Sunday 5 November 2017

बॉलीवुड से हॉलीवुड तक फीमेल विलेन

बॉलीवुड और हॉलीवुड की कुछ फिल्मों पर नज़र डालते हैं।  इन फिल्मों में खल भूमिका कोई पुरुष नहीं, परंपरा से हट कर महिला चरित्र कर रहा है।  हॉलीवुड की फिल्म थॉर रगनरॉक में एक फीमेल विलेन हेला है।  इस किरदार को द एविएटर और ब्लू जस्मीन के लिए ऑस्कर जीत चुकी अभिनेत्री केट ब्लैंचेट कर रही हैं।  दिलचस्प बात यह भी है कि ब्लैंचेट का विलेन किरदार मार्वेल का पहला महिला विलेन है।  यह सुपरहीरो फिल्म का सबसे खतरनाक किरदार है।  इस मामले में बॉलीवुड अभिनेत्रियां भी पीछे नहीं।  प्रियंका चोपड़ा तो हॉलीवुड फिल्म बेवॉच में ड्वेन जॉनसन केअपोजिट फीमेल विलेन विक्टोरिया लीड्स का किरदार कर चुकी है। अपेक्षाकृत रोल छोटा होने के बावजूद प्रियंका चोपड़ा को विलेन के किरदार में पसंद किया गया।
किसी फिल्म अभिनेत्री के विलेन किरदार करने का सिलसिला नया नहीं है।  कई  हिंदी फिल्म अभिनेत्रियों ने अपनी फिल्मों में बुरी स्त्री के चरित्र को किया है।  यह  चरित्र इस मायने में बुरे नहीं थे कि वह वेश्यावृत्ति या छोटी-मोटी चोरी चकारी  किया करते थे।  इस प्रकार के बुरे चरित्र तो सत्तर के दशक की कई बड़ी  अभिनेत्रियों ने किये।  हिंदी फिल्मों में एंग्रीयंग मैन के उभार के बाद हिंदी फिल्मों की नायिका कैबरे भी करने लगी थी।  मगर यह तमाम किरदार फिल्म का अंत आते आते सहानुभूति के पात्र बन जाते थे।  हिंदी  फिल्मों का महिला खल किरदार यानि फीमेल विलेन  फिल्मों के परंपरागत मेल विलेन जैसा था। अब यह बात दीगर है कि ऐसी भूमिकाओं ने इन अभिनेत्रियों को शोहरत और पुरस्कार दिलवा दिए। आइये जानते हैं, ऎसी  ही कुछ अभिनेत्रियों और उनके चरित्रों के बारे मे।
काजोल- काजोल ने राजीव राय की १९९७ की फिल्म गुप्त- द  हिडन में ईशा दीवान का खल किरदार किया था। इस फिल्म के लिए काजोल को बेस्ट विलेन का फिल्मफेयर पुरस्कार मिला। काजोल पहली एक्ट्रेस थी, जिसे इस श्रेणी में फिल्मफेयर पुरस्कार मिला। क्योंकि, फिल्मफेयर ने काजोल की भूमिका के कारण ही अपनी पुरस्कारों की श्रेणी में यह श्रेणी जोड़ी थी। इस फिल्म के २० साल बाद, इसी साल रिलीज़ तमिल फिल्म वीआईपी २ में काजोल ने धनुष के अपोजिट वसुंधरा परमेश्वर की भूमिका की थी, जो अपने बिज़नेस के लिए कुछ भी बुरा कर सकती है।
प्रियंका चोपड़ा- प्रियंका चोपड़ा ने दो फिल्मों में खल नायिका का किरदार किया था।  अक्षय कुमार और करीना कपूर के साथ अब्बास मुस्तान की थ्रिलर फिल्म ऐतराज़ में प्रियंका चोपड़ा ने अपने सोनिया रॉय के किरदार के लिए फिल्मफेयर और स्क्रीन अवार्ड्स सहित कई पुरस्कार जीते। प्रियंका ने विशाल भरद्वाज की फिल्म ७ खून माफ़  में अपने पतियों का क़त्ल करने वाली सुसन्ना एना- मारी जोहन्स, साहेब, सूजी, सुल्ताना, एना और सुनैना का किरदार किया था।  इस फिल्म के लिए भी उन्हें फिल्मफेयर और स्क्रीन   अवार्ड सहित कई दूसरे पुरस्कार जीते।
