Thursday 17 August 2017

छीन कर ले जायेंगे मृत शरीर

हॉलीवुड में रीमेक फिल्मों का सिलसिला काफी लम्बा है।  अब इसमे इनवेजन ऑफ़ द बॉडी स्नैचर्स  का नाम भी जुड़ गया है।  जैक फ़िने के १९५४ में प्रकाशित उपन्यास  द बॉडी स्नैचर्स पर पहली फिल्म १९५६ में बनाई गई।  इस फिल्म को सफलता मिली।  इसके बाद इस उपन्यास पर तीन बार १९७८, १९९३ और २००७ में बनाई गई। १९७८ में बनाई गई डोनाल्ड सुदरलैंड की फिलिप कॉफमैन फिल्म इन्वेजन ऑफ़ द बॉडी स्नैचर्स को पहली फिल्म से ज़्यादा अच्छी बताया जाता है।  दूसरी रीमेक फिल्म बॉडी स्नैचर्स १९९३ में रिलीज़ हुई थी।  अबेल फेरारा  निर्देशित फिल्म में गैब्रिएल अनवर ने मुख्य भूमिका की थी।  तीसरा रीमेक द  इन्वेजन २००७ में रिलीज़ हुआ था।  फिल्म में डेनियल क्रैग और निकोल किडमैन की मुख्य भूमिका थी।  अब यह बात दूसरी है कि हॉलीवुड के सबसे सफल जेम्स बांड डेनियल क्रैग की यह फिल्म फ्लॉप हुई थी। अब चौथी बार वार्नर ब्रदर्स द्वारा फिल्म  का निर्माण किया जा रहा  है।  डेविड लेस्ली जॉनसन इस फिल्म की पटकथा नए रूप में लिखेंगे।  डेविड फिल्म कंजूरिंग २ भी लिख चुके हैं।  इस फिल्म ने स्टूडियो को बढ़िया कमाई कराई है।  कैलिफ़ोर्निया के एक छोटे शहर पर पौधे की फलियों  में छुपे एलियंस का हमला हो जाता है।  जैसे ही फलियां तोड़ी  जाती हैं, एलियंस मानव रूप ले लेते हैं।  इन एलियंस के हमले का शिकार एक के बाद एक शहर के लोग होने लगते हैं।
भेड़िया और मनुष्य की दोस्ती की 'अल्फा'
अल्फा की कहानी प्रागैतिहासिक काल या आइस एज की नहीं है।  बीस हजार साल पहले की यह कहानी एक भेडिये से मनुष्य की दोस्ती की है। शिकार पर गए घायल केडा को उसके साथी मरने के लिए वीरान इलाके में ही छोड़ देते हैं। उसका पैर टूट चूका है।  उसे उस बर्फीले इलाके में कैसे जीवित रहा जाये, सीखना है।  ऐसे में उसका साथी बनाता है एक भेडिया अल्फा ।  केडा और अल्फा घर वापस लौटने के अपने असंभव से अभियान को संभव कर दिखाते हैं।  कहानी के लिहाज़ से फिल्म थ्रिलर लगाती है।  लेकिन, इसके ट्रेलर में मार्मिक क्षण भी दिखाई देते हैं,जब ठण्ड से ठिठुर रहे केडा और अल्फा एक दूसरे से चिपक कर सर्दी भगाने की कोशिश करते हैं।  निर्देशक अल्बर्ट ह्यूजेज (द बुक ऑफ़ एली) निर्देशित अल्फा में केडा की भूमिका कोडी स्मिथ-मैक्फी कर रहे हैं।  इनके अलावा नाटसिआ माल्थे, लेओनोर वरेला,आदि के नाम भी उल्लेखनीय हैं।  इंसान और भेड़िये की यह दोस्ती अगले साल २ मार्च को रिलीज़ होगी। 


No comments:

Post a Comment