Wednesday 12 April 2017

बेगम जान की बेगम और उनकी १० जानें

श्रीजीत मुख़र्जी की कहानी और कौसर मुनीर के साथ पटकथा पर १४ अप्रैल को रिलीज़ होने जा रही फिल्म बेगम जान देश विभाजन के दौर में कलकत्ता के एक वैश्यालय की ११ वैश्याओं की कहानी है, जिनके कोठे को भारत और पाकिस्तान में विभाजित होना है। लखनऊ तथा दूसरे शहरों से लाई गई यह वैश्याएँ अपना कोठा बचाने के लिए बेगम जान के नेतृत्व में किस प्रकार संघर्ष करती हैं, बेगम जान का कथ्य इसी पर केन्द्रित है।  इस फिल्म में विद्या बालन केन्द्रीय भूमिका में हैं।  लेकिन, कहानी की  दृष्टि से दूसरे किरदार भी काफी महत्वपूर्ण हैं।  दिलचस्प तथ्य यह है कि इस फिल्म की ११ अभिनेत्रियों के लिए बेगम जान ख़ास है।  इन अभिनेत्रियों को एक हिट फिल्म की दरकार है।  यह फिल्म सफल होगी तो इन अभिनेत्रियों की ओर बॉलीवुड का ध्यान जायेगा।  आइए जानते हैं इन अभिनेत्रियों के बारे में -
विद्या बालन- ज़ीटीवी के शो हम पांच (१९९५) की राधिका माथुर के किरदार से मशहूर विद्या बालन ने प्रदीप सरकार के निर्देशन में फिल्म परिणिता (२००५) की ललिता के किरदार से फिल्म डेब्यू किया था। इस फिल्म के बाद से विद्या बालन लगे रहो मुन्नाभाई, भूल भुलैया, गुरु और किस्मत कनेक्शन फिल्मों से दर्शकों को अपनी अभिनय प्रतिभा से परिचित कराती रही।  लेकिन, उन्हें बॉक्स ऑफिस पर विश्वसनीय माना जाने लगा फिल्म पा, इश्क़िया, नो वन किल्ड जेसिका, डर्टी पिक्चर और कहानी से।  यह फ़िल्में २०१० और २०१२ के बीच रिलीज़ हुई।  मगर उसके बाद विद्या बालन की घनचक्कर, शादी के साइड इफेक्ट्स, बॉबी जासूस और हमारी अधूरी कहानी जैसी फ़िल्में असफल हो गई।  अमिताभ बच्चन और नवाज़ुद्दीन सिद्दीक़ी के साथ फिल्म टी3एन और कहानी २ भी कुछ खास नहीं कर सकी।  इसलिए विद्या बालन के लिए बेगम जान बेहद महत्वपूर्ण है।  इस फिल्म की सफलता या असफलता का सीधा प्रभाव विद्या बालन पर पड़ेगा।
इला अरुण- विद्या बालन की बेगम जान के बाद फिल्म में अम्मा का किरदार ख़ास है।  इस किरदार को वरिष्ठ अभिनेत्री और हरफनमौला प्रतिभा वाली अभिनेत्री इला अरुण कर रही हैं।  बताते हैं कि इस किरदार के लिए इला अरुण का नाम विद्या बालन ने ही सुझाया था।  बेगम जान को कहानी के लिहाज़ से मोटे तौर पर श्याम बेनेगल की फिल्म मंडी का रीमेक कहा जा सकता है।  दिलचस्प तथ्य यह है कि इला अरुण का हिंदी फिल्म डेब्यू मंडी में छोटी भूमिका से  ही हुआ था।  वह कोई तीन साल बाद बड़े परदे पर नज़र आएंगी।  उनकी  शादी के साइड इफेक्ट्स (२०१४) विद्या बालन के साथ ही थी।
