Tuesday 10 November 2020

अब अभिमन्यु दासानी निकम्मा !



सलमान खान की फिल्म  मैंने प्यार किया की नायिका सुमन की  भूमिका करने वाली अभिनेत्री भाग्यश्री का बेटा अभिमन्यु भी हीरो बन गया है। अभिमन्यु का फिल्म डेब्यू निर्देशक वासन बाला की एक्शन कॉमेडी फिल्म  मर्द को दर्द नहीं होता (२०१८) थी। नाम के अनुरूप यह फिल्म काफी दिलचस्प थी। लेकिन, अभिमन्यु के साथ राधिका  मदान के नए चेहरे दर्शकों को आकर्षित कर पाने में असमर्थ रहे।

निकम्मा पूरी

पिछले दिनों, अभिमन्यु की एक फिल्म निकम्मा की शूटिंग पूरी हुई। पहली फिल्म मर्द को दर्द नहीं होता के विपरीत निकम्मा एक खालिस एक्शन फिल्म है। बताते हैं कि निकम्मा खालिस बॉलीवुड मसाला फिल्म है। इसमें एक्शन के अलावा रोमांस, कॉमेडी और भावुकता भी है।

राधिका के बाद सेतिया 

निकम्मा में अभिमन्यु की नायिका शर्ले सेतिया हैं।  शर्ले की पहली फिल्म मस्का सिनेमाघरों में रिलीज़ होनी थी।  पर कोरोना महामारी के कारण इस फिल्म को ओटीटी पर  प्रदर्शित करना पड़ा। निकम्मा के दूसरे कलाकारो में शिल्पा शेट्टी का नाम उल्लेखनीय है।

टाइगर को हीरो बनाने वाले निर्देशक की फिल्म

अभिमन्यु के करियर लिहाज़  से  निकम्मा  बेहद ख़ास है।  यह उनकी दर्शकों में लोकप्रिय जॉनर एक्शन से भरपूर फिल्म है। इस फिल्म का निर्देशन शब्बीर खान कर रहे हैं। शब्बीर खान, अक्षय कुमार और करीना कपूर के लिए फिल्म कम्बख्त इश्क़ का निर्देशन कर चुके हैं।  परन्तु, उन्होंने टाइगर श्रॉफ के डेब्यू को दमदार बना दिया था। टाइगर की फिल्म हीरोपंथी बड़ी हिट हुई थी।  शब्बीर और टाइगर की जोड़ी की दूसरी फिल्म बागी भी बड़ी हिट साबित हुई। अब यह बात दीगर है कि तीसरी फिल्म मुन्ना माइकल को उतनी सफलता नहीं मिली।

अभिमन्यु की २०२१ में दो फ़िल्में 

ऐसा लगता है कि अभिमन्यु की दो फ़िल्में २०२१ में प्रदर्शित होंगी।  निकम्मा तो २०२१ मे होगी ही। पर अभिमन्यु के  फिल्म करियर की दूसरी फिल्म पारिवारिक कॉमेडी आँख मिचोली भी २०२१ में रिलीज़ होगी।  हालाँकि, इस फिल्म की रिलीज़ इस साल नवंबर मेंतय की गई है।  इस फिल्म में मृणाल ठाकुर उनकी नायिका है।  

No comments:

Post a Comment