Sunday 24 December 2017

हनी सिंह की वापसी का गीत

लव रंजन की फिल्म सोनू के टीटू की स्वीटी ९ फरवरी को रिलीज़ होगी। आजकल इस फिल्म का ट्रेलर दिखाया जा रहा है। खबर है कि फिल्म का पहला गीत दिल चोरी साड्डा हो गया जनवरी में रिलीज़ होगा।  इस गीत के साथ ही मशहूर पॉप सिंगर यो यो हनी सिंह की वापसी हो जाएगी। यो यो हनी सिंह, दो साल पहले, यकायक गायब हो गए थे।  उस दौरान वह एक म्यूजिक रियलिटी शो कर रहे थे।  उस शो के दौरान भी उन्हें ब्रेक लेना पड़ा था।  दरअसल, हनी बाइपोलर डिसऑर्डर के शिकार हो गए थे। इस  बीमारी का शिकार व्यक्ति कभी चिड़चिड़ा हो जाता है। कभी उसमे निराशा गहरा जाती है, कभी वह खुद को दुनिया का सबसे खुशनसीब, अमीर और क्रिएटिव महसूस करने लगता है।  यानि उसकी मनोदशा दो हिस्सों में बंट जाती है। इसी बीमारी के इलाज़ के लिए हनी सिंह  हिंदी फिल्म और टीवी से गायब हो गए थे।  उनके प्रशंसकों, ख़ास तौर पर युवाओं में उनके लिए चिंता बनी हुई थी। यो यो हनी सिंह सही मायनों में भारतीय युवाओं की पसंद के अनुकूल मस्ती भरे गीत गाने के लिए याद किये जाते हैं। उनका शाहरुख़ खान के लिए फिल्म चेन्नई एक्सप्रेस में गाया लुंगी डांस गीत, मनोरंजन की दुनिया का नेशनल एंथम बन गया था। अब ऐसे पसंदीदा गायक हनी सिंह संगीत की दुनिया में वापसी कर रहे हैं तो उनका वापसी गीत भी युवा फिल्म सोनू के टीटू की स्वीटी के लिए हैं। उनका गाया दिल चोरी साड्डा हो गया गीत कार्तिक आर्यन पर फिल्माया गया है। कार्तिक आर्यन का बॉलीवुड फिल्मों के दर्शकों से परिचय लव रजन निर्देशित २०११ में रिलीज़ रोमांस फिल्म प्यार का पंचनामा से हुआ था। बिलकुल नए चेहरों के साथ बिलकुल नए निर्देशक दवारा बनाई गई यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल हुई थी। इस फिल्म का सीक्वल भी उतना ही सफल हुआ था। कार्तिक आर्यन युवा दर्शकों के प्रतिनिधि बन गए थे। दर्शक उनमे अपना रोमांटिक चेहरा ढूँढता था। यो यो हनी सिंह का गाया और कार्तिक आर्यन पर फिल्माया गया पार्टी नंबर दिल चोरी साड्डा हो गया पंजाबी गायक हंस राज हंस के गीत का रीमेक है। यो यो हनी सिंह ने इस गीत में भांगड़े की सुगंध घोली है। अपनी बीमारी से उबरे यो यो हनी सिंह अपने इस गीत से एक बार फिर युवा दर्शकों के प्रिय बन जायेंगे, ऎसी उम्मीद की जाती है। खुद यो यो हनी सिंह ने भी इस गीत को अपने प्रशंसकों को समर्पित किया है। वह कहते हैं, “यह गीत मेरा प्यार है अपने प्रशंसकों के लिए, जिन्होंने मेरा इतना साल तक इंतज़ार किया।  

No comments:

Post a Comment