सफलता हासिल की। इनमे पद्मावत, पैडमैन, बागी २, रेड, हिचकी और सोनू के टीटू की स्वीटी मुख्य फ़िल्में हैं, जिन्होंने बॉक्स ऑफिस पर धनवर्षा की। आइये जानते हैं इन फिल्मों और इनके कलेक्शन के बारे में-
पद्मावत- मेवाड़ की रानी पद्मावती पर संजय लीला भंसाली की फिल्म पद्मावती बनने के साथ ही विवादों से घिरी रही थी। पद्मावत के बदले नाम से रिलीज़ की इस फिल्म की कहानी रानी पद्मावती (दीपिका पादुकोण) की बलिदान, राणा रतन सिंह (शाहिद कपूर) की वीरता और अलाउद्दीन खिलजी (रणवीर सिंह) की क्रूरता के इर्दगिर्द घूमती थी। अपनी भव्यता, अभिनय की स्वाभाविकता और विवाद के कारण, इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर ३००.६२ करोड़ का कारोबार किया। अगर यह फिल्म राजस्थान, गुजरात और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में भी रिलीज़ हो पाती तो इसका कलेक्शन ४०० करोड़ तक पहुँच सकता था। 
सोनू के टीटू की स्वीट- लव रंजन निर्देशित फिल्म सोनू के टीटू की स्वीटी अपनी अनोखी कहानी और हास्य संवादों और सधी हुई एक्टिंग के कारण दर्शकों का प्यार बटोर पाने में सफल हुई। दर्शकों के कम जाने पहचाने और अपेक्षाकृत छोटे एक्टर कार्तिक आर्यन, नुसरत भरुचा और सनी सिंह अभिनीत इस फिल्म के कलेक्शन को निर्माता द्वारा १०७.५ करोड़ बताया गया। 
बागी २- अपनी पूर्व प्रेमिका के बच्चे को बचाने के लिए खतरों से जूझ जाने वाले रॉनी की एक्शन कथा को दर्शकों द्वारा धमाकेदार शुरुआत दी। फिल्म ने पहले दिन (३० मार्च को) ही २५.१० करोड़ का कलेक्शन किया. टाइगर श्रॉफ के रोनी की भूमिका वाली दिशा पटानी के साथ रोमांस वाली अहमद खान निर्देशित फिल्म ने ६ दिनों में ही १०० करोड़ का कलेक्शन करने का चौंकाने वाला कारनामा किया। ऐसे कारोबार की उम्मीद तो ट्रेड पंडित तक नहीं कर रहे थे। निश्चित रूप से इस फिल्म के बाद टाइगर श्रॉफ नए एक्शन हीरो बन कर उभरेंगे।
हिचकी- माँ बनने के बाद, फिल्मों में वापसी करने वाली रानी मुख़र्जी की हिचकी को दर्शकों द्वारा पसंद किया गया। बात करते समय हिचकी की बीमारी से ग्रस्त रानी मुख़र्जी के किरदार नैना माथुर की कहानी वाली फिल्म के निर्माण में सिर्फ १२ करोड़ खर्च हुए थे। यह फिल्म अब तक ५२.५५ करोड़ का कारोबार कर चुकी है। जबकि, यह फिल्म अभी भी सिनेमाघरों में चल रही है। इसलिए, इसके कलेक्शन में खासा इजाफा होने की संभावना है। 
रेड - एक ऑफिस, एक हवेली और अजय देवगन, इलीना डिक्रूज़ और सौरभ शुक्ल के अभिनय से सजी इस फिल्म को दर्शकों ने हाथोंहाथ लिया। यह फिल्म एक इनकम टैक्स अधिकारी अमेय पटनायक की साहसिक इनकम टैक्स रेड की सच्ची घटना पर आधारित थी। राजकुमार गुप्ता के प्रभावशाली निर्देशन के कारण फिल्म रेड को देखने के लिए दर्शक मज़बूर हो गए। यह फिल्म भी १०० करोड़ क्लब में शामिल हो चुकी है। 
पैडमैन- अक्षय कुमार की फिल्म पैडमैन हालिया कुछ वर्षो में शायद उनकी पहली ऐसी फिल्म होगी, जिसने बॉक्स ऑफिस पर १०० करोड़ का कलेक्शन नहीं किया। मासिक के दौरान महिलाओं की समस्याओं पर केन्द्रित सामाजिक सन्देश देने वाली अक्षय कुमार, राधिका आप्टे और सोनम कपूर की आर बल्कि निर्देशित फिल्म पैडमैन ७९ करोड़ का सम्मानजनक स्कोर खडा कर पाने में सफल हुई। 
चालू दशक के पहले नौ सालों की पहली तिमाहियों के कलेक्शन पर एक नज़र डाले तो साल दर साल कलेक्शन में बढ़ोतरी ही हुई है। इस तिमाही के गणतंत्र दिवस, होली, हिन्दुओ का नववर्ष, आदि कुछ ऐसे त्यौहार उभरे, जिनमे रिलीज़ फिल्मों को देखने का उत्साह दर्शकों में पैदा हुआ। ख़ास बात यह है कि केंद्र की सत्ता में परिवर्तन के बाद बॉक्स ऑफिस पर उत्साह देखा जाने लगा है। २०१६, २०१७ और २०१८ की पहली तिमाही में नज़र आने वाला वृद्धि प्रतिशत इसका गवाह है। 

