Monday 15 October 2018

इस हफ्ते रिलीज़ होने वाली भारतीय फ़िल्में


इस हफ्ते विजयादशमी का त्यौहार मनाया जाने वाला है। इस धूमधाम वाले मौके पर हिंदुस्तान की फिल्म इंडस्ट्री भी बाग़ बाग़ है। इस हफ्ते (गुरुवार और शुक्रवार) कई फ़िल्में रिलीज़ होनी हैं। इन फिल्मों का विवरण निम्नलिखित है - 

नमस्ते इंग्लैंड (हिंदी)

विपुल अमृतलाल शाह निर्देशित यह फिल्म १८ अक्टूबर को रिलीज़ हो रही है। सुरेश नायर और रितेश शाह की लिखी यह फिल्म पति के पत्नी से असीम प्रेम की कहानी है, जो देशों की सीमाएं तोड़ते हुए लंदन पहुँच जाता है।  इस फिल्म में अर्जुन कपूर ने परम और परिणीति चोपड़ा ने जसमीत की भूमिका की है। 

बधाई हो (हिंदी)

आज रिलीज़ हो रही अमित रविंद्रनाथ शर्मा की बतौर निर्देशक डेब्यू फिल्म बधाई हो एक कॉमेडी फिल्म है। इस फिल्म की कहानी एक ऐसे परिवार की है, जिसमे युवा बेटे की माँ गर्भवती हो जाती है।  इस फिल्म को शांतनु श्रीवास्तव, अक्षत घिल्डियाल और ज्योति कपूर ने लिखा है।  फिल्म में आयुष्मान खुराना, सान्या मल्होत्रा, नीना गुप्ता और गजराज राव की केंद्रीय भूमिका है।  अभिनेत्री सुरेख सीकरी दादी की भूमिका से फिल्मों में वापसी कर रही हैं।    

मी शिवजी पार्क (मराठी) 


मी शिवजी पार्क की कहानी पांच  दोस्तों की है, जो फ़्लैश बैक में चलती है।  इस मराठी फिल्म में विक्रम  गोखले, सतीश आलेकर और अशोक सराफ की मुख्य भूमिका है।  सह भूमिकाओं में शिवजी सातम दिलीप प्रभावलकर, शरद पोंकशे और उदय टिकेकर हैं।  इस ड्रामा फिल्म का निर्देशन महेश मांजरेकर कर रहे हैं। 

शर्तो लागु (गुजराती)

गुजराती फिल्म शर्तो लागू की कहानी सत्य और सावी की है। दोनों भविष्य में होने वाली शादी के लिए मिलते हैं। दोनों मिजाज़ में दो ध्रुव है। पहले मिलन के बाद उनकी पागलपन से भरी प्रेम कहानी क्या रंग लाती है, यह देखना दिलचस्प होगा। इस फिल्म में मल्हार ठाकर ने सत्य और दीक्षा जोशी ने सावी की भूमिका की है। सह भूमिकाओं में प्रशांत बारोट, हेमंत झा, छाया वोरा और अल्पना बच हैं। फिल्म के निर्देशक नीरज जोशी हैं। यह फिल्म १९ अक्टूबर को रिलीज़ होगी। 

फॅमिली सर्कस (गुजराती) 

दो घनिष्ठ मित्र रोनक और जेजे माध्यम वर्गीय रहन सहन वाले हैं, जिनका सपना अमीर बनने का है। उन दोनों की ज़िन्दगी में उस समय उलटपुलट हो जाती है, जब वह एक लड़की रिया और अपनी अमीरी के लिए एक अंडरवर्ल्ड डॉन अल्ताफ अन्ना से मिलते हैं। इस फिल्म में मोनाल गज्जर ने रिया, रौनक कामदार ने रोनक, मित्र गढ़वी ने जेजे, स्मित पंड्या ने अल्ताफ अन्ना की भूमिका की है। फिल्म के निर्देशक विरल राव हैं। यह म्यूजिकल कॉमेडी ड्रामा फिल्म १९ अक्टूबर को रिलीज़ होगी।  

हेलो गुरु प्रेमा कोसमें (तेलुगु)


