Monday 15 December 2014

सिद्धार्थ 'धूम ३' बना अशोक


पिछले साल क्रिसमस वीकेंड में यशराज बैनर से एक बड़े बजट की फिल्म धूम ३ रिलीज़ हुई थी।  इस फिल्म की कुल निर्माण लागत १२५ करोड़ रुपये थी।  आमिर खान, कैटरिना कैफ और जैकी श्रॉफ की इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर धूम मचा दी थी।  धूम ३ ने पूरे विश्व में ५२८ करोड़ का रिकॉर्ड कलेक्शन किया था। विक्टर आचार्य की फिल्म की कहानी में झोल ही झोल थे।  स्क्रिप्ट बिलकुल सपाट थी।  इसके बावजूद इसके मनमोहकों दृश्यों, कलाकारों के प्रदर्शन और संगीत के कारण धूम ३ की धूम मच गयी थी।  अभिनय की बात की जाये तो इसके लम्बे शुरूआती दृश्यों में आमिर खान के बचपन का किरदार करने वाले सिद्धार्थ निगम दर्शकों का ध्यान खींच रहे थे।  उनके चेहरे की मासूमियत और भाव क्षमता उनके दो किरदारों साहिर/ समीर को सहानुभूति दिलवा रही थीं।  ख़ास तौर पर, अपने पिता के सर्कस को बचाने के लिए, उनके द्वारा किये गए जिमनास्टिक के दृश्य ज़बरदस्त थे।  इन कठिन दृश्यों को सिद्धार्थ बड़ी  आसानी से कर ले गए थे।  दरअसल, इलाहाबाद के सिद्धार्थ को जिमनास्टिक और एक्रोबेटिक्स से लगाव है। वह २०१६ की इंटरनेशनल जिमनास्टिक चैंपियनशिप के लिए रोजाना २ घंटे जिम्नेजियम में तैयारियां कर रहे हैं।  चूंकि, वह जिमनास्टिक जानते थे, इसलिए उन्हें आमिर  खान के बचपन का किरदार करने का मौका मिला। यश चोपड़ा ने उन्हें पुणे में नेशनल स्कूल गेम्स में हिस्सा लेते देखा था। अब उन्हें, उनकी इन्ही खासियतों के कारण कलर्स पर प्रसारित होने वाले ऐतिहासिक सीरियल चक्रवर्तिन अशोक सम्राट में अशोक के बचपन का किरदार करने का मौका मिल सका। सिद्धार्थ इस समय स्टार प्लस पर प्रसारित हो रहे सीरियल 'महाकुम्भ' में गौतम रोड़े के बचपन यानि किशोर रूद्र का किरदार कर रहे हैं। किशोर अशोक के लिए १४ साल के सिद्धार्थ एकदम दुरुस्त चुनाव हैं। एक्रोबेटिक्स जानने के कारण सिद्धार्थ का शरीर काफी लचीला है।  वह चपलतापूर्वक पैंतरे बदल सकते हैं। बस, उन्हें अशोक का बचपन करने के लिए भाषा और उच्चारण का प्रशिक्षण दिए जाने की ज़रुरत थी। इसके लिए उन्होंने कोचिंग क्लासेज ज्वाइन कर रखी हैं। चरित्र की प्रमाणिकता के लिए वह अपने बाल भी बढ़ा रहे हैं। अशोक मिलने के बाद ने अपना शरीर गठीला बनाना शुरू कर दिया था। उन्होंने मार्शल आर्ट्स की ट्रेनिंग भी ली है। तलवारबाजी और घुड़सवारी के सबक भी उन्होंने खूब याद कर लिए हैं।  चक्रवर्तीं अशोक सम्राट, मौर्या शासक सम्राट अशोक महान की है, जिसने कलिंगा युद्ध के बाद बौद्ध धर्म अपना कर दुनिया को अहिंसा का सन्देश दिया। 
कॉन्टिलो एंटरटेनमेंट का सीरियल चक्रवर्तिन अशोक सम्राट कलर्स चैनल पर रिलीज़ होने वाला है।

No comments:

Post a Comment