Wednesday 5 July 2017

क्यों अजय देवगन के कारण सिंगल हैं तब्बू ?

आजकल बॉलीवुड गलियारों में ४८ साल के अजय देवगन और ४५ साल की रोमांस की हवा बह रही है।  इस रोमांस को हवा बनने का मौका मिला एक इंटरव्यू के दौरान तब्बू ने कह दिया कि वह अजय देवगन के कारण आज भी सिंगल हैं।  भाई लोगों ने तब्बू के इन शब्दों को पढ़ा।  आगे और पीछे देखा न पढ़ा या कहें कि अनदेखा कर दिया और ले उड़े अजय देवगन से तब्बू के रोमांस और तब्बू के अनब्याहे रहने की कहानी को।  क्या अजय देवगन और तब्बू कभी रोमांटिक जोड़े थे ?  इसे पक्का करने से पहले एक नज़र डालते हैं अजय देवगन के रोमांस पर।
अजय देवगन की 'जिगर' करिश्मा कपूर
अजय देवगन का करियर १९९१ में कुकू कोहली की फिल्म फूल और कांटें से शुरू हुआ था।  उनसे पांच महीना पहले कपूर खानदान की पोती करिश्मा कपूर ने फिल्म प्रेम कैदी से हिंदी फिल्म डेब्यू किया।  इत्तफ़ाक़ की बात यह है कि करिश्मा कपूर के नायक हरीश और अजय देवगन की नायिका मधु दक्षिण से थे ।  अजय देवगन की करियर की दूसरी फिल्म करिश्मा कपूर के साथ फिल्म जिगर थी।  जबकि, करिश्मा कपूर फिल्मों की बारिश सी कराती हुई, १९९२ में एक के बाद एक पांच फ़िल्में दे चुकी थी।  करिश्मा कपूर की १९९२ में रिलीज़ होने वाली छठी फिल्म जिगर अजय देवगन के साथ थी । फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर हिट फिल्मों में शुमार किया जाता है।  इस फिल्म के बाद अजय देवगन और करिश्मा कपूर की चार और फ़िल्में संग्राम, शक्तिमान, धनवान और सुहाग रिलीज़ हुई।  इनमे ३ फ़िल्में १९९३ और आखिरी फिल्म १९९४ में रिलीज़ हुई।  इस दौरान अजय देवगन और करिश्मा कपूर रोमांस गर्म होता रहा ।  बताते हैं कि करिश्मा कपूर अजय देवगन से पागलों की तरह प्यार करती थी।  उनका यह प्रेम सम्बन्ध १९९५ तक सुर्ख होता रहा।  ऐसा लगता था कि दोनों शादी कर लेंगे।  बाद में ऐसा ही कुछ बिपाशा बासु और जॉन अब्राहम रोमांस के साथ भी हुआ।  इसीलिए जब करिश्मा कपूर और अजय देवगन का ब्रेकअप हुआ तो इस जोड़ी के चाहने वालों को बेहद आश्चर्य हुआ।  कुछ लोगों का कहना है कि अजय देवगन ने एक लड़की के लिए करिश्मा कपूर को धोखा दिया था।  जबकि, इस सम्बन्ध के ख़त्म होने को करिश्मा कपूर की जलन ही कहा जा सकता है।  दरअसल, अजय देवगन रवीना टंडन के साथ भी फ़िल्में कर रहे थे। इस जोड़े ने दिव्या-शक्ति, एक ही रास्ता और दिलवाले  जैसी फ़िल्में की।  करिश्मा कपूर को लगा कि अजय देवगन उनके बजाय रवीना  टंडन के ज़्यादा नज़दीक हो रहे हैं।
जब काजोल ने मचाई 'हलचल' !
करिश्मा कपूर से सम्बन्ध टूटने के बाद अजय देवगन ने काजोल के साथ फिल्म हलचल  (१९९५) साइन की थी।अनीस बज़्मी  की इस फिल्म को ठीक ठाक सफलता ही मिली।  इस फिल्म के बाद काजोल और अजय देवगन की रोमांटिक जोड़ी चल निकली।  हालाँकि, सफलता के लिहाज़ से काजोल की ज़्यादा फ़िल्में शाहरुख़ खान के साथ थी।  इसके बावजूद काजोल और अजय देवगन ने एक साथ गुंडाराज, इश्क़, प्यार तो होना ही था और दिल क्या करे की।  लेकिन, दिल क्या करे की रिलीज़ से पहले ही अजय देवगन और काजोल ने शादी कर ली।  यहाँ बताते चलें कि काजोल के साथ अजय  देवगन की फ़िल्में ज़्यादा सफल नहीं हुई।  इश्क में काजोल की जोड़ी आमिर खान के साथ थी।  एक बार अजय देवगन से काजोल के रोमांस के बारे में पूछे जाने पर अजय देवगन ने दार्शनिक अंदाज़ में कहा था, "रोमांस ! यह कैसा होना चाहिए!  मैंने कभी  काजोल को प्रपोज़ नहीं किया।  बस यह हो गया।"
