Sunday 1 November 2020

दिवाली पर ओटीटी पर लक्ष्मी बॉम्ब और थिएटरों में इंदू की जवानी !


इस साल दीवाली पर मस्त नज़ारा होगा।  दर्शकों के पास चुनाव करने के विकल्प ही  विकल्प होंगे ! किसी  पकड़े, किसे छोड़े !! किसे अभी देखें, किसे बाद में ! कहने का मलतब यह कि घर और बाहर फ़िल्में ही फ़िल्में होंगी (अगर कोरोना महामारी फिर न फूटी तो)।  आप घर बैठ कर पसंदीदा फिल्म देखना चाहते हैं या बाहर निकल कर विकल्पों में से कोई एक !

दर्शक करेंगे फैसला - फैसला दर्शकों के हाथ होगा।  पर दीवाली उनके लिए सौगात वाली साबित होगी।  डिज्नी प्लस हॉट स्टार पर अक्षय कुमार और किआरा अडवाणी अभिनीत  कॉमेडी हॉरर फिल्म लक्ष्मी बॉम्ब  स्ट्रीम होने जा रही है। इस फिल्म में  दर्शक अक्षय कुमार को कई नामों से देखेंगे।  राघव लॉरेंस की लिखी और निर्देशित फिल्म लक्ष्मी बॉम्ब में तुषार कपूर, राजेश मिश्रा और अश्विनी कलसेकर की भूमिकाये भी ख़ास हैं।

अमेज़न छलांग - पिछले दिनों अमेज़न प्राइम ने पांच  भारतीय भाषाओं की ९ फिल्मों को प्रसारित करने का ऐलान किया था।  इन फिल्मों में निर्देशक हंसल मेहता  की सामजिक ब्लैक कॉमेडी फिल्म छलांग भी थी।  राजकुमार राव और नुसरत भरुचा की फिल्म छलांग दीवाली पर प्रसारित होने लगेगी।  राजकुमार राव के साथ नुसरत भरुचा की जोड़ी लव सेक्स और धोखा के १० साल बाद प्रदर्शित हो रही है। आजकल हंसल मेहता की एक सीरीज स्कैम १९९२ सोनी लाइव पर काफी चर्चित हो रही है।

नेटफ्लिक्स पर लूडो - दीवाली पर, हिंदी दर्शकों को मनोरंजन करने के ख्याल से नेटफ्लिक्स इंडिया भी पीछे नहीं।  हाल ही में नेटफ्लिक्स ने अपने प्लेटफार्म पर अनुराग बासु की फिल्म लूडो के प्रसारण का ऐलान किया।  लूडो, अनुराग बासु की, जग्गा जासूस (२०१७)  के बाद  रिलीज़ हो रही फिल्म है। इस डार्क अन्थोलोजी फिल्म लूडो में अभिषेक  बच्चन, आदित्य रॉय कपूर, फातिमा सना शैख़, सान्या मल्होत्रा, पंकज त्रिपाठी और राजकुमार राव की अलग  कहानियां हैं। अनुराग बासु ने लूडो की शूटिंग की तैयारी जग्गा जासूस की रिलीज़ से पहले ही कर दी थी।  लूडो की शूटिंग २०१८ में शुरू हो गई थी।  लेकिन, इसे पूरी होते होते ढाई साल से अधिक समय लग गया।

दो फ़िल्में सिनेमाघरों में- अगर कोई ओटीटी पर फिल्म न देख कर, सिनेमाघर में फिल्म देखना चाहता है तो उसके पास विकल्प है। लेकिन, बहुत सीमित। दीवाली वीकेंड पर दो फ़िल्में सूरज पे मंगल भारी और इंदू की जवानी सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी।

सूरज पे मंगल भारी कहाँ ! - सूरज पे मंगल भारी पारिवारिक हास्य फिल्म है।  इस फिल्म का निर्देशन अभिषेक शर्मा ने किया है। अभिषेक शर्मा ने तेरे बिन लादेन, द शौकीन्स, परमाणु द स्टोरी ऑफ़ पोखरण और द ज़ोया फैक्टर जैसी फ़िल्में निर्देशित की हैं। इस फिल्म के दर्शक परदे पर १९९० के दशक के भारत को देखेंगे, जब एक पिता अपनी बेटी के भावी पति के बारे जानकारी करने के लिए जासूस नियुक्त करता था। फिल्म में जासूस की भूमिका मनोज बाजपेयी ने की है। भावी दूल्हे दिलजीत दोसांझ बने हैं।  फातिमा सना शैख़ उनकी भावी पत्नी हैं। दूसरी भूमिकाओं में अनु कपूर, सुप्रिया पिलगाओंकर, विजय राज और पाहवा दम्पति (सीमा और मनोज) है।

बड़े परदे पर इंदु की जवानी -लेखक निर्देशक अबीर सेनगुप्ता ने अपनी पहली निर्देशित फिल्म इन्दू की जवानी का विषय युवा हास्य से भरपूर चुना है। फिल्म की कहानी गाज़ियाबाद की इंदु की है। वह जवानी का थ्रिल लूटने के लिए डेटिंग ऍप ज्वाइन कर लेती है। हालाँकि, वह इस ऍप को ज्वाइन तो कर लेती है, लेकिन, उसके बाद के परिणामों से उसकी ज़िन्दगी में तूफ़ान आ जाता है। फिल्म की इंदू किआरा अडवाणी हैं। उनकी जवानी का दीदार करने वालों में एक आदित्य स्याल हैं। आदित्य स्याल को दर्शकों ने मनीषा कोइराला की इरोटिक फिल्म एक छोटी सी लव स्टोरी में बाल भूमिका में देखा था।

विकल्प : घर भी सिनेमाघर भी- साफ़ है कि दीवाली वीकेंड पर दर्शकों के पास विकल्प हैं। वह घर या सिनेमाघर का विकल्प चुन सकते हैं।  घर में वह अक्षय कुमार और किआरा अडवाणी की फिल्म लक्ष्मी बॉम्ब, अभिषेक बच्चन और राजकुमार राव की फिल्म लूडो और राजकुमार राव और नुसरत भरूचा की फिल्म छलांग में से कोई एक देख सकते हैं। राजकुमार राव के प्रशंसकों को खुशी होगी कि उनके पसंदीदा अभिनेता की फिल्म नेटफ्लिक्स और अमेज़न प्राइम से प्रसारित हो रही है।  वह लगातार राजकुमार राव को देख सकते हैं। लक्ष्मी बॉम्ब के दर्शक यदि किआरा अडवाणी के ग्लैमर से संतुष्ट न हुए हो तो वह सिनेमाघर जा कर इंदू की भूमिका में उनकी जवानी बड़े परदे पर देख सकते हैं। देखने वाली बात यह होगी कि किआरा अडवाणी अकेले दम पर लूडो की दंगल जोड़ी फातिमा सना  शैख़ और सान्या मल्होत्रा के ग्लैमर का मुक़ाबला कर पाएंगी।  

No comments:

Post a Comment