Monday 17 November 2014

रिलीज़ हुआ रजनीकांत और सोनाक्षी सिन्हा की फिल्म लिंगा का म्यूजिक


इंडियन सुपर स्टार रजनीकांत की नायिका हिंदी फिल्म अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा की टॉलीवुड  से परिचय कराने वाली फिल्म 'लिंगा' का म्यूजिक कल रात चेन्नई में रिलीज़ किया गया ।  इस रिलीज़ के मौके पर दक्षिण और बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री की कई बड़ी हस्तियां मौजूद थीं।  इरोस इंटरनेशनल द्वारा रिलीज़ 'लिंगा' का म्यूजिक चेन्नई के सत्यम सिनेमा में बॉलीवुड फिल्म अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा, दक्षिण की सुपर स्टार अभिनेत्री अनुष्का शर्मा, कन्नड़ सुपर स्टार किच्छा सुदीप, विक्रम प्रभु, केएस  रविकुमार, फिल्म निर्माता गणान्वेल राजा, अभिनेता विजय कुमार, संथानम, डायरेक्टर अमीर और अन्य हस्तियों की मौजूदगी में रिलीज़ किया गया।  आयोजनस्थल ठेठ दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री  के तौर तरीकों के अनुरूप 'लिंगा' के पोस्टरों से सजाया गया था। आम तौर पर मुंबई में म्यूजिक रिलीज़ के फंक्शन काफी देर से, मेहमानों और पत्रकारों को लम्बी प्रतीक्षा करवाने के बाद शुरू होते हैं।  लेकिन, सत्यम में ऐसा कुछ नहीं हुआ।  खुद सुपर स्टार रजनीकांत समय के पाबंद हैं, इसलिए लिंगा का म्यूजिक रिलीज़ प्रोग्राम भी समय से शुरू हो गया।  म्यूजिक रिलीज़ पर लिंगा के संगीतकार एआर रहमान मौजूद नहीं थे, परन्तु उन्होंने अपना रिकॉर्ड सन्देश भेजा था।  इस सन्देश में रहमान ने रजनीकांत की फिल्म लिंगा का संगीत देकर खुद को सम्मानित महसूस किया था।  सबसे ज़्यादा खुश सोनाक्षी सिन्हा थी. हालाँकि, म्यूजिक रिलीज़ पर लिंगा की दूसरी नायिका अनुष्का शेट्टी भी मौजूद थीं, परन्तु सोनाक्षी सिन्हा के स्टेज पर पहुँचने पर चेन्नई के उनके प्रशंसकों ने सोनाक्षी का ज़ोरदार स्वागत किया।  साड़ी  में बेहद खूबसूरत लग  रही सोनाक्षी ने रजनीकांत को आदरपूर्वक नमस्कार किया।  उन्होंने  कहा,"मैं अपनी टॉलीवुड  में एंट्री को सुपरस्टार रजनीकांत की नायिका के रूप  में देखती हूँ।" यहाँ बताते चलें कि  रजनीकांत और सोनाक्षी सिन्हा के पिता शत्रुघ्न सिन्हा की जोड़ी ने १९८७ में फिल्म उत्तर दक्षिण में साथ काम किया था।  इस फिल्म के बाद से इन दोनों की अच्छी दोस्ती कायम हो गयी थी. लिंगा तमिल, तेलुगु और हिंदी भाषा में १२ दिसंबर को रजनीकांत के जन्मदिन पर रिलीज़ होगी।


No comments:

Post a Comment