Saturday 2 December 2017

इतना सुस्त रफ़्तार क्यों हैं बॉलीवुड की टॉप एक्ट्रेस

बॉलीवुड की टॉप एक्ट्रेस के नाम याद कीजिये! इनकी काफी फिल्मों के नाम भी दर्शकों को मुंह जबानी याद होंगे।  तब इन बड़ी फिल्मों की पिछली फिल्म का नाम लीजिये।  कब रिलीज़ हुई थी यह फिल्म ! इस पिछली फिल्म से अब तक कितना समय बीत गया है और इन अभिनेत्रियों की फिल्म रिलीज़ नहीं हो पाई है।  दिलचस्प तथ्य पकड़ में आते हैं।  
ग्यारह महीने बाद रिलीज़ होगी ठग्स ऑफ़ हिन्दुस्थान 
कैटरीना कैफ की टाइगर ज़िंदा है २२ दिसंबर को रिलीज़ हो सकती है।  कैटरीना कैफ इस फिल्म से सलमान खान के साथ पांच साल बाद नज़र आएँगी।  लेकिन, खुद कैटरीना कैफ की पिछली फिल्म कब रिलीज़ हुई थी ! कैटरीना कैफ की पिछली रिलीज़ फिल्म जग्गा जासूस थी।  रणबीर कपूर के साथ अनुराग बासु निर्देशित जग्गा जासूस १४ जुलाई २०१७ को रिलीज़ हुई थी।  जग्गा जासूस से पहले कैटरीना कैफ की सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ फिल्म बार बार देखो ९ सितम्बर को रिलीज़ हुई थी।  यह दोनों ही फ़िल्में फ्लॉप हुई थी।  संभव है कि टाइगर ज़िंदा है बड़ी हिट साबित हो। लेकिन, इस फिल्म के बाद कैटरीना कैफ की दूसरी फिल्म ठग्स ऑफ़ हिंदोस्थान कोई ११ महीने बाद ९ नवंबर २०१८ को ही रिलीज़ हो पाएगी।  
दो साल बाद दीपिका पादुकोण 
दीपिका पादुकोण की फिल्म पद्मावती १ दिसंबर को रिलीज़ होनी थी।  लेकिन, विवादों के चलते अब यह फिल्म अगले साल ही रिलीज़ हो पायेगी।  अभी पद्मावती की रिलीज़ की तारीख तय नहीं है। लेकिन, दीपिका की पिछली फिल्म से  अब तक दो साल से ज़्यादा का अंतराल आ ही चुका है।  दीपिका की पिछली बॉलीवुड फिल्म संजय लीला बंसाली और रणवीर सिंह के साथ बाजीराव मस्तानी थी।  बाजीराव मस्तानी १८ दिसंबर २०१५ को रिलीज़ हुई थी।  हालाँकि, इस फिल्म के बाद दीपिका पादुकोण की हॉलीवुड फिल्म ट्रिपल एक्स जेंडर केज इस साल के शुरू में रिलीज़ ही थी।  मगर, बाजीराव मस्तानी की सुपर हिट सफलता के बावजूद दीपिका की दूसरी हिंदी फिल्म को रिलीज़ होने में दो साल से ज़्यादा का समय बीत गया है।  
हॉलीवुड में ज़्यादा ध्यान !
प्रियंका चोपड़ा की फिल्म जय गंगाजल ४ मार्च २०१६ को रिलीज़ हुई थी।  प्रियंका चोपड़ा की एक्शन भूमिका वाली जय गंगाजल सफल नहीं हुई थी।  मगर, उनकी कोई दूसरी हिंदी फिल्म अभी तक रिलीज़ नहीं हो सकी।  वास्तविकता तो यह है कि प्रियंका चोपड़ा की कोई हिंदी फिल्म निर्माण के दौर में नहीं है।  वह खुद क्षेत्रीय भाषा में फिल्म निर्माण में जुटी हैं।  वह बॉलीवुड से ज़्यादा हॉलीवुड में सक्रिय हैं।  उनकी टीवी सीरीज क्वांटिको का अगला सीजन चल रहा है।  वह इस समय किसी हिंदी फिल्म के बजाय दो हॉलीवुड फिल्मों अ किड लाइक जेक और इज नॉट इट रोमांटिक में अभिनय कर रही है।  आने वाले कुछ महीनों मे उनकी यह दो फ़िल्में ही रिलीज़ होंगी।  इसका मतलब यह है कि दर्शकों को प्रियका चोपड़ा की कोई हिंदी फिल्म शायद दो साल से ज़्यादा समय बीतने के बाद ही देखने को मिले।  
तैमूर में व्यस्त थी करीना कपूर 
जब २०१८ में, करीना कपूर की हिंदी फिल्म वीरा दे वेडिंग १८ मई को  रिलीज़ होगी, दर्शक अपनी इस पसंदीदा अभिनेत्री को पूरे दो साल बाद परदे पर देखेंगे।   करीना कपूर की पिछली रिलीज़ फिल्म उड़ता पंजाब थी।  शाहिद कपूर और आलिया भट्ट के साथ करीना कपूर की ब्लैक कॉमेडी क्राइम फिल्म उड़ता पंजाब १७ जून २०१६ को रिलीज़ हुई थी।  इस फिल्म में करीना कपूर के नायक दिलजीत दोसांझ थे। उड़ता पंजाब असफल हुई थी।  इस फिल्म के बाद करीना कपूर खान अपने बच्चे के जन्म के लिए फिल्मों से दूर हो गई। अब वह शशांक घोष की फिल्म वीरा दी वेडिंग में १८ मई २०१८ को सोनम कपूर और स्वरा भास्कर के साथ दिखाई देंगी। 
