Sunday 5 January 2020

एक हिट फिल्म वाला जनवरी का महीना !


जब तक यह लेख प्रकाशित होगा, बॉलीवुड से पांच हिंदी फ़िल्में इंग्लिश की टाँय टाँय फिस्स, भंगड़ा पा ले, एसीआईडी (ACID)- अस्टाउन्डिंग करेज इन डिस्ट्रेस, सब कुशल मंगल और शिमला मिर्ची रिलीज़ हो चुकी होंगी। इन फिल्मों को बॉक्स ऑफिस पर दर्शकों ने कितना प्यार दिया, यह भी काफी कुछ साफ़ हो चुका होगा। अगर, इन फिल्मों में एकाधिक फ़िल्में भी सफल हो गई तो बॉलीवुड का फर्स्ट फ्राइडे जिंक्स कमज़ोर साबित हो जाएगा। अन्यथा, बॉलीवुड तो अन्धविश्वास पर विश्वास करने वाला फिल्म उद्योग है ही । यों भी छोटी स्टारकास्ट वाली इन तमाम फिल्मों (शिमला मिर्ची के अलावा) को जिस नाममात्र के प्रचार के साथ रिलीज़ किया गया है, उससे ऐसा नहीं लगता कि इन फिल्मों के निर्माताओं को भी फिल्मों के सफल होने की आशा होगी ।

बॉलीवुड के लिए उत्साहजनक जनवरी
फर्स्ट फ्राइडे में प्रदर्शित फ़िल्में असफल हो जाती है, के अन्धविश्वास को छोड़ दें तो बॉलीवुड  जनवरी के महीने में काफी उत्साहित रहता है। तमाम बड़ी-छोटी फ़िल्में प्रदर्शित होती रहती है। इस साल भी कोई १७ फ़िल्में जनवरी में रिलीज़ होंगी।  १० जनवरी को बॉलीवुड की तानाजी द अनसंग वारियर और छपाक के अलावा दक्षिण के सुपरस्टार रजनीकांत की द्विभाषी फिल्म दरबार रिलीज़ हो रही है। १७ जनवरी को दो फ़िल्में ऐ काश की हम और जय माता दी, २४ जनवरी को भी दो फ़िल्में स्ट्रीट डांसर ३डी और पंगा तथा ३१ जनवरी को भी पांच फ़िल्में हैक्ड, गुल मकाई, यहाँ सभी ज्ञानी हैं, हैप्पी हार्डी एंड हीर तथा जवानी जानेमन प्रदर्शित हो रही है। इन फिल्मों के साथ सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या यह फ़िल्में हिट होंगी ?

इतनी फ़िल्में कितनी जानकारी
इससे पहले यह जानना ज़रूरी है कि कितने दर्शकों को इनमे से कितनी फिल्मों के रिलीज़ होने की जानकारी है। जिन फिल्मों के साथ स्टार जुड़े हैं, उनके प्रति प्रशंसक दर्शक जागरूक है। सोनू के टीटू की स्वीटी के सनी सिंह की सोनाली सीगल, सुप्रिया पाठक और पूनम ढिल्लों के साथ कॉमेडी रोमांस फॅमिली फिल्म जय मम्मी दी के बारे में सनी का दर्शक जानकारी रखता है, लेकिन विवान शाह, प्रिया सिंह और सोफिया सिंह की ड्रामा रोमांस थ्रिलर फिल्म ऐ काश के हम भी रिलीज़ हो रही है, कितने दर्शकों को मालूम है ! ३१ जनवरी को रिलीज़ हो रही जवानी जानेमन सैफ अली खान के कारन और हैप्पी हैप्पी हार्डी एंड हीर हिमेश रेशमिया के कारण चर्चा में है, लेकिन हैक्ड, गुल मकाई और यहाँ सब ज्ञानी है का कोई नामलेवा तक नहीं है।

छः फिल्मों को मिलेंगे दर्शक !
मतलब यह कि जनवरी में रिलीज़ हो रही १७ फिल्मों में से लगभग छह फिल्मों को ही दर्शक मिलने की संभावना जताई जा सकती है। दिलचस्प तथ्य यह है कि इन फिल्मों के टकराव की स्थिति भी है। १० जनवरी को अजय देवगन की ऐतिहासिक फिल्म तानाजी द अनसंग वारियर, दीपिका पादुकोण की बायोपिक फिल्म और रजनीकांत की एक्शन फिल्म दरबार के बीच त्रिकोणात्मक संघर्ष की स्थिति बनी हुई है। अजय देवगन की फिल्मे बॉक्स ऑफिस पर भीड़ खींचने में कामयाब होती है। उनकी पिछले साल दो फिल्मों ने १०० करोड़ क्लब बनाया था। रजनीकांत की प्रतिष्ठा २.० की सफलता के बाद पूरे भारत के बॉक्स ऑफिस पर बन चुकी है।  दीपिका पादुकोण की फिल्म छपाक कथ्य के कारण दर्शकों को आकर्षित कर सकती है। लेकिन, वह भी माउथ पब्लिसिटी के बाद ही। २४ जनवरी को वरुण धवन और श्रद्धा कपूर की डांस फिल्म स्ट्रीट डांसर ३डी का कंगना रनौत की कबड्डी पर फिल्म पन्गा से सीधा पंगा है। दर्शक इन दोनों फिल्मों के बीच चुनाव करना चाहेगा। जनवरी को आखिरी शुक्रवार को भी हो रहा कथित पंचकोणीय मुक़ाबला, वास्तव में सैफ अली खान और हिमेश रेशमिया के बीच सिमटता नज़र आ रहा है।

