Wednesday 27 January 2016

जब घायल हुआ हीरो !

अभी ह्रितिक रोशन नयगांव में आशुतोष गोवारिकर की फिल्म 'मोहनजोदड़ो' की शूटिंग कर रहे थे।  इस फिल्म के एक्शन सीन को करने के चक्कर में वह घायल हो गए।  खबर है कि उनके टखने में चोट आई और दो लिगमेंट फट गए।  डॉक्टर ने उन्हें  हफ्ते का बेड रेस्ट करने की सलाह दी ।  कुछ ऐसा ही किस्सा शाहिद कपूर का भी है।  आजकल वह विशाल भारद्वाज की फिल्म 'रंगून' की शूटिंग कर रहे हैं। यह फिल्म सेकंड वर्ल्ड वॉर की पृष्ठभूमि पर रोमांस फिल्म है।  शाहिद कपूर एक सैनिक का किरदार कर रहे हैं।  वह फिल्म के लिए एक जापानी एक्टर के साथ फाइट सीक्वेंस कर रहे थे।  शायद एक्शन की टाइमिंग कुछ गड़बड़ हो गई।  दोनों अभिनेता एक दूसरे से जा भिड़े । शाहिद कपूर की उंगली में चोट आयी।  जापानी एक्टर के सीने में चोट लगी।  उसे हॉस्पिटल ले जाना पड़ा।  शाहिद कपूर लगातार छह घंटे से बारिश में शूट कर रहे थे।  उन्हें बुखार भी हो  गया।  डॉक्टर ने पूरे आराम की सलाह दी।   
ह्रितिक रोशन को परफेक्ट हीरो माना जाता है।  वह अपने रोल को स्वभाविक बनाने के लिए कुछ भी कर सकते हैं।  जब तक खुद सीन से संतुष्ट नहीं हो जाते रिटेक देना पसंद करते हैं।  कुछ ऐसे ही परफेक्ट एक्टर शाहिद कपूर भी हैं।  वह रंगून के लिए जापानी सीख रहे हैं।  ह्रितिक की तरह अपने एक्शन सीन खुद करना उन्हें पसंद है।  वैसे आजकल एक्टरों की सोच है कि वह जब अपने तमाम सीन बिना किसी डुप्लीकेट के सहारे खुद करेंगे तो सीन परफेक्ट बनेगा। दर्शक उनसे ज्यादा जुड़ेंगे। ख़ास तौर पर युवा एक्टरों में अपने एक्शन खुद करने की होड़ सी लगी हुई है।  यही कारण है कि फिल्मों के सेट पर अभिनेताओं के घायल होने की ख़बरें आम हो चली हैं।  
बागी के स्टंट करते घायल हुए टाइगर श्रॉफ 
अब जैकी श्रॉफ के बेटे टाइगर श्रॉफ को ही लीजिये। इस एक्टर ने हीरोपंती से हिंदी फिल्म डेब्यू किया था।  फिल्म बड़ी हिट साबित हुई थी।  हीरोपंती के हिट होने में टाइगर के डांस के अलावा एक्शन सींस का खासा योगदान था।  टाइगर श्रॉफ रेमो डिसूज़ा की फिल्म फ्लाइंग जट्ट में एक सुपर हीरो किरदार कर रहे हैं।  ज़ाहिर है कि इस  किरदार के लिए उन्हें एक्शन करने ही होंगे।  लेकिन, वह घायल हो गए बागी की शूटिंग के दौरान।  साबिर खान के डायरेक्शन में फिल्म बागी एक एक्शन से भरी फिल्म है। इस फिल्म का एक एक्शन दृश्य टाइगर पर भारी पड़ा।  टाइगर सोचते थे कि वह इस सीन को आसानी से कर ले जायेंगे। लेकिन, अनुमान के विपरीत वह चूके और सीधा पीठ के बल ज़मीन पर आ गिरे।  डॉक्टर ने  जांच कर बताया कि उनकी डिस्क में हलकी चोट आई है।  अब वह भी डॉक्टर की सलाह पर आराम को मज़बूर हैं।
अक्षय कुमार कहाँ पीछे !
