इक्कीस साल पहले, ९ अप्रैल २००४ को प्रदर्शित सेक्स कॉमेडी फिल्म मस्ती, नौ साल बाद, १३ सितम्बर २०१३ को ग्रैंड मस्ती बनी और इसके तीन साल बाद, १५ जुलाई २०१६ को ग्रेट ग्रैंड मस्ती बन गई। इस तीसरी फिल्म की सेक्स कॉमेडी में हॉरर भी शामिल हो गया था। अब नौ साल बाद, २१ नवम्बर २०२५ को यह मस्ती ४ शीर्षक के साथ प्रदर्शित हो रही है।
मस्ती (२००४) तीन दोस्तों मीत, प्रेम और अमर की अपनी पत्नियों को धोखा दे कर दूसरी महिलाओं से इश्क लड़ाने की दास्तान थी। इन भूमिकाओ को परदे पर क्रमशः विवेक ओबेरॉय, आफताब शिवदासानी और रितेश देशमुख ने किया था। बाद की सभी मस्ती फिल्मों में यही तीनों अभिनेता अपने अपने चरित्र कर रहे थे।
मस्ती श्रृंखला की उपरोक्त तीनों फिल्मों का निर्देशन इंद्रकुमार ने किया था। पहली मस्ती में अजय देवगन की भूमिका काफी रोचक और कथानक को नया मोड़ देने वाली थी। इसके परिणामस्वरूप मस्ती बड़ी हिट फिल्म साबित हुई। ग्रैंड मस्ती को भी बॉक्स ऑफिस पर अच्छी सफलता मिली। किन्तु, तीसरी ग्रेट ग्रैंड मस्ती हॉरर मिश्रण के बाद भी दर्शकों को आकर्षित नहीं कर पाई। तीसरी मस्ती बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिरी और पचास करोड़ में बनी फिल्म मात्र १९ करोड़ का ग्रॉस ही कर पाई।
अब, जबकी चौथी मस्ती प्रदर्शित होने जा रही है, जो न ग्रैंड है, न ही ग्रेट ग्रैंड। अब यह फिल्म सिर्फ मस्ती ४ ही है। इस फिल्म का निर्देशन इंद्रकुमार के स्थान पर पहली दो मस्ती लेखक मिलाप ज़ावेरी कर रहे है। मिलाप की मस्ती ४ में नया क्या है ? फिल्म के जारी ट्रेलर से ऐसा कुछ नया प्रतीत नहीं होता। वही घिसी हुई कॉमेडी है। संवाद घटिया स्तर के द्विअर्थी है। विवेक ओबेरॉय, रितेश देशमुख और आफताब शिवदासानी अतिरेक से भरा अभिनय कर रहे है।
मस्ती ४ में, पुरुष चरित्रों की सेक्स मस्ती का निशाना श्रेया शर्मा, एल्नाज नौरोजी और रूही सिंह बनी दिखाई देंगी। यो तो मिलाप ज़ावेरी दावा करते हैं कि वह इंद्रकुमार की विरासत को आगे बढ़ाना चाहते हैं। किन्तु, ट्रेलर देख कर ऐसा प्रतीत नहीं होता।
No comments:
Post a Comment