Wednesday 9 March 2016

अब रियल लाइफ 'गठबंधन' में एक्ट्रेस

दो साल पहले मुंबई के एक अंग्रेजी अख़बार ने बॉलीवुड की ११ अविवाहित अभिनेत्रियों की लिस्ट निकाली थी, जो तीस के पार हो जाने के बावजूद शादी की नहीं सोच रही थी।  हालाँकि, उस समय तक ३६ साल की रानी मुख़र्जी ने ४३ साल के फिल्म निर्माता निर्देशक आदित्य चोपड़ा से शादी कर खुद पर से अविवाहित का टैग हटा दिया था।  इसके बावजूद इस लिस्ट में कुछ ऐसे नाम थे, जिनकी शादी की चिंता उनके माता  पिता  से अधिक फिल्म मॅगज़ीन्स और बॉलीवुड के चाहने वालों को होनी ही थी। इन अभिनेत्रियों में प्रियंका चोपड़ा, बिपाशा बासु, सोहा अली खान, प्रीटी जिंटा, अमृता राव, अमीषा पटेल, नेहा धूपिया, राइमा सेन, तनीषा मुख़र्जी, सुष्मिता सेन, उर्मिला मातोंडकर और तब्बू के नाम शामिल है।  आइये, पहले जानते हैं इन अभिनेत्रियों की वैवाहिक स्थिति और संबंधों के बारे में-
सोहा अली खान- थर्टी प्लस की अविवाहित अभिनेत्रियों की खबर अखबार में छपने के बाद सबसे पहले शादी की खुशखबर सुनाने वाली अभिनेत्री सोहा अली खान थी। उन्होंने २५ जनवरी २०१५  को अपने लम्बे समय से बॉय फ्रेंड कुणाल खेमू को अपना पति बना लिया।  शादी के वक़्त वह घायल वन्स अगेन में काम कर रही थी।  सनी देओल के साथ उनकी यह फिल्म इस साल ५ फरवरी को रिलीज़ हुई है।
अमृता राव- सोहा अली खान के बाद शादी करने वाली अभिनेत्री थी शाहरुख़ खान और ज़ायद खान के साथ फराह खान की फिल्म हैप्पी न्यू ईयर करने वाली अमृता राव। अमृता राव का स्क्रीन डेब्यू आर्य बब्बर के साथ २००२ में रिलीज़ फिल्म 'अब के बरस' से हुआ था।  अमृता राव के बारे में खबर थी कि  उन्होंने ४ फरवरी २०१५ को आरजे अनमोल के साथ गुपचुप शादी कर ली।  हालाँकि, इस दौरान उनके द लीजेंड ऑफ़ कुणाल और सत्संग जैसी फिल्मे करने की खबरे भी गर्म थी।
मिनिषा लाम्बा- हालाँकि, मुंबई के अख़बार ने मिनिषा लाम्बा  का नाम नहीं शामिल किया था।  लेकिन, अख़बार की खबर पर शादी करने वाली तीसरी अभिनेत्री मिनिषा लाम्बा ही थी।  उन्होंने मुंबई में रेस्टोरेंट चलाने वाले रयान थामस के साथ ६ जुलाई को शादी कर ली।  रयान बिग बॉस में मिनिषा के साथी प्रतिभागी थे।  उनका कुछ समय से रोमांस सुर्ख हो रहा था।  शादी के वक़्त मिनिषा लाम्बा हिंदी फिल्मों में असफलता के बाद पंजाबी फ़िल्में करके अपना दिल बहला रही थी।
प्रीटी जिंटा ने सोचा भी न था- तीनों खान अभिनेताओं के साथ फ़िल्में करने वाली अभिनेत्री प्रीटी जिंटा ने सपने में भी नहीं सोचा होगा कि उनकी शादी की खबर इतनी फीकी साबित होगी। लेकिन, खुद को नायिका बना कर २०१३ मे फिल्म इश्क़ इन पेरिस बनाने वाली प्रीटी जिंटा को दर्शकों से इतने फीके रिस्पांस की उम्मीद नहीं थी ।  ऐसे में इश्क़ इन पेरिस की असफलता के बाद प्रीटी जिंटा के लिए शादी ही एक रास्ता बच गई थी।  सो उन्होंने एक अमेरिकन कॉर्पोरेट जीन गुडएनफ के साथ २९ फरवरी २०१६ को लॉस एंजेल्स में शादी कर ली। प्रीटी जिंटा वाडिया-सन के बाद जीन के साथ लम्बे समय से डेटिंग कर रही थी।
