Tuesday 13 February 2018

आगे आगे सुई पीछे पीछे धागा यानि मेड इन इंडिया सुई धागा !

अनुष्का शर्मा और वरुण धवन ने अपनी सोशल साइट्स पर फिल्म सुई धागा - मेड इन इंडिया के सेट्स से चित्र जारी किये हैं।  इन चित्रों में वरुण धवन और अनुष्का शर्मा पुराने ढब के कपड़ों में नज़र आ रहे हैं।  उनका लुक कमोबेश देहाती लग रहा है।  शरत कटारिया निर्देशित सुई धागा एक दरजी मौजी और उसकी पत्नी ममता की कहानी है।  यह फिल्म स्वनिर्भरता की है।  मौजी कपडे सर कर अपना परिवार चलाता है।  ममता इसमे उसका साथ देती है।  चित्र में अनुष्का शर्मा का मांग भरा चेहरा आकर्षक लग रहा है।  आम तौर पर अभिनेत्रियाँ मांग भरने से परहेज करती हैं। आजकल की फिल्मों में तो मांग भरी नायिका देखने को आँखे तरस गई हैं।  इसलिए, शायद अनुष्का अलग आकर्षण से भरी लग रही हैं।  सुई धागा का निर्माता बैनर यशराज फिल्मस यह दावा करता है कि उनकी फिल्म प्रधान मंत्री के  मेक इन इंडिया अभियान से प्रेरित है। सुई धागा के निर्देशक शरत कटारिया यशराज फिल्मस के साथ दम लगा के हईशा जैसी फिल्म का निर्माण कर चुके हैं।  आयुष्मान खुराना और भूमि पेडनेकर की फिल्म दम लगा के हईशा ने श्रेष्ठ हिंदी फिल्म का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीता था।  सुई धागा इस जोड़ी की आगे की संभावना है।  इस फिल्म से वरुण धवन और अनुष्का  शर्मा की जोड़ी पहली बार बन रही है।  सुई धागा वरुण धवन की अब तक कि फिल्मों से काफी अलग भी है।  इस फिल्म की शूटिंग वैलेंटाइन डे  से शुरू हो रही है।  पहले यह फिल्म गांधी जयंती के मौके पर रिलीज़ होने जा रही थी।  लेकिन, अब खुद अनुष्का शर्मा ने ही ऐलान किया है कि सुई धागा २८ सितम्बर को रिलीज़ होगी।  आगे आगे सुई पीछे पीछे धागा, ममता और  मौजी से मिलने ज़रूर आना।


No comments:

Post a Comment