Friday, 12 September 2025

लगातार १३ असफलताओं के बाद सफल हुई थी १९२०



आज से `१७ साल पहले, १२ सितम्बर २००८ को हॉरर फिल्म १९२० प्रदर्शित हुई थी।  फिल्म का कथानक १९२० के ब्रितानी शासित भारत का था। एक नवविवाहित जोड़ा, एक  हवेली में रहने जाता है। नवविवाहिता को शीघ्र ही समझ में आ जाता है कि उस रहस्यमयी हवेली में कोई है। इसके बाद, वह नवविवाहिता उस आत्मा के नियंत्रण में आ जाती है। 





विक्रम भट्ट निर्देशित यह फिल्म २००२ में विक्रम भट्ट द्वारा निर्देशित फिल्म राज़ की बड़ी सफलत के पश्चात् प्रदर्शित होने वाली भयानक फिल्म थी।  राज़ की सफलता के पश्चात, विक्रम भट्ट  ने, भयानक कथानकों से हट कर रोमांटिक, थ्रिलर शैली की फिल्मों का निर्माण किया था । इस शैली की रोमांटिक आप मुझे अच्छे लगने लगे, इन्तहा, फुटपाथ, ऐतबार, जुर्म, ऐलान, दीवाने हुए पागल, अनकही, रेड, लाइफ में कभी कभी, स्पीड और फियर जैसी फिल्मे बॉक्स ऑफिस पर असफल हुई थी। इतनी अधिक असफलताओं से निराश विक्रम भट्ट ने हॉरर शैली में वापसी करने का निर्णय किया था।  इसी का परिणाम १९२० थी। 





 यद्यपि,  भयावनी शैली की फिल्म १९२० विक्रम भट्ट की निराशा का परिणाम थी। किन्तु, बॉक्स ऑफिस ने १९२० को निराश नहीं किया। इस फिल्म को ७ करोड़ के बजट से बनाया गया था। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर १४.५ करोड़ का व्यवसाय किया था।  इस फिल्म को औसत सफल बताया गया। 





विक्रम भट्ट ने, १९९४ में थ्रिलर फिल्म मदहोश से फिल्म निर्देशन के क्षेत्र में प्रवेश किया था। उन्होंने इसके बाद एक्शन फिल्म गुनहगार, साइकोलॉजिकल थ्रिलर फरेब, एक्शन ड्रामा बम्बई का बाबू, एक्शन फिल्म गुलाम और लीगल थ्रिलर फिल्म कसूर के बाद, एक नई फिल्म निर्माण शैली हॉरर में हाथ आजमाने का प्रयास किया।  यह हॉरर फिल्म थी राज़।  यह बात दूसरी है कि सफल हॉरर फिल्म राज़ के बाद, विक्रम भट्ट ने छह साल तक दूसरी हॉरर फिल्म का निर्माण नहीं किया। 





१९२० मौलिक कथानक वाली फिल्म नहीं थी। यह १९७३ में प्रदर्शित अमेरिकन हॉरर फिल्म द एक्सॉर्सिस्ट से प्रेरित फिल्म थी।  फिल्म के काफी दृश्य द एक्सॉर्सिस्ट, द एक्सोरसिस्म ऑफ़ एमिली रोज, स्टीग्मटा और वन मिस्ड काल की चोरी बताये गए थे। हिंदी फिल्म १९२० को तमिल और तेलुगु में १९२०- गायत्री के साथ डब कर प्रदर्शित किया गया था।  इस फिल्म को विदेशी मनोरंजन प्रकाशन कोलाइडर ने इसे अब तक की सबसे महान भारतीय हॉरर फिल्मों में से एक बताया था। 





विक्रम भट्ट की फिल्म राज़ की सफलता फिल्म के कर्णप्रिय संगीत, भयावना पार्श्व संगीत और नए चेहरे थे। राज़ से, बिपाशा बासु और डिनो मोरया का दर्शकों से पहला परिचय कराया गया था।  दर्शकों को यह चेहरे और उनका अभिनय प्रभावित कर गया था।  फिल्म बड़ी सफलता प्राप्त कर सकी।  





लगातार असफलता के छह साल बाद, विक्रम भट्ट ने, जब हॉरर शैली में फिल्म १९२० का निर्माण प्रारम्भ किया, तब एक बार फिर नए चेहरे उनके साथ थे। १९२० से अदा शर्मा और रजनीश दुग्गल का पहला परिचय दर्शकों से कराया गया था। विशेष रूप से, अभिनेत्री अदा शर्मा की प्रशंसा हुई थी, जिन्होंने अपनी सुंदरता की परवाह किये बिना, चेहरे पर भयावना मेकअप लगवाया था।





इंग्लैंड में नार्थ यॉर्कशायर में, अलर्टन कैसल में, १९२० की शूटिंग की गई थी, उसे भूतिया माना जाता था। कहते हैं कि उस कैसल में रह रहे एक करोड़पति ने एक बढ़ई की हत्या कर दी थी।  उसी बढई की आत्मा वहां भटकती थी। फिल्म के निर्माता और निर्देशक ने वहां किसी आत्मा का अनुभव किया था।






हिंदी फिल्म उद्योग चढ़ते सूरज को नमस्कार करता है। इसका ज्वलंत प्रमाण विक्रम भट्ट थे। राज़ के बाद, जब विक्रम भट्ट की एक एक कर  सभी ने उनसे किनारा करना प्रारम्भ कर दिया। यहाँ तक कि १९२० के कई ट्रायल शो होने के बाद भी निर्माताओं और वितरकों ने फिल्म के प्रति कोई रूचि नहीं दिखाई।  

No comments: