Friday 24 January 2020

'मैदान' में तीन राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता !


मैदान में दिलचस्प नज़ारा बना हुआ है। भारतीय फुटबॉल के स्वर्ण युग (१९५२-५९) के दौर में फुटबॉल कोच सैयद अब्दुल रहीम के जीवन पर फिल्म मैदान में, बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन ने कोच की भूमिका की है। एक समय तीन राष्ट्रीय फिल्म विजेताओं का मैदान बनी यह फिल्म बदलाव के बावजूद तीन राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेताओं का मैदान ही बनी हुई है।

अजय देवगन के अपोजिट कीर्ति
जब मैदान की शूटिंग शुरू हुई थी, उस समय फिल्म में अब्दुल रहीम की पत्नी की भूमिका कीर्ति सुरेश कर रही थी। यह कीर्ति की पहली हिंदी फिल्म थी। लेकिन, अब वह फिल्म में नहीं है। हालाँकि, कीर्ति ने मैदान में अपने हिस्से का काफी शूट कर लिया था। इस फिल्म में माँ की भूमिका के लिए अपना वजन काफी कम भी कर लिया था। लेकिन, यह कम वजन उनके रोल पर भारी पड़ा।

कीर्ति की जगह प्रियमणि
फिल्म के निर्देशक के साथ खुद कीर्ति ने महसूस किया कि अजय देवगन के मुक़ाबले वह काफी छोटी नज़र आ रही है। जबकि, फिल्म की भूमिका में थोड़ी परिपक्व अभिनेत्री की ज़रुरत महसूस होती थी। इसलिए, उन्हें फिल्म से बाहर हो जाना पड़ा। अब कीर्ति की जगह दक्षिण की एक अन्य फिल्म एक्ट्रेस प्रियमणि ने ले ली है। प्रियमणि को दर्शकों ने रावण और रक्त चरित्र में देखा है। वह वेब सीरीज द फॅमिली मैन में भी नज़र आ रही है।

तीन राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता 
जब कीर्ति सुरेश मैदान में थी, तब फिल्म में तीन राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता थे। अजय देवगन ने दो राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार ज़ख्म और द लीजेंड ऑफ़ भगत सिंह के लिए जीते हैं।  फिल्म के निर्देशक अमित रविन्दरनाथ शर्मा ने फिल्म बधाई हो के निर्माता के तौर पर राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीता है। कीर्ति सुरेश ने तमिल-तेलुगु फिल्म महानटी में फिल्म अभिनेत्री सावित्री की भूमिका के लिए श्रेष्ठ अभिनेत्री का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जीता है।

शशिकला की भूमिका में प्रियमणि
कीर्ति सुरेश, मैदान से तो बाहर हो गई है। लेकिन, इस समय भी मैदान पर तीन राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता डटे हुए हैं। कीर्ति की जगह लेने वाली प्रियमणि भी राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता एक्ट्रेस हैं। उन्होंने तमिल फिल्म पारूथिवीरन (२००७) के लिए श्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार जीता है। मैदान २७ नवंबर २०२० को प्रदर्शित होगी। लेकिन, हिंदी दर्शक उन्हें इससे पहले २६ जून को ही  जयललिता पर बायोपिक फिल्म थलेवि में जयललिता की सहेली शशिकला की भूमिका में देख लेंगे।  

No comments:

Post a Comment