Wednesday 29 May 2013

युवा दर्शकों को दीवाना बना लेने वाली है यह जवानी !

इस शुक्रवार रिलीज होने जा रही फिल्म यह जवानी है दीवानी की सफलता के लिए फिल्म की नायिका दीपिका पादुकोने व्रत उपवास रख रहीं हैं तथा उनके सिद्धि विनायक मंदिर जाने की भी खबर है। दीपिका यह सब किस लिए कर रही हैं? क्योंकि, किसी फिल्म की सफलता या असफलता का दारोमदार किसी एक एक्टर या एक्ट्रेस पर नहीं होता, बल्कि यह एक टीम वर्क है। वैसे अगर यह जवानी है दीवानी हिट हो गयी तो दीपिका पादुकोण कॉकटेल और रेस 2 के बाद लगातार तीसरी हिट फिल्म देने वाली अभिनेत्री  बन जाएंगी। मगर, दीपिका का उपवास महज इसी कारण से नहीं। दीपिका पादुकोण फिल्म के प्रति काफी उत्साहित हैं। यह उनकी पसंदीदा फिल्म में से एक है। दीपिका को लगता है कि यह जवानी है दीवानी अच्छी बन पड़ी फिल्म है।  उन्होने इसके लिए काफी मेहनत भी की है। इसलिए, उनका फिल्म की सफलता के लिए उत्साह में उपवास रखना स्वाभाविक है।
यह जवानी है दीवानी के हिट होने की प्रार्थना तो कई लोग कर रहे होंगे। करण जौहर भी, जो फिल्म के निर्माता हैं। अयान मुखर्जी भी, जो फिल्म के निर्देशक हैं। इस फिल्म के बाद वह अपनी पहली दोनों फिल्में हिट बनाने वाले निर्देशक बन जाएंगे। रणबीर कपूर भी, जो फिल्म के हीरो  हैं। यह फिल्म उन्हे बरफी के बाद एक वास्तविक हिट फिल्म का हीरो बना देगी। कल्कि कोएचलीन और आदित्य रॉय कपूर भी, जो फिल्म के को-स्टार हैं। आदित्य तो आशिक़ी 2 के बाद इस साल लगातार दूसरी हिट फिल्म दे सकेंगे।
फिल्म का हिट और फ्लॉप का गणित बहुत आसान नहीं। आजकल कोई फिल्म केवल बॉक्स ऑफिस के बूते पर सफल होने का इत्मीनान नहीं रखती। बहुत से ऐसे रास्ते हैं, जिनसे किसी फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर दर्शक न बटोर पाने के बावजूद घाटे का सौदा नहीं समझा जाता। इस लिहाज से यह जवानी है दीवानी को रिलीज से पहले ही हिट क्या 100 करोड़ कमा लेने वाली फिल्म बताया जा रहा है। करण जौहर ने, यह जवानी है दीवानी के वितरण अधिकार 55 करोड़ में बेच लिए हैं। उन्होने सैटिलाइट राइट्स 28 करोड़ में बेचे हैं। सात करोड़ म्यूजिक राइट्स बेच कर मिल गए हैं। ओवरसीज डिस्ट्रीबूटर्स ने 11 करोड़ पहले ही दे दिये हैं। विडियो और अन्य राइट्स बेच कर करण जौहर को 2.5 करोड़ वैसे ही मिल जाने हैं। इस प्रकार से यह जवानी है दीवानी सौ करोड़ से ज़्यादा तो फिल्म रिलीज होने से पहले ही कमा चुकी है।
इसके बावजूद तमाम निगाहें 31 मई के यह जवानी है दीवानी के बॉक्स ऑफिस आंकड़ों पर लगी होगी। कहा जा रहा है कि क्या यह जवानी है दीवानी का पहले दिन का कलेक्शन 15 करोड़ तक हो सकेगा? इसकी उम्मीद काफी है। हालांकि, फिल्म में आशिक़ी 2 के आदित्य रॉय कपूर भी हैं, लेकिन इस फिल्म को पहचान रणबीर कपूर और दीपिका पादुकोण की फिल्म की तरह ही मिली है। इसलिए फिल्म की अच्छी ओपेनिंग रणबीर कपूर की फिल्म की अच्छी ओपेनिंग मानी जाएगी, न कि आदित्य रॉय कपूर की। जहां तक यह जवानी है दीवानी को बढ़िया ओपेनिंग का सवाल है, फिल्म के लिए समय पूरी तरह से अनुकूल है। आईपीएल खत्म हो चुका है। छुट्टियों का समय है। युवा पीढ़ी पढ़ाई से उबर कर छुट्टी के मूड में है। वैसे पिछले चार सालों का इतिहास गवाह है कि जून में रिलीज फिल्में बॉक्स ऑफिस पर चाँदी बटोरती हैं। 2010 में रणबीर कपूर की कैटरीना कैफ और अन्य के स्टार्स के साथ फिल्म राजनीति रिलीज हुई थी। 4 जून 2010 को रिलीज इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 94 करोड़ कमाए। 3 जून 2011 को सलमान खान और असिन की अनीस बजमी निर्देशित एक्शन कॉमेडी रेडी रिलीज हुई थी। इस फिल्म ने बढ़िया ओपेनिंग लेकर 3 इडियट्स का
वीकेंड रेकॉर्ड भी ध्वस्त कर दिया। फिल्म ने कमाए कुल 122 करोड़। 2012 में 1 जून को अक्षय कुमार प्रभूदेवा के निर्देशन में एक्शन कॉमेडी राउडि राठोर में नज़र आए। इस फिल्म ने सभी रेकॉर्ड ध्वस्त करते हुए 2012 की तीसरी सबसे ज़्यादा कलेक्शन करने वाली फिल्म होने का सम्मान प्राप्त किया। इस लिहाज से रणबीर कपूर तथा अन्य की फिल्म यह जवानी है दीवानी के बढ़िया ओपेनिंग लेने तथा 100 करोड़ से ज़्यादा कमाई केवल बॉक्स ऑफिस पर कलेक्शन से करने की उम्मीद की जा रही है।
यह संभव है। फिल्म की हाइप ज़बरदस्त बन गई है। फिल्म का संगीत चार्ट बस्टर है। छोटे पर्दे पर फिल्म के प्रोमोस और सिनेमाघरों में ट्रेलर दर्शकों को आकर्षित कर रहे हैं। दीपिका पादुकोण सेक्सीएस्ट बेस्ट हैं। रणबीर कपूर हमेशा की तरह युवा दिलों की धड़कन बनने को बेकरार नज़र आ रहे हैं। आदित्य रॉय कपूर और कल्कि कोएचलीन की जोड़ी रणबीर दीपिका की जोड़ी को सपोर्ट कर रही है। इससे यह उम्मीद करना बेमानी नहीं कि यह जवानी है दीवानी भारतीय युवाओं को अपना दीवाना बना लेगी।



No comments:

Post a Comment