पांच शुक्रवार तीन टकराव
जनवरी के पांच शुक्रवारों में रिलीज़ हो रही १७ फिल्मों के बावजूद तीन शुक्रवार में एक त्रिकोणीय और दो सीधे मुक़ाबले की स्थिति बन रही है। क्या यह सभी फ़िल्में हिट होंगी ? क्या इन तीन टकराव का नुकसान होगा ? क्या इस टकराव का परिणाम एक फिल्म के फायदे के तौर पर सामने आएगा ? क्या इन मुक़ाबले में सभी फ़िल्में बॉक्स ऑफिस पर अपना जलवा दिखाएंगी और हिट का टैग पाएंगी ? इससे तो ऐसा लगता है कि हिट होने के लिहाज़ से अधिकतम ७ फ़िल्में हिट हो सकती है। कम से कम तीन फ़िल्में तो हिट होंगी ही। क्या सचमुच ऐसा ही होगा ? बॉलीवुड के बॉक्स ऑफिस के इतिहास के पन्ने पलटने होंगे, जिनमे हिट-फ्लॉप फिल्मों का लेखाजोखा दर्ज है।
जनवरी २०१०- दूल्हा मिल गया, प्यार इम्पॉसिबल, चांस पे डांस, वीर, इश्क़िया, रण और रोड टू संगम रिलीज़ हुई थी। इनमे से कोई छह फ़िल्में सुष्मिता सेन, प्रियंका चोपड़ा, शाहिद कपूर, सलमान खान, विद्या बालन और अमिताभ बच्चन जैसी स्टारकास्ट के साथ थी।
जनवरी २०११- नो वन किल्ड जेसिका, इम्पेशेंट विवेक, यमला पगला दीवाना, टर्निंग ३०, मुंबई मस्त कलंदर, ओडिसी ऑफ़ पर्सिस्टेंस, धोबी घाट, हॉस्टल और दिल तो बच्चा है जी रिलीज़ हुई थी।  इनमे से चार फ़िल्में रानी मुख़र्जी, विद्या बालन, धर्मेंद्र, सनी देओल, आमिर खान और अजय देवगन जैसे बड़े सितारों के साथ थी।
जनवरी २०१२- प्लेयर्स, चालीस चौरासी ४०८४, घोस्ट, साड्डा अड्डा और अग्निपथ रिलीज़ हुई । इनमे से दो फ़िल्में अभिषेक बच्चन, सोनम कपूर, हृथिक रोशन और प्रियंका चोपड़ा जैसे सितारों वाली थी।
जनवरी २०१३- टेबल नंबर २१, देहरादून डायरी, मेरी शादी कराओ, मातृ की बिजली का मंडोला, प्यार में ऐसा होता है, गंगूबाई, इंकार, मुंबई मिरर, बन्दूक, रेस २, आकाश वाणी और मैं कृष्णा हूँ रिलीज़ हुई थी। इनमे से दो फ़िल्में इमरान खान, सोनम कपूर, सैफ अली खान, दीपिका पादुकोण, जॉन अब्राहम, जैकलिन फर्नॅंडेज़ और अनिल कपूर जैसी स्टार कास्ट वाली फिल्मे थी।
जनवरी २०१४- मिस्टर जोए बी कर्वालो, शोले ३डी, डेढ़ इश्क़िया, यारियां, करले प्यार करले, मिस लवली, ओम दरबदर, परांठे वाली गली, स्ट्रिंग्स ऑफ़ पैशन, जय हो और वन बय टू रिलीज़ हुई। इनमे से दो फ़िल्में माधुरी दीक्षित, सलमान खान और तब्बू की थी।
जनवरी २०१५- इंटरनॅशनल हीरो, मुंबई कैन डांस साला, टेक इट इजी, तेवर, अलोन, क्रेजी कक्कड़  फॅमिली, शराफत गई तेल लेने, बेबी, डॉली की डोली, चल गुरु हो जा शुरू, हवाइज़ादा, खामोशियाँ और रहस्य रिलीज़ हुई थी। इनमे से चार फ़िल्में अर्जुन कपूर, सोनाक्षी सिन्हा, बिपाशा बासु, अक्षय कुमार और सोनम कपूर की थी।
जनवरी २०१६- मानसून शूटआउट, वज़ीर, चाक एन डस्टर, रेबेलियस फ्लावर, एयरलिफ्ट, जुगनी, क्या कूल हैं हम, साला खड़ूस और मस्तीज़ादे रिलीज़ हुई। इनमे से पांच फ़िल्में अमिताभ बच्चन, जूही चावला, शबाना आज़मी, अक्षय कुमार, माधवन और सनी लियॉन अभिनीत थी।
जनवरी २०१७-  हरामखोर, ओके जानू, कॉफ़ी विथ डी, काबिल और रईस रिलीज़ हुई थी। इनमे से तीन फ़िल्में शाहरुख़ खान, हृथिक रोशन और श्रद्धा कपूर की थी।
जनवरी २०१८- १९२१, कालकांडी, मुक्केबाज़, माय बर्थडे सॉन्ग, वोडका डायरीज, निर्दोष, यूनियन लीडर और पद्मावत रिलीज़ हुई थी। इनमे से दो फिल्मों में सैफ अली खान, दीपिका पादुकोण, शाहिद कपूर और रणवीर सिंह ने मुख्य भूमिका अदा की थी।
जनवरी २०१९- उरी द सर्जिकल स्ट्राइक, बटालियन ६०९, द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर, इवनिंग शैडोज, व्हाई चीट इंडिया, एसपी चौहान, फ्रॉड सैयां, ७२ ऑवरस, बोम्बारिया, रंगीला राजा, ठाकरे और मणिकर्णिका द क्वीन ऑफ़ झाँसी रिलीज़ हुई। इनमे से चार फिल्मे विक्की कौशल, इमरान हाश्मी, अनुपम खेर और कंगना रनौत की मुख्य भूमिकाए थी।