गौहर खान - एक्टिंग करियर के लिहाज़ से गौहर खान को टेलीविज़न पर रियलिटी शो और बड़े परदे पर कैमिया अपीयरेंस करने वाली गौहर कहा जा सकता है।  उन्होंने ज़्यादातर हिंदी फिल्मों में छोटी भूमिकाएं ही की।  उन्हें आइटम गर्ल कहना भी ठीक होगा।  बेगम जान में वह रुबीना का किरदार कर रही हैं।  सूत्र बताते हैं कि गौहर खान भी विद्या बालन का सुझाव हैं।  गौहर खान को उम्मीद है कि दर्शक फिल्म में उनके काम को पसंद करेंगे।  पल्लवी शारदा- फिल्म  बेशरम में रणबीर कपूर की नायिका पल्लवी शारदा बेगम जान में गुलाबो का किरदार कर रही हैं।  पल्लवी शारदा के लिए बेगम जान की सफलता बेहद ज़रूरी है।  क्योंकि, वह अब तक हवाईजादा कोई आधा दर्जन असफल फिल्मों में अभिनय कर चुकी है।  उन्हें वैसे ही फ़िल्में मिलना बंद हो गई हैं।  बेगम जान के बाद उनके लिए सारे रास्ते बंद हो जाएँगे।
प्रियंका सेतिया - रंगमंच की कलाकार प्रियंका सेतिया की पिछली हिंदी फिल्म हवाईज़ादा थी।  आयुष्मान खुराना अभिनीत इस फिल्म में प्रियंका ने पल्लवी शारदा के साथ स्क्रीन शेयर की थी।  बेगम जान में पल्लवी शारदा  और प्रियंका सेतिया फिर एक साथ होंगी।  इस फिल्म में प्रियंका ने जमीला का किरदार किया है।
रिद्धिमा तिवारी- टीवी सीरियल दो दिल एक  जान की रसिका और ससुराल गेंदा फूल की दिशा बेगम जान में अम्बा का किरदार कर रही हैं।  आजकल  उनका एक शो गुलाम लाइफ ओके पर दिखाया जा रहा है।  इसमें वह वीर की बहन मालदेवाली का किरदार कर रही हैं।
फ़्लोरा सैनी- दर्शकों को याद होगी २००४ में रिलीज़ फिल्म लव इन नेपाल।  इस फिल्म से गायक सोनू निगम डेब्यू कर रहे थे।  फिल्म फ्लॉप हुई।  इसके साथ ही फिल्म में उनकी नायिका फ़्लोरा सैनी भी फ्लॉप हो गई।  तमिल और तेलुगु फिल्मों में आशा सैनी के नाम से सक्रिय फ़्लोरा सैनी ने हिंदी फिल्मों में छोटी मोटी भूमिकाएं ही की।  अब वह बेगम जान की मैना के रूप में दर्शकों के सामने होंगी।  क्या फ़्लोरा का मैना बन कर वनवास १४ साल बाद ख़त्म होगा ?
रविजा चौहान - हिमांचल की रविजा चौहान ने मिनी टीवी सीरीज में काम किया था। बेगम जान थिएटर से स्नातक रविजा की पहली फिल्म है।  रविजा अभी सिर्फ २५ साल की हैं।  इसलिये, बेगम जान की लता का उनका किरदार उन्हें दर्शकों की निगाह में चढ़ा सकता है।
पूनम राजपूत- बेगम जान के सबसे युवा किरदार रानी की अभिनेत्री पूनम राजपूत हिमाचल के कांगड़ा जिले के चढियार गांव से हैं।  साधारण परिवार से पूनम को एक्टिंग का बचपन से ही शौक था।  चंडीगढ़ से एमबीए करने के बाद पूनम ने मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखा।  वह एक पंजाबी फिल्म व्हाट द जट्ट में नायिका का किरदार कर चुकी हैं।
मिष्टी चक्रवर्ती उर्फ़ मिष्टी - दर्शकों को याद होगी सुभाष है की फ्लॉप फिल्म कांची द अनब्रेकेबल (२०१४)  की। इस फिल्म की कांची का किरदार मिष्टी चक्रवर्ती ने ही किया था।  बांगला और दक्षिण की फिल्मों में सक्रिय मिष्टी ने ग्रेट ग्रैंड मस्ती में रेखा मीत   मेहता की भूमिका की थी।  बेगम जान उनकी तीसरी हिंदी फिल्म होगी। इस फिल्म में वह शबनम का किरदार कर रही  हैं।
ग्रेसी गोस्वामी- बड़ोदा गुजरात की १३ साल की अभिनेत्री ग्रेसी गोस्वामी ने बालिका वधु जैसा सीरियल और कई रियलिटी शो किये हैं।  बेगम जान में वह बाल वैश्या लाडली का किरदार कर रही हैं।








No comments:

Post a Comment