Sunday, 14 September 2025

#DemonSlayer:InfinityCastleले गई दिल फिल्म जापान की



जापानी एनीमेशन फिल्म डेमन स्लेयर: इन्फिनिटी कैसल इस साल देश में सबसे बड़ी प्री-सेल्स में से एक दर्ज करने के बाद, भारतीय बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार शुरुआत की ओर बढ़ रही है। भारत में एनीमेशन शैली के अप्रत्याशित उदय को इन्फिनिटी कैसल ने अगले पड़ाव पर पहुँचा दिया है।  यह टिकेटों की  प्री-सेल्स के आधार पर सबसे बड़ी गैर-हॉलीवुड फिल्म बन गई है।




हारुओ सोतोज़ाकी द्वारा निर्देशित, इस फिल्म ने भारत में पहले दिन और सप्ताहांत दोनों में किसी भी एनीमेशन फिल्म की अब तक की सबसे बड़ी प्री-सेल्स दर्ज की है। २०२५ में प्रदर्शित फिल्मों में, डेमन स्लेयर तीन राष्ट्रीय श्रृंखलाओं (पीवीआर, आईनॉक्स और सिनेपोलिस) में बेचे गए टिकटों के मामले में इस साल तीसरी सबसे बड़ी प्री-सेल्स फिल्म है।




इसे  समझने के लिए, राष्ट्रीय स्तर पर रिलीज़ हुई अन्य प्रमुख फ़िल्मों की तुलना में इन्फिनिटी कैसल की प्रीसेल्स पर दृष्टि डालना उपयुक्त होगा। इन फिल्मों में द कॉन्ज्यूरिंग ४ के २ लाख २७ हजार टिकट, छावा २ अलख २३ हजार टिकट, डेमन स्लेयर: इन्फिनिटी कैसल के २ लाख टिकट, सैय्यारा के १ लाख ८३ हजार टिकट और मिशन इम्पॉसिबल ८ के १ लाख ६५ हजार टिकट प्रीसेल्स में बेचे गए। इन आँकड़ों में डेमन स्लेयर साल की प्री-सेल रैंकिंग में तीसरे स्थान पर है, जो केवल हॉलीवुड हॉरर फ़िल्म द कॉन्ज्यूरिंग ४ और विक्की कौशल की ऐतिहासिक ब्लॉकबस्टर फिल्म छावा से पीछे है।




 

दो घंटा ३५ मिनट लम्बी यह फिल्म देश में १७ सौ स्क्रीन पर प्रदर्शित हो रही है। इस फिल्म ने पहले दिन १३ करोड़ का विशुद्ध व्यवसाय किया।  शनिवार को फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर १३.९२ करोड़ का नेट किया।  इससे ऐसा प्रतीत होता है कि एनीमेशन फिल्म महावतार नरसिंह के बाद यह जापानी फिल्म भारतीय दर्शकों को आकर्षित कर रही है। इससे दर्शकों की फिल्म के प्रति उत्सुकता और भारत में एनीमेशन की लगातार बढ़ती लोकप्रियता के संकेत मिलते है। संभव है कि  इन्फिनिटी कैसल देश में इस शैली के लिए नए मील के पत्थर स्थापित कर दे ।




कोयोहारू गोटूगे की २०१६-२० की मंगा सीरीज़ डेमन स्लेयर: किमेत्सु नो याइबा के इन्फिनिटी कैसल आर्क पर आधारित जापानी एनिमेटेड डार्क फ़ैंटेसी एक्शन फ़िल्म है। यह सीरीज जापानियों में पर्याप्त लोकप्रिय है।




  

डेमन स्लेयर: इन्फिनिटी कैसल के प्रति भारतीय दर्शकों की उत्सुकता बढ़ती जा  रही है। फिल्म के प्रति लोगों की दीवानगी को देखते हुए, सोनी पिक्चर्स इंडिया ने जनता की मांग पर आधी रात और सुबह के शो निर्धारित किए हैं, जो भारत में किसी एनीमेशन फिल्म के लिए दुर्लभ है।  





हारुओ सोतोजाकी द्वारा निर्देशित यह फिल्म 12 सितंबर को मूल जापानी भाषा के साथ-साथ अंग्रेजी, हिंदी, तेलुगु और तमिल के डब संस्करणों में रिलीज हुई है।

No comments: