Thursday 30 September 2021

क्या Friday Zinx तोड़ पायेगी #AliaBhatt की #GangubaiKathiawadi

 


संजय लीला भंसाली निर्देशित फिल्म गंगूबाई काठियावाड़ी अगले साल ६ जनवरी २०२२ को प्रदर्शित होगी।  इस फिल्म में अभिनेत्री आलिया भट्ट, शीर्षक भूमिका यानि गंगूबाई की  भूमिका कर रही है।  यह फिल्म मुंबई के रेड लाइट एरिया कमाठीपुरा की बाई गंगूबाई के  जीवन पर आधारित है।  १९६० के दशक में गंगूबाई, कमाठीपुरा के कोठे को चलाती थी। इसलिए उन्हें गंगूबाई कोठेवाली कहा जाता था।  लेकिन, भंसाली ने इसे काठियावाड़ी कहा है।

 

एक प्रकार से गंगूबाई काठियावाड़ी, २०२२ की पहली फिल्म बनने जा रही है।  यह एक साहसिक फैसला लगता है।  क्योंकि, बॉलीवुड फिल्म  इंडस्ट्री पहले शुक्रवार की मनहूसियत का साया पड़ा है। फिल्म निर्माताओं में यह अन्धविश्वास है कि किसी साल के पहले शुक्रवार को प्रदर्शित होने वाली फिल्म बुरी तरह से असफल होती है।  अनिल  कपूर की बुलंदी और आमिर खान की फिल्म मेला की असफलता इसे पुख्ता करती है।

 

परन्तु, कही ऐसा लगता है कि यह फिल्म उद्योग की खुद की असुरक्षा ज्यादा है।  अगर कोई अच्छी फिल्म पहले शुक्रवार प्रदर्शित होगी तो ज़रूर हिट होगी।  रानी मुख़र्जी और विद्या बालन की फिल्म नो वन किल्ड जेसिका की सफलता इसका प्रमाण है।  ऐसे कुछ अन्य उदाहरण हैं।  पर बॉलीवुड असफल फिल्मों के असफलता से ज़्यादा घबराता है।

अब चूँकि, संजय लीला भंसाली गंगूबाई काठियावाड़ी को ६ जनवरी को प्रदर्शित कर रहे हैं तो यह उनके अपने प्रोडक्ट पर विश्वास को इंगित करता है।  संजय को विश्वास है कि उनकी फिल्म इतनी मनोरंजक बनी है कि दर्शक इसे देखने सिनेमाघरों तक जरूर आएगा।

 

वैसे इसे संजय लीला भंसाली की मज़बूरी भी  कही जा सकती है।  वह अपनी  गंगूबाई को रिलीज़ करें भी तो कब! तमाम अनुकूल तिथियां ब्लॉक हो गई है।  रोज नए नए टकराव सुनने को मिल रहे हैं।  गंगूबाई, अजय देवगन के बावजूद आलिया भट्ट पर निर्भर नायिका प्रधान फिल्म है। इसे बड़े नायकों की फिल्मों के मुक़ाबले दर्शक बहुत काम मिल सकते हैं।  ऐसे में फर्स्ट फ्राइडे जिंक्स ही, गंगूबाई काठियावाड़ी को सूट कर सकता है।

 

परन्तु  यहाँ भी पेंच है।  ६ जनवरी या इसके आगे पीछे कोई दूसरी नायक प्रधान फिल्म प्रदर्शित हो सकती है।  ३१ दिसंबर २०२१ को प्रदर्शित हो रही, आलिया भट्ट के शानदार साथी शाहिद कपूर की क्रिकेट पर फिल्म जर्सी, उनकी पिक्चर खराब कर सकती है। खबर गर्म है कि एसएस राजामौली की पीरियड फिल्म आर आर आर को ७ जनवरी २०२२ को  प्रदर्शित किया जाए।  ऐसे में परदे पर गंगूबाई का कोठा आबाद  होने से पहले ही उजाड़ जायेगा।

No comments:

Post a Comment