Sunday 26 September 2021

बॉलीवुड सुपर सितारे, भिन्न मूड की फ़िल्में

क्या दर्शक नई फिल्मों की  प्रतीक्षा कर रहे हैं ? अभी यह कहना जल्दबाजी होगी।  अक्षय कुमार की फिल्म बेल बॉटम की रिलीज़ के बाद, क्या बड़ी  फिल्मों  को प्रदर्शित किये जाने का समय आ गया है ? अभी यह कहना भी जल्दबाज़ी होगी।  क्योंकि, बड़े बजट की फिल्म को मिलने वाले दर्शकों के प्यार से बहुत कम प्यार अक्षय कुमार की फिल्म को मिला है।  अभी महाराष्ट्र के सिनेमाघर बंद पड़े हैं।  शेष भारत के सिनेमाघरों में बेल बॉटम ने ऐसा व्यवसाय नहीं किया है कि बड़ी फ़िल्में प्रदर्शित होने की होड़ लगाएं।  यानि अगर महाराष्ट्र नहीं  खुलेगा तो शेष भारत के सिनेमाघरों के बूते पर नई और बड़े बजट की फ़िल्में प्रदर्शित होने का जोश नहीं दिखाएंगी।


अक्टूबर होगा ख़ास - ऐसा प्रतीत होता है कि फिल्म उद्योग अक्टूबर की प्रतीक्षा कर रहा है।  भविष्यवाणी है कि भारत में कोरोना पीक पर होगा।  इस बीमारी की मारक क्षमता भी बहुत तीव्र होगी। राज्य सरकारों की साँसे अटकी हुई है कि क्या उनके राज्य में कोरोना अनियंत्रित तो नहीं होगा! यही शंका उन्हें सिनेमाघर  खोलने का साहस नहीं दे पा रही है।  हालाँकि, फिल्म उद्योग चाहता है कि महाराष्ट्र में भी सिनेमाघर खुलें, क्योंकि देश के दूसरे राज्यों में यह खुल गए हैं। परन्तु सिनेमाघर तभी खुल सकेंगे, जब अक्टूबर में कोरोना नियंत्रित रहेगा।  महाराष्ट्र सरकार भी सिनेमाघर खोलने के लिए तभी उत्साहित होगी, जब अक्टूबर में कोरोना  अनियंत्रित नहीं होगा। इसके लिए निगाहें  खुले सिनेमाघरों वाले दूसरे राज्यों पर होगी।  अगर वहां, कोरोना की महामारी नहीं फूटी तो संभव है कि महाराष्ट्र में  सिनेमाघरों को भी छूट दे दी जाए।


नवम्बर में पृथ्वीराज या जर्सी - अगर, अक्टूबर में सब कुछ सामान्य रहता है तो  अक्टूबर में तो कोई बड़ी फिल्म रिलीज़ नहीं होगी।  रश्मि राकेट और भवाई जैसी कम बजट और छोटे सितारों वाले फ़िल्में जरूर प्रदर्शित हो सकेंगी।  अभी यह चर्चा है कि नवंबर में अक्षय  कुमार की पृथ्वीराज, शाहिद कपूर की जर्सी और कार्तिक आर्यन की भूल भुलैया २ प्रदर्शित हो।  परन्तु, यह सब किन्तु परन्तु पर ही निर्भर है।  फिर भी दर्शकों को  प्रतीक्षा है अपने प्रिय अभिनेता या अभिनेत्री की फ़िल्में रिलीज़ होने की ।  इनमे से बहुत सी फिल्मे पूर्ण भी हो चुकी है या उनका पोस्ट प्रोडक्शन का काम ही शेष है।दर्शकों को क्यों इतनी बेसब्री से इंतज़ार है ऎसी तमाम फिल्मों का कारण सुस्पष्ट हैं।


अक्षय कुमार की एक्शन फिल्म - हालाँकि, अक्षय कुमार की दो फ़िल्में लक्ष्मी और बेल बॉटम कोरोना के दौर में ही रिलीज़ हो चुकी है।  कोरोना का प्रकोप थमा तो दर्शकों को अक्षय की फिल्म पृथ्वीराज देखने का अवसर मिलेगा।  दर्शक देखना चाहेंगे कि उनका पसंदीदा अभिनेता ऐतिहासिक चरित्र पृथ्वीराज चौहान को परदे पर किस स्वभाविकता से निबाहा है। उनकी बच्चन पांडेय और सूर्यवंशी एक्शन फिल्म है। बच्चन पांडे वह उत्तर भारत के एक गैंगस्टर की भूमिका कर रहे हैं। यह अक्षय की विशुद्ध एक्शन फिल्म होगी। 


आमिर खान की ड्रामा फिल्म- आमिर खान की पिछली फिल्म ठग्स ऑफ़ हिंदुस्तान २०१८ में प्रदर्शित हुई थी।  इस प्रकार से आमिर खान की पिछले तीन सालों  में कोई फिल्म प्रदर्शित नहीं हुई है।  ठग्स ऑफ़ हिंदुस्तान ब्रितानी दौर के  समुद्री डाकुओं से टकराव की पीरियड एक्शन फिल्म थी।  अब आमिर खान की जो फिल्म  प्रदर्शित होगी वह पीरियड ड्रामा फिल्म होगी।  अद्वैत चन्दन निर्देशित फिल्म लाल सिंह चड्डा एक सिख चरित्र की तीन दशक लम्बी यात्रा की कहानी होगी।  इस चरित्र को आमिर खान कर रहे हैं।  हॉलीवुड फिल्म फारेस्ट गंप की रीमेक फिल्म लाल सिंह चड्डा में कमज़ोर मस्तिष्क के आमिर खान की मित्र और रोमांस करीना कपूर खान बनी है। आमिर खान के प्रशंसकों को इस फिल्म की प्रतीक्षा है।


