Saturday 15 August 2015

देश भक्ति की सदाबहार फ़िल्में

बॉलीवुड को देश भक्ति की फ़िल्में रास आती हैं।  बॉलीवुड ने गांधी से लेकर भगत सिंह तक स्वतंत्रता सेनानी किरदारों पर फ़िल्में बनाई हैं।  १९६२ के भारत चीन युद्ध पर भी फ़िल्में बनी तो कारगिल युद्ध को भी परदे पर उतारा गया।  देश में व्याप्त भ्रष्टाचार भी कहानी बना।  देशवासियों को सन्देश देने वाली देशभक्ति फ़िल्में भी कम नहीं।  यह फ़िल्में आज भी सदा बहार हैं।  इन्हे कालजयी फ़िल्में कहा जा सकता है।  आइये जानते हैं, ऎसी कुछ फिल्मों के बारे में -
शहीद-
निर्देशक एस राम शर्मा की फिल्म शहीद (१९६५) स्वतंत्रता सेनानियों भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के जीवन, ख़ास तौर पर  भगत सिंह के जीवन पर फिल्म थी।  इस फिल्म में मनोज कुमार, प्रेम चोपड़ा और अनंत मराठे ने क्रमशः भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु की भूमिका की थी।  इस फिल्म को १३ वे राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में श्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार प्राप्त हुआ था।  इससे पहले देश स्वतंत्रता के एक साल बाद, १९४८ में रमेश सैगल की फिल्म 'शहीद' रिलीज़ हुई थी, जो स्वतंत्र सेनानियों पर केंद्रित थी।  इस फिल्म में दिलीप कुमार ने शहीद की भूमिका की थी।  २००२ में रिलीज़ राजकुमार संतोषी की फिल्म 'लीजेंड ऑफ़ भगत सिंह' भी इसी विषय पर बानी फिल्म थी।  इस फिल्म में अजय देवगन, सुशांत सिंह और डी संतोष ने क्रमशः भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु का किरदार किया था।  फिल्म ने श्रेष्ट फिल्म का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार पाया।
बॉर्डर-
डायरेक्टर जे पी दत्ता की १९७१ में  पाकिस्तान के साथ लोंगेवाल में लड़े गए युद्ध की पृष्ठभूमि पर फिल्म 'बॉर्डर' को इसके जोशीले कथानक और ईमानदार प्रस्तुति के कारण बेहद सफलता मिली थी।  फिल्म में सनी देओल, अक्षय खन्ना, सुनील शेट्टी और जैकी श्रॉफ की मुख्य भूमिका थी।  ख़ास तौर पर अक्षय खन्ना के अभिनय  को सराहा गया था। यह भारत की श्रेष्ठ युद्ध फिल्म मानी जाती है।  इस फिल्म को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में नर्गिस दत्त अवार्ड के अलावा श्रेष्ठ गीत और श्रेष्ठ गायक की श्रेणी में पुरस्कृत किया गया था।  जे पी दत्ता ने १९९९ के कारगिल युद्ध पर 'एलओसी कारगिल' फिल्म का निर्माण किया था।  इस फिल्म को सीमित सफलता ही मिली। लेकिन, सबसे ज़्यादा प्रभावशाली युद्ध फिल्म थी चेतन आनंद की १९६५ के भारत और चीन युद्ध पर फिल्म 'हकीकत' । इस फिल्म के देशभक्ति से भरे गीत आज भी स्वतंत्रता दिवस पर बजाये जाते हैं।  इस फिल्म को नेशनल फिल्म पुरस्कार भी मिला था।
गांधी-
