Saturday 18 April 2015

'बाजीराव-मस्तानी' से पिछड़े 'दिलवाले'

आज की तारीख में इस बार के क्रिसमस वीकेंड पर 'बाजीराव- मस्तानी' और 'दिलवाले' का टकराव होगा।  'दिलवाले' रोमांस के शहंशाह शाहरुख़ खान के साथ एक्शन- कॉमेडी फिल्मों के उस्ताद रोहित शेट्टी की फिल्म है।  इस फिल्म से लम्बे समय बाद बॉक्स ऑफिस पर शाहरुख़ खान और काजोल की हिट जोड़ी की वापसी हो रही हैं।  'बाजीराव-मस्तानी' रोमांस फिल्मों के चिेतेरे संजयलीला भंसाली की ऑन रील- ऑफ रील गर्मागर्म रोमांस बरसाने वाली दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह की जोड़ी की ऐतिहासिक रोमांस फिल्म है।  हिंदी फिल्मों के दर्शक क्रिसमस वीकेंड में इन दोनों ही फिल्मों को देखना चाहेंगे।  काजोल-शाहरुख़ खान जोड़ी ने बाज़ीगर, करण -अर्जुन, दिलवाले दुल्हनिया ले जायेंगे,  कुछ कुछ होता है, कभी ख़ुशी कभी गम और माय नेम इज़ खान जैसी हिट फ़िल्में दी हैं।  चेन्नई एक्सप्रेस के बाद शाहरुख़ खान दूसरी बार रोहित शेट्टी के साथ हैं।  ज़ाहिर है कि दर्शक दो सफल जोड़ियों को एक साथ देखना चाहेगा।  लेकिन, 'बाजीराव मस्तानी' का भी दर्शकों को बेसब्री से इंतज़ार है।  'गोलियों की रासलीला :राम-लीला" के बाद संजयलीला भंसाली, रणवीर सिंह, दीपिका पादुकोण और प्रियंका चोपड़ा की चौकड़ी साथ आ रही है।  'राम-लीला' ने सौ करोड़ का कलेक्शन किया था।  रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण की जोड़ी गर्मागर्म रोमांटिक साबित हुई थी।  इस लिहाज़ से दर्शक सस्पेंस में होंगे- किसे देखे किसे नहीं! दोनों देखें तो पहले किसे देखे! यहाँ बताते चले कि  कभी शाहरुख़ खान संजयलीला भंसाली के चहीते स्टार थे।  दोनों ने 'देवदास' जैसी हिट फिल्म दी है।  लेकिन, २००७ में शाहरुख़ खान ने रणबीर कपूर और सोनम कपूर की जोड़ी की डेब्यू फिल्म 'सांवरिया' के सामने फरहा खान निर्देशित दीपिका पादुकोण और खुद की जोड़ी वाली फिल्म 'ओम शांति ओम' को  ला खड़ा कर 'सांवरिया' को भारी नुक्सान पहुंचाया था।  खान ने इस बार भी कुछ ऐसा ही किया है।  'दिलवाले' से पहले २५ दिसंबर को दीपिका पादुकोण की रणबीर कपूर के साथ फिल्म तमाशा के सामने दीपिका पादुकोण की फिल्म 'बाजीराव मस्तानी' का टकराव होना था।  कुछ कारणों से तमाशा की रिलीज़ शिफ्ट कर दी गई।  ऐसे में 'बाजीराव मस्तानी' सोलो रिलीज़ फिल्म रह गई थी।  लेकिन, शाहरुख़ खान द्वारा 'दिलवाले' की तारीख २५ दिसंबर तय कर देने से, इसे शाहरुख़ खान द्वारा एक बार फिर भंसाली को चुनौती देना माना जा रहा है।  ऐसा समझ जा रहा था कि  शायद भंसाली 'दिलवाले' को सामने देख कर 'बाजीराव-मस्तानी' को किसी दूसरी तारीख के लिए शिफ्ट कर देंगे।  लेकिन,  भंसाली ने खान की चुनौती स्वीेकार करने का मन बना लिया है।  इसलिए, 'दिलवाले' और 'बाजीराव मस्तानी' एक ही दिन रिलीज़ हो रही है।  ऐसे में दर्शक किस फिल्म को देखना चाहेंगे ? शाहरुख़ खान की फिल्म या भंसाली की फिल्म।  एक वेबसाइट द्वारा कराये गए सर्वे के परिणाम दिलचस्प है।  आज की तारीख में २५ दिसंबर को ५२.५ प्रतिशत दर्शक 'बाजीराव मस्तानी' को देखने जायेंगे।  शाहरुख़ खान की फिल्म 'दिलवाले' को ४७.५ प्रतिशत दर्शक मिले हैं। ज़ाहिर है कि शाहरुख़ खान और काजोल की पुरानी मैच्योर जोड़ी के बजाय दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह की युवा जोड़ी को ज़्यादा दर्शक मिले।  यूथ फैक्टर यहाँ काम कर गया है। अब सब कुछ डिपेंड करेगा पब्लिसिटी पर।  क्या शाहरुख़ खान, काजोल और रोहित शेट्टी की तिकड़ी आक्रामक प्रचार के ज़रिये युवा दर्शकों पर अपनी बढ़त बना पाएगी? लेकिन, ऐसा तो 'बाजीराव मस्तानी' के रोमांस से लबरेज़ दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह ज़्यादा प्रभावी ढंग से कर सकते हैं। अब देखने की बात होगी कि बाजीराव मस्तानी और दिलवाले के सिनेमाघरों में से किसके सिनेमाघर ज़्यादा हाउसफुल बोर्ड टांग पाते हैं !



अल्पना कांडपाल

No comments:

Post a Comment