वापसी के बाद चुनिंदा ऐश्वर्या  
बेशक ऐश्वर्या राय बच्चन की वापसी फिल्मों जज़्बा, सरबजीत और ऐ दिल है मुश्किल में उनके अभिनय की प्रशंसा हुई है। फिल्म ऐ दिल है मुश्किल में वह अपने ग्लैमर से अपनी फिल्म की साथी अभिनेत्रियों की नींद हराम कर देती हैं। ऐ दिल है मुश्किल को बॉक्स ऑफिस पर अच्छी सफलता मिली थी। इसके बावजूद ऐश्वर्य की अगली फिल्म फन्ने खान पूरे २० महीने बाद ईद वीकेंड पर १५ जून २०१८ को रिलीज़ होगी।  ऐ दिल है मुश्किल दिवाली वीकेंड पर २८ अक्टूबर २०१६ को रिलीज़ हुई थी। ऐश्वर्या राय बच्चन अब अपनी आयु को फबने वाली सशक्त स्क्रिप्ट के साथ फोर्टी प्लस की फ़िल्में चुन रही हैं।  इसीलिए, ऐश्वर्या ने फन्ने खान के बाद कोई दूसरी फिल्म अभी तक साइन नहीं की है। वह कितनी चुनिंदा फ़िल्में करती हैं, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उन्होंने शाहरुख़ खान के साथ एक फिल्म को भी नकार दिया था।  
सफल आलिया भट्ट लेकिन फ़िल्में कम 
आलिया भट्ट नई पीढ़ी की सबसे ज़्यादा सफल फिल्म अभिनेत्री हैं। अपनी फिल्मों से वह खुद को संवेदनशील अभिनेत्री साबित करती हैं। मगर, वह बॉक्स ऑफिस पर भी उतनी ही सफल होती हैं।  आलिया भट्ट की  पिछली फिल्म बद्री की दुल्हनिया ने अब तक बॉक्स ऑफिस पर १०० करोड़ से ज़्यादा का कारोबार कर लिया है।  बद्री की दुल्हनिया १० मार्च २०१७ को रिलीज़ हुई थी।  इतनी बड़ी सफलता  के बावजूद आलिया भट्ट की अगली फिल्म अब तक रिलीज़ नहीं हुई है।  उनकी सबसे पहले रिलीज़ होने वाली फिल्म मेघना गुलजार निर्देशित राजी है।  यह फिल्म ११ मई २०१८ को रिलीज़ होगी।  इसका मतलब यह हुआ कि बद्री के १४ महीने बाद आलिया बड़े परदे पर नज़र आएगी।  आलिया भट्ट भी फिल्मों के मामले में चुनिंदा हैं।  वह ऎसी फिल्मों की तलाश में रहती हैं, जो बॉक्स ऑफिस पर भी सफल हो और उनको अभिनयशील भी साबित करे।  
सोनम कपूर की नीरजा के बाद  
सोनम कपूर की फिल्म नीरजा १९ फरवरी २०१६ को रिलीज़ हुई थी।  इस फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर अच्छी सफलता मिली।  फिल्म के लिए सोनम कपूर का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में ख़ास तौर पर उल्लेख किया गया था। लेकिन, सोनम कपूर की २०१७ में कोई भी फिल्म रिलीज़ नहीं हुई है।  उनकी अगली रिलीज़ फिल्म अक्षय कुमार के साथ फिल्म पैडमैन है, जो २६ जनवरी को रिलीज़ होगी।  यानि सोनम कपूर लगभग दो साल बाद दर्शकों के रु-ब-रु होंगी।  सोनम कपूर की बाकी दो फ़िल्में संजू और वीरा दी वेडिंग फरवरी के बाद ही रिलीज़ होंगी।  सोनम कपूर खुद को अपनी बहन के साथ फैशन डिज़ाइन पर केंद्रित कर रही हैं।  
अपवाद भी !
बॉलीवुड की सफल कुछ अन्य अभिनेत्रियों की फिल्मों की रिलीज़ में भी काफी अंतराल नज़र आता  है।  अनुष्का शर्मा की जब हैरी मेट सेजल के सात महीने बाद फिल्म परी रिलीज़ होगी।  कंगना रनौत की २०१७ में दो फ़िल्में रंगून और सिमरन कम अंतराल में रिलीज़ हुई थी। रंगून (२४ फरवरी २०१७) के छह महीने बाद सिमरन रिलीज़ हुई थी। यह दोनों फ़िल्में फ्लॉप हुई। अब कंगना रनौत की ऐतिहासिक फिल्म मणिकर्णिका द क्वीन ऑफ़ झाँसी ही रिलीज़ होनी है। फिलहाल, फिल्म की नायिका कंगना रनौत के घायल हो जाने के कारण मणिकर्णिका की शूटिंग रुकी हुई है।  लेकिन, यह फिल्म जब भी रिलीज़ हो, अप्रैल के बाद ही रिलीज़ हो पाएगी।  बेगम जान के पांच महीने बाद विद्या बालन की फिल्म तुम्हारी सुलु रिलीज़ हुई थी।  उनकी दूसरी फिल्म का अतापता नहीं है। इस लिहाज़ से आजकल की सबसे ज़्यादा सफल अभिनेत्री जैक्विलिन फर्नांडिस की जुड़वाँ २ के चार महीने बाद दूसरी फिल्म ड्राइव २ मार्च को रिलीज़ होगी। ड्राइव के ३ महीने बाद रेस ३ आएगी।  

No comments:

Post a Comment