Saturday 7 March 2015

अब सिल्वर स्क्रीन पर 'पीनट्स'

आज की युवा पीढ़ी के माता पिता कॉमिक करैक्टर पीनट्स के बारे में ज़रूर जानते होंगे।  यूनाइटेड फीचर सिंडिकेट का यह कॉमिक करैक्टर २ अक्टूबर १९५० को पहली बार अख़बारों के पाठकों के सामने कॉमिक स्ट्रिप्स में पेश हुआ था।  चार्ल्स एम शुल्ट्ज़ के रेखांकन वाला यह करैक्टर १३ फरवरी २००० तक लगातार प्रकाशित होते रहने  के कारण इस कॉमिक स्ट्रिप को एक मनुष्य चरित्र द्वारा सबसे लम्बे समय तक कही गई कहानी माना गया ।  इस कॉमिक करैक्टर की १७८९७ स्ट्रिप्स प्रकाशित हुई।  एक समय पीनट्स दुनिया के ७५ देशों के २६०० अख़बारों में २१ भाषाओँ में अनुवादित हो कर प्रकाशित हुआ करता था।  पीनट्स के कारण ४ फ्रेम वाली कॉमिक स्ट्रिप्स का मानक बन गया।  इस कॉमिक करैक्टर के जरिये शुल्ट्ज़ ने एक बिलियन डॉलर से अधिक की कमाई की।  पीनट्स कुछ कार्टून करैक्टर का जमावड़ा है।  मुख्य करैक्टर चार्ली ब्राउन चुपचाप रहने वाला, अस्थिर चित्त और असफल चरित्र है। अब यह बात दीगर है कि असफल होने के बावजूद वह लीडर है।  क्योंकि, वह फ़ीनिक्स की तरह उठना जानता है। वह पतंग नहीं उड़ा सकता, लेकिन बेसबॉल का मैच जीत सकता है। इस करैक्टर को अमेरिकी सफलता का प्रतीक बताया गया है। इस साल चार्ली ब्राउन ६५ साल का हो जायेगा। इसे देखते हुए इस करैक्टर को इसके साथियों के साथ रूपहले परदे पर ३डी कंप्यूटर एनीमेशन रूप में पेश किया जा रहा है । 'द  पीनट्स मूवी' नाम की यह फिल्म ६ नवंबर २०१५ को रिलीज़ होगी।  ब्लू स्काई स्टूडियोज और ट्वेंटिएथ सेंचुरी फॉक्स की इस फिल्म का निर्देशन स्टीव मार्टिनो ने किया है।  'द पीनट्स मूवी' में चार्ली ब्राउन और उसके साथियों स्नूपी, लूसी, लिनुस, आदि को बड़े परदे पर कुछ इस तरह से पेश किया गया है, जो दर्शकों के लिए अभूतपूर्व होगा।

अल्पना कांडपाल

No comments:

Post a Comment