बिपाशा बासु- बिपाशा बासु के करियर की शुरुआत ही अब्बास मुस्तान की थ्रिलर फिल्म अजनबी में सोनिया बजाज/नीता के किरदार से हुई थी।  इस फिल्म के लिए उन्होंने फिल्मफेयर में बेस्ट डेब्यू एक्ट्रेस अवार्ड जीता।  अगली फिल्म जिस्म में वह एक ऐसी बुरी औरत सोनिया खन्ना बनी थी, जो अपने पति की हत्या के लिये अपने जिस्म का इस्तेमाल करती है और हत्या करने में नहीं हिचकती। इस फिल्म के लिए वह फिल्मफेयर पुरस्कारों में बेस्ट एक्ट्रेस इन निगेटिव रोल की श्रेणी में नामित हुई थी। रेस सीरीज की फिल्मों में भी बिपाशा बासु का सोनिया मार्टिन का किरदार निगेटिव किरदार किया था। प्लेयर्स में बिपाशा बासु सोना लूटने वाले गिरोह की सदस्य बनी थी। अलोन में बिपाशा बासु की दोहरी भूमिका में एक संजना बुरा चरित्र था।  
उर्मिला मातोंडकर- रंगीला गर्ल उर्मिला मातोंडकर के प्यार तूने क्या किया, एक हसीना थी और क़र्ज़ फिल्मों में रिया, सारिका और कामिनी के किरदार बुरी औरत के थे, जो अपना बदला लेने के लिए या दौलत के लालच में हत्या कर देती थी।  पहली दो फिल्मों के लिए उर्मिला को फिल्मफेयर में नॉमिनेशन तो मिला, मगर वह एक भी अवार्ड नहीं जीत सकी।  
कैटरीना कैफ - कैटरीना ने कैज़ाद गुस्ताद की डकैती इरोटिका फिल्म बूम में डकैतों की साथी रीना कैफ का बुरे किरदार से हुई थी।  उनका फिल्म रेस का सोफिया की भूमिका भी बुरी औरत की थी।  लेकिन, कैटरीना को किसी भी फिल्म के लिए कोई  नामांकन तक नहीं मिला।   
विद्या बालन-  बुरे किरदारों के लिहाज़ से  विद्या बालन का फिल्म इश्क़िया में कृष्णा का किरदार, उनके करियर  के लिहाज़ से बेहद ख़ास है।  इस फिल्म ने विद्या बालन को क्रिटिक अवार्ड्स दिलाये ही, ख़ास और आम दर्शकों के बीच उन्हें पॉपुलर कर दिया।  वह ऎसी अभिनेत्री के बतौर उभरी, जो किसी फिल्म को अपने कंधे पर ढो सकती है।  इस फिल्म के बाद, विद्या बालन ने दक्षिण भारत की सेक्सी फिल्मों की अभिनेत्री सिल्क स्मिता के जीवन पर फिल्म द डर्टी पिक्चर में सिल्क स्मिता का स्क्रीन किरदार रेशमा किया।  इस फिल्म ने विद्या बालन को राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जितवा दिया। 
 बॉलीवुड के कुछ दूसरी फीमेल विलेन
हिंदी फिल्मों में नायिका का किरदार करने वाली कुछ दूसरी अभिनेत्रियों ने भी खल-नायिका किरदार किये।  इनमे प्रीटी ज़िंटा का फिल्म अरमान में सोनिया कपूर का, कोंकणा सेन शर्मा का फिल्म एक थी डायन में डायन का, अमृता सिंह का फिल्म कलयुग में सिमी रॉय के किरदार उल्लेखनीय हैं।   तिग्मांशु धुलिया की फिल्म साहेब बीवी और गैंगस्टर में माही गिल का बीवी  की भूमिका भी बुरी औरत की थी।  
हॉलीवुड की फिल्मों के फीमेल विलेन
हॉलीवुड की फिल्मों में फीमेल विलेन की भूमिका करने वाली केट ब्लैं चेट पहली अभिनेत्री नहीं। उनसे पहले भी कई अभिनेत्रियों ने खल भूमिकाएं की हैं।  शेरोन स्टोन को फिल्म बेसिक इंस्टिंक्ट कैथरीन ट्रेमल की भूमिका के लिए समीक्षकों की सराहना तो मिली ही, विश्व के कई फिल्म पुरस्कारों में  नामांकन भी मिला।  इसके अलावा, फिल्म १०१ डाल्मेशियन में ग्लेन क्लोज का क्रुएला डी विल, द क्रोनिकल्स ऑफ़ नारनिया में टिल्डा स्विंटन का वाइट विच, गॉन गर्ल में रोसामण्ड पाइक का एमी डन्ने, द डेविल वेअर्स  प्रादा में मेरिल स्ट्रीप का मिरांडा प्रीस्टली, आदि भी उल्लेखनीय खल किरदार हैं। सोती सुंदरी के  बॉलीवुड संस्करण मलफिसेंट का मुख्य किरदार एंजेलिना जोली ने किया था।  यह एक आग उगलने वाली ड्रैगन थी।

No comments:

Post a Comment