Thursday 15 September 2016

फ़िल्मी गीतों के कवर वर्शन की गायिकाएं

हिंदी फिल्मों के गीतों की लोकप्रियता गायक या गायिका की सफलता का पैमाना होती ही है, फिल्म की सफलता में भी इन गीतों का बड़ा हाथ होता है। आजकल, टेलीविज़न पर बड़े पैमाने पर प्रसारित हो रहे म्यूजिक आधारित रियलिटी शो में प्रतिभागियों की भीड़ हिंदी फिल्मों में नाम और नामा कमाने की दृष्टि से उल्लेखनीय है। लेकिन, ऎसी भी प्रतिभाएं हैं, जिन्हें हिंदी फिल्मों में सफलता मिली हो या न मिली हो, लाखों दर्शकों द्वारा उन्हें सुना और पहचाना जाता है। इन प्रतिभाओं की पहचान बनती है यू-ट्यूब से। ऐसी कई प्रतिभाशाली गायिकाये है, जिन्हें यू-ट्यूब पर अपलोड अपने गीतों के कारण दर्शक और श्रोता दोनों ही मिले। इन आवाजों को किसी भी तरह से ओरिजिनल आवाजों से कमतर आंका नहीं जा सकता। आइये जानते हैं ऎसी ही कुछ यू-ट्यूब प्रतिभाओं के बारे में –
श्रद्धा शर्मा- देहरादून की श्रद्धा शर्मा ने सफलता का पहला स्वाद चखा फिल्म विरसा के तेनु समझावन की के एकॉस्टिक कवर वर्शन के अपने विडियो को यू-ट्यूब पर अपलोड कर। फिल्म मर्डर २ के गीत हालेदिल के चौथे कवर वर्शन विडियो ने उन्हें २६ लाख दर्शक दिला दिए। अपने यू-ट्यूब सब्सक्राइबरों की बड़ी संख्या के लिहाज़ से वह टॉप पर बताई जाती हैं। उनके कुछ लोकप्रिय कवर वर्शन गीतों में रास्ते, मुस्कुराने, हर किसी को नहीं मिलता और इकतारा उल्लेखनीय हैं। उनका पहला एल्बम रास्ते में आठ गीत हैं।  
शिरली सेतिया- भारतीय और कीवी मूल की शिरली सेतिया को यू-ट्यूब की दूसरी सबसे लोकप्रिय गायिका बताया जाता है। ,फिल्म आशिकी २ के गीत तुम ही हो के अपने पहले ही कवर वर्शन के विडियो से वह यू-ट्यूब की पसंदीदा गायिका बन गई थी। कहते हैं कि उन्होंने जितने भी कवर वर्शन विडियो अपलोड किये, सभी लोकप्रिय हुए और देखे गए। दावा तो यह भी किया जाता है कि उनके हर कवर वर्शन विडियो ने दस लाख से ज्यादा हिट पाए। उनके लोकप्रिय कवर वर्शन विडियो में तू ज़रूरी जिद, कुछ न कहो, बारिश, आदि उल्लेखनीय हैं। 
विद्या अय्यर - अन्य गायिकाओं से विद्या इस मायने में अलग हैं कि वह भारत में जन्मी अमेरिकन हैं। उन्हें मैशअप क्वीन कहा जाता है। उनके कवर वर्शन की खासियत होती है कि उनके पाश्चात्य एल्बमों में देसी धुनों का तड़का लगा होता है। न जाने क्या बात है कि उनका हर मैशअप दर्शकों की पसंद के अनुरूप बैठता है। सूत्र बताते हैं कि आजकल विद्या हिन्दुस्तानी क्लासिकल संगीत के साथ साथ पाश्चात्य वोकल भी सीख रही हैं। यू-ट्यूब पर उनका पहला विडियो बिग गर्ल्स क्राई और कभी जो बादल हैं का मैशअप था। उनके इस पहले ही प्रयास को हज़ारों हज़ार प्रशंसा मिली .
प्रियंका पराशर- संगीत का शौक रखने वाली दिल्ली की प्रियंका पराशर की खासियत है कि वह कभी हताश नहीं होती। यू-ट्यूब पर पिछले दो सालों से उनका चैनल सफलतापूर्वक चल रहा है। वह अच्छी गायिका होने के अलावा गिटार भी ख़ूब बढ़िया बजा लेती हैं। वह ऎसी गायिका संगीतकार हैं, जो मौलिक गीत भी बनाती हैं और एकॉस्टिक कवर भी। उनके कुछ मौलिक गीतों में दिल का आशियाना, क्या कोई फिर, वुड यू लव मी लवर, आदि हैं। 