यह एक तेलुगु कॉमेडी रोमांस फिल्म है।  तृणधा राव नक्किना निर्देशित इस फिल्म में राम पोथेनेनी, अनुपमा परमेश्वरन, प्रनिथा और प्रकाश राज की मुख्य भूमिका है।  यह फिल्म १८ अक्टूबर को रिलीज़ हो रही है।
पांडेम कोड़ी २ (तेलुगु और तमिल) 


पांडेम कोडी २ में अभिनेता विशाल पिता और बेटे की दोहरी भूमिका में हैं। इस फिल्म का निर्देशन एन लिंगुस्वामी ने किया है। यह फिल्म पांडेम कोडी (२००५) की सीक्वल फिल्म है। इस फिल्म में कीर्ति सुरेश, राजकिरण, वरलक्ष्मी सरथ कुमार और सूरी की है। 

अधुगो (तेलुगु)

रवि बाबू की लिखी और निर्देशित फिल्म अधुगो में रवि बाबू और नभ नटेश के साथ एक सूअर के बच्चे की भूमिका ख़ास है। यह फिल्म १९ अक्टूबर को रिलीज़ हो रही है। 

वाडा चेन्नई (तमिल)


उत्तरी मद्रास में रहने वाले अंबु की ज़िन्दगी स्थानीय गैंगस्टरों गुना और राजन के साथ मिलने के बाद पूरी तरह से बदल जाती है।  निर्देशक वेत्रीरामन की इस फिल्म में धनुष ने अंबु, ऐश्वर्या राजेश ने पद्मा, एंड्रिया जेरेमिआ ने चंद्रा, अमीर सुल्तान ने राजन और समुथिरकनी ने गुना की भूमिका की है।  

एज़ुमिन (तमिल)

यह फिल्म दक्षिण भारत की पहली मार्शल आर्ट्स फिल्म है। यह फिल्म मार्शल आर्ट्स के स्वयं की रक्षा में महत्त्व को बताती है। इस फिल्म को वीपी विजी ने लिखा और निर्देशित किया है। १८ अक्टूबर को रिलीज़ हो रही एज़ुमिन को तेलुगु और मलयालम में साथ साथ रिलीज़ करने की योजना है। फिल्म में विवेक और देवयानी की मुख्य भूमिका है। धनुष, अनिरुद्ध रविचंदर और योगी बी की ख़ास भूमिका है।  

आटे दी चिड़ी (पंजाब)

पंजाबी भाषा की फिल्म आटे दी चिड़ी एक मॉडर्न लड़की की कहानी है, जो अपने परिवार और काम के बीच  संतुलन बना कर काम करती  है।  इस फिल्म में नीरू बाजवा के साथ अमृत मान, सरदार सोही और अनमोल वर्मा मुख्य भूमिका में हैं।  फिल्म के निर्देशक हैरी  भट्टी हैं।  यह फिल्म १९ अक्टूबर को रिलीज़ होगी।
  
द विलेन (कन्नड़)


निर्देशक प्रेम की फिल्म द विलेन में शिवा राजकुमार, सुदीप, एमी जैक्सन, मिथुन चक्रवर्ती, मुकुल देव और शेखर मुख्य भूमिका में हैं। बजट के लिहाज़ से काफी बड़ी यानि ६० करोड़ की इस फिल्म को १८ अक्टूबर को रिलीज़ किया जाएगा।  

कवच (कन्नड़)

एक अंधा आदमी एक लड़की को सीरियल किलर से बचाने के लिए कुछ भी करने को तैयार है। इस फिल्म में शिव राजकुमार, ईशा कोपिकर, बेबी मीनाक्षी और वसिष्ट एन सिंह की मुख्य भूमिका है।इस फिल्म का निर्देशन जीवीआर वाशु ने किया है। 

डाकिनी (मलयालम)


राहुल रिजील द्वारा लिखी और निर्देशित फिल्म डाकिनी एक कॉमेडी फिल्म है।  इस फिल्म सूरज वेंजरामूदु, चेम्बन विनोद जोस, अलेंसिएर ले लोपेज़ हैं।  


चूमना है आसमान - श्रद्धा दास - पढ़ने के लिए क्लिक करें 

No comments:

Post a Comment