Tuesday 7 August 2018

क्या सलमान खान साबित होंगे चीन में सुल्तान ?

चीनी बाजार के लिए सुल्तान का पोस्टर 
सलमान खान और अनुष्का शर्मा की फिल्म सुलतान अब चीन में रिलीज़ होने जा रही है।

एक पहलवान द्वारा अपनी पसंदीदा लड़की पत्नी के रूप में पाने के लिए कुश्ती अखाड़े में उतरने और फिर कुश्ती का गोल्ड जीतने की इस कहानी को हिंदुस्तान में बढ़िया सफलता मिली थी।

सुल्तान ने, ३०० करोड़ क्लब में प्रवेश पाया था।

अब इस फिल्म को, ३१ अगस्त को चीन में बड़े पैमाने पर रिलीज़ किया जा रहा है।

यशराज फिल्म्स और चीन के ई स्टार्स चाइना द्वारा सुलतान को ११ हजार स्क्रीन के साथ रिलीज़ किया जा रहा है। ई स्टार्स का इरादा चीन में सुल्तान के प्रति दिन ४० हजार शो कराने का है। 

सलमान खान की कबीर खान निर्देशित फिल्म बजरंगी भाईजान को चीन में बढ़िया सफलता मिली थी। क्या ऐसी सफलता अली अब्बास ज़फर निर्देशित सुलतान को भी मिलेगी ?

अली अब्बास ज़फर कहते हैं, “भारतीय फिल्मों के लिहाज़ से चीनी बाज़ार तेज़ी से ग्रो कर रहा है।  चीनी दर्शक हर भारतीय फिल्म को अलग नज़रिए से देखता है। मैं उत्सुक हूँ कि चीनी दर्शक सुल्तान का कैसा स्वागत करते हैं!”

चीन का युवा दर्शक अपने पडोसी मुल्क भारत की आर्थिक सफलता से प्रभावित है।

वह आम भारतीयों की समस्या को जानना समझना चाहता है। वह भारत की आम आदमी के संघर्ष की कहानी वाले फिल्मों को स्वीकार करता है।  इसमें वह खुद को देखता है।

आमिर खान की फिल्म सीक्रेट सुपरस्टार और इरफ़ान खान की फिल्म हिंदी मीडियम की सफलता के पीछे आम आदमी की कहानी थी।

इस लिहाज़ से, सुल्तान एक व्यक्ति द्वारा कुश्ती का स्वर्ण जीतने की कहानी, चीनी दर्शकों को प्रभावित कर सकती है।

लेकिन, यहाँ पेंच सिर्फ यह है कि आमिर खान की दंगल भी इसी विषय पर थी। लेकिन दंगल स्त्री सशक्तता के लिहाज़ से ख़ास थी।

सुल्तान में ऐसी किसी ठोस कहानी का अभाव है।

बहरहाल चीनी दर्शकों का फैसला जानने के लिए ३१ अगस्त की प्रतीक्षा तो करनी ही होगी .  


बागी टाइगर के लिए नायिका की तलाश ! - क्लिक करें 

No comments:

Post a Comment