Sunday 8 July 2018

बॉलीवुड न्यूज़ १५ जुलाई

क्या रणबीर कपूर की शादी की घंटियां बजने वाली हैं ?
आलिया भट्ट और रणबीर कपूर का रोमांस ब्रह्मास्त्र की आउटडोर शूटिंग से बाहर आ चुका है। यह दोनों न तो इसका खंडन करते हैं और न ही पुष्टि करते हैं। २९ जून को रणबीर कपूर की फिल्म संजू रिलीज़ हो कर बड़ी हिट फिल्म साबित हो चुकी है। ३० जून को ऋषि कपूर यह ट्वीट करते हैं, “क्या यह मौका नहीं है शादी का - सफलता भी और लड़की भी ?” ऋषि कपूर ने शायद इस ओर इशारा कर दिया है। मगर, साथ में रणबीर कपूर के बचपन के दोस्त अयान मुख़र्जी को भी लपेट लिया है। उन्होंने रणबीर कपूर और अयान मुखर्जी का चित्र शेयर करते हुए लिखा, "अच्छे दोस्त ! क्या ही अच्छा हो दोनों की शादी हो जाये।" पापा ऋषि की इस ट्वीट के बाद रणबीर कपूर की शादी होगी या नहीं, आने वाला समय बताएगा। लेकिन, इस ट्वीट पर याद आ रहा है, वह दौर जब नीतू सिंह और ऋषि कपूर के प्यार के चर्चे हर जुबान पर हुआ  करते थे।  इन दोनों ने, १९७४ से १९८९ के बीच कोई १५ फ़िल्में की थी।  इन दोनों के रोमांस की हवा सिनेमाघरों में तक इस कदर बिखरी रहती थी कि इस जोड़ी की फ़िल्में हिट हो जाया करती थी। उस समय, कपूर खानदान से ऋषि कपूर से शादी कर लेने की गुहार लगाई जाती थी ।

संजय दत्त की मौजूदगी में साहेब बीवी और गैंगस्टर ३
संजय दत्त के कारण साहेब कुछ ज़्यादा स्ट्रांग हैबीवी ज़्यादा सेक्सी और फरेबी है..जब बात गैंगस्टर की हो रही  हो तो इन दोनों का स्ट्रांगसेक्सी और फरेबी होना बेहद ज़रूरी है। तिग्मांशु धुलिया निर्देशित साहेब बीवी और गैंगस्टर सीरीज की इस तीसरी फिल्म के ट्रेलर में यह दम नज़र आता है। संजय दत्त पर गैंगस्टर किरदार फबते हैं। इस गैंगस्टर सीरीज में जिमी शेरगिल ने अपनी एक शैली  विकसित कर ली है।  वह परफेक्ट नज़र आते हैं। अब अगर बीवी माही गिल जैसी हो तो महिला चरित्र दुष्टता की कोई भी सीमा पार कर सकती है। इसलिएचित्रांगदा सिंह भी अपनी दुष्टता के फॉर्म पर हैं। ट्रेलर से. इस फिल्म में कबीर बेदी और नफीसा अली की मौजूदगी का भी पता चल जाता है। साहेब बीवी और गैंगस्टर ३ का जलवा देखना हो तो २७ जुलाई का इंतज़ार तो करना ही होगा।

शाहरुख़ खान की छोड़ी फिल्म कर रहे अक्षय कुमार ?
अक्षय कुमार की फिल्म गोल्ड गणतंत्र दिवस वीकेंड पर १५ अगस्त को रिलीज़ हो रही है। अक्षय कुमार ने, मुग़ल छोड़ दी है। लेकिन, वह एक के बाद एक बादशाह की फिल्म हड़पते जा रहे हैं। रॉनी स्क्रूवाला और सिद्धार्थ रॉय कपूर की राकेश शर्मा बायोपिक फिल्म को पहले आमिर खान ने  छोड़ा। उन्होंने शाहरुख़ खान का नाम सुझाया। लेकिन, महेश मथाई के निर्देशन में फिल्म सैल्यूट को अब शाहरुख़ खान ने भी छोड़ दिया है। सुना है कि अब ऑस्ट्रोनॉट राकेश शर्मा का रील लाइफ किरदार अक्षय कुमार करेंगे। अक्षय कुमार ने, शाहरुख़ खान की सिर्फ यही फिल्म साइन नहीं की है। कुछ समय पहले, यह खबर थी कि यशराज फिल्म्स ने शाहरुख़ खान के सामने दो फिल्मों का प्रस्ताव रखा था। शाहरुख़ खान ने एक फिल्म तो शुरू में ही रिजेक्ट कर दी थी।  लेकिन, दूसरी फिल्म यानि शिमित अमीन की फिल्म की स्क्रिप्ट विकसित करने तक हामी भर दी थी। ऎसी खबरें थी कि शाहरुख़ खान, शिमित अमीन की फिल्म को मंजूरी दे देंगे। लेकिन, अब उन्होंने इस फिल्म को भी न बोल दी है। खबर है कि यशराज फिल्म्स की उपरोक्त दोनों फ़िल्में अक्षय कुमार ने मंजूर कर ली है। हालाँकि, अभी आधिकारिक ऐलान होना बाकी है।