उर्मिला  मातोंडकर- कभी उर्मिला मातोंडकर ने रामगोपाल वर्मा के निर्देशन में मस्त फिल्म करके मस्तानी और रंगीला करके रंगीली एक्ट्रेस की उपाधि पाई थी। उन्होंने सत्या में  विद्या के किरदार में जान भर दी थी।  लेकिन, उनका करियर बड़ी ऊंचाइयों को तय नहीं कर पाया।  उनकी आखिरी फिल्म संजय दत्त के साथ 'ईएमआई' २००८ में रिलीज़ हुई थी।  इसके बाद उनके लिए शादी ही एकमात्र रास्ता था। जिसे ४२ साल की उर्मिला मातोंडकर ने कश्मीर के एक व्यवसाई और मॉडल मोहसिन अख़्तर मीर के साथ ३ मार्च २०१६ को शादी कर तय कर लिया।
अमीषा पटेल- कभी अमीषा पटेल ने कहो न प्यार है, ग़दर एक प्रेमकथा और हमराज़ जैसी फिल्मों से बॉलीवुड की टॉप की अभिनेत्रियों को चुनौती पेश की थी।  लगता था कि वह लम्बे समय तक फिल्मकाश पर छाई रहेंगी।  लेकिन, वह अपने रियल लाइफ रोमांस में कुछ इतना बिजी हुई कि अपने करियर को ही भूल गई।  बतौर नायिका उनकी आखिरी फिल्म चतुर सिंह टू स्टार २०११ में रिलीज़ हुई थी।  इसके बाद उनकी भैयाजी सुपरहिट, रन भोला रन और देसी मैजिक जैसी फिल्मों की चर्चा ही सुनने को मिली।  लेकिन, इन फिल्मों से ज़्यादा उन्हें सुर्खियां मिली कुणाल घूमर के साथ अपने रोमांस और शादी की खबरों के कारण।  अब वक़्त बताएगा कि अमीषा पटेल शादी का सुर्ख जोड़ा कब तक पहनती हैं।  अमीषा पटेल इसी ९ जून को ४१ साल की हो जाएंगी।
तनीषा कपूर - रानी मुख़र्जी तो शादी कर एक बच्ची की माँ भी बन गई हैं।  लेकिन, उनकी छोटी बहन और ३८ साल की असफल फिल्म अभिनेत्री तनीषा कपूर अभी तय नहीं कर पाई हैं कि वह कब और किससे शादी करेंगी।  हालाँकि, उनके बिग बॉस में उनके प्रतिद्वंदी और प्रेमी के रूप में उभरे अरमान कोहली से रोमांस की खबरे शादी तक पहुँचाने से पहले ही ख़त्म हो गई।  अब देखने वाली बात होगी कि तनीषा अपनी बड़ी बहन रानी मुख़र्जी की तरह इटली में शादी करती हैं  या उर्मिला की तरह चुपचाप मुंबई या कलकत्ता में !
नेहा धूपिया- नेहा धूपिया ने कभी जूली, सिसकियाँ, क्या कूल हों हम और शीशा जैसी फिल्मों से साबित कर दिया था कि बॉक्स ऑफिस पर सेक्स बिकता है।  लेकिन, जैसे ही दर्शकों के सर से अर्धनग्न नायिका और कामुक सेक्स अपील  का बुखार उतरा नेहा धूपिया बाहर हो गई।  उन्होंने, सिंह इज़ किंग जैसी फिल्मों से अपनी इमेज बदलने की कोशिश की, लेकिन दर्शकों को जूली का यहाँ बदला रूप रास नहीं आया।  वह कभी स्क्वाश खिलाड़ी ऋत्विक भट्टाचार्य  तो  कभी किसी विदेशी जेम्स सीलवेस्टर के  साथ जोड़ी जमाती नज़र आती।  २०१४ में उनकी आखिरी फिल्म ऊँगली रिलीज़ हुई थी।  ऐसे में दर्शकों को भी इस ३६ साल की अभिनेत्री की शादी की खुशखबरी सुनने की उत्सुकता है।
