Tuesday 8 December 2015

हैरिसन फोर्ड ही होंगे इंडिआना जोंस !

इस साल के शुरू में मशहूर फ्रैंचाइज़ी इंडियन जोंस का पांचवां सीक्वल बनाए जाने की अफवाहें थी। कहा गया कि डिज्नी की नज़रे ओरिजिनल इंडिआना जोंस हैरिसन फोर्ड के बदल के लिए गार्डियनस ऑफ़ गैलेक्सी और जुरैसिक वर्ल्ड के अभिनेता क्रिस प्राट पर टिकी हुई थी।  हालाँकि, उसी समय क्रिस ने इन अफवाहों का यह कहते हुए खंडन कर दिया था कि उनसे कभी इंडिआना जोंस के लिए संपर्क नहीं किया गया। लेकिन, इंडिआना जोंस ५ बनाए जाने की खबरों को किसी ने नहीं नकारा। इसलिए, यह अफवाह भी बनी रही कि जब भी इंडिआना जोंस ५ बनेगी, पुरातत्ववेत्ता डॉक्टर हेनरी ‘इंडिआना’ जोंस जूनियर का किरदार हैरिसन फोर्ड नहीं कर रहे होंगे। लेकिन, एक इंटरव्यू में इंडिआना जोंस के डायरेक्टर स्टीवन स्पीलबर्ग ने इन सभी अफवाहों को नकार दिया। उन्होंने साफ़ कहा कि ‘मैं नहीं सोचता कि इंडी के किरदार में कोई हैरिसन फोर्ड की जगह ले सकता है। मेरा कोई ऐसा इरादा भी नहीं है कि स्पाइडर-मैन और बैटमैन की तरह इंडिआना जोंस भी कोई दूसरा एक्टर करे।’ हालाँकि, इसमे भी कोई शक नहीं कि इंडिआना जोंस का किरदार करने वाले हैरिसन फोर्ड अकेले एक्टर नहीं। इंडिआना जोंस सीरीज की पहली फिल्म ‘रेडर्स ऑफ़ द लॉस्ट आर्क १९८१ में रिलीज़ हुई थी। फिल्म में इंडिआना जोंस की भूमिका में पहली बार हैरिसन फोर्ड नज़र आये और दर्शकों के दिलो दिमाग पर छा गए। इसके बाद तीन अन्य फ़िल्में ‘इंडिआना जोंस एंड द टेम्पल ऑफ़ डूम’ (१९८४), ‘इंडिआना जोंस एंड द लास्ट क्रूसेड’ (१९८९) और ‘इंडिआना जोंस एंड द किंगडम ऑफ़ द क्रिस्टल स्कल’ (२००८) रिलीज़ हुई। इन चारों फिल्मों में इंडिआना जोंस हैरिसन फोर्ड ही थे। लेकिन, द लास्ट क्रूसेड में रिवर फ़ीनिक्स ने युवा इंडिआना जोंस का किरदार किया था। १९९२ की टीवी सीरीज ‘द यंग इंडिआना जोंस क्रॉनिकलस’ में सीन पैट्रिक फ्लानेरी इंडिआना जोंस के युवा अवतार में थे। इस लिहाज़ से इंडिआना जोंस के हैट में किसी दूसरे एक्टर का सर घुसाने की गुंजायश है। लेकिन, स्टीव स्पीलबर्ग के बाद प्रोडूसर फ्रैंक मार्शल के द्वारा भी नकारे जाने के बाद हैरिसन फोर्ड के बदल की अफवाहों पर विराम लग जाना चाहिए। डिज्नी ने इंडिआना जोंस फ्रैंचाइज़ी पर फिल्म बनाने के अधिकार दिसम्बर २०१३ में ही खरीद लिए थे। पर यह स्टूडियो फिलहाल तो स्टार वार्स सीरीज की सातवीं फिल्म की रिलीज़ को लेकर काफी व्यस्त है। वैसे अन्दर खाने चर्चा है कि इंडिआना जोंस ५ खालिस कल्पना नहीं रह गई है। यह फिल्म ज़रूर बनाई जायेगी, चाहे हैरिसन फोर्ड के साथ या उनके बिना। 

No comments:

Post a Comment