करण जौहर की पीरियड फिल्म में रणवीर सिंह का ड्रामा !
करण जौहर की फिल्म फैक्ट्री से, हर दूसरे-तीसरे दिन एक नई फिल्म का ऐलान सुनने को मिलता रहता  है। पिछले दिनों, ऎसी ही एक फिल्म का ऐलान करण जौहर द्वारा किया गया है। सूत्र बताते हैं कि यह फिल्म एक पीरियड फिल्म होगी। यह वही पीरियड फिल्म है, जिसे पिछले कई सालों से करण जौहर बनाना चाहते थे। फिल्मफेयर की रिपोर्ट के अनुसार, अब करण जौहर को उस पीरियड फिल्म बनाने का समय आ गया है। उनकी इस पीरियड फिल्म के नायक रणवीर सिंह होंगे। सूत्र बताते हैं कि करण जौहर को, संजय लीला भंसाली की फिल्म बाजीराव-मस्तानी और पद्मावत में रणवीर सिंह के बाजीराव और अलाउद्दीन खिलजी के किरदारों ने काफी प्रभावित किया है। करण जौहर को लगता है कि रणवीर सिंह में वह माद्दा है कि वह  एक पीरियड  फिल्म को अपने कन्धों पर ढो सकें। हालाँकि, अभी यह साफ़ नहीं हुआ है कि इस पीरियड ड्रामा फिल्म का निर्देशक कौन होगा। लेकिन, जिस प्रकार से इस प्रोजेक्ट को करण जौहर का बरसों का सपना बताया जा रहा है, यह फिल्म करण जौहर ही निर्देशित कर सकते हैं। सूत्र बताते हैं कि रणवीर सिंह और करण जौहर के बीच बात लगभग बन चुकी है।

शोनाली बोस की फिल्म में फरहान अख्तर साथ प्रियंका चोपड़ा
पोस्ट हॉलीवुड सेशन, प्रियंका चोपड़ा दो कारणों से सुर्ख़ियों में हैं। अमेरिकी गायक, गीतकार, एक्टर और रिकॉर्ड निर्माता निक जोनास प्रियंका चोपड़ा के साथ एयरपोर्ट देते हुए भी दिखे और अम्बानियों के शादी के जश्न में भी बाहों में बाहें डाले। प्रियंका से ११ साल छोटे इस रोमांस साथ देख कर, प्रियंका और निक सगाई और फिर जल्द शादी की खबरें ज़ोर मारने लगती हैं । इस खबर को न कोई  स्वीकारता है और न ही नकारता। इस रोमांटिक किस्से कहानियों में, प्रियंका चोपड़ा की फिल्मों का ज़िक्र पीछे लुढ़क जाता है। अब यह बात दीगर है कि प्रियंका- निक रोमांस की रूबाइयां गाते हुए मीडिया को जैसे ही कुछ सांस मिलती है, वह प्रियंका चोपड़ा की हिंदी फिल्मों की बात करने लगता है। प्रियंका चोपड़ा की हिंदी फिल्मों के सन्दर्भ में ताज़ा खबर यह है कि प्रियंका चोपड़ा निर्देशक शोनाली बोस की अगली फिल्म में काम करने को तैयार है। शोनाली बोस ने, अमु, चिट्टगांव और मार्गरिटा विथ अ स्ट्रॉ जैसी फिल्मों का निर्माण किया । युवा प्रेरक वक्त आयेशा चौधरी के जीवन पर आधारित फिल्म प्रियंका चोपड़ा आयेशा की माँ की भूमिका में हैं। फिल्म में उनके पति की भूमिका निर्देशक और एक्टर फरहान अख्तर कर रहे हैं।