काम के प्रति गंभीर अजय
फाइट मास्टर वीरू देवगन के बेटे अजय देवगन अपने काम के प्रति गंभीर हुआ करते थे।  करिश्मा कपूर ने जहाँ अजय देवगन से रोमांस  के बाद न जाने कितने दूसरे रोमांस किये।  लेकिन,  अजय देवगन काजोल से टूट  के बाद फिल्मों में व्यस्त हो गए।  इसके बाद काजोल ही उनके  जीवन में आई।  इन दो रोमांस के अलावा रवीना टंडन से अजय देवगन का रोमांस करिश्मा कपूर की जलन का नतीज़ा ही लगता है।  क्योंकि, मोहरा (१९९४) से रवीना टंडन और  अक्षय कुमार की जोड़ी फिल्मों और रियल लाइफ रोमांस में भी बन चुकी थी।  इसलिए,  इस दौरान रवीना टंडन का अजय देवगन से जुड़ना मुमकिन नहीं लगता।
अजय देवगन ने किया कंगना रनौत को फ़्लर्ट
अजय देवगन बेहद फ़्लर्ट एक्टर हैं।  उनका यह फ़्लर्ट करना उनकी सफलता का ही नतीज़ा है।  अपने करियर के शीर्ष पर अजय देवगन ने मिलन लुथरिया की एक फिल्म वन्स अपॉन अ टाइम इन मुंबई में कंगना रनौत के साथ काम किया था।  इस फिल्म में अजय देवगन ने तस्कर हाजी मस्तान का किरदार किया था, जो एक फिल्म एक्ट्रेस रेहाना से प्रेम करता था और उसकी फिल्मों में पैसे लगता था।  कंगना का किरदार रियल लाइफ एक्ट्रेस मधुबाला से प्रेरित था।  इस फिल्म में काम करते हुए अजय देवगन ने कंगना  रनौत से फ़्लर्ट करना शुरू कर दिया।  यह समय कंगना रनौत का राज़: द मिस्ट्री कन्टीन्यूज के अपने नायक अध्ययन सुमन से टूट के बाद का था।  कंगना रनौत ने अजय देवगन के फ़्लर्ट को अपने लिए रोमांस समझा।  अजय देवगन ने कंगना से हकीकत बयान नहीं की।  नतीजे के तौर पर कंगना ने इसे सीरियसली ले लिया।  फिल्म रास्कल्स के दौरान वह एक दिन इतना उत्तेजित हो गई कि शराब के नशे में अजय देवगन के कमरे के बाहर धरना दे कर बैठ गई।  कंगना रनौत के इस तेवर से अजय देवगन घबरा गए और उन्होंने कंगना से फ़िल्मी रिश्ते तक तोड़ लिए।
तब्बू ने क्यों कहा - अजय के कारण सिंगल ?
अब फिर सवाल है तब्बू के शादी न करने का ! क्या अजय देवगन की बेवफाई ने तब्बू का दिल तोड़ दिया था? उन्होंने क्यों कहा कि अजय देवगन के कारण वह सिंगल हैं।  इसे समझने के लिए एक बार फिर मुंबई मिरर को दिए तब्बू के इंटरव्यू को पढ़ना होगा।   तब्बू और अजय देवगन २३ साल बाद गोलमाल अगेन में रोमांटिक जोड़ा बना रहे हैं।  इस अखबार से बात करते हुए, अजय देवगन का ज़िक्र आने पर तब्बू ने कहा था, "अजय और मैं, एक दूसरे को २५ सालों से जानते हैं।  वह मेरे कजिन समीर आर्य के पडोसी और अच्छे दोस्त हैं।  वह मेरे बड़े होने के दौर का  हिस्सा रहे हैं।  यही हमारे संबंधों का आधार है।  जब मैं बड़ी हो रही थी तब समीर और अजय मेरी जासूसी किया करते थे।  मेरा पीछा करते हुए मुझसे बात करने वाले किसी भी लडके को धमकाया करते थे।  यह दोनों बहुत दादागिरी करते थे।  मैं इसीलिए अजय के कारण  सिंगल हूँ। मुझे उम्मीद है कि अजय ने जो कुछ किया, उसके लिए उन्हें पछतावा हो रहा होगा।" इस इंटरव्यू में तब्बू ने कहीं भी अजय से रोमांस या उनका अजय के प्रति झुकाव का उल्लेख नहीं किया है।  ऐसे में तब्बू का अजय से दिल टूटने के कारण सिंगल रहने का सवाल ही कहाँ उठता है। इसी के बाद तब्बू मज़ाकिया लहज़े में कहती भी हैं, "एक दिन मैंने अजय कहा भी कि प्लीज मेरी शादी के लिए कोई लड़का ढूंढो।"

अल्पना कांडपाल 

No comments:

Post a Comment