Friday 17 January 2020

नयेपन की उम्मीद John Abraham


जॉन अब्राहम, बॉलीवुड के उन कुछ अभिनेताओं में से हैं, जिनकी फ़िल्में बॉक्स ऑफिस पर धमाके के साथ शुरुआत तो नहीं करती, लेकिन सिनेमाघरों से उतरने तक, फिल्म से जुड़े तमाम लोगों के चेहरों पर मुस्कान ला देती है। उनकी फिल्मों से नयेपन की उम्मीद भी लगाई जा सकती है। यही कारण है कि जब कुछ निर्माता थोड़ा अलग करना चाहते हैं, वह जॉन अब्राहम को अपनी फिल्मों के लिए चुनते हैं।

संजय गुप्ता के साथ मुंबई सागा
पिछले दिनों, निर्देशक संजय गुप्ता ने, अपनी गैंगस्टर फिल्म मुंबई सागा का फर्स्ट लुक जारी किया। इस फर्स्ट लुक में जॉन अब्राहम नज़र आ रहे हैं। यह संजय गुप्ता के साथ जॉन अब्राहम की तीसरी फिल्म है। जॉन अब्राहम ने संजय गुप्ता के निर्देशन में पहली फिल्म ज़िंदा की थी।  इस फिल्म में संजय दत्त भी थे। यह फिल्म २००६ में प्रदर्शित हुई थी। इस फिल्म के सात साल बाद,  जॉन अब्राहम ने संजय गुप्ता के साथ फिल्म शूटआउट ऍट वडाला (२०१३) में गैंगस्टर मान्या सुर्वे की भूमिका की।  अब, फिर सात साल बाद, यह दोनों फिल्म मुंबई सागा साथ कर रहे हैं।

रोहित धवन के साथ एक्शन और रोमांस
जॉन अब्राहम की हिट फिल्मों में २०११ में रिलीज़ रोमकॉम फिल्म देसी बॉयज शामिल है।  इस फिल्म में वह अक्षय कुमार, दीपिका पादुकोण और चित्रांगदा सिंह के साथ थे।  इस फिल्म को सफलता मिली थी। इस फिल्म के पांच साल बाद, रोहित धवन और जॉन अब्राहम की जोड़ी फिल्म ढिशूम में बनी। फिल्म में वरुण धवन भी थे। अब खबर है कि रोहित धवन के साथ जॉन अब्राहम की तीसरी फिल्म भी बनने जा रही है। अभी यह साफ़ नहीं है कि जॉन अब्राहम की यह फिल्म तमिल सुपरस्टार अजित की हिट फिल्म वेदलम की हिंदी रीमेक होगी यह ढिशूम की सीक्वल ढिशूम अगेन होगी ? रोहित दोनों ही कहानियों पर काम कर रहे हैं।

निखिल अडवाणी के गोरखा
निर्देशक निखिल अडवाणी ने, अपनी सितारा बहुल फिल्म सलाम ए इश्क़ (२००७) में सलमान खान, अनिल कपूर, गोविंदा और अक्षय खन्ना के साथ जॉन अब्राहम को भी शामिल किया था। यह फिल्म सफल तो नहीं हो पाई। लेकिन, निखिल अडवाणी और जॉन अब्राहम की दोस्ती जम गई।  बारह साल बाद, निखिल अडवाणी ने बाटला हाउस के लिए जॉन अब्राहम को फिर याद किया।  जॉन अब्राहम के साथ सत्यमेव जयते करते हुए, निखिल अडवाणी को समझ आ गया था कि रीयलिस्टिक फिल्मों के लिए जॉन अब्राहम सबसे अच्छे चुनाव है।  अब वह एक बार फिर गोरखा रेजिमेंट के जवानों पर फिल्म गोरखा में जॉन अब्राहम के साथ कमा करने जा रहे हैं। ज़ाहिर है कि निखिल अडवाणी और जॉन अब्राहम की यह जोड़ी देशभक्ति का जज़्बा ही जगाएगी !

मुंबई सागा के बाद अगले साल
मुंबई सागा १९ जून २०२० को रिलीज़ होगी।  संजय गुप्ता के साथ तीसरी फिल्म के बाद, रोहित धवन और निखिल अडवाणी के साथ, जॉन अब्राहम की तीसरी फ़िल्में इस साल रिलीज़ नही हो पाएंगी।  क्योंकि, जॉन अब्राहम की इस समय मुंबई सागा के अलावा दो फिल्में अटैक और सत्यमेव जयते २ भी रिलीज़ होनी है।

No comments:

Post a Comment