सारा अली खान को मारेंगे रणवीर सिंह आँख !
खबर है कि रणवीर सिंहसारा अली खान को आँख मारेंगे। लेकिनरणवीर सिंह की यह आँखबाज़ी केवल रील लाइफ में होगी। अमिताभ बच्चन की निर्माण संस्था एबीसीएल ने१९९६ में एक फिल्म का निर्माण किया था। जिसका नाम तेरे मेरे सपने था। इस फिल्म में चंद्रचूड़ सिंह और अरशद वारसी की नायिका प्रिया गिल और सिमरन थी। इस फिल्म में एक गीत लड़का आँख मारे अरशद वारसी और सिमरन पर फिल्माया गया था। तेरे मेरे सपने तो फ्लॉप हुई थीलेकिन लड़का आँख मारे गीत हिट हो गया था। यहीं कारण है कि निर्माता करण जौहर की फिल्म सिम्बा के निर्देशक रोहित शेट्टी को अपने नायक नायिका रणवीर सिंह और सारा अली खान पर यह गीत फिल्माने का ख्याल आ गया। इस गीत को रणवीर सिंह और सारा पर अरशद और सिमरन की मस्ती भारी स्टाइल में ही फिल्माया जायेगा। लेकिनइस गीत का रिक्रिएशन किया जाएगा। गीत को तनिष्क बागची रीक्रिएट कर रहे हैं। इस गीत को गाते हुए सारा और रणवीर एक दूसरे को फ़्लर्ट करते नज़र आएंगे। ज़ाहिर है कि यह गीत पूरा मस्ती भरा होगा। सिम्बा २८ दिसंबर २०१८ को रिलीज़ होगी।

सेक्रेड गेम्स की फिल्म अभिनेत्री एलनाज़ नौरोजी
नेटफ्लिक्स इंडिया की पहली मौलिक सीरीज सेक्रेड गेम्स में बॉलीवुड सितारों की भरमार है। इस सीरीज से बॉलीवुड फिल्म अभिनेता सैफ अली खान का डिजिटल माध्यम में डेब्यू हो रहा है।  इस सीरीज में उनके साथ नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी, राधिका आप्टे, राजश्री देशपांडे, अनुप्रिया गोयनका, जतिन शर्मा, गीतांजलि थापा, आदि भी हैं। लेकिन, ध्यान खींचती है एक फिल्म अभिनेत्री की भूमिका में ईरानी मॉडल और अभिनेत्री एलनाज़ नोरौज़ी। दर्शक, उन्हें मेड इन इंडिया के म्यूजिक विडियो की गुरु रंधावा गर्ल के तौर पर पहचानता है।  वह अपने ग्लैमर और सेक्स अपील के बल पर म्यूजिक विडियो के म्यूजिक पर भी छा जाती है। अनुराग कश्यप और विक्रमादित्य मोटवाने की सीरीज में एलनाज़ का गर्मावातर हो रहा है। वह अपनी भूमिका को लेकर बताती हैं, “मैं एक एक्ट्रेस जोया की भूमिका कर रही हूँ। वह मुंबई के एक ताक़तवर अपराधी सरगना गायतोंडे (नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी) से प्रेम करती हैं। यह बड़ी मजेदार फिल्म साबित होगी। ऐसा कहते समय उनके चेहरे पर भरोसेमंद मुस्कराहट फ़ैल जाती है।

क्या अलिया भट्ट बनेंगी ओशो की माँ शीला ?
पहले फिल्म हाईवे और फिर राज़ी से अपने अभिनय और भिन्न भूमिकाओं से दर्शकों और समीक्षकों को चौंकाते आ रही अलिया भट्ट का चौंकाऊ निर्णय लेने का सिलसिला जारी है। उनकी हर भूमिकाओं से दर्शकों को कुछ नया देखने की उम्मीद बंध जाती है। ख़ास बात यह है कि उनकी फिल्मों को बॉक्स ऑफिस पर सफलता भी मिलती है। खबर है कि आमिर खान एक फिल्म में ओशो की भूमिका कर रहे हैं। अलिया भट्ट के साथ कपूर एंड संस कर चुकी निर्देशक शकुन बत्रा की इस फिल्म में अलिया भट्ट विवादित संन्यासी भगवान रजनीश की बदनाम सेक्रेटरी माँ शीला की भूमिका कर सकती हैं। भगवान रजनीश और बॉलीवुड का गहरा नाता है। ओशो के सम्भोग से समाधि तक के सन्देश ने लम्पट बॉलीवुड को ज़बरदस्त आकर्षित किया था। अलिया भट्ट के पिता महेश भट्ट उनके ख़ास चेले थे। भट्ट के बरगलाने पर विनोद खन्ना अपना फूलता-फलता करियर छोड़ कर रजनीश के शिष्य बन गए थे। कहा जाता है कि महेश भट्ट ने ऐसा अमिताभ बच्चन का स्टारडम निष्कंटक बनाने के लिए किया था। अगर, बात बन गई तो अलिया भट्ट ओशो की सेक्रेटरी बनी नज़र आयेंगी। इस फिल्म की शूटिंग इस साल के अंत तक शुरू हो जायेगी। 

क्या फर्स्ट हाफ से खुश होना चाहिए बॉलीवुड को ? - पढ़ने के लिए क्लिक करें 

No comments:

Post a Comment