Wednesday 18 January 2017

हॉलीवुड में एक्शन, कॉमेडी ड्रामा और हॉरर

इस हफ्ते द फाउंडर
जहाँ बड़ी बॉलीवुड फिल्मों को छुट्टियों वाले वीकेंड का इंतज़ार रहता है, वहीँ हॉलीवुड की फ़िल्में किसी भी मौसम में रिलीज़ होती रहती हैं।  हाँ हॉलीवुड को भी गर्मियों का इंतज़ार ज़रूर होता है।  इस बार हिंदुस्तानी बॉक्स ऑफिस पर द फाउंडर, द बाई बाई मैन और व्हाई हिम? रिलीज़ होंगी।  द फाउंडर अमेरिकी बायोग्राफिकल ड्रामा फिल्म है।  मशहूर फ़ूड चेन मैक्डोनाल्ड के संस्थापक रिचर्ड और मौरिस मैक्डोनाल्ड पर है द फाउंडर।  इस फिल्म का निर्देशन जॉन ली हैनकॉक ने किया है।  फिल्म में माइकल कीटन, लिंडा कॉर्डेलिनी और पैट्रिक विल्सन मुख्य भूमिका में हैं।  स्टेसी टाइटल निर्देशित द बाई बाई मैन एक हॉरर फिल्म है।  फिल्म तीन दोस्तों की कहानी है, जो अपने कॉलेज कैंपस के एक पुराने घर में एक मानवेत्तर आकृति को जगा देते हैं।  वह आकृति उनका शिकार कर लेगी, अगर वह तीनों इस आकृति के बारे में किसी को नहीं बताते।  ऐसे में उन्हें एक दूसरे को  बचाने के लिए इस रहस्य को दबाये रखना है। फिल्म में डगलस स्मिथ, लीसेन्ट लेविसकॉऊंट, डॉग जोंस की केंद्रीय भूमिका है।  तीसरी हॉलीवुड फिल्म व्हाई हिम? एक कॉमेडी फिल्म है।  निर्देशक जॉन हैम्बर्ग हैं।  फिल्म नेड और लेयर्ड की नोकझोंक की कहानी है।  लेयर्ड एक अरबपति है और वह नेड की बेटी का पुरुष मित्र है।  नेड को लगता है कि लेयर्ड घमंडी और बददिमाग है।  फिल्म में ब्रायन क्रेन्स्टन और जेम्स फ्रांको मुख्य भूमिका में हैं।
हॉलीवुड के घर में जेंडर केज की वापसी
हिंदुस्तान में ट्रिपल एक्स सीरीज की तीसरी फिल्म रिटर्न ऑफ़ जेंडर केज पिछले हफ्ते १४ जनवरी को रिलीज़ हो चुकी है।  लेकिन, यह फिल्म हॉलीवुड के घरेलु बाजार अमेरिका में इस हफ्ते रिलीज़ होगी।  द फाउंडर भी अमेरिका में ट्रिपल एक्स के साथ रिलीज़ होगी।  इन दो फिल्मों के अलावा कॉमेडी द रिसरेक्शन ऑफ़ गैविन स्टोन और हॉरर थ्रिलर स्प्लिट रिलीज़ होगी।  द रिसरेक्शन ऑफ़ गैविन स्टोन एक पूर्व बाल कलाकार के चर्च में जबरन कम्युनिटी सर्विस करने के दौरान हुए अनुभवों की है।  फिल्म में ब्रेट डाल्टन, अंजेला जॉनसन, नील फ्लिन, शॉन मिचेल्स और डी बी स्वीनी केंद्रीय भूमिका में हैं। भारतीय मूल के हॉलीवुड फिल्म निर्देशक एम नाईट श्यामलन की फिल्म स्प्लिट साइकोलॉजिकल हॉरर थ्रिलर फिल्म है।  यह कुख्यात अपराधी  बिली मिलीगन  की सच्ची कहानी  है।  मुख्य भूमिका में जेम्स मैकाय हैं।  उनका साथ अन्या टेलर-जॉय और बेटी बकले दे रहे हैं।  इन फिल्मों के अलावा थ्रिलर फिल्म डेटॉर, एनीमेशन द रेड टर्टल, एक्शन ड्रामा ट्रेसपास अगेंस्ट अस के अलावा पनीक की भी रि-रिलीज़ होगी।  

No comments:

Post a Comment