फिल्म द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर - देखने के लिए क्लिक करें 

Friday, 6 April 2018

विजय रत्नाकर गुट्टे के निर्देशन में बनाई जा रही फिल्म द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर में मनमोहन सिंह के किरदार में अनुपम खेर

नहीं रहे फिल्मों को कॉमेडी टोन देने वाले राज किशोर

केस्टो मुख़र्जी, मुकरी, सुनील दत्त और किशोर कुमार के साथ राज किशोर (सबसे दायें). अब सभी दिवंगत। 
अज़ीब नहीं लगता कि जो कॉमेडियन फिल्मों में कॉमेडी की टोन तय करता रहा हो, उसकी  मौत को मायूसी मिले ? कभी जिसके परदे पर आते ही सीटियों और तालियों से सिनेमाघर गूँज उठते थेजिसके मुंह खोलते ही दर्शकों के ठहाके गूंजने लगते थेउस राज किशोर की मौत बिना किसी शोक समाचार के व्यतीत हो गई।  राज किशोर ने १९६० से १९८० के दशक के बीच बॉलीवुड के तमाम बड़े सितारों दिलीप कुमार, देव आनंद, अमिताभ बच्चन, धर्मेंद्र, सुनील दत्त, सायरा बानू, सलमान खान, शाहरुख़ खान, आदि के साथ ढेरों  फिल्मों की कॉमेडी टोन सेट की थी, उसकी मौत के बाद एक भी हस्ती ने कोई शोक प्रस्ताव नहीं भेजा।  ट्विटर पर हमेशा सक्रीय अमिताभ बच्चन भी खामोश रहे।  ज़ाहिर है कि राज किशोर की मृत्यु पर शोक व्यक्त करने से उन्हें मीडिया में सुर्खियां नहीं मिलती।राज किशोर को शुक्रवार के तड़के १.३० पर दिल का दौरा पड़ा और उनकी मौत हो गई।  वह ८५ साल के थे। उनको पूरी ख़ामोशी से सिर्फ नौ घंटों के अंदर उनका दाह संस्कार भी कर दिया गया।  राज किशोर ने अपने दो  दशक लम्बे फिल्म करियर में राम और श्याम, हरे राम हरे कृष्ण, करिश्मा कुदरत का, गोपीचंद जासूस, हमराज, बॉम्बे टू गोवा, पड़ोसन, दीवार, शोले, करण अर्जुन, फूल और अंगारआदि जैसी ९४ फिल्मों में अभिनय किया।  उन्होंने, अपना फिल्म डेब्यू १६ साल की उम्र में पतंगा (१९४९) से किया था।  उन्हें श्रद्धांजलि।


जॉन अब्राहम की फिल्म को मिला सत्यमेव जयते टाइटल - पढ़ने के लिए क्लिक करें 

जॉन अब्राहम की फिल्म को मिला सत्यमेव जयते टाइटल

जॉन अब्राहम के लिए अब सब कुछ अच्छा होता लग  रहा है।  उन्होंने,  क्रिअर्ज की प्रेरणा अरोड़ा के परमाणु द  पोखरण स्टोरी के रोड़े को हटाते हुए, फिल्म  को ४ मई को रिलीज़ करने का ऐलान कर दिया है।  हालाँकि, अभी क्रिअर्ज की प्रेरणा अरोड़ा से खतरा है, वह रिलीज़ की तारीख़ में फच्चर फंसा सकती हैं।  लेकिन, ट्रेड पंडितों के अनुसार, इसका ज़्यादा नुकसान प्रेरणा अरोड़ा को ही होगा, क्योंकि वह पहले से ही केदारनाथ के डायरेक्टर और सह निर्माता अभिषेक कपूर के साथ विवादों में घिरी हुई हैं। जॉन की तरह अभिषेक ने भी, प्रेरणा अरोड़ा पर फिल्म की रिलीज़ टालते रहने का आरोप लगाया था।  इंडस्ट्री में नई होने के कारण, उनका इस तरह विवाद में घिरा रहना विवादस्पद हो सकता है।  जहाँ तक, जॉन अब्राहम का सवाल है, उनकी नई फिल्म बेनाम नहीं रही।  पिछले महीने, निर्माता निखिल अडवाणी की मिलाप ज़वेरी निर्देशित सस्पेंस थ्रिलर फिल्म का ऐलान किया गया था।  वह इस फिल्म का टाइटल सत्यमेव जयते रखना चाहते थे।  लेकिन, यह टाइटल, आमिर खान के शो का भी है।  इसका उपयोग यह लोग तभी कर सकते थे, जब इसकी अनुमति आमिर खान से मिल जाती।  जिस समय, जॉन अब्राहम परमाणु की रिलीज़ को लेकर प्रेरणा अरोड़ा से परेशान हो रहे थे, ठीक उसी समय आमिर खान से बात बन गई थी।  आमिर खान ने सत्यमेव जयते टाइटल उपयोग करने की अनुमति निखिल अडवाणी और मिलाप ज़वेरी को दे दी थी। सत्यमेव टाइटल मिल जाने के बाद, फिल्म से  जुड़े लोगों का उत्साह बढ़ाना स्वाभाविक है।  सत्यमेव जयते में नायक जॉन अब्राहम की नायिका अभिनेत्री नेहा 'क्या सुपर कूल हैं हम' की   नेहा शर्मा की छोटी बहन अलीशा शर्मा हैं।  इस फिल्म में जॉन अब्राहम और मनोज बाजपेई के पुलिस और हत्यारे चरित्रों का ज़बर्दस्त टकराव देखने को मिलेगा।  मिलाप ज़वेरी, जॉन अब्राहम और मनोज बाजपेई की तिकड़ी इससे पहले शूटआउट एट वडाला  में साथ आई थी।   सत्यमेव  जयते से, भूषन कुमार की कंपनी टी सीरीज का जुड़ना खुशखबर के समान है।  अब यह फिल्म बड़े पैमाने पर रिलीज़ हो सकेगी।