कितनी हुई हिट !
उपरोक्त दस सालों के विवरण से साफ़ है कि हर साल बॉलीवुड के नामचीन एक्टरों की एकाधिक फिल्मे रिलीज़ हुई थी। इसका मतलब यह हुआ कि जनवरी के महीने में रिलीज़ फिल्मों में, २०१० में छह, २०११ में चार, २०१२, २०१३ और २०१४ में दो-दो, २०१५ में चार, २०१६ में पांच, २०१७ में तीन, २०१८ में दो और २०१९ में चार फ़िल्में हिट हुई ! नहीं, वस्तविकता इससे परे है। बड़े सितारे फ़िल्में हिट करा ले जाए, संभव नहीं है। हिट फिल्मों का विवरण देखे तो २०१० में विद्या बालन की फिल्म इश्क़िया, २०११ में विद्या बालन और रानी मुख़र्जी की नो वन किल्ड जेसिका और धर्मेंद्र और सनी देओल की फिल्म यमला पगला दीवाना,  २०१२ में हृथिक रोशन और प्रियंका चोपड़ा की फिल्म अग्निपथ, २०१३ में सैफ अली खान और दीपिका पादुकोण की फिल्म रेस २ हिट हुई थी।  आज के कार्तिक आर्यन की, २०१३ में कार्तिक तिवारी के नाम से रिलीज़ फिल्म आकाश वाणी स्लीपर हिट साबित हुई थी। २०१४ में, सलमान खान की फिल्म जय हो १०० करोड़ क्लब में पहुंची थी। लेकिन, भारी बजट के कारण इसे हिट फिल्म का तमगा नहीं दिया जा सकता। इस साल, दिव्या खोसला कुमार की की बतौर निर्देशक पहली फिल्म यारियां स्लीपर हिट फिल्म थी।  २०१५ में केवल अक्षय कुमार की फिल्म बेबी हिट साबित हुई थी। २०१६ में भी अक्षय कुमार की फिल्म एयरलिफ्ट हिट फिल्मों में शामिल है। २०१७ में हृथिक रोशन की फिल्म काबिल और शाहरुख़ खान की फिल्म रईस हिट हुई थी। २०१८ में रणवीर सिंह, दीपिका पादुकोण और शाहिद कपूर  की फिल्म पद्मावत और २०१९ में विक्की कौशल की उरी द सर्जिकल स्ट्राइक ही हिट साबित हुई। इससे स्पष्ट है कि किसी साल जनवरी में रिलीज़ फिल्मों में सामान्य तौर पर एक ही फिल्म हिट रही है। क्या इस साल यह ट्रेंड कुछ बदलेगा ?

No comments:

Post a Comment