Friday 10 January 2020

बदले होंगे Ek Vilain 2 के नायक और विलेन


भूषण कुमार और एकता कपूर की निर्माता जोड़ी ने एक बार फिर निर्देशक मोहित सूरी पर विश्वास जताया है। मोहित सूरी की २०१४ की हिट म्यूजिकल फिल्म एक विलेन की दूसरी क़िस्त बनाये जाने की तैयारी की जा रही है। लेकिन, इस तिकड़ी ने, एक विलेन की सिद्धार्थ मल्होत्रा, रितेश देशमुख और श्रद्दा कपूर की तिकड़ी पर विश्वास नहीं जताया है। एक विलेन २ में यह तीनों नज़र नहीं आयेंगे।

फ्लॉप फिल्मों के कारण सिद्धार्थ बाहर
जून २०१८ में यह खबर सुर्ख थी कि एकता कपूर ने, एक विलेन २ के लिए कहानी लेखकों की टीम को अलर्ट कर दिया है। उस समय बताया गया कि फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा दूसरी बार नज़र आयेंगे। लेकिन, इस बीच सिद्धार्थ की एक के बाद एक दो फ़िल्में ऐयारी और जबरिया जोड़ी बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिरी। जबरिया जोड़ी को एकता कपूर की ही फिल्म थी। इसके बाद एकता कपूर ने सिद्धार्थ को एक विलेन २ में लेने का इरादा बदल दिया। अब यह बात दीगर है कि इसके बाद ही सिद्धार्थ की फिल्म मरजावा हिट हो गई।

सीक्वल फिल्म नहीं
वैसे एक विलेन २०२० का एक विलेन २०१४ से कोई सीधा कनेक्शन नहीं है। इस फिल्म का टाइटल एक विलेन से मिलता- जुलता ज़रूर है। लेकिन, इस दूसरी एक विलेन कहानी बिलकुल दूसरी है। इसीलिए, फिल्म में किरदार भी अलग अलग है और एक्टर भी। हाँ, यह फिल्म भी पहली विलेन की तरह गहन प्रेम कहानी होगी तथा संगीत सुपरहिट लिया जाएगा।

आदित्य रॉय कपूर होंगे विलेन !
फिलहाल, एक  विलेन २ के लिए दो अभिनेताओं का चुनाव कर लिया गया है।  इस फिल्म में जॉन अब्राहम और आदित्य रॉय कपूर एक दूसरे के खिलाफ होंगे। इस खिलाफत में, नायक जॉन अब्राहम होंगे और आदित्य रॉय कपूर विलेन। जून २०२० से फ्लोर पर जा रही इस फिल्म के लिए टॉप की अभिनेत्रियों की तलाश की जा रही है।

पहली बार जॉन अब्राहम
निर्देशक मोहित सूरी और जॉन अब्राहम पहली बार कोई फिल्म साथ करने जा रहे हैं। जॉन और आदित्य की भी यह एक साथ पहली फिल्म है। लेकिन, एक विलेन २, आदित्य रॉय कपूर और मोहित सूरी की तीसरी फिल्म होगी। आदित्य रॉय कपूर ने मोहित सूरी की हिट फिल्म आशिकी २ के नायक की भूमिका की थी। वह ७ फरवरी को रिलीज़ हो रही फिल्म मलंग में भी नायक की भूमिका में हैं।

No comments:

Post a Comment