गुरु रंधावा का म्यूजिक वीडियो ख़ुशी कुमार का बाइकिंग का डर - पढ़ने के लिए क्लिक करें 

गुरु रंधावा का म्यूजिक वीडियो ख़ुशी कुमार का बाइकिंग का डर

प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय फैशन डिजाइनर से अभिनेत्री बनी खुशाली कुमार ने संगीतकार-गायक गुरु रंधावा और तुलसी कुमार के संगीत वीडियो की शूटिंग पूरी कर ली है। इस नए संगीत वीडियो में लोगों को खुशाली को एक क्रूजर बाइक की सवारी करते देखा जा सकेगा। म्यूजिक वीडियो में खुशाली कुमार के साथ गायक-संगीतकार गुरु रंधावा भी नजा आएंगे। इस संबंध में खुशाली कुमार ने अपने अनुभवों को साझा करते हुए बताया कि गुरु के साथ शूटिंग करते हुए उन्हें बाइकिंग के डर से कैसे सामना किया और उस पर कैसे काबू पाया।
खुशाली कुमार ने कहा कि वह हमेशा से बाइक की सवारी करना चाहती थीं, लेकिन जब भी वह ऐसा करने का सोचती थीं, तो उनकी रीढ़ की हड्डी तक में कंपन होने लगता था। फिल्मों में बाइक पर इस तरह के एक रोमांटिक दृश्यों को याद करने के बावजूद वह बाइक की सवारी नहीं कर पाती थीं। गुरु रंधावा ने उनकी बाइक की सवारी करने के भय को महसूस कर लिया और उसके साथ शरारत करते हुए उससे कहा कि उसने शूट के कुछ ही दिन पहले ही सीखा है कि बाइक की सवारी कैसे की जा सकती है। इसलिए वह पूरी तरह से पहाड़ी सड़कों पर बाइक चलाने के लिए आश्वस्त और अभ्यस्त नहीं हैं। स्वाभाविक तौर पर ऐसे में खुशाली और डर गईं और वह शूट के लिए गुरु रंधावा के साथ बाइक पर बैठने के लिए तैयार नहीं हो रही थीं।
आखिरकार किसी बॉलीवुड नायक की तरह गुरु रंधावा ने उनके सामने अपनी बाइकिंग कौशल को दिखाया और कहा कि उन्हें अपने शुरुआती दिनों से ही बाइक की सवारी करने का शौक रहा है। ऐसे में पूरी शूटिंग टीम हंस-हंस कर लोटपोट हो गई, जिसने खुशाली को सहज बनाया। उसके बाद पूरे दृश्य की नए सिरे से योजना बना कर शूटिंग पूरी की गई। और, इस तरह खुशाली के आत्मविश्वास ने शूटिंग के पूरे दृश्य को ही बदल दिया। 

उल्लेखनीय है कि म्यूजिक वीडियो के साथ एक्टिंग में डेब्यू कर रही खुशाली कुमार का नाम फैशन जगत के लिए कोई नया नहीं है, क्योंकि उनके खाते में जहां शकीरा जैसी इंटरनेशनल मेगास्टार के लिए ड्रेस डिजाइन करने की उपलब्धि दर्ज है, वहीं वह दो बार के ग्रेमी अवाॅर्ड से सम्मानित सिंगर लिन रिम्स, कारमन इलेक्ट्रा, स्पाइस गर्ल मेलाइन बी के साथ ही जस्टिन बीवर के म्यूजिक वीडियो वेट फाॅर एक मिनटके लिए भी ड्रेस डिजाइन कर चुकी हैं। फैशन के क्षेत्र में किए गए कार्यों की वजह से हाल ही में केंद्र सरकार के बाल एवं महिला विकास मंत्रालय की ओर से भी खुशाली को सराहा एवं सम्मानित किया गया है।


दुबई कॉन्सर्ट में ईशा तलवार देंगी श्रीदेवी को श्रद्धांजलि - पढ़ने के लिए क्लिक करें