Thursday 7 April 2016

संगीता बिजलानी के साथ फिल्म करेंगे सलमान खान !

२६ फरवरी २०१६ से एक तेलुगु फिल्म 'क्षणम्' पूरी दुनिया में तहलका  मचा रही है।  इस थ्रिलर फिल्म के निर्माण में एक करोड़ खर्च हुए थे।  यह फिल्म अब तक पांच करोड़ का बिज़नेस कर चुकी है।  इस फिल्म की कहानी अमेरिका के इन्वेस्टमेंट बैंकर की है।  वह हमेशा अपने काम में व्यस्त रहता है।  यहाँ तक कि गर्ल फ्रेंड के साथ डेट भी भूल जाता है।  एक दिन उसे भारत से उसकी पूर्व गर्ल फ्रेंड का फ़ोन आता है, जो उसे मदद के लिए भारत बुलाती है।  लेकिन, यह नहीं बताती कि माज़रा क्या है।  भारत पहुँच कर बैंकर को मालूम पड़ता है कि उसकी गर्ल फ्रेंड की बेटी का अपहरण हो चूका है।  फिल्म में बैंकर की भूमिका अदिवि शेष ने की है और पूर्व प्रेमिका अदा '१९२०' शर्मा है।  अब चलिए बॉलीवुड।  अभिनेता सलमान खान आज के सबसे सफल अभिनेता  हैं।  उनका संगीता बिजलानी से रियल रोमांस खूब फूला फला, जब तक कि संगीता ने क्रिकेटर मोहम्मद  अज़हरुद्दीन से निकाह नहीं कर लिया।  लेकिन, सलमान खान और संगीता बिजलानी की दोस्ती बनी रही। संगीता के हर बुरे दिन में सलमान खान उनके साथ नज़र आये ।  इसी तरह जब सलमान खान कोर्ट द्वारा  २००२ में फुटपाथ पर सोये लोगों को रौंदने के मामले में सज़ायाफ्ता पाये गए थे, तब संगीता बिजलानी उनके और उनके परिवार के साथ थी।  संगीता को कई बार सलमान खान के साथ पार्टियों में देखा गया।  सलमान खान के अच्छे दोस्त  हैं साजिद नाडियाडवाला।  उन्होंने सलमान खान को लेकर किक जैसी सुपरहिट फिल्म बनाई थी।  वास्तविकता तो यह है कि सलमान खान साउथ की हिट फिल्मों के हिंदी रीमेक के कारण आज के सलमान खान बने हैं।  खबर है कि साजिद नाडियाडवाला ने तेलगु ब्लॉकबस्टर क्षणम् के हिंदी रीमेक के अधिकार खरीद लिए हैं।  वह इस फिल्म का निर्माण सलमान खान को इन्वेस्टमेंट बैंकर की भूमिका में लेकर करेंगे।  इस हिंदी रीमेक में बैंकर की पूर्व गर्लफ्रेंड का किरदार संगीता बिजलानी कर सकती हैं।  नब्बे के दशक में संगीता बिजलानी के साथ केवल रियल लाइफ रोमांस करने वाले पचास साल के सलमान खान, अब रील लाइफ में पूर्व प्रेमिका के रूप में पचपन साल की संगीता बिजलानी के साथ रोमांस करते दिखाई दे सकते हैं।


No comments:

Post a Comment