Tuesday 30 June 2015

नायिकाओं ने ला दी चेहरों पर मुस्कान

बॉलीवुड के लिए २०१५ की पहली छमाही की शुरुआत काफी निराशाजनक रही थी। अर्जुन कपूर और सोनाक्षी सिन्हा की फिल्म तेवर और बिपाशा बासु की हॉरर फिल्म अलोन जैसी फ़िल्में, जिन पर बॉलीवुड को उम्मीदें थीं, बॉक्स ऑफिस पर निराशाजनक साबित हुई थी। अक्षय कुमार की बेबी ने दर्शकों और फिल्म उद्योग को खुश कर दिया। लेकिन, बेबी के साथ रिलीज़ सोनम कपूर की बड़ी फिल्म ‘डॉली की डोली’ और उसके बाद रिलीज़ खामोशियाँ, शमिताभ, रॉय, आदि फिल्मों को असफलता का मुंह देखना नसीब हुआ। इस साल तेज़ी से उभरते सितारे वरुण धवन की फिल्म ‘बदलापुर’ की सफलता इस मायने में ख़ास थी कि फिल्म को बढ़िया ओपनिंग भी मिली थी। साफ़ तौर पर बॉक्स ऑफिस मिले जुले रिजल्ट दे रहा था। एक ओर जहाँ आयुष्मान खुराना की दम लगा के हईशा हिट होती थी तो दूसरी ओर नाना पाटेकर की फिल्म अब तक छप्पन २ फ्लॉप हो जाती थी। यहाँ तक कि मल्लिका शेरावत की सेक्स अपील के साथ के सी बोकाड़िया की डर्टी पॉलिटिक्स भी बॉक्स ऑफिस को रास न आई। 
मार्च में स्थितियां बदलनी शुरू हुई। इसके लिए ज़िम्मेदार थी बॉलीवुड की अभिनेत्रियाँ, जो फिल्मों में नायिका का रोल निभाती हैं और नायक के मुकाबले दोयम दर्जे की मानी जाती हैं। अनुष्का शर्मा की फिल्म ‘एनएच १०’ को बॉक्स ऑफिस पर अच्छी सफलता मिली। इस फिल्म में अनुष्का शर्मा मुख्य भूमिका भी कर रही थीं और फिल्म की निर्माता भी थी। इसी प्रकार राधिका आप्टे की मुख्य भूमिका वाली फिल्म ‘हंटर’ और सारा लीओन की रोमांस फिल्म ‘बरखा’ को कुछ सेंटरों में बढ़िया सफलता मिली। इसी बीच यशराज बैनर की दिबाकर बनर्जी निर्देशित सुशांत सिंह राजपूत की मुख्य भूमिका वाली फिल्म ‘डिटेक्टिव ब्योमकेश बख्शी’ की असफलता चौका देने वाली थी। विधु विनोद चोपड़ा निर्देशित पहली हॉलीवुड फिल्म ‘ब्रोकन हॉर्सेज’ भारतीय दर्शकों को रास नहीं आई। 
अप्रैल में एक बार फिर नायिका प्रधान फिल्मों ने जोर दिखाना शुरू किया। सनी लियॉन की फिल्म ‘एक पहेली लीला’ की लीला बॉक्स ऑफिस को रास आई।  इस फिल्म ने बढ़िया ओपनिंग भी ली और बढ़िया बिज़नस भी किया।  अलबत्ता, कल्कि कोएच्लिन की मार्गरिटा विथ अ स्ट्रॉ थोडा नरम गई। महेश भट्ट के घर की विज्ञानं फंतासी फिल्म ‘मिस्टर एक्स’ औंधे मुंह गिरी। अक्षय कुमार ने एक बार फिर बॉक्स ऑफिस को बजा दिया। उनकी फिल्म ‘गब्बर इज बैक’ ने यह साबित कर दिया कि दर्शकों को नायक की करप्शन से लड़ाई रास आती है। 
८ मई को नायिका की महत्वपूर्ण भूमिका वाली दो फ़िल्में एक ही दिन रिलीज़ हुई थी। सनी लियॉन की कुछ कुछ लोचा है के सामने अमिताभ बच्चन, इरफ़ान और दीपिका पादुकोण की मुख्य भूमिका वाली फिल्म ‘पिकू’ थी। ऎसी उम्मीद की जा रही थी कि कुछ कुछ लोचा है की बॉक्स ऑफिस पर शुरुआत अच्छी होगी। लेकिन, ‘पिकू’ ने कुछ कुछ लोचा है को धराशाई कर दिया। पिकू सुपर हिट फिल्म साबित हुई। फिल्म मे दीपिका पादुकोण के अभिनय को सराहा गया। मई का सबसे बड़ा पतन था फिल्म बॉम्बे वेलवेट का औंधे मुंह गिरना। जनवरी में रणबीर कपूर के कारण अर्जुन रामपाल की फिल्म ‘रॉय’ को बड़ी ओपनिंग मिली थी। लेकिन, शायद दर्शक ट्रेलर देख कर फिल्म को भांप जाता है। उन्होंने अनुराग कश्यप के साठ के दशक के बॉम्बे को नकार दिया। ऐसा लग रहा था कि एक बार फिर फ्लॉप फिल्मों का सिलसिला शुरू होगा कि कंगना रानौत की दोहरी 
भूमिका वाली फिल्म ‘तनु वेड्स मनु रिटर्न्स’ २२ मई को रिलीज़ हुई। ट्रेड पंडितों के अनुमानों के विपरीत आनंद एल राज की इस फिल्म ने बढ़िया ओपनिंग ली। कंगना के दिलचस्प अभिनय ने दर्शकों को इतना लुभाया कि फिल्म का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन वीकेंड के बाक़ी दिनों में बढ़ता चला गया। यह फिल्म २०१५ की बॉक्स ऑफिस पर सबसे अच्छा वीकेंड निकालने वाली फिल्म बनी ही, २०१५ की पहली सेंचुरी फिल्म भी बनी। इस लेख के प्रकाशित होने तक यह फिल्म घरेलु बॉक्स ऑफिस पर १५० करोड़ का बिज़नस कर लेगी। बॉलीवुड बॉक्स ऑफिस पर एक नायिका प्रधान फिल्म का यह कीर्तिमान होगा। 
जून में जोया अख्तर की फिल्म ‘दिल धड़कने दो’ से सबको उम्मीदें थी। इस फिल्म में अनिल कपूर और प्रियंका चोपड़ा के अलावा रणवीर सिंह, अनुष्का शर्मा, फरहान अख्तर, शेफाली शाह, आदि कलाकारों की भीड़ जुटी थी, जिनकी बॉक्स ऑफिस पर प्रतिष्ठा मानी जाती है। लेकिन, फिल्म ठीक ठाक ओपनिंग ही ले सकी। इसके बाद तो पूरे वीकेंड फिल्म का बिज़नस गिरता ही चला गया। चूंकि, नायिका प्रधान फ़िल्में हिट जा रही थी, इसलिए विद्या बालन की मुख्य भूमिका वाली फिल्म ‘हमारी अधूरी कहानी’ के हिट होने की पूरी उम्मीद थी। लेकिन, ‘हमारी अधूरी कहानी’ को खराब ओपनिंग मिली। दर्शकों द्वारा इसे पसंद भी नहीं किया गया। यह इमरान हाशमी और विद्या बालन के अलावा भट्ट कैंप की भी बड़ी असफलता थी। हालाँकि, फिल्म को उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में टैक्स फ्री कर दिया गया था। 