राइमा सेन- गॉड मदर और दमन से अपने अभिनय लोहा मनवाने वाली  राइमा सेन कमर्शियल हिंदी फिल्मों में असफल साबित हुई हैं।  हालाँकि, उन्होंने दस, हनीमून ट्रेवल्स प्राइवेट लिमिटेड्, परिणीता और एकलव्य द रॉयल गार्ड जैसी कमर्शियल फ़िल्में की।  इसीलिए, अब सुचित्रा सेन के प्रशंसकों को उनकी ३७ साल की नातिन राइमा सेन की शादी की चिंता सताने लगी है।  लेकिन, राइमा है कि कभी  ट्विटर पर अपनी सगाई के चित्र डालने के बाद उन्हें मज़ाक साबित करने का मज़ा ले रही हैं।
बिपाशा बासु- सचमुच! सेक्स बम  बिपाशा बासु की शादी की चिंता किसे नहीं होगी।  जब उन्होंने अपने फिल्म जिस्म के को-स्टार जॉन अब्राहम के साथ रोमांस जमाया था, तब लोगों को लगा था कि यह बंगाली बाला ठीक समय पर मिसेज अब्राहम बन जाएगी।  लेकिन, दस साल बाद यह रिश्ता टूट गया।  २०१४ में उन्होंने हरमन बवेजा के साथ अपने रिलेशन को उजागर किया।  लेकिन, जल्द ही यह रिश्ता भी टूट गया।  अब उनके फिल्म अलोन में अपने हीरो करण सिंह ग्रोवर से रोमांस और शादी की खबरे सुर्ख हो रही हैं।  लेकिन, दर्शक अब इस ३७ साल की सेक्स सिंबल की शादी की फोटो देखने को बेताब है।
तब्बू- थर्टी प्लस की अविवाहित अभिनेत्रियों के जत्थे में ४५ साल की तब्बू ही अपवाद है, जिसके रोमांस की खबरें लम्बे समय से नहीं सुनी गई।  वह हैदर, दृश्यम और फितूर जैसी फिल्मों से दर्शकों को चौंका रही है।  वैसे अगर तब्बू शादी कर भी लेगी तो उसके करियर को कोई नुकसान नहीं होने जा रहा।
प्रियंका चोपड़ा- ऐसे में जबकि दर्शकों को थर्टी प्लस की तमाम अभिनेत्रियों की शादी की चिंता है, कोई भी नहीं चाहेगा कि प्रियंका चोपड़ा शादी करें। मैरी कॉम और बाजीराव मस्तानी के बाद प्रियंका चोपड़ा क्वांटिको करके अन्तर्राष्टीय हस्ती बन गई है।  वह बेवॉच का हॉलीवुड फिल्म रीमेक कर रही हैं।  इसी  २८  जुलाई को प्रियंका चोपड़ा ३४ साल की हो जाएंगी, लेकिन हिंदी फिल्म दर्शकों को उनकी शादी नहीं, उनकी जय  गंगाजल जैसी फिल्मों का इंतज़ार है।
शादी नहीं करेगी सुष्मिता सेन- रील लाइफ में गर्मागर्म रोमांस करने वाली सुष्मिता सेन के रियल लाइफ रोमांस चर्चित ज़रूर हुए, लेकिन रणदीप हूडा तक वह शादी की दहलीज़ तक नहीं पहुँच सके।  पाकिस्तानी क्रिकेटर से उनका रोमांस सबसे ज़्यादा गर्म था।  लेकिन, फिलहाल वह शादी के बजाय अपनी दत्तक पुत्रियों की शादी की चिंता करना  चाहेंगी।
हॉलीवुड से विपरीत बॉलीवुड में थर्टी प्लस की अभिनेत्री बूढी मान ली जाती है। ऐसे में उनके करियर में कुछ ख़ास नहीं रह जाता।  नए और ताज़ा चेहरे दर्शकों को ज़्यादा  अपील करते हैं।  ऐसे में ज़्यादातर थर्टी प्लस अभिनेत्रियां बेकार हो जाती हैं।  ज़ाहिर है कि घर बैठी लड़की की चिंता किसे न हो।  अख़बारों को भी होती है।  और अख़बारों की सुर्खियां बनती हैं - कब रियल लाइफ गठबंधन में बंधेंगी  फिल्म एक्ट्रेस।

राजेंद्र कांडपाल

No comments:

Post a Comment