सलमान खान की टाइगर ट्राइलॉजी - आमिर खान की तरह सलमान खान की सिनेमाघरों में प्रदर्शित पिछली फिल्म दबंग ३ (२०१९) थी।  हालाँकिइसी  साल सलमान खान की फिल्म राधे योर मोस्ट वांटेड भाई प्रदर्शित हुई थी।   लेकिन, यह फिल्म पूरी तरह से सिनेमाघरों में प्रदर्शित नहीं हो पाई थी।  अधिक दर्शकों ने इसे ज़ी५ पर स्ट्रीम होने के दौरान देखा।  इस  समय सलमान खान की टाइगर ट्राइलॉजी फिल्म टाइगर ३ की दर्शकों को प्रतीक्षा है।  इस फिल्म में सलमान खान तीसरी बार  पाकिस्तानी एजेंट कैटरीना कैफ के साथ रॉ एजेंट टाइगर की  भूमिका में दिखाई देंगे। सलमान खान फिल्म अंतिम  द फाइनल ट्रुथ, लाल सिंह चड्डा और पठान में एक्सटेन्डेक्स कैमिया या कैमिया में दिखाई देंगे। 


फुटबॉल कोच अजय देवगन - २०२० में फिल्म तानाजी द अनसंग वारियर में ऐतिहासिक चरित्र तानाजी मलुशरे की भूमिका से प्रतिष्ठा बटोर चुके  अजय देवगन की फिल्म भुज द प्राइड ऑफ़ इंडिया को  डिजिटल माध्यम पर बहुत पसंद नहीं किया गया।  इसलिए अब दर्शकों को उनकी फुटबॉल कोच की भूमिका वाली फिल्म मैदान की प्रतीक्षा है।  यह स्पोर्ट्स पीरियड ड्रामा फिल्म है।  इस फिल्म के अतिरिक्त अजय देवगन को सूर्यवंशी, गंगूबाई काठियावाड़ी और आरआरआर में मेहमान भूमिका में देखा जा सकेगा।


शाहरुख़ खान का एक्शन अवतार - २०१८ में पहले दीवाली वीकेंड पर आमिर खान की फिल्म ठग्स ऑफ़ हिंदुस्तान बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिरी थी। इसके बाद, क्रिसमस  वीकेंड पर शाहरुख़ खान की फिल्म जीरो  भी गड्ढे मे जा गिरी।  जीरो की असफलता से सहम गए शाहरुख़ खान की दूसरी फिल्म  की घोषणा होने घोषणा होने में ही दो साल लग गए। इसके बाद उनकी दो तीन फिल्मों की घोषणा हुई।  इनमे मनीष शर्मा की एक्शन फिल्म पठान लगभग पूरी होने को है।  इस एक्शन फिल्म में खान दोहरी भूमिका में है।  इस फिल्म के अलावा शाहरुख़ खान को राकेट्री द नम्बि इफ़ेक्ट में कैमिया, ब्रह्मास्त्र में विस्तारित कैमिया तथा लाल सिंह चड्डा में ख़ास भूमिका में देखा जा सकेगा।


सुपरहीरो रणबीर कपूर - जहाँ २०१८ में शाहरुख़ खान और आमिर खान असफल हुये थे, वही २०१८ में रणबीर कपूर की कॉमेडी ड्रामा बायोपिक फिल्म संजू  प्रदर्शित हुई थी।  संजय दत्त के जीवन पर फिल्म संजू को बड़ी  सफलता मिली थी।  लेकिन, इसके बावजूद रणबीर कपूर की दूसरी फिल्म आज तीन साल बाद भी प्रदर्शित नहीं हो सकी हैं।  हालाँकि, रणबीर कपूर की  फंतासी फिल्म ब्रह्मास्त्र और एक्शन शमशेरा के पूरी हो जाने का समाचार है। लेकिन यह दोनों  फ़िल्में अगले साल प्रदर्शित होंगी। ऐसा पहली बार होगा, जब शमशेरा में रणबीर कपूर एक डाकू के रूप में एक्शन कर रहे होंगे।


क्रिकेटर रणवीर सिंह - रणवीर सिंह की पिछली  फिल्म गली बॉय  थी, जो २०१९ में प्रदर्शित हुई थी।  इस फिल्म में रणवीर सिंह के रैपर की भूमिका में थे।  अब रणवीर सिंह, '८३ में क्रिकेटर कपिल देव की भूमिका मे  दिखाई देंगे।  इसके अलावा वह कॉमेडी फिल्म जयेश भाई जोरदार में एक गुजराती चरित्र कर रहे हैं।  फिल्म सर्कस भी कॉमेडी फिल्म है।


एक्शन फिल्मों के टाइगर - बागी ३ में धुंआधार एक्शन करने  वाले टाइगर श्रॉफ अब एक्शन के टाइगर बन गए हैं।  उनकी दो आगामी फ़िल्में गणपत और हीरोपंथी २ में एक्शन फ़िल्में हैं।


दक्षिण से यह भी - दक्षिण की तेलुगु फिल्मों के स्टाइलिस्ट एक्टर अल्लू अर्जुन की एक्शन कॉमेडी पुष्पा द फर्स्ट चैप्टर, कन्नड़ फिल्म एक्टर यश की पहली अखिल  भारतीय फिल्म केजीएफ चैप्टर २प्रभास की  रोमांस फिल्म राधे श्याम, पौराणिक फिल्म आदिपुरुष और एक्शन फिल्म सालार की पूरे देश के दर्शकों को प्रतीक्षा है।  क्योंकि, यह फिल्म उन्ही की भाषा यानि हिंदी के अलावा तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम में प्रदर्शित होगी।  

 

No comments:

Post a Comment