बॉलीवुड के चहरे पर मुस्कुराहट फैली हुई है। रेमो डीसुजा की डांस पर फिल्म ‘एबीसीडी २’ ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है। इस फिल्म ने २०१५ की सबसे बड़ी ओपनिंग ली। ७१ करोड़ का पहला वीक बनाया। यह फिल्म दूसरे हफ्ते में १०० करोड़ का बिज़नस भी कर लेगी। इस फिल्म की सफलता के साथ ही वरुण धवन और श्रद्धा कपूर लगातार हिट फिल्म देने वाले एक्टर बन गए हैं। 

इस साल की पहली छमाही रणवीर कपूर, अमिताभ बच्चन, इमरान हाशमी, विद्या बालन और अर्जुन कपूर के पतन की छमाही रही, वहीँ इस छमाही ने दीपिका पादुकोण, कंगना रानौत, वरुण धवन, अनुष्का शर्मा और श्रद्धा कपूर की प्रतिष्ठा में इजाफा किया। अब अगली छमाही में बड़ी फिल्मों की भरमार है। सलमान खान की फिल्म बजरंगी भाई जान से इसकी शुरुआत होगी। उसके बाद लगातार धमाके पर धमाके सुनाई देंगे। यह धमाके बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ बिज़नस करने के भी होंगे और बड़ी फिल्मों के औंधे मुंह गिरने के भी। तो इंतज़ार किया जाए अगली छमाही के धमाकों का।  

No comments:

Post a Comment