Wednesday 9 January 2019

सर्जिकल स्ट्राइक करेंगे देवों के देव मोहित रैना


निर्देशक आदित्य धर की आज रिलीज़ हो रही फिल्म उरी द सर्जिकल स्ट्राइक में, धार्मिक टीवी सीरियल देवों के देव महादेव में महादेव की भूमिका करने वाले मोहित रैना, पाकिस्तानी सीमा में घुस कर सर्जिकल स्ट्राइक करते हुए नज़र आएंगे।  २०१६ में, पठानकोट और उरी में सेना के बेस कैंप पर आतंकी हमले के बाद, भारत सरकार द्वारा सर्जिकल स्ट्राइक कराई गई थी। आदित्य धर की फिल्म उरी द सर्जिकल स्ट्राइक में विक्की कौशल के मेजर विहान शेरगिल के नेतृत्व में,  दूसरे कमांडो सैनिकों के साथ मोहित रैना भी सर्जिकल स्ट्राइक करते नज़र आएंगे।


पहली फिल्म डॉन मुत्थुस्वामी
मोहित रैना की यह पहली युद्ध फिल्म है और एक्टिंग करियर की दूसरी फिल्म। २००८ में, मिथुन चक्रवर्ती की फिल्म डॉन मुत्थुस्वामी में जयकिशन की भूमिका से डेब्यू करने वाले मोहित रैना की पहचान बनी टीवी सीरियलों से।  क्योंकि, डॉन मुत्थुस्वामी में मोहित रैना के किरदार पर  दर्शकों का ध्यान ही नहीं गया।


महादेव की मेहर
मोहित रैना का पहला टीवी शो मेहर था।  लेकिन, उन्हें बड़ा ब्रेक मिला साइंस फिक्शन शो अंतरिक्ष एक अमर कथा में विक्रांत के किरदार के तौर पर।  इसके बाद, मोहित रैना ने भाभी, चेहरा, बंदिनी और गंगा की धीज जैसे शो किये।  मोहित रैना को पूरे देश में पहचाना गया धार्मिक शो देवों के देव महादेव में महादेव की भूमिका से। लगभग तीन साल तक चले इस शो में महादेव की भूमिका से मोहित रैना छा गए।  इस शो के ख़त्म होने के बाद मोहित रैना ने भगवन शंकर की भूमिका अगले शो महाभारत में भी की।


सम्राट अशोक से हवलदार ईशर सिंह तक
मोहित रैना के साथ संयोग यह रहा कि उन्हें ऐतिहासिक या धार्मिक सीरियल ज़्यादा मिले।  ख़ास बात यह रही कि इस सभी शो में कहानी उनकी भूमिकाओं पर केंद्रित थी।  महाभारत के  बाद, मोहित रैना को ऐतिहासिक शो चक्रवर्तिन अशोक सम्राट मिला।  इसमें वह सम्राट अशोक की भूमिका में थे।  २१ सरफ़रोश सारागढ़ी १८९७ भी मोहित रैना की हवलदार ईशर सिंह की भूमिका पर केंद्रित था।  इसी किरदार को, बॉलीवुड फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार फिल्म केसरी में कर रहे हैं।


सैनिक बनने का सपना पूरा
कश्मीरी मोहित रैना का सपना सैनिक बनने का था।  लेकिन, आँखे कमज़ोर होने के कारण वह सैनिक नहीं बन सके।  एक प्रकार से उरी द सर्जिकल स्ट्राइक में वह सैनिक वर्दी पहन कर अपनी सैनिक बनने की इच्छा तो पूरी कर ही चुके हैं।  अब देखने  की बात होगी कि वह उरी द सर्जिकल स्ट्राइक में विक्की कौशल के साथ दर्शकों पर अपने अभिनय की कैसी सर्जिकल स्ट्राइक कर पाते हैं।


नवोदय टाइम्स ९ जनवरी २०१९ - क्लिक करें 

No comments:

Post a Comment