Saturday 8 November 2014

अर्जुन रामपाल के साथ सोनी राजदान का 'लव अफेयर' !


अब यह तय हो गया है कि अर्जुन रामपाल 'लव अफेयर' करेंगे।  अर्जुन रामपाल का यह रील लाइफ लव अफेयर निर्माता पूजा भट्ट की सोनी राज़दान निर्देशित फिल्म लव अफेयर में होगा ।  लव अफेयर १९५९  में मुंबई में हुए सनसनीखेज नानावती कांड पर आधारित है।  हालाँकि, पूजा भट्ट अपनी फिल्म को नानावती कांड पर फिल्म नहीं कहती।  वह इसे एक औरत के विवाहेत्तर संबंधों पर फिल्म बताती हैं, जिसमे आपराधिक मोड़ आ जाता है। लेकिन, पति, पत्नी और पत्नी के वह की यह कहानी पूरी तरह से नानावती कांड जैसी ही है।  १९५९ में पूरे देश में इस खबर के कारण सनसनी फ़ैल  गयी थी कि नेवी के कमांडर कवास मानेकशॉ नानावती ने अपनी पत्नी के प्रेमी और बिज़नेस मैन  प्रेम आहूजा की अपने सर्विस रिवाल्वर से गोली दाग कर हत्या कर के पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया था।  इस केस को  आज के मशहूर वकील राम जेठमलानी ने लड़ा था।  पूजा भट्ट की फिल्म लव की कहानी में यह समानता है। ध्यान रहे कि  फिल्म निर्माता निर्देशक स्वर्गीय सुनील दत्त ने इसी हत्याकांड से प्रेरित होकर फिल्म  यह रास्ते हैं प्यार के का निर्माण किया था।  इस फिल्म में नानावती का किरदार खुद सुनील दत्त ने किया था।  उनकी स्क्रीन वाइफ लीला नायडू बनी थीं। नायडू के प्रेमी रहमान बने थे।  मोतीलाल सरकारी वकील बने थे और बचाव पक्ष  के वकील अशोक कुमार बने थे।  इतने बड़े कलाकारों के बावजूद यह रास्ते हैं प्यार के बॉक्स ऑफिस पर असफल रही थी।  अब पूजा भट्ट ऐसा दूसरा प्रयास कर रही हैं तो सुनील दत्त का रोल करने के लिए अर्जुन रामपाल शामिल किये गए हैं।  कल्कि कोएच्लिन लीला नायडू की  सैंडल पहनेंगी।  गुलशन देवैया रहमान वाले रोल में होंगे।  रील लाइफ राम जेठमलानी अभिनेता चन्दन रॉय सान्याल बने हैं।

No comments:

Post a Comment