Wednesday 11 December 2019

Shakun Batra की फिल्म में Siddhant Chaturvedi के साथ Deepika Padukone


दीपिका पादुकोण, अगले साल छपाक फिल्म में एसिड विक्टिम और '८३ में कपिल देव की पत्नी रोमी देव की भूमिका करने के बाद एक ऐसी भूमिका करेंगी, कहा जा रहा है कि ऎसी भूमिका उन्होंने कभी नहीं की।  उनकी यह भूमिका निर्माता करण जौहर और निर्देशक शकुन बत्रा की अनाम फिल्म में होगी।

दीपिका पादुकोण ने, सामान्य तौर पर अलग अलग किस्म के किरदार नहीं किये हैं।  दीपिका पादुकोण ने अपने १२ साल के फिल्म करियर में लगभग ३ दर्जन फ़िल्में की हैं।  उन्होंने लफंगे परिंदे में अंधी स्केटर और खेले हम जी जान से में क्रांतिकारी की अलग सी भूमिकाये की हैं।  बाकी फिल्मों में कभी न कभी वह रोमांस के एक बिंदु पर आ मिलती थी। लेकिन, शकुन बत्रा की फिल्म में उनकी भूमिका को बिलकुल अलग सी बताया जा रहा है, जैसी उन्होंने कभी नहीं की।  इस भूमिका के लिए वह वर्कशॉप भी करेंगी।

शकुन बत्रा की अनाम फिल्म में दीपिका पादुकोण के नायक, गली बॉय फिल्म में उनके रियल पति रणवीर सिंह के रील दोस्त सिद्धांत चतुर्वेदी करेंगे।  सिद्धांत ने गली बॉय में रैपर शेर की भूमिका की थी, जो रणवीर सिंह के मुराद की मदद करता है।

दीपिका के साथ इस भूमिका के लिए सिद्धांत चतुर्वेदी के साथ विक्की कौशल के नाम पर भी विचार किया जा रहा था।  दीपिका पादुकोण, विक्की कौशल को फिल्म पद्मावत में महारावल रतन सिंह की भूमिका के लिए नकार चुकी थी।  उस समय तक विक्की कौशल फिल्म उरी द सर्जिकल स्ट्राइक से स्टार नहीं बने थे।  बाद में इस भूमिका को शाहिद कपूर ने किया था।  अलबत्ता, दीपिका पादुकोण ने एक विज्ञापन फिल्म, विक्की कौशल के साथ ज़रूर की।

शकुन बत्रा की फिल्म को आधुनिक जीवन के असामान्य जोड़ों पर फिल्म बताया जा रहा है।  यह दो जोड़ों पर केंद्रित फिल्म है।  इनमे से एक जोड़ा सिद्धांत और दीपिका है।  दूसरे जोड़े का चुनाव होना बाकी है।  मगर इस फिल्म को महिला प्रधान फिल्म बताया जा रहा है।

सिध्दांत और दीपिका इस फिल्म की स्क्रिप्ट पर निर्देशक शकुन बत्रा के साथ वर्कशॉप करेंगे। शकुन बत्रा की फिल्म की शूटिंग मार्च २०२० से शुरू होने की संभावना है।   इससे पहले, दीपिका पादुकोण की एसिड विक्टिम वाली फिल्म छपाक १० जनवरी २०२० को रिलीज़ हो चुकी होगी। 

No comments:

Post a Comment