टाइगर श्रॉफ को खतरनाक स्टंट न करने की सलाह देने वाले अक्षय कुमार खुद कहाँ मानते हैं! पिछले साल रिलीज़ प्रभुदेवा  के निर्देशन में फिल्म 'सिंह इज़ ब्लिंग' के  एक इंट्रोडक्टरी सांग 'तुंग तुंग बाजे' में अक्षय कुमार को कुछ एक्शन करते दिखाया गया है।  एक एक्शन जलते हुए रिंग के बीच से फांदने का था।  अक्षय कुमार ने इस एक्शन को ठीक से तो कर लिया, लेकिन एक छोटी गलती के कारण उनके पैर जल गए।  हालाँकि, फिल्म की यूनिट अक्षय की चोट को लेकर चिंतित थी।  लेकिन, खुद अक्षय अगले दृश्य को करने में जुट गए।   
सुजॉय घोष की फिल्म के सेट पर घायल हुए अमिताभ बच्चन 
घायल होने के मामले में ७३  साल के अमिताभ बच्चन भी पीछे नहीं।  आजकल वह कोलकात्ता में सुजॉय घोष की फिल्म टीइ३एन (TE3N) की शूटिंग कर रहे हैं।  इस फिल्म की शूटिंग कोलकात्ता के भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी हो रही है।  ऐसे ही एक शूट के दौरान भीड़ के बीच से भागते हुए अमिताभ बच्चन फिसल गए। उनकी दो पसलियां टूट गई। दरअसल, अमिताभ बच्चन इस उम्र में भी अपने एक्शन खुद  करने को तैयार रहते हैं।  डायरेक्टर के मना करने के बावजूद वह अपने बॉडी डबल को किनारे कर एक्शन सींस खुद करने लगते हैं। 
वेलकम बैक के सेट पर घायल हुए जॉन अब्राहम
जॉन अब्राहम को तो जैसे एक्सीडेंट ढूंढते रहते हैं। निशिकांत कामथ की २०११ में रिलीज़ फिल्म 'फ़ोर्स' की शूटिंग के दर्जन वह रेल पटरियों के बीच पीठ के बल आ गिरे और गंभीर चोटें खा बैठे। इसके बावजूद उन्होंने कोई सबक नहीं लिया। पिछले साल की हिट फिल्म 'वेलकम बैक' के एक फाइट सीक्वेंस के दौरान उनके सर पर चोट आ गई।  इस सीक्वेंस में एक फाइटर को जॉन अब्राहम के कन्धों पर वार करना था।  लेकिन, गलती से उसका प्रहार जॉन के सर पर हो गया।  जॉन अब्राहम दर्द से बेहाल हो गए।  डॉक्टर  बुलाया गया। यह संयोग ही था कि जॉन के सर पर अंदरूनी चोट नहीं आया।  उनके साथ दूसरा हादसा फ़ोर्स २ सेट पर घटा।  इस फिल्म का निर्देशन अभिनय देव कर रहे हैं। फिल्म के एक सीक्वेंस में एक्शन करते हुए वह घुटनों  के बल गिर पड़े।  उनके घुटनों में गंभीर चोट आई। थक्का जम गया।  हॉस्पिटल में थक्कों को निकाल दिया गया।   लेकिन, जॉन अब्राहम डॉक्टर की सलाह के विपरीत सेट पर पहुँच गए। नतीजे के तौर पर उन्हें घुटने को माइनर ऑपरेशन कराना पड़ा।     
धोनी की बायोपिक के सेट पर घायल हुए सुशांत सिंह राजपूत 
सुशांत सिंह राजपूत को नया परफेक्शनिस्ट कहा जा रहा है। वह इस समय भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की कहानी पर फिल्म 'धोनी अं अनटोल्ड स्टोरी' में महेंद्र सिंह धोनी का किरदार कर रहे हैं।  वह कप्तान के किरदार को विश्वसनीय बनाने के लिए क्रिकेट की हर बारीकी को समझ और कर रहे हैं।  धोनी का एक सिग्नेचर शॉट हेलीकॉप्टर शॉट है।  इस शॉट को करने के लिए सुशांत ने जैसे ही बल्ला घुमाया बॉल उनकी पसलियों से जा लगी। इसके  कारण से सुशांत को फिल्म की शूटिंग से तीन हफ्ते तक दूर  रहना पड़ा।  
जब रणवीर सिंह घायल हुए 
