Friday 22 December 2017

क्या शाहरुख़ खान के अंतरिक्ष में नज़र आयेंगी प्रियंका चोपड़ा !

प्रियंका चोपड़ा किस बॉलीवुड फिल्म में काम करेगी ? क्या वह भारतीय अंतरिक्ष यात्री राकेश शर्मा की बायोपिक में काम करेंगी ! या फिर उन्होंने, जिन दो तीन फिल्मों की स्क्रिप्ट पढ़ी हैं, उनमे   किसी एक या दो पर अपनी सहमति की मोहर लगाएंगी ! फिलहाल, अभी कुछ साफ़ नहीं हैं।  प्रियंका चोपड़ा देश में मौजूद हैं।  वह स्क्रीन अवार्ड्स में पांच मिनट के मेडले के लिए पांच करोड़ अंदर कर चुकी हैं।  ज़ी अवार्ड्स में उन्हें इंटरनेशनल आइकॉन टाइटल नवाज़ा जा चुका है। अमेरिकी ज़मीन पर हार्वे वेंस्टीन मामले में कास्टिंग काउच को लेकर मुखर प्रियंका चोपड़ा बॉलीवुड को लेकर सेफ साइड लेती हैं।  वह हॉलीवुड के एक्टर्स का कास्टिंग काउच को लेकर खुलासे किये जाने की प्रशंसा करती हैं, लेकिन बॉलीवुड पर चुप्पी मारते हुए इतना कहती हैं कि हमारे यहाँ इतनी हिम्मत नहीं है और न ही हम लोग साथ आ सकते हैं।  यानि इंटरनेशनल आइकॉन भी टांय टांय फिस्स।  बहरहाल, उनके रोहित शेट्टी और करण जौहर के शो के पहले एपिसोड में दिखाई देने की खबर है।  उनकी अगली फिल्म कौन सी होगी अभी साफ़ नहीं है।  लेकिन, अनुमान लगाया जा रहा था कि राकेश शर्मा बायोपिक उनकी हॉलीवुड के बाद पहली बॉलीवुड फिल्म हो सकती है।  इस फिल्म में आमिर खान ऑस्ट्रोनॉट राकेश शर्मा का रोल कर रहे थे।  अब खबर है कि महाभारत को स्क्रीन पर उतारने के लिए उन्होंने  राकेश शर्मा बायोपिक को छोड़ दिया है।  तो क्या प्रियंका चोपड़ा अभी भी फिल्म में हैं ! क्योंकि प्रियंका तो आमिर खान के कारण ही यह फिल्म कर रही थी।  इस फिल्म में पहली बार आमिर खान और प्रियंका चोपड़ा की जोड़ी बनने जा रही थी।  आमिर खान के निकलने के बाद प्रियंका ने फिल्म छोड़ी नहीं थी।  ज़ी सिने अवार्ड्स के दौरान पूछे जाने पर उन्होंने इतना ही कहा था कि मेरी  फिल्म को लेकर सिड यानि सिद्धार्थ रॉय कपूर और महेश मथाई से पहले बात हुई थी।  लेकिन, अब क्या है,  नहीं मालूम ! फ़िल्मी गलियारों में खबर है कि आमिर खान ने फिल्म से निकल जाने के बाद, अपने रिप्लेसमेंट के तौर पर जिस नाम की सिफारिश की थी, वह नाम शाहरुख़ खान का है।  क्या शाहरुख़ खान बायोपिक में राकेश शर्मा का किरदार कर रहे हैं ? क्या प्रियंका चोपड़ा इस बायोपिक फिल्म को अभी भी कर रही हैं? अगर, शाहरुख़ खान और प्रियंका चोपड़ा, दोनों ही फिल्म में हैं तो यह डॉन जोड़ी का पुनर्मिलन होगा।  डॉन २ (२०११) के बाद प्रियंका चोपड़ा और शाहरुख़ खान की जोड़ी फिर नहीं बन पाई थी।  खबर थी कि इन  में खटास आ गई है।  खटपट का कारण क्या था,  बहुत साफ़ नहीं हुआ था।   लेकिन,मामला गंभीर था।  क्या इसके बावजूद खान-चोपड़ा जोड़ी फिर से बनेगी ?  इसकी संभावना न के बराबर लगती है। ज़ी स्टार अवार्ड्स में जिस प्रकार से शाहरुख़ खान  प्रियंका चोपड़ा की मौजूदगी से कन्नी काट गए, अगर वह कोई सन्देश है तो शाहरुख़ खान प्रियंका के रहते राकेश शर्मा बायोपिक नहीं करने जा रहे।  अगर शाहरुख़ खान राकेश शर्मा की भूमिका करते हैं तो प्रियंका चोपड़ा को खान के अंतरिक्ष को छोड़ना पड़ेगा।  ऐसे में शाहरुख़ खान और प्रियंका चोपड़ा की जोड़ी फिर बनना नामुमकिन लगता है।  

No comments:

Post a Comment