मोहनदास  करमचंद  गांधी की महात्मा बनाने की यात्रा को उकेरने वाली इस फिल्म की पूरी दुनिया में सराहना हुई।  ब्रिटिश निर्माता निर्देशक सर रिचर्ड एटनबरो द्वारा  नेशनल फिल्म डेवलपमेंट कारपोरेशन के सहयोग से बनाई गई इस फिल्म को श्रेष्ठ फिल्म और श्रेष्ठ निर्देशक सहित आठ ऑस्कर पुरस्कार मिले थे।  महात्मा गांधी की भूमिका के लिए बेन किंग्सले को इकलौता ऑस्कर अवार्ड मिला।
चटगांव-
१९३० के ब्रितानी साम्राज्य वाले चटगांव में हुए विद्रोह पर निर्देशक बेदब्रत पाइन की इस फिल्म को अच्छी रिलीज़ नहीं मिल पाने के कारण ज़्यादा दर्शकों  द्वारा नहीं देखा जा सका।  मनोज बाजपेई और जयदीप अहलावत की मुख्य भूमिका वाली यह फिल्म आशुतोष गोवारिकर की चटगांव विद्रोह पर अभिषेक बच्चन और दीपिका पादुकोण की फिल्म 'खेले हम जी जान से' टकराव के कारण विवादों का शिकार हो गई।  बेदब्रत ने अमिताभ बच्चन पर अपनी फिल्म को नुक्सान पहुंचाने का आरोप भी लगाया था।
मंगल पाण्डेय: द राइजिंग-
केतन मेहता की यह फिल्म भारत के पहले स्वतंत्रता संग्राम के नायक मंगल पाण्डेय पर आधारित थी।  आमिर खान ने मंगल पाण्डेय की भूमिका की थी।  लेकिन, केतन मेहता आमिर खान, रानी मुख़र्जी और अमीषा पटेल जैसी बड़ी स्टारकास्ट के बावजूद प्रभावशाली फिल्म नहीं बना सके।  यह फिल्म फ्लॉप साबित हुई।
सरदार- लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल पर केतन मेहता ने 'सरदार' फिल्म का निर्माण किया था। इस फिल्म में परेश रावल ने पटेल की भूमिका की थी।
मनोज कुमार-
अभिनेता, फिल्म निर्माता और निर्देशक मनोज कुमार को उनकी देशभक्ति की फिल्मों के कारण भारत कुमार भी कहा जाता है। उन्हें यह संज्ञा उनके द्वारा निर्देशित फिल्म उपकार के चरित्र भारत से मिली।  यह फिल्म १९६५ का युद्ध के अलावा किसानों की बात करती थी, गाँव को महिमा मंडित करती थी।  उस समय के सुधारों वाले नारे जय जवान जय किसान को  प्रचारित करती थी। इसके बाद मनोज कुमार ने पाश्चात्य सभ्यता पर भारतीय सभ्यता को श्रेष्ठ बताने वाली फिल्म 'पूरब और पश्चिम', ध्वनि और वातावरण प्रदूषण और पानी की समस्या पर फिल्म 'शोर', महंगाई और जमाखोरी जैसी ज्वलंत समस्या पर 'रोटी कपड़ा और मकान' और १९वी शताब्दी के स्वतंत्रता सेनानियों पर फिल्म 'क्रांति' बनाई।  इन सभी देशभक्ति पूर्ण फिल्मों को दर्शकों ने खूब पसंद किया।

कुछ अन्य देशभक्ति फ़िल्में- उपरोक्त फिल्मों के अलावा कुछ अन्य फ़िल्में भी हैं, जो अपने कथ्य के कारण देशभक्ति फ़िल्में मानी जाती हैं।  इनमे आमिर खान  की फिल्म 'रंग दे बसंती', अनिल कपूर और मनीषा कोइराला की १९४२: अ लव स्टोरी, आमिर खान की ही फिल्म लगान, सनी देओल की फिल्म 'ग़दर एक प्रेम कथा', 'इंडियन' और 'माँ तुझे सलाम',  शाहरुख़ खान की फिल्म स्वदेश, चक दे इंडिया और फिर भी दिल है हिंदुस्तानी,  ह्रितिक रोशन की फिल्म लक्ष्य आदि भी देशभक्ति फिल्मों में शुमार की जा सकती हैं।

राजेंद्र कांडपाल



No comments:

Post a Comment