रणवीर सिंह की हिस्टोरिकल लव स्टोरी फिल्म 'बाजीराव मस्तानी' हिट साबित हुई है।  ज़ाहिर है कि फिल्म के  हिट होने की ख़ुशी में रणवीर सिंह अपनी उस चोट को भूल गए होंगे जो उन्हें बाजीराव मस्तानी की जयपुर में शूटिंग के दौरान घोड़े से गिरने से लगी थी। रणवीर के कन्धों पर काफी चोट आई थी।  डॉक्टरों ने उन्हें आर्म स्लिंग  पहनने की सलाह दी।  यही कारण था कि रणवीर सिंह दिल धड़कने दो के प्रचार के दौरान आर्म स्लिंग में नज़र आये।  चोट खाने के मामले में उनकी पूर्व प्रेमिका अनुष्का शर्मा भी पीछे नहीं।  अपनी फिल्म एनएच १० की शूटिंग के दौरान एक एक्शन करते हुए वह अपनी पीठ चोटिल करा बैठी थी।  
घायल हुआ फैन का हीरो 
घायल होने के मामले में शाहरुख़ खान जॉन अब्राहम से कहीं बहुत आगे हैं।  वह अपनी हर फिल्म के सेट पर घायल हो जाते हैं।  हैप्पी न्यू ईयर की शूटिंग के दौरान उनके घायल होने का सिलसिला जारी रहा, वह इस फिल्म के प्रमोशन के दौरान भी घायल हो गए, जब एक होटल का दरवाज़ा उन पर आ गिरा।  इसलिए, शाहरुख़ खान का मज़ाक भी खूब बनाया जाता है कि वह अपनी चोट को भी पब्लिसिटी स्टंट बना लेते हैं।  दिलवाले की शूटिंग के दौरान भी वह ट्विटर पर घायल कंधे वाली फोटो में नज़र आये।  उन्होंने ट्वीट कर लिखा भी, "माय लव बीते फ्रॉम अ बार फाइट।" अभी वह फैन की शूटिंग करते हुए भी चोटिल हो गए।  
दंगल के सेट पर आमिर खान के साथ अमंगल
नितीश तिवारी की फिल्म 'दंगल' में आमिर खान का अमंगल शुरू हो गया लगता है।  इस फिल्म के लुधियाना शूट के दौरान आमिर खान को एक लम्बे एक्शन सीक्वेंस में कई एंगल से सीन देने थे।  ऐसे ही एक सीन के दौरान वह ज़मीन पर गिरे तो खुद नहीं उठ सके।  ऐसा लगा की उनकी मांस पेशियों में खिंचाव हो गया है।  बर्फ आदि से इलाज़ के बावजूद जब आमिर खान खुद  खड़े नहीं हो सके तो उन्हें हॉस्पिटल ले जाया गया। जहाँ डॉक्टरों ने बताया कि आमिर खान के कंधे पर गंभीर चोट लगी है।  नतीजे के तौर पर मिस्टर परफेक्शनिस्ट को लुधियाना से मुंबई  रवाना होना पड़ा।
अपनी फिल्मों के सेट पर एक्टर गिरते हैं, चोट खाते हैं।  कभी मामूली, कभी गंभीर।  शाहरुख़ खान जैसी अभिनेता पब्लिसिटी के लिए भी इसका इस्तेमाल करते हैं। इसीलिए यह समझ पाना मुश्किल हो जाता है कि कोई चोट गंभीर है या पब्लिसिटी स्टंट ! यही कारण है कि जब दिलवाले के प्रचार के दौरान शाहरुख़ खान ने बताया कि फिल्म की शूटिगं के  दौरान काजोल ज़मीन पर गिर पड़ी थी तथा वह कोई आधे घंटे तक किसी को नहीं पहचान सकी थी, तो सबने इस पब्लिसिटी स्टंट ही समझा।
टाइगर श्रॉफ कहते हैं, "हालाँकि, अक्षय सर ने मुझसे खतरनाक एक्शन  सीन खुद न करने के लिए कहा था।  लेकिन, दर्शक फिल्म में कुछ नए एक्शन देखना चाहता है।  मुझे खुद को हर फिल्म के साथ कुछ ज़्यादा साबित करना है।" टाइगर  जानते हैं कि हर शुक्रवार किसी नए चहरे के उभरने का शुक्रवार हो सकता है।  हर नया हीरो दूसरा मौका नहीं लेना चाहता।  वह पहली फिल्म से ही खुद  को परफेक्ट हीरो साबित कर देना चाहता है।  ऐसे में टाइगर को अपना वज़ूद बचाने के लिए हर फिल्म में कुछ हैरतअंगेज तो करना ही होगा !


अल्पना कांडपाल 



No comments:

Post a Comment