Saturday 9 March 2019

पोस्टरों से जानिये कलंक के किरदारों को

करण जौहर का १५ साल से देखा जा रहा सपना अब साकार होने जा रहा है।  बॉलीवुड के कुछ टॉप सितारों से सजी, पीरियड ड्रामा फिल्म कलंक अप्रैल में रिलीज़ होने जा रही है।  इस फिल्म को अभिषेक वर्मन ने लिखा और निर्देशित किया है।  फिल्म में, मुख्य भूमिका में संजय दत्त, माधुरी दीक्षित, वरुण धवन, आलिया भट्ट, सोनाक्षी सिन्हा और आदित्य रॉय कपूर हैं।


फिल्म कलंक को लेकर दर्शकों में उत्सुकता को देखते हुए फिल्म के निर्माताओं ने इस फिल्म के करैक्टर पोस्ट रिलीज़ किये हैं।  सोशल मीडिया पर इन पोस्टरों के साथ, फिल्म में किस सितारे ने क्या भूमिका की है और उस करैक्टर की खासियत बयान की गई है।  अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर फिल्म के तीन प्रमुख महिला चरित्रों के पोस्ट रिलीज़ हुए हैं।  इससे पहले फिल्म के पुरुष चरित्रों के पोस्टर रिलीज़ किये गये थे।


फिल्म कलंक में माधुरी दीक्षित ने बहार बेगम की भूमिका की है। यह चरित्र आत्मसम्मानी और स्वतंत्र है।  इस चरित्र की खासियत बताई गई है कि बहार बेगम किसी की छाया में चलने के बजाय अकेले ही अंधेरों में चलना पसंद करती है।  


सोनाक्षी सिन्हा का चरित्र सत्या एक सूंदर, सुघड़, समझदार और चतुर लड़की का है। यह बलिदानी चरित्र है, जो अपने परिवार को बचाने के लिए कुछ भी कर सकती है। यह देव चौधरी से विवाहित है। परंपरागत भारतीय नारी का चित्रण करने वाला है सोनाक्षी सिन्हा का चरित्र सत्या चौधरी का।


आलिया भट्ट ने फिल्म कलंक में रूप की भूमिका की है। यह चरित्र, रियल आलिया भट्ट है। यह चरित्र प्यार करने वाला और प्यार के लिए समर्पित चरित्र है।  फिल्म के पोस्टर में वह, दुल्हन के रूप में नज़र आती है।  उनका चेहरा चुनरी से काफी ढका हुआ है। इसलिए यह चरित्र परंपरागत लगता है।


फिल्म कलंक१९४० के दशक के एक परिवार और उसके सदस्यों की इर्दगिर्द घूमती है।  इस फिल्म के परिवार का मुखिया संजय दत्त है।  फिल्म में उनका नाम बलराज चौधरी है।  संयोग की बात है कि संजय दत्त के पिता सुनील दत्त का वास्तविक नाम बलराज ही था। कलंक का बलराज एक सख्त किस्म का इंसान है, जो परम्पराओं से बंधा हुआ है। वह दृढ निश्चयी है।


वरुण धवन का ज़फर दिलचस्प लगता है।  यह योद्धा किस्म का नज़र आता है। उसे  खतरों से खेलना और ज़िन्दगी को खतरे में डालना पसंद है। पोस्टर में, वरुण धवन की आँखों में काजल की लकीर है। उन्हें बालिया पाहन रखी हैं। बाल लम्बे और चेहरे पर दाढ़ी है।  पोस्टर से यह करैक्टर दिलचस्प लगता है।


आदित्य रॉय कपूर ने फिल्म कलंक में देव चौधरी की भूमिका की है, जो संजय दत्त के किरदार बलराज का बेटा है। वह सत्या से विवाहित है। इस करैक्टर को काफी तेज़ दिमाग और कोमल बताया गया है।

इंटरनेशनल विमेंस डे पर 'बाज़ार' में माधुरी दीक्षित, आलिया भट्ट और सोनाक्षी सिन्हा !- क्लिक करें 

No comments:

Post a Comment