Tuesday, 7 April 2026

#Jailer2 में #Rajanikant के मेहमान #ShahrukhKhan #Mohanlal



निर्देशक नेल्सन दिलीपकुमार की, २०२३ में प्रदर्शित फिल्म जेलर की सीक्वल फिल्म जेलर २ की शूटिंग पूरी हो गई है।  विगत ४ अप्रैल को, फिल्म के  जेलर नायक रजनीकांत ने एक ट्वीट के माध्यम से सूचना दी थी कि जेलर २ की शूटिंग अपने अंतिम चरण में है। 





इसके बाद, मलयालम  फिल्म  सुपरस्टार मोहनलाल ने, फिल्म में अपने हिस्से के दृश्य पूरे कर दिए. वह फिल्म में मैथ्यू की भूमिका कर रहे है। उनका यह चरित्र पहली जेलर में भी था।  यह चरित्र एक स्मगलर का है, जो रजनीकांत की सहायता करता है।  





बताते हैं कि जेलर २ के अंतिम चरण मे, रजनीकांत के साथ मोहनलाल, शिवराजकुमार, विद्या बालन, एसजे सूर्य और शाहरुख़ खान के संयुक्त दृश्य फिल्माए गए।  फिल्म में शाहरुख़ खान की पुलिस भूमिका बताई जा रही है।  इन सितारों के साथ फिल्माए गए दृश्य बड़े दमदार बताये जा रहे है। इस दृश्य में, मोहनलाल अपने चरित्र मैथ्यू और शिवराजकुमार मूल जेलर के नरसिम्हा की भूमिका में दिखाई देंगे। शाहरुख़ खान ने, अपने दृश्यों को पूरा करने के लिए पांच दिन आवंटित किये थे। 




जेलर २ के मुख्य खलचरित्र को तमिल फिल्म अभिनेता एसजे सूर्या ने किया है।  उनके साथी अपराधियों में मिथुन चक्रवर्ती का नाम उल्लेखनीय है।  फिल्म की अन्य भूमिकाओं में विजय सेतुपति, राम्या कृष्णन, सर्वानन, योगी बाबू, मिरना, आदि भी है। बताते हैं कि फिल्म में, विद्या बालन ने मिथुन चक्रवर्ती की बेटी की भूमिका की है। यह फिल्म विद्या बालन की पहली पूरी भूमिका वाली पहली तमिल फिल्म बताई जा रही है।  १९९५ में प्रदर्शित बँगला फिल्म भाग्य देबता में, मिथुन चक्रवर्ती और रजनीकांत ने एक साथ अभिनय किया था। यह रजनीकांत की इकलौती बंगला फिल्म थी। इस प्रकार से, मिथुन चक्रवर्ती और रजनीकांत ३१ साल बाद, एक साथ दिखाई देंगे। 




फिल्म की शूटिंग पूरी हो जाने के बाद, पोस्ट प्रोडक्शन का काम शीघ्र शुरू हो जायेगा।  फिल्म जेलर ने, २०२३ में विश्व के बॉक्स ऑफिस पर ६०० करोड़ का कीर्तिमान ग्रॉस किया था। इस से आशा की जा रही है कि सीक्वल फिल्म भी बढ़िया व्यवसाय करेगी। इस फिल्म के १४ अगस्त २०२६ को प्रदर्शित किये जाने की संभावना है। 




हिंदी का विरोध करने वाले मारन परिवार की फिल्म जेलर २ का निर्माण तमिल भाषा में किया जा रहा है।  किन्तु, फिल्म के निर्माता कलानिधि मारन की अपनी इस फिल्म को तमिल और तेलुगु के अतिरिक्त हिंदी में भी प्रदर्शित करेंगे।  

No comments: