Saturday 8 December 2018

अगले साल बालाजी की ४ फ़िल्में


एकता कपूर और शोभा कपूर के बैनर, बालाजी मोशन पिक्चर के अंतर्गत, अगले साल कम से कम चार फ़िल्में रिलीज़ होंगी।  ख़ास बात यह है कि यह सभी फ़िल्में, कॉमेडी के भिन्न जॉनर की होंगी। बजट के लिहाज़ से भी यह फ़िल्में इतने बड़े बजट की नहीं होंगी कि पहला वीकेंड काफी अहम् हो जाए। 


मेन्टल है क्या - निर्देशक प्रकाश कोवालामुडी की फिल्म मेन्टल है क्या, एडल्ट कॉमेडी क्राइम थ्रिलर फिल्म है।  यानि कि फिल्म में हास्य के साथ साथ अपराध, हत्या और सनसनी भी होगी। यह फिल्म, कंगना रनौत के करैक्टर के इर्दगिर्द घूमती होगी।  फिल्म एक ऎसी महिला की कहानी है, जिस पर शक है कि वह या तो हत्यारिन है या दिमागी रूप से बीमार है।  फिल्म में कंगना रनौत के नायक राजकुमार राव हैं। उनका करैक्टर भी कुछ ऐसा ही है। राजकुमार राव और कंगना रनौत की जोड़ी फिल्म क्वीन (२०१४) के बाद बन रही है। फिल्म में अन्य भूमिकाओं में, अमायरा दस्तूर, जिमी शेरगिल और सतीश कौशिक हैं। यह फिल्म २९ मार्च को रिलीज़ हो रही है। 


जबरिया जोड़ी- निर्देशक प्रशांत सिंह की फिल्म जबरिया जोड़ी शादी और रोमांस से सजी कॉमेडी फिल्म है।जबरिया जोड़ी, उत्तर भारत की पृष्ठभूमि पर है।  शायद, बिहार की पकडुआ शादी पर। फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा और परिणीति चोपड़ा की जोड़ी बनाई गई है। सिद्धार्थ मल्होत्रा और परिणीति चोपड़ा दूसरी बार कॉमेडी फिल्म कर रहे हैं। इन दोनों ने, २०१४ में रिलीज़ कॉमेडी फिल्म हंसी तो फँसी साथ की थी। जबरिया जोड़ी में, जावेद जाफ़री, अपारशक्ति खुराना, नीना गुप्ता, आदि भी हैं।  यह फिल्म १७ मई को रिलीज़ होगी। 


डॉली, किटी और वह चमकते सितारे- लिपस्टिक अंडर माय बुरखा की निर्देशक अलंकृता श्रीवास्तव की फिल्म डॉली किटी और वह चमकते सितारे महिला केंद्रित कॉमेडी व्यंग्य फिल्म है।  फिल्म में भूमि पेडनेकर के साथ कोंकणा सेन शर्मा मुख्य भूमिका में है। अलंकृता की फिल्मों की शैली में यह फिल्म भी दो विद्रोही स्वभाव की महिलाओं की कहानी है, जो सारे बंधन तोड़ देना चाहती हैं। फिल्म में कुब्रा सैत, करण कुंद्रा, विक्रांत मैसी और अमोल पराशर को भी देखा जा सकेगा।


ड्रीम गर्ल- निर्देशक राज शांडिल्य की फिल्म ड्रीम गर्ल भी एक कॉमेडी फिल्म है। इस फिल्म की कहानी के बारे में जानकारी नहीं दी गई है। लेकिन, फिल्म में आयुष्मान खुराना और नुसरत भरुचा की जोड़ी पहली बार बनाई गई है।  यह फिल्म, आयुष्मान खुराना की पहले की फिल्मों की तरह छोटे शहर मथुरा पर केंद्रित है।


अनुपमा से अधूरी देवदास तक धर्मेंद्र और शर्मीला टैगोर !- पढ़ने के लिए क्लिक करें 

No comments:

Post a Comment