Friday 13 December 2019

हिंदी फिल्मों में थ्रिलर का जलवा !


आज बॉक्स ऑफिस पर थ्रिलर फिल्मों का जलवा देखने को मिलेगा। आज रिलीज़ हो रही तीनों हिंदी फ़िल्में भिन्न थ्रिलर शैली की फ़िल्में हैं। निर्देशक अशफाक शैख़ की फिल्म अन्फ्रेंड्स ड्रामा थ्रिलर फिल्म है। जीतू जोसफ निर्देशित द बॉडी हॉरर थ्रिलर फिल्म है तो गोपी पुथरन की फिल्म मर्दानी २ में थ्रिलर के साथ अपराध का मिश्रण है। यानि यह क्राइम थ्रिलर फिल्म है।

शुरुआत से ही, बॉलीवुड का पसंदीदा जॉनर थ्रिलर हुआ करता था। राज खोसला और गोल्डी आनंद थ्रिलर फिल्मो के उस्ताद कहलाते थे। बॉलीवुड ने थ्रिलर को ड्रामा, क्राइम, हॉरर, एक्शन और रोमांस के साथ पेश किया है। इस साल, भिन्न थ्रिलर जॉनर की कई फ़िल्में रिलीज़ हुई। फरवरी में हॉरर थ्रिलर फिल्म अमावस रिलीज़ हुई थी। द बॉडी से पहले तक रिलीज़ घोस्ट और बाईपास रोड हॉरर थ्रिलर फ़िल्में थी।

हृथिक रोशन और टाइगर श्रॉफ की फिल्म वॉर की सफलता की दृष्टि से एक्शन थ्रिलर सबसे सफल जॉनर नज़र आता है। लेकिन, इस साल रिलीज़ बाकी तीन एक्शन थ्रिलर फिल्मों रोमियो अकबर वालटर, ब्लेंक और वन डे जस्टिस डिलीवर्ड को असफलता का मुंह देखना पड़ा था।

विशुध्द थ्रिलर फिल्मों के लिहाज़ से द ताशकंद फाइल्स सबसे सफल फिल्म साबित हुई थी। इस फिल्म की खासियत बहुत अच्छी तरह से रिसर्च की गई कहानी और पटकथा रूपांतरण था।  यह खासियत साल की दूसरी थ्रिलर फिल्म इंडियाज मोस्ट वांटेड में नदारद थी। अर्जुन कपूर की यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह से मार खाई।

ड्रामा थ्रिलर, हिंदी फिल्म दर्शकों का पसंदीदा जॉनर लगता है। क्योंकि, इस साल रिलीज़ दो ड्रामा थ्रिलर फ़िल्में बदला और आर्टिकल १५ को सफलता हासिल हुई थी। इन दोनों फिल्मों को बढ़िया स्क्रिप्ट का आधार मिला था। फिल्म के निर्माताओं ने आर्टिकल १५ को विवादित तरह से पेश करके भी दर्शकों को आकर्षित कर पाने में सफलता हासिल की।

ऐसा लगता है कि हिंदी फिल्म दर्शकों को थ्रिलर के साथ कॉमेडी और रोमांस का मिश्रण नापसंद है। करणवीर बोहरा, प्रिया बनर्जी और समीर कोछड़ की रोमांटिक थ्रिलर को दर्शकों का सख्त टोटा रहा। लेकिन, कंगना रनौत और राजकुमार राव जैसे सशक्त एक्टरों की थ्रिलर कॉमेडी फिल्म जजमेन्टल है क्या की बुरी असफलता चौंकाने वाली थी।

अनफ़्रेंड्स, बिलकुल नए चेहरों वाली थ्रिलर फिल्म है। इसलिए, इसे बहुत दर्शक मिलने की उम्मीद खुद निर्माता भी नहीं करेंगे। लेकिन, द बॉडी और मर्दानी २ से दर्शकों की भी उम्मीदें हैं।  क्या यह थ्रिलर फिल्मे सफल होंगी ? अमावस, घोस्ट और बाईपास रोड जैसी हॉरर थ्रिलर फिल्मों और क्राइम थ्रिलर सेक्शन ३७० की असफलता से कोई अंदाज़ा लगा सकें तो लगा लें।

  

No comments:

Post a Comment