लिसा मिश्रा – भारत में जन्मी और शिकागो में पली-बढ़ी लिसा की गायन शैली अनूठी मानी जाती है। वह अपनी गायिकी और लुक से दर्शकों को सम्मोहित कर लेती हैं। उनके लिए कोई ऐसा नोट नहीं, जिसे वह अच्छी तरह से गा न सकें। लिसा मिश्रा को गिटार के साथ गीत गाना पसंद है। उन्होंने भी इंग्लिश और हिंदी गीतों के कवर वर्शन बनाए हैं। लिसा मिश्रा के सबसे ज्यादा देखे गए कवर में जीना जीना, हंसी बन गई, चल वहाँ जाते हैं और एज लॉन्ग एज यू लव मी हैं। 
अवनी जोशी- दिल्ली की छोरी अवनी के बारे में कहा जाता है कि वह कई दिलों की धड़कन हैं। उन्हें ओरिजिनल गीत रचना करने में भी महारत हासिल है। उनके कई कवर वर्शन बड़े हिट साबित हुए हैं। उनके विडियो अपलोड होते ही वायरल हो जाते हैं। अपनी आवाज़ और लुक्स के कारण अवनी जोशी को बोल्ड एंड ब्यूटीफुल भी कहा जाता है। उनके सुपरहिट कवर्स में चाहूं मैं या न, बंजारा, चित्तियाँ कलईयां, सजना, आदि उल्लेखनीय हैं। 
अमिका शैल- रियलिटी शो भारत की शान- सिंगर स्टार के तीसरे सीजन की उपविजेता अमीक शैल में गायिका माँ ने गायन के प्रति रुझान पैदा किया, जिसे उन्होंने अपना पेशा बना लिया। उनकी आवाज़ सुरीली तो है ही, थोड़ी सेक्सी भी है। इसी वजह से वह जब कोई गीत पेश करती हैं तो दर्शक सांस रोक कर सुनना चाहता है। यू-ट्यूब पर अमिका शैल के एकॉस्टिक कवर्स के अलावा इंस्ट्रुमेंटल कवर और ओरिजिनल गीत भी लोकप्रिय हुए हैं। अमिका शैल अन्य तमाम यू-ट्यूब गायिकाऑ से इस मायने में अलग हैं कि उन्होंने कई विज्ञापनॉ को अपनी आवाज़ दी है। अमिका के अपनी माँ को श्रद्धांजलि स्वरुप गीत मेरी माँ ने काफी दर्शको का दिल छू लिया। 
श्वेता सुब्रम- विद्या की तरह श्वेता भी भारत में जन्मी कैनेडियन गायिका हैं। हालाँकि, वह कई बॉलीवुड फिल्मों में गीत गा चुकी हैं, लेकिन उन्हें ख़ास बनाता है आकाश गाँधी के साथ उनका चैनल। श्वेता सुब्रम को संदीप ठाकुर के पियानो आधारित कवर वर्शन गीत गा कर यू-ट्यूब पर ज़बरदस्त लोकप्रियता हासिल हुई। उनके भारत के अलावा विदेशों में भी लाखों प्रशंसक हैं। आकाश गाँधी और स्व्हेता सुब्रम का कवर वर्शन जीना जीना २० लाख दर्शक संख्या पार कर चूका है। 

वर्षा त्रिपाठी- मुम्बई की वर्षा के खाते में कई उल्लेखनीय सफलताएँ दर्ज हैं। वह कई कॉन्सर्ट का हिस्सा बन चुकी हैं और लाइव कॉन्सर्ट करती रहती हैं। वह क्लोज-अप वेब सिंगर हैं। हालाँकि, उनके कवर वर्शन ज्यादा नहीं, लेकिन जो भी हैं वह काफी अनमोल माने जाते हैं। ख़ास तौर पर उनके कवर वर्शन मैया मैया, दुआ, महबूबा महबूबा, आदि। 
यू-ट्यूब पर लोकप्रिय यह गायिकाएं अपनी ख़ास गायन शैली के कारण लोकप्रिय तो कही जा सकती है। लेकिन, यह अपने लुक से भी पसंदीदा बन जाती हैं।  इनका चेहरा आकर्षक हैं। कई गायिकाएं अपनी सेक्स अपील का प्रदर्शन करने से नहीं हिचकती।  खूबसूरत चेहरा और सुरीली आवाज़ इन गायिकाओं को यू-ट्यूब की बोल्ड एंड ब्यूटीफुल गायिका बना देती है।  

No comments:

Post a Comment