Thursday 6 June 2013

क्या दीवानी की मौजूदगी में दर्शकों दीवाना बना पाएंगे यमला पगला देओल्स !


आज जब बॉलीवुड की फ़र्स्ट फॅमिली कपूर्स की पाँचवी पीढ़ी के रणबीर कपूर की फिल्म यह जवानी है दीवानी एक सौ करोड़ क्लब में प्रवेश कर गयी है, कल देओल फॅमिली की पहली और दूसरी पीढ़ी के धर्मेंद्र, उनके दो पुत्र सनी देओल और बॉबी देओल की फिल्म यमला पगला दीवाना 2 रिलीज हो रही है। यह फिल्म 2011 में रिलीज इस बाप बेटा तिकड़ी की फिल्म यमला पगला दीवाना का सेकुएल है। यमला पगला दीवाना अब तक 85 करोड़ से ज़्यादा कमा चुकी है। पहले भाग की सफलता को देखते हुए ही देओल्स ने फिल्म का सेकुएल बनाने की सोची थी। अब यह बात दीगर है कि इस दौरान फिल्म की एक्ट्रेस बदल गयी, डाइरेक्टर की कुर्सी पर संतोष सिवन बैठ गए ।
यहाँ यह बड़ा सवाल है ही कि क्या यमला पगला दीवाना की तरह इस फिल्म का सेकुएल भी हिट होगा? क्या यमला पगला दीवाना 2 भी यह जवानी है दीवानी की तरह दर्शकों को अपना दीवाना बनाते हुए 100 करोडिया क्लब में शामिल हो पाएगी?
यमला पगला दीवाना 2 में धर्मेंद्र, सनी देओल और बॉबी देओल तीसरी बार एक साथ हैं। इन तीनों की पहली दो फिल्में अपने और यमला पगला दीवाना बॉक्स ऑफिस पर हिट रही थीं। इसलिए इस तीसरी फिल्म के हिट होने में शक की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। लेकिन, इस पर शक की गुंजायश के बड़े कारण भी है। धर्मेंद्र में अब पहले वाली बात नहीं रही। उनका ही मैन अब अतीत की बात हो चुका है। वह कॉमेडी के उस्ताद हैं। लेकिन फिल्म के प्रोमो उनकी कॉमेडी को बासी बताते हैं। सनी देओल का ढाई किलो का मुक्का भी अब उतना वजनदार नहीं रहा। अगर फिल्म पूरी तरह से उन पर टिकी होती तो एक्शन से भरपूर होती, उनका ढाई किलो का मुक्का दसियों खलनायकों को हवा में उड़ा रहा होता। फिल्म में भी जब वह चीखते हैं तो सामने खड़े लोग हवा में उड़ने लगते हैं, लेकिन यह सब देखने में बचकाना लगता है। इसके बावजूद वह फिल्म को सपोर्ट करते लगते हैं। अब कितना कर पाते हैं, यह देखने वाली बात होगी। बॉबी देओल फिल्म को कोई फायदा नहीं पहुंचा सकते, फिल्म उनको फायदा  ज़रूर  पहुंचा सकती है। तभी तो देओल्स को अपने बीच एक बंदर की ज़रूरत भी महसूस हुई।   ऐसे में सब कुछ संतोष सिवन के निर्देशन और जसविंदर बाथ की पटकथा पर डिपेंड करेगा। अगर दोनों चुस्त रहे तो फिल्म सफल हो सकती है। कितनी सफल होगी, यह बाद की बात है।
लेकिन, यमला पगला दीवाना 2 और देओल्स की राह इतनी आसान नहीं होगी। उनकी राह पर रोड़ा बनेगा कपूर फॅमिली का पांचवा चिराग रणबीर कपूर  और उनकी फिल्म यह जवानी है दीवानी। यह फिल्म न केवल पहले हफ्ते में सौ करोडिया बन चुकी है, बल्कि इसका क्रेज़ बना हुआ हुआ है। हर वर्ग का दर्शक इस फिल्म को देखने का इच्छुक है और देख भी रहा है। सोमवार से फिल्म लगातार स्टैडि जा रही है। इसके बिज़नस में खास गिरावट नहीं हो रही है। अगर यह फिल्म ऐसे ही रोज दस दस करोड़ कमाती रही तो यमला पगला दीवाना 2 को दर्शकों को अपना दीवाना बनाने में तकलीफ होगी। इतना ही नहीं यह जवानी है दीवानी के क्रेज़ के कारण यमला पगला दीवाना 2 को पर्याप्त स्क्रीन मिलने में भी परेशानी होगी। इस फिल्म को मल्टीप्लेक्स में सुबह के शो नहीं मिल पा रहे हैं। यह टाइम स्लॉट यूथ के लिए होता है। इसमे यह जवानी है दीवानी ही जवान हो रही है।
यह जवानी  है दीवानी की कड़ी चुनौती के बावजूद यमला पगला दीवाना 2 के पक्ष में बात यह है कि यमला पगला दीवाना का genre यह जवानी है दीवानी से भिन्न है। यमला पगला दीवाना 2 और देओल्स का दर्शक रणबीर कपूर और उनकी फिल्म यह जवानी है दीवानी के दर्शकों से बिल्कुल अलग है। इसलिए देओल्स कपूर परिवार की पाँचवी पीढ़ी के सामने खड़े रह सकते हैं। लेकिन किस हद तक यह देखने वाली बात होगी